रामनर: नैनीताल जिले के रामनगर तहसील अंतर्गत पुछड़ी गांव में वन विभाग की जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए शनिवार सुबह से बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हो गई। सुबह चार बजे राजकीय महाविद्यालय से पुलिस, वन विभाग और प्रशासन के अधिकारी एक साथ गांव पहुंचे। पांच बजे से ध्वस्तीकरण का काम प्रारंभ किया गया।
पुछड़ी जाने वाले मार्गों पर पुलिस की भारी तैनाती कर दी गई है। क्षेत्र को दो सुपर जोन, सात जोन और 14 सेक्टर में बांटकर एक साथ 14 जगहों पर जेसीबी व बुलडोजर से कार्रवाई की जा रही है। करीब पांच हेक्टेयर वन भूमि से अतिक्रमण हटाना है। कई लोगों ने रात में ही अपना सामान समेट लिया था। कच्चे-पक्के दोनों तरह के अतिक्रमणों पर कार्रवाई चल रही है।
सुरक्षा का अभूतपूर्व इंतजाम
कार्रवाई के लिए 525 पुलिसकर्मी और PAC की तीन कंपनियां तैनात की गई हैं। इनमें पांच एसपी स्तर के अधिकारी, छह सर्कल ऑफिसर, 25 निरीक्षक और 82 उपनिरीक्षक शामिल हैं। एसपी डॉ. जगदीश चंद्र को प्रभारी बनाया गया है। तीन अपर पुलिस अधीक्षक और छह क्षेत्राधिकारी अलग-अलग जोनों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। छह बैरियर लगाए गए हैं।
वन विभाग की ओर से दो डीएफओ, पांच एसडीओ, 14 रेंजर, 240 डिप्टी रेंजर और बीट अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। मजिस्ट्रेट भी तैनात हैं। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए फायर सर्विस, बम निरोधक दस्ता, एंटी-रायट टीम, आंसू गैस दस्ता, क्विक रिस्पांस टीम और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी तैयार रखी गई है।
यातायात व्यवस्था के लिए भी अलग से पुलिस तैनात की गई है। प्रशासन का कहना है कि वन भूमि पर हुए अवैध कब्जों को हटाने की यह कार्रवाई पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से चलाई जा रही है।














