उत्तर प्रदेश दौरे के पहले ही दिन अनीता यादव से मिलने पहुंची प्रियंका गांधी, बोली “बीजेपी के गुंडों को…”

0
208

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर दलों की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस बीच सभी दलों के नेता अपनी छवि बनाने के लिए मैदान में उतर गए हैं। बता दें कि इस बार कांग्रेस की ओर से यूपी चुनाव प्रियंका गांधी वाड्रा लीड करेंगी। जिसके लिए अब वह भी उत्तर प्रदेश के दौरे पर निकल चुकी हैं। गौरतलब हैं कि वह तीन दिनों के दौरे पर हैं। जिसमें वह पहले ही दिन लखीमपुर खीरी (Lakhimpur khiri) की अनीता यादव (Anita Yadav) से मुलाकात करने पहुंच गई। इस दौरान उन्होंने सत्ता में बैठी भाजपा पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि ” मैं महिला होने के नाते अनीता से मिलने आई हूं। यहां किसी दल के नाते नहीं आई हूं। बीजेपी के गुंडों को सजा मिलनी चाहिए।” बता दें कि अनीता यादव पसगांव, लखीमपुर खीरी की क्षेत्र पंचायत कार्यकर्ता हैं और उनके साथ ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान बदसलूकी की गई थी। एक इंटरव्यू के दौरान कांग्रेस के नेता अजय कुमार लल्लू ने कहा कि “उत्तर प्रदेश में जंगल राज है और प्रियंका गांधी ही एक उम्मीद हैं। प्रियंका गांधी हर उस महिला के साथ खड़ी हैं जिनके साथ योगी राज में बुरा हो रहा है।”

प्रियंका गांधी के यूपी दौरे को देखते हुए यूपी के मंत्री मोहसिन रजा ने भी उनको निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि “वह कभी भी जाने के लिए आजाद हैं क्योंकि उत्तर प्रदेश  सभी के लिए खासकर महिलाओं के लिए सुरक्षित है। अगर प्रियंका गांधी सच में कुछ करना चाहती हैं तो उनको किसानों को वो जमीनें लौटाना चाहिए जो कांग्रेस नेताओं ने ले ली है।” बता दें कि आज उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी का दूसरा दिन है। वह पार्टी को मसबूत करने के लिए इस दौरे पर आई हैं।