Home Blog Page 85

2025 की सबसे खौफनाक आपराधिक घटनाएं : विश्वासघात, हत्या और लूट की दहशत भरी कहानियां

0

नई दिल्ली : साल 2025 कुछ मीठी यादों के साथ खत्म हो रहा है, लेकिन कई ऐसी अपराध घटनाएं हुईं जिन्होंने देश-दुनिया को झकझोर कर रख दिया। विश्वासघात, क्रूर हत्याएं और साहसिक लूट की इन कहानियों ने लोगों की नींद उड़ा दी। यहां हम साल की उन पांच बड़ी क्राइम स्टोरीज पर नजर डालते हैं जो सबसे ज्यादा चर्चा में रहीं।

मेरठ का ‘ब्लू ड्रम’ हत्याकांड: पत्नी और प्रेमी ने मिलकर की पति की हत्या

मार्च 2025 में उत्तर प्रदेश के मेरठ में सौरभ राजपूत हत्याकांड ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया। मर्चेंट नेवी में कार्यरत सौरभ अपनी बेटी के जन्मदिन के लिए विदेश से लौटे थे, लेकिन उनकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला ने मिलकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। 4 मार्च को मुस्कान ने सौरभ के खाने में नींद की गोली मिलाई, फिर साहिल ने चाकू से वार कर उनकी हत्या कर दी। शव के टुकड़े कर उन्हें सीमेंट से भरे नीले ड्रम में छिपा दिया। दोनों सौरभ के फोन से मनाली घूमने गए और सोशल मीडिया पर पोस्ट डाले ताकि शक न हो। लेकिन सौरभ की 6 साल की बेटी ने दादी को बताया कि “पापा ड्रम में हैं”। पुलिस ने ड्रम बरामद किया और दोनों ने गुनाह कबूल कर लिया। मुस्कान ने जेल में बच्ची को जन्म भी दिया, लेकिन सौरभ के परिवार ने डीएनए टेस्ट की मांग की। यह मामला वैवाहिक विश्वासघात का सबसे क्रूर उदाहरण बना।

मेघालय हनीमून मर्डर: नवविवाहिता ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मरवाया

मई 2025 में इंदौर के व्यवसायी राजा रघुवंशी अपनी नई दुल्हन सोनम के साथ मेघालय हनीमून पर गए, लेकिन यह सपनों की यात्रा मौत की साजिश बन गई। शादी से पहले सोनम का अफेयर राज कुशवाहा से था। हनीमून के दौरान सोनम ने कुशवाहा और तीन सुपारी किलर्स की मदद से राजा की हत्या करवाई। 23 मई को सोहरा के पास राजा को गहरी खाई में फेंक दिया गया। सोनम लापता हो गई, लेकिन बाद में गाजीपुर में मिली। पुलिस जांच में सोनम ने कबूल किया कि उसने कई बार हत्या की कोशिश की और अंततः सफल हुई। राजा का शव जून में बरामद हुआ। सभी आरोपी गिरफ्तार हुए और परिवार ने फांसी की सजा की मांग की। यह केस नवविवाहित जोड़ों में विश्वास की कमी को उजागर करता है।

ईरान की ‘ब्लैक विडो’: 22 साल में 11-15 बुजुर्ग पतियों को जहर देकर मारा

ईरान में 56 साल की कुलथुम अकबरी उर्फ ‘ब्लैक विडो’ ने 22 साल तक अकेले बुजुर्गों से शादी की और उनकी संपत्ति हड़पने के लिए जहर देकर हत्या कर दी। उसने 11 से 15 लोगों को शिकार बनाया। मौतें प्राकृतिक लगती थीं – डायबिटीज या हाई ब्लड प्रेशर से। 2023 में एक पति की मौत के बाद उसके बेटे को शक हुआ। जांच में कुलथुम ने कबूल किया कि वह नहीं याद कर पाती कितनों को मारा। सितंबर 2025 में उसे 11 हत्याओं का दोषी ठहराया गया और मौत की सजा हो सकती है। यह सीरियल किलिंग का भयावह मामला दुनिया भर में चर्चा में रहा।

पानीपत की ‘कातिल चाची’: सौंदर्य की ईर्ष्या में चार बच्चों की हत्या

दिसंबर 2025 में हरियाणा के पानीपत में पूनम नाम की महिला ने अपनी 6 साल की भतीजी विधि की शादी समारोह में डूबाकर हत्या कर दी। जांच में खुलासा हुआ कि पूनम ने ईर्ष्या से चार बच्चों की हत्या की – तीन भतीजियां और अपना 3 साल का बेटा। वह नहीं चाहती थी कि परिवार में कोई उससे ज्यादा खूबसूरत दिखे। 2023 से 2025 तक उसने बच्चों को पानी में डुबोया और मौतों को दुर्घटना बताया। अपना बेटा मारा ताकि शक न हो। पुलिस ने उसे मनोरोगी करार दिया और गिरफ्तार किया। यह मामला परिवारिक ईर्ष्या की क्रूरता दिखाता है।

पेरिस लुव्र म्यूजियम में दिनदहाड़े 102 मिलियन डॉलर की लूट

अक्टूबर 2025 में फ्रांस की राजधानी पेरिस के लुव्र म्यूजियम की अपोलो गैलरी में चार नकाबपोश चोरों ने दिन में ही सेंध लगाई। निर्माण कार्यकर्ताओं का भेष बनाकर उन्होंने खिड़की काटी और फ्रेंच क्राउन ज्वेल्स की 8 कीमती वस्तुएं चुरा लीं, जिनकी कीमत करीब 102 मिलियन डॉलर थी। इनमें महारानी यूजेनी का हीरा हार भी शामिल था। लूट सिर्फ 7-8 मिनट में हुई। पुलिस ने चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया, लेकिन चोरी का माल अभी लापता है। यह दुनिया की सबसे साहसिक म्यूजियम लूट मानी गई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे।

घने कोहरे का कहर : 118 फ्लाइट्स रद्द, 16 डायवर्ट, रेल और सड़क यातायात भी प्रभावित

0

नई दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में मंगलवार सुबह भी घना कोहरा छाया रहा, जिसने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (आईजीआई) एयरपोर्ट पर कम विजिबिलिटी के कारण कम से कम 118 उड़ानें रद्द कर दी गईं, 16 फ्लाइट्स को अन्य एयरपोर्ट्स पर डायवर्ट किया गया और 130 से अधिक उड़ानें देरी से चल रही हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट ने सुबह 10 बजे यात्री सलाह (एडवाइजरी) जारी की, जिसमें बताया गया कि घने कोहरे के बावजूद विजिबिलिटी में सुधार हो रहा है और सभी उड़ान संचालन सामान्य रूप से चल रहे हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों ने यात्रियों को आश्वासन दिया कि सभी टर्मिनलों पर ग्राउंड स्टाफ मौजूद है, जो जरूरी सहायता और सपोर्ट प्रदान कर रहा है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी फ्लाइट का स्टेटस पहले चेक करें और एयरलाइन से संपर्क बनाए रखें।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि उत्तर भारत के कई हिस्सों में कोहरे और कम दृश्यता के कारण उड़ानों पर असर पड़ रहा है। मंत्रालय ने यात्रियों को सलाह दी कि वे फ्लाइट स्टेटस पहले जांचें, एयरलाइन से संपर्क में रहें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखें।

साथ ही, एयरलाइंस को यात्री सुविधाओं के नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें समय पर जानकारी देना, देरी पर भोजन उपलब्ध कराना, रद्द होने पर री-बुकिंग या रिफंड, बोर्डिंग से इनकार न करना, बैगेज सुविधा और शिकायतों का त्वरित समाधान शामिल है। मंत्रालय ने जोर दिया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।

इस बीच, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि नए साल पर बारिश की संभावना से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित रहा है।

BMC चुनाव: महायुति में सीट बंटवारा तय, भाजपा को 137 और शिंदे शिवसेना को 90 सीटें

0

मुंबई : बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनावों के लिए सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन में लंबी चली वार्ता के बाद सीट बंटवारे का फॉर्मूला अंततः तय हो गया। भारतीय जनता पार्टी (BJP) 227 में से 137 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 90 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।

मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने सोमवार देर रात मुख्यमंत्री के आवास के बाहर मीडिया को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले 207 सीटों पर सहमति बन चुकी थी, लेकिन अब सभी 227 सीटों पर अंतिम समझौता हो गया है। साटम ने स्पष्ट किया कि भाजपा को पूरी 137 सीटें अकेले मिली हैं, जबकि शिवसेना की 90 सीटों में ही अन्य छोटे गठबंधन सहयोगी (जैसे आरपीआई) शामिल किए जाएंगे। साटम ने कहा, “भाजपा और शिवसेना के बीच कोई नाराजगी नहीं है। देरी केवल सभी को समायोजित करने में लगे समय के कारण हुई। अब हम संयुक्त प्रचार करेंगे और बीएमसी में हिंदुत्व का भगवा झंडा फहराएंगे।”

शिवसेना की ओर से पूर्व सांसद राहुल शेवाले ने इस फॉर्मूले पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि बातचीत सकारात्मक रही और एक उचित सूत्र तय हुआ है। शेवाले ने विश्वास व्यक्त किया कि महायुति के उम्मीदवार सभी 227 सीटों पर एकजुट होकर लड़ेंगे और 150 से अधिक सीटें जीतकर बीएमसी पर कब्जा करेंगे। महायुति के तीसरे घटक अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) मुंबई में अलग से चुनाव लड़ रही है।

दोनों दलों के उम्मीदवार मंगलवार को नामांकन दाखिल करेंगे। बीएमसी चुनाव 15 जनवरी 2026 को होंगे और मतगणना 16 जनवरी को होगी। यह चुनाव मुंबई की सत्ता पर कब्जे के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां ठाकरे बंधुओं (उद्धव और राज) की शिवसेना (यूबीटी) और मनसे की साझेदारी महायुति को कड़ी टक्कर दे रही है।

उत्तराखंड में दर्दनाक बस हादसा: रामनगर जा रही बस गहरी खाई में गिरी, छह यात्रियों की मौत

0

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले की तहसील क्षेत्र में विनायक के निकट सैलापानी के पास एक यात्री बस के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस भीषण दुर्घटना में अब तक छह यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल छा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस रामनगर की ओर जा रही थी। सैलापानी के समीप अचानक बस चालक का नियंत्रण खोने से वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही कई यात्रियों ने दम तोड़ दिया। अब तक पांच शवों को घटनास्थल से निकाला जा चुका है, जबकि एक अन्य यात्री की अस्पताल में मौत हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतकों की शिनाख्त और उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाने का काम प्रशासन द्वारा किया जा रहा है।

उत्तराखंड में शुरू होगी ‘स्टेट प्रगति’ योजना, जनवरी 2026 से होंगी मासिक समीक्षा बैठकें

0

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रभावी निगरानी के लिए पीएम प्रगति (प्रधानमंत्री गति शक्ति) की तर्ज पर ‘स्टेट प्रगति’ प्रणाली शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि जनवरी 2026 से हर माह एक निश्चित दिन राज्य एवं केंद्र सरकार की प्रमुख एवं फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

मुख्य सचिव ने पीएमश्री योजना के तहत चिन्हित स्कूलों में कंप्यूटर/आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लासरूम, लाइब्रेरी आदि सुविधाओं को शीघ्र स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईएफसी/डीएफसी सहित अन्य कार्यों को मार्च 2026 तक पूरा करने को कहा तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा, अटल टिंकरिंग लैब की तर्ज पर राज्य फंड से विद्यालयों में टिंकरिंग लैब स्थापित करने की योजना पर जोर देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि इन लैबों में नवाचारी एवं जिज्ञासु प्रवृत्ति के शिक्षकों को तैनात किया जाए, जो बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारकर उन्हें नवोन्मेषी बना सकें। शुरूआत में 10-12 स्कूलों को तैयार कर ऐसे प्रोटोटाइप मॉडल विकसित किए जाएं, जो राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले सकें।

मुख्य सचिव ने प्राथमिक विद्यालयों में खेल मैदान की कमी दूर करने के लिए निर्देश दिए कि जहां अपना मैदान उपलब्ध नहीं है, वहां आस-पास के मैदानों की व्यवस्था की जाए। इसके लिए जिलाधिकारियों को क्षेत्रीय राजस्व अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने को कहा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से प्रो-एक्टिव होकर कार्य करने की अपील की।

सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने प्राथमिक कृषि ऋण समितियों के कम्प्यूटरीकरण को शीघ्र पूरा करने, ऑन-सिस्टम ऑडिट तथा डे-एंड क्लोजर को 100 प्रतिशत लागू करने में तेजी लाने के निर्देश दिए।

हृदय विदारक घटना: 5 साल के बच्चे ने ठंडी रात जंगल में मृत पिता और बेहोश मां की रखवाली

0

हृदय विदारक घटना: 5 साल के बच्चे ने ठंडी रात जंगल में मृत पिता और बेहोश मां की रखवाली की

देवगढ़ (ओडिशा), 29 दिसंबर 2025 — ओडिशा के देवगढ़ जिले में एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। एक 5 वर्षीय मासूम बच्चे ने कड़कड़ाती ठंड में घने जंगल में पूरी रात अपने मृत पिता और बेहोश मां की रखवाली की। बच्चे ने सूर्योदय के बाद सड़क पर आकर राहगीरों से मदद मांगी, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने घटना का पता लगाया।

पुलिस के अनुसार, बच्चे के माता-पिता दुष्मंत माझी और रिंकी माझी (जियानंतपाली गांव, कुंधईगोला थाना क्षेत्र के निवासी) शनिवार शाम मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। घरेलू विवाद के कारण उन्होंने कीटनाशक (पेस्टिसाइड) का सेवन कर लिया। दंपति ने मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी की और बच्चे के साथ करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर जंगल में चले गए। वहां उन्होंने जहरीला पदार्थ खाया।

देवगढ़ जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज चोपदार ने बताया कि कीटनाशक का सेवन करने के एक घंटे के भीतर ही दुष्मंत माझी की मौत हो गई, जबकि रिंकी बेहोश हो गईं। इन सबके बीच उनका 5 साल का बेटा उन्हें जमीन पर पड़ा देखता रहा। मासूम बच्चे ने पूरी रात ठंड में अकेले रहकर अपने माता-पिता की रखवाली की और रविवार सुबह सड़क पर आकर लोगों को मदद के लिए पुकारा।

पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। बेहोश रिंकी को पड़ोसी अंगुल जिले के छेंदीपाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। बच्चे को भी उसके माता-पिता ने कीटनाशक दिया था, लेकिन वह बच गया। प्रारंभिक उपचार के बाद बच्चे का स्वास्थ्य सामान्य बताया गया है और उसे उसके दादा-दादी को सौंप दिया गया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि दंपति ने विवाद के दौरान कीटनाशक साथ क्यों रखा था।

अंकिता भंडारी हत्याकांड : VIP की भूमिका पर नई मांग, कांग्रेस ने सभी 100 वार्डों में निकाले जुलूस, पुतले जलाए

0

देहरादून: उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर राजनीतिक तापमान फिर बढ़ गया है। कांग्रेस महानगर देहरादून के आह्वान पर आज शहर के सभी 100 वार्डों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश एवं केंद्र सरकार के पुतले जलाए और वीआईपी की गिरफ्तारी तथा मामले की सीबीआई जांच की मांग की।

प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना तथा महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए कहा, “अंकिता की हत्या के पीछे वीआईपी है, जब तक उसे सजा नहीं मिलेगी, आंदोलन जारी रहेगा।”

सूर्यकांत धस्माना ने मांजरा, श्रीदेव सुमन नगर और यमुना कॉलोनी चौक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराध चरम पर हैं। अंकिता मामले में एसआईटी की जांच अधूरी रही, महत्वपूर्ण सबूत नष्ट किए गए। अब पूर्व विधायक की पत्नी द्वारा वीआईपी का नाम खुलासे के बाद भी भाजपा उसे बचाने में जुटी है।

महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि असली गुनहगार वीआईपी है, जिसे सरकार और भाजपा बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम इस मामले में शामिल हैं। गोगी ने चेतावनी दी कि कांग्रेस गली-मोहल्ले स्तर पर न्याय यात्रा निकालेगी और सीबीआई जांच करवाकर रहेगी।

प्रदर्शन विभिन्न वार्डों में आयोजित हुए। मांजरा वार्ड में जाहिद अंसारी के नेतृत्व में शिमला चौक तक जुलूस निकला। यमुना कॉलोनी में दिनेश कौशल के संयोजकत्व में केंद्र सरकार का पुतला दहन किया गया। श्रीदेव सुमन नगर में संगीता गुप्ता, बल्लूपुर में कोमल वोहरा, पंडितवाड़ी में अभिषेक तिवारी, द्रोणपुरी में राजेश पुंडीर व संजय भारती, रेस कोर्स में वीरेंद्र बिष्ट, डीलरोड में करण घाघट, आईएसबीटी-मोहब्बेवाला में रमेश कुमार मंगू तथा अन्य वार्डों में भी पुतले जलाए गए।

प्रदर्शन में हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें दिनेश कौशल, जाहिद अंसारी, अर्जुन सोनकर, संगीता गुप्ता, कोमल वोहरा, सुशांत वोहरा, सागर लाम्बा, मुकीम अहमद, आयुष गुप्ता, मोनिका, निखिल कुमार, वीरेंद्र बिष्ट, गगन छाछर, आदर्श सूद, अनिल क्षेत्री, पूर्ण सिंह रावत, राजकुमार जायसवाल, पुनीत चौधरी, प्रमोद गुप्ता, अनुराग गुप्ता, रितेश छत्री, नानक चंद, अनीस अंसारी, संजय भारती, अल्ताफ अहमद आदि प्रमुख थे।

यह प्रदर्शन अंकिता हत्याकांड में नए मोड़ के बाद हुआ, जहां वायरल वीडियो में कथित वीआईपी का जिक्र आया है। कांग्रेस ने सीबीआई जांच या सुप्रीम कोर्ट/हाई कोर्ट के सिटिंग जज से निगरानी की मांग की है। भाजपा ने इन आरोपों को साजिश करार दिया है।

ट्रेन में भीषण आग: टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के दो कोच जलकर खाक, एक यात्री की मौत

0

विशाखापट्टनम : आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में सोमवार तड़के टाटानगर-एर्नाकुलम जंक्शन सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 18189) के दो एसी कोचों में लगी भीषण आग ने यात्रियों में दहशत फैला दी। इस हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

स्थानीय पुलिस और रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आग की सूचना रविवार रात करीब 12:45 बजे मिली, जब ट्रेन यलमंचिली रेलवे स्टेशन के पास पहुंची। प्रभावित कोचों में से एक (बी1) में 82 यात्री और दूसरे (एम2) में 76 यात्री सवार थे। लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोक दी और यात्रियों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया। आग तेजी से फैली, जिससे दोनों कोच धू-धू कर जल उठे।

दमकल विभाग की कई टीमों ने मौके पर पहुंचकर कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद बी1 कोच से एक शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान 70 वर्षीय चंद्रशेखर सुंदरम (विजयवाड़ा निवासी) के रूप में हुई है।

रेलवे अधिकारियों ने दोनों क्षतिग्रस्त कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया और बाकी ट्रेन को एर्नाकुलम की ओर रवाना किया। प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए दो फॉरेंसिक टीमें जांच कर रही हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग पैंट्री कार के पास से शुरू हुई और तेजी से फैल गई।

रेलवे ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। यह हादसा भारतीय रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर रहा है।

वन भूमि सर्वे के विरोध में हाइवे और रेल मार्ग जाम, पुलिस पर पथराव, कई घायल, छह घंटे तक खड़ी रही श्रीगंगानगर एक्सप्रेस

0

ऋषिकेश/हरिद्वार। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर चल रहे वन भूमि सर्वे के विरोध में रविवार को उग्र हुए प्रदर्शनकारियों ने हरिद्वार हाइवे और रेलवे ट्रैक जाम कर दिया। पुलिस द्वारा भीड़ हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग करने पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। पथराव में रेलवे की परिसंपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा।

रविवार को बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मनसा देवी फाटक पर एकत्र हुए और हरिद्वार हाइवे के साथ रेलवे ट्रैक पर बैठ गए। दोपहर 12:50 बजे ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से श्रीगंगानगर (राजस्थान) जाने वाली ट्रेन मनसा देवी फाटक से करीब 200 मीटर पहले ही रोकनी पड़ी। वहीं कोच्चिवली एक्सप्रेस को भी वीरभद्र स्टेशन पर खड़ा कर दिया गया। इसके कारण हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया और आवाजाही बाधित रही।

काफी देर तक समझाने के बावजूद जब भीड़ नहीं हटी तो करीब चार बजे पुलिस ने लाठियां फटकारकर प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। बाद में पुलिस ने बलपूर्वक ट्रैक खाली कराया और शाम करीब छह बजे रेल यातायात बहाल हुआ। श्रीगंगानगर एक्सप्रेस करीब छह घंटे तक खड़ी रही।

घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, जबकि रेलवे ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया

नए साल से पहले हो सकती है बारिश-बर्फबारी, छह जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया

0

देहरादून। उत्तराखंड में नए साल से पहले मौसम करवट ले सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक 30 और 31 दिसंबर के साथ ही एक व दो जनवरी को राज्य के पर्वतीय इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। वहीं 29 दिसंबर को देहरादून समेत छह जिलों में घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और नैनीताल जिले के कुछ क्षेत्रों में सोमवार को घना कोहरा छाया रह सकता है। अन्य जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वैज्ञानिकों का कहना है कि कोहरे के कारण नमी के बिना चल रही ठंड (सूखी ठंड) लोगों को परेशान कर सकती है।

इधर 30–31 दिसंबर से दो जनवरी के बीच उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जिलों के कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फ गिरने के प्रबल संकेत हैं। इससे पूरे प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। तीन जनवरी को मौसम के फिर से शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।