शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा टिक्कर तहसील के दरोटी गांव के पास उस समय हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। दुर्घटना में एक ही गांव के मां-बेटे समेत पांच लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, हादसे में दरोटी गांव निवासी कुशल, पुत्र प्रमोद और उनकी मां कल्पना देवी, पत्नी प्रमोद की मौत हो गई। इसके अलावा कार में सवार तीन नेपाली नागरिकों ने भी हादसे में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान निर्मला, पत्नी पवन, मीना, पत्नी प्रेम और रोशनी, पुत्री प्रेम के रूप में हुई है।
दुर्घटना में एक नेपाली मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शिमला रेफर किया गया है।
एक ही हादसे ने उजाड़े कई परिवार
इस दर्दनाक दुर्घटना ने दरोटी गांव और आसपास के क्षेत्रों को झकझोर कर रख दिया है। विशेष रूप से एक ही परिवार के मां और बेटे की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं।
प्रशासन ने दी फौरी राहत
तहसीलदार टिक्कर प्रियंजली और नायब तहसीलदार मेहर सिंह फिष्टा ने हादसे की पुष्टि की है। प्रशासन की ओर से दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी पांच लोगों के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 15-15 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।
अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित परिवारों को नियमानुसार आगे भी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।















