वैक्सीन की कमी को लेकर प्रियंका गांधी ने बोला मोदी सरकार पर हमला, पूछे ये तीन सवाल…

0
75

देश में कोरोना संकट तेजी से बढ़ रहा है। साथ ही साथ देश में परेशानियां भी बढ़ती जा रही हैं। सबसे बड़ी परेशानी तो वैक्सीन की कमी की है। जिसके कारण देश के कई वैक्सीनेशन केंद्र बंद हो चुके हैं। इस बीच विपक्ष द्वारा मोदी सरकार को लगातार घेरा जा रहा है। फेसबुक पर एक पोस्ट कर कांग्रेस पार्टी की नेता प्रियंका गांधी ने भी अपनी भड़ास निकाली। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार से तीन सवाल भी किए। सबसे पहले उन्होंने लिखा कि “वैक्सीन पर अब बस मोदीजी की फोटो ही है बाकी सारी जिम्मेदारी राज्यों के ऊपर डाल दी गई है। आज राज्यों के मुख्यमंत्री केंद्र सरकार को वैक्सीन की कमी होने की सूचना भेज रहे हैं।”

प्रियंका गांधी ने लिखा कि “आज भारत की 130 करोड़ की आबादी के मात्र 11% हिस्से को वैक्सीन की पहली डोज़ और मात्र 3% हिस्से को फुल वैक्सीनेशन नसीब हुआ है। मोदीजी के टीका उत्सव की घोषणा के बाद पिछले एक महीने में वैक्सीनेशन में 83% की गिरावट आ गई। आज मोदी सरकार ने देश को वैक्सीन की कमी के दलदल में धकेल दिया है। वैक्सीन कमी के पीछे सरकार की फेल वैक्सीन पॉलिसी दिखाई पड़ती है। इसके लिए जिम्मेदार कौन है?”

उन्होंने आगे लिखा कि “कड़वी सच्चाई यह है कि महामारी की शुरूआत से ही, भारत में वैक्सीन आम लोगों की जिंदगी बचाने के औज़ार के बजाय प्रधानमंत्री के निजी प्रचार का साधन बन गई. इसके चलते आज दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीन उत्पादक भारत अन्य देशों से वैक्सीन के दान पर निर्भर हो गया है और वैक्सीनेशन के मामले में दुनिया के कमजोर देशों की कतार में शामिल हो गया है। ऐसा क्यों हुआ?”

सरकार से पहला सवाल करते हुए प्रियंका गांधी ने लिखा कि “सरकार पिछले साल ही वैक्सीनेशन के पूरे प्लान के साथ तैयार थी, तब जनवरी 2021 में मात्र 1 करोड़ 60 लाख वैक्सीनों का आर्डर क्यों दिया गया?” दूसरे सवाल में उन्होंने पूछा कि सरकार ने अपने ही देश के लोगों को कम वैक्सीन लगवा कर ज्यादा वैक्सीन विदेश क्यों भेजी.? इसके अलावा तीसरा सवाल करते हुए उन्होंने लिखा कि “दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीन उत्पादक भारत, आज दूसरे देशों से वैक्सीन मांगने की स्थिति में क्यों आ गया और सरकर इसे भी उपलब्धि की तरह प्रस्तुत करने की कोशिश क्यों कर रही है?”