चिन्मयानन्द पर बलात्कार का इलज़ाम लगाने वाली युवती गिरफ़्तार

0
372

बीजेपी के नेता और पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री चिन्मयानंद पर रेप का आरोप लगाने वाली युवती के परिवार वालों ने आरोप लगाया है, कि बुधवार सुबह पुलिस पीड़िता को जबरन वसूली के मामले में घर से घसीट कर ले गई थी। गौरतलब है कि युवती के ख़िलाफ़ जबरन वसूली का मामला रेप के आरोपी चिन्मयानंद ने ही दर्ज कराया था। रेप के आरोप में चिन्मयानंद की गिरफ्तारी के बाद ही अचानक तबीयत बिगड़ने की वजह से उन्हें अभी अस्पताल में ही रखा गया है। कहा जा रहा है कि युवती अपनी याचिका की सुनवाई के लिए शाहजहांपुर की एक कोर्ट जा रही थी की तभी भारी संख्या में पुलिस बल ने उसे रास्ते में रोककर ज़बरदस्ती अपने वाहन में बैठा लिया।

जबकि युवती ने पुलिस के साथ जाने से मना कर दिया, और कहा कि उसे अपनी याचिका की सुनवाई के लिए कोर्ट जाना है। इसी हंगामे के बीच वहां मीडिया पहुंच गई। जिसके बाद पुलिस ने युवती को कोर्ट जाने दिया। पीड़ित छात्रा के वक़ील अनूप त्रिवेदी ने पत्रकारों को बताया, कि एडीजे सुधीर कुमार की अदालत ने रेप पीड़ित छात्रा की जबरन वसूली मामले की याचिका विचारार्थ स्वीकार कर ली है। और 26 सितंबर तक ज़रूरी रिकॉर्ड जमा करने को कहा है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक़ इसी मामले को लेकर रेप पीड़ित युवती अपने पिता और भाई के साथ कोर्ट जा रही थी। कि तभी एसआईटी वहां पहुंच गई। जब युवती ने बताया कि वह अदालत में हस्ताक्षर करने जा रही है, तो एसआईटी उसे लेकर अदालत पहुंची। जहां पीड़ित युवती ने अपनी अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की। रेप पीड़ित युवती को अदालत से घर छोड़ने पहुंची एसआईटी ने उसके घर पर देर शाम 3 घंटे तक उससे पूछताछ की। पूछताछ करने वाली पुलिस की टीम में 2 महिला अधिकारियों समेत सात लोग थे। लेकिन उससे क्या पूछताछ की गई इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।