Home राष्ट्रीय बेंगलुरु के पांच सितारा होटल के स्विमिंग पूल में करंट से दो...

बेंगलुरु के पांच सितारा होटल के स्विमिंग पूल में करंट से दो विदेशी नागरिकों की मौत, दो घायल

0
6

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के हलासुर इलाके स्थित पांच सितारा कॉनराड होटल के तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में शुक्रवार शाम संदिग्ध रूप से करंट फैलने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई। हादसे में एक अमेरिकी नागरिक और होटल का एक पूल अटेंडेंट भी घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान 57 वर्षीय जर्मन नागरिक अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थाइस और 45 वर्षीय स्लोवाकियाई नागरिक जुराज होर्वात के रूप में हुई है। दोनों होटल में ठहरे हुए थे। अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थाइस जर्मन एयरलाइन लुफ्थांसा के क्रू मेंबर थे, जबकि जुराज होर्वात तकनीकी कंपनी आईबीएम में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। पुलिस के अनुसार, दोनों स्विमिंग पूल में नहा रहे थे, तभी करंट की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, करंट पूल के पानी तक कैसे पहुंचा, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

हादसे के दौरान दोनों विदेशी नागरिकों को बचाने की कोशिश में 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसेंटिस और होटल के 28 वर्षीय पूल अटेंडेंट एवं लाइफगार्ड राहुल तिवारी भी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

होटल प्रबंधन ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा है कि हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। प्रबंधन ने स्थानीय अधिकारियों की जांच में पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया है। वहीं, पुलिस स्विमिंग पूल की बिजली व्यवस्था, वायरिंग और सुरक्षा मानकों की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पूल में करंट कैसे फैला और क्या इस घटना के पीछे किसी तरह की लापरवाही या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन था।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बड़े होटलों और सार्वजनिक स्विमिंग पूलों में बिजली से जुड़े सुरक्षा मानकों तथा नियमित रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की जांच जारी है। जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारी को लेकर तस्वीर साफ हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here