Home Blog Page 74

उत्तराखंड : सूखी ठंड ने बढ़ाई परेशानी, दो दिन बाद पहाड़ों में बदलेगा मौसम 

0

देहरादून : प्रदेश में इस सीजन बारिश और बर्फबारी न होने के कारण सूखी ठंड मैदान से लेकर पहाड़ तक लोगों को खासा परेशान कर रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 16 से 19 जनवरी के बीच पर्वतीय इलाकों में मौसम में बदलाव आ सकता है, जिससे कुछ जिलों में हल्की बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। इससे प्रदेशभर में दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड और बढ़ सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र (MID, देहरादून) की ताजा जानकारी के अनुसार आज प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन मैदानी जिलों देहरादून, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार के साथ ही नैनीताल, चंपावत और पौड़ी में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे दृश्यता कम रहने और आवाजाही में परेशानी हो सकती है। घने कोहरे के चलते वाहन चालकों तथा यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

MID के अनुसार आने वाले 48 घंटे में पश्चिमी विक्षोभ के बढ़ते प्रभाव से पहाड़ों में मौसम खराब हो सकता है, जिससे कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ-साथ 3000 मीटर से ऊपर ऊँचाई पर बर्फबारी भी संभव है। इससे लोकल प्रशासन और सड़कों पर यात्रा कर रहे लोगों को मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

वहीं मौसम विभाग ने शीतलहर और घने कोहरे के चलते मैदानी इलाकों में रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट की भी चेतावनी दी है। ठंड की तीव्रता के कारण लोगों को गर्म कपड़े पहनने, यात्राओं को आवश्यक होने पर ही करने, तथा असुविधा से बचने के उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है।

इस प्रकार मौसम विज्ञान केंद्र के नवीनतम अलर्ट के आधार पर आज का मौसम शुष्क, लेकिन कोहरा और बढ़ती ठंड तथा आने वाले 2–4 दिनों में पर्वतीय इलाकों में बारिश/बर्फबारी जैसे बदलते मौसम को देखते हुए अधिकारियों ने सतर्क रहने का आग्रह किया है।

महाराष्ट्र निकाय चुनाव 2026 लाइव: बीएमसी में दो घंटे में 7% मतदान, नागपुर में झड़प, भाजपा नेता घायल

0

महाराष्ट्र : महाराष्ट्र में 29 नगर निगमों के लिए आज मतदान जारी है, जिसमें खास रूप से बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) पर कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। सुबह 7:30 बजे मतदान शुरू होने के केवल दो घंटे के भीतर ही बीएमसी में लगभग 7 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जो शुरुआती रुझानों के रूप में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कुल 2,869 सीटों के लिए 3.48 करोड़ से अधिक मतदाता सुबह से वोट डाल रहे हैं। बीएमसी के 227 वार्डों में 1,700 से अधिक उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं और मतदान शाम 5:30 बजे तक चलेगा। मतगणना 16 जनवरी को होगी।

बताया जा रहा है कि मुंबई सहित कई महानगरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हजारों पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

नागपुर में चुनावी तनाव, भाजपा नेता घायल
वहीं नागपुर में देर रात चुनाव अभियान के दौरान दो गुटों के बीच झड़प की खबर है। दुर्घटना में भाजपा उम्मीदवार भूषण शिंगने घायल हो गए हैं। यह घटना गुरुवार मध्यरात्रि को वार्ड 11 के गोरेवाड़ा इलाके में हुई। स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

चुनावी माहौल के बीच प्रमुख राजनीतिक दलों के उम्मीदवार और समर्थक मतदान केंद्रों पर मतदाता जुटने का आह्वान कर रहे हैं। चुनाव में भाजपा-नेता से लेकर कई दिग्गजों ने अपना वोट डालते हुए जनता से शांतिपूर्ण मतदान का आग्रह किया है।

बड़ा हादसा : सिलेंडर ब्लास्ट के बाद तीन घरों में आग लगने से पांच लोगों की मौत

0

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत धनडूरी पंचायत के तलंगाना गांव में देर रात करीब तीन बजे भीषण आग लगने से पांच लोगों की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान कविता देवी पत्नी लोकेंद्र सिंह, उनकी दो बेटियां सारिका (9) और कृतिका (3), तृप्ता देवी (44) तथा नरेश कुमार के रूप में हुई है। हादसे में लोकेंद्र सिंह गंभीर रूप से झुलस गए हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही एसडीएम संगड़ाह सुनील कुमार मौके के लिए रवाना हो गए, वहीं पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

घटना पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस आगजनी को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। डॉ. बिंदल ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल हरसंभव सहायता और राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।

हरिद्वार में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट, 15 जनवरी को सभी स्कूल व आंगनबाड़ी बंद

0

हरिद्वार। घने कोहरे और शीतलहर की आशंका को देखते हुए जनपद हरिद्वार में 15 जनवरी 2026 को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनज़र लिया गया है।

आदेश में बताया गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 14 जनवरी 2026 को दोपहर 1:30 बजे जारी सात दिनों की जनपद-स्तरीय मौसम चेतावनी में हरिद्वार के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। चेतावनी के अनुसार जिले में कहीं-कहीं घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने और शीतलहर चलने की संभावना है।

इसके चलते जनपद के सभी शासकीय, अर्द्ध-शासकीय, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालय (नर्सरी से कक्षा 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 15 जनवरी को पठन-पाठन पूरी तरह बंद रहेगा। हालांकि, विद्यालय प्रबंधन छात्रों के हित में वैकल्पिक रूप से ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने सभी तहसील अधिकारियों और संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालयों या आंगनबाड़ी केंद्रों के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि उत्तर भारत के कई हिस्सों में इन दिनों घने कोहरे और शीतलहर के चलते स्कूल बंदी जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने अभिभावकों और छात्रों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने तथा आगे के अपडेट के लिए IMD और प्रशासन की सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

ईरान में सुरक्षा स्थिति बिगड़ी, भारत ने नागरिकों को तत्काल बाहर निकलने की दी सलाह

0

नई दिल्ली। भारत सरकार ने बुधवार को ईरान में रह रहे अपने नागरिकों को देश छोड़ने की सलाह दी है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास की एडवायजरी में बढ़ते विरोध प्रदर्शनों और क्षेत्रीय तनाव को कारण बताया गया है। इसमें कहा गया है कि भारतीय नागरिक उपलब्ध परिवहन साधनों का इस्तेमाल कर जल्द से जल्द ईरान छोड़ें।

iran adviesory

एडवायजरी में नागरिकों से सतर्क रहने, अशांत इलाकों से दूर रहने और ईरान में भारतीय दूतावास के संपर्क में बने रहने की भी अपील की गई है। देश में हाल ही में विरोध प्रदर्शनों में 2,500 से अधिक लोगों की मौत की खबरें सामने आई हैं, जिससे सुरक्षा स्थिति और जटिल हो गई है।

स्व. अंजली देवी स्मृति सम्मान 2026 और गढ़वाली कथा संग्रह ‘कल्यो’ का लोकार्पण

0

देहरादून : देहरादून स्थित कुकरेजा इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट के ऑडिटोरियम में रविवार को गढ़रत्न एवं गढ़ गौरव नरेंद्र सिंह नेगी की अगुवाई में स्वर्गीय अंजली देवी स्मृति सम्मान 2026 का भावुक और प्रेरणादायी समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर गढ़वाली भाषा में लिखित कथा संग्रह ‘कल्यो’ का लोकार्पण भी किया गया।

स्व. अंजली देवी, जो टिहरी गढ़वाल के भिलंगना विकासखंड के दूरस्थ गांव भिगुन की निवासी थीं, स्व. गणेश राम नौटियाल और श्रीमति गीता देवी की पुत्री थीं। बचपन से ही अत्यंत प्रतिभाशाली और आंग्ल विषय में विशेष निपुण अंजली देवी पहाड़ की नारी के उस गहन दर्द से जूझती रहीं, जो अक्सर अनदेखा रह जाता है। अल्पायु में उनकी मृत्यु ने उनकी छोटी बहन आशा को गहरी मानसिक पीड़ा दी। इसी पीड़ा से प्रेरित होकर आशा ने अपनी बहन की याद में यह सम्मान शुरू किया।

स्व. अंजली देवी स्मृति सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि पहाड़ी और उत्तराखंड की उन महिलाओं के लिए एक अस्तित्व की लड़ाई है, जिन्हें कभी किसी बड़े मंच पर स्थान या आवाज नहीं मिली। इस वर्ष सम्मान की थीम लेखन और साहित्य क्षेत्र में विशेष योगदान रखी गई थी। आने वाले वर्षों में लोक कला, लोक विद्या, संस्कृति संरक्षण, उद्यमिता, स्वास्थ्य और स्वरोजगार जैसी थीम्स पर फोकस किया जाएगा।

kalyo katha sangrah

इस वर्ष स्व. अंजली देवी स्मृति सम्मान 2026 साहित्यकार बीना बेंजवाल को उनके उल्लेखनीय साहित्य सृजन के लिए प्रदान किया गया। विशेष सम्मान ग्राम खोला (भिलंगना विकासखंड, टिहरी गढ़वाल) के ग्राम प्रधान कैलाश प्रसाद ममगाईं को उनके सामाजिक कार्यों के लिए दिया गया। कैलाश ममगाईं पूरे गांव की बेटियों को स्वेच्छा से ‘कल्यो’ देने का अनूठा कार्य करते हैं।

समारोह में गढ़वाली कथा संग्रह ‘कल्यो’ का लोकार्पण नरेंद्र सिंह नेगी, श्रीमती बीना बेंजवाल, डॉ. कुसुम भट्ट, साहित्यकार दिनेश रावत और डॉ. नीता कुकरेती की उपस्थिति में हुआ। इस संग्रह में 7 कथाएं शामिल हैं, जो पहाड़ के जन-जीवन की वास्तविकता पर आधारित हैं।

‘कल्यो’ स्थानीय परंपरा का शब्द है, जिसमें मायके से ससुराल पक्ष को गांव भर में बांटा जाता है, लेकिन इस पुस्तक में कल्यो के पीछे छिपी भावनाओं और लंबी दास्तानों को उकेरा गया है। पुस्तक की समीक्षा डॉ. कुसुम भट्ट ने की। सभी वक्ताओं ने लेखिका आशा ममगाईं के शब्द संग्रहण और लोक जीवन की कहानियों की जमकर प्रशंसा की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. साधना जोशी और शिक्षक-लेखक राघवेंद्र उनियाल ने गढ़वाली भाषा में कुशलतापूर्वक संभाला। समारोह में गौरव नौटियाल, ओम प्रकाश नौटियाल, ममता रावत, कल्पना असवाल, मोनिका भंडारी, प्रभव तथा प्रभव साहित्य संगीत कला मंच उत्तरकाशी के कई लेखक-कवि मौजूद रहे।

उत्तराखंड : नर्सिंग होम जमकर मारपीट लाठी-डंडों से कई घायल

0

रुड़की : हरिद्वार जिले के रुड़की में सुनहरा रोड पर स्थित दो नर्सिंग होमों के कर्मचारियों के बीच मंगलवार रात जमकर मारपीट हुई। इस झड़प में लाठी-डंडे चले और कई लोग घायल हो गए।

गंग नहर कोतवाली क्षेत्र के सुनहरा रोड पर स्थित कैलाश अस्पताल एवं नर्सिंग होम तथा आशा नर्सिंग होम के बीच यह विवाद तब भड़का, जब एक महिला नर्स (जो दोनों नर्सिंग होम में काम करती है) कैलाश नर्सिंग होम से एक महिला मरीज को उपचार के लिए आशा नर्सिंग होम ले गई।

इस बात की जानकारी मिलते ही आशा नर्सिंग होम के कर्मचारी आपा खो बैठे। इसके बाद कैलाश नर्सिंग होम के कर्मचारी आशा नर्सिंग होम पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई। मारपीट इतनी तेज थी कि कई कर्मचारी और अन्य लोग घायल हो गए।

घटना के बाद अभी तक दोनों पक्षों से पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

तालाब में डूबने से चार बच्चों की दर्दनाक मौत परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

0

प्रयागराज : प्रयागराज के पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के सल्लाहपुर इलाके अंतर्गत केशवपुर कुसुआ गांव में बुधवार को एक तालाब में डूबने से चार बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे और एक युवक शामिल हैं।

मृतकों की पहचान प्रतीक सोनकर (12 वर्ष), प्रिंस सोनकर (10 वर्ष), प्रियांशु सोनकर (11 वर्ष) और करण सोनकर (19 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के दौरान बच्चे तालाब के किनारे खेल रहे थे। उनके कपड़े और चप्पल तालाब के पास पड़े मिले, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि खेलते-खेलते वे तालाब में गिर गए।

घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है, जबकि पुलिस इसे दुर्घटना मानकर जांच कर रही है। पुलिस चौकी सल्लाहपुर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जमा हो गए हैं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है, जिसमें हत्या की आशंका को भी शामिल किया गया है।

BJP सांसद रविशंकर प्रसाद के आवास में लगी आग, मौके पर दमकल की गाड़ियां

0

नई दिल्ली : दिल्ली के लुटियंस जोन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद के सरकारी आवास में बुधवार सुबह आग लगने की घटना सामने आई। यह घटना 21 मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड स्थित उनकी कोठी में हुई।

सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 8:05 बजे आवास के एक बेडरूम में बिस्तर से आग लगी, जो तेजी से फैलने लगी। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की तीन गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तेज कार्रवाई करते हुए आग पर जल्द ही पूर्ण नियंत्रण पा लिया।

घटना में किसी के हताहत होने या गंभीर चोटिल होने की कोई खबर नहीं है। गनीमत रही कि आग लगने के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली पुलिस की फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची है और आग लगने के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जानकारी में शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी खराबी को संभावित कारण बताया जा रहा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। रविशंकर प्रसाद, जो पूर्व केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं, इस घटना से बच गए। फिलहाल कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है और आगे की जांच जारी है।

उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड जारी, देहरादून सहित 6 जिलों में घना कोहरा और कोल्ड डे की स्थिति

0

देहरादून: उत्तराखंड में सर्दी का सितम बरकरार है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज राज्य में कोल्ड डे (शीत दिवस) की स्थिति बनी रहने की संभावना है, खासकर मैदानी इलाकों में। देहरादून सहित छह जिलों के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है और यातायात में परेशानी आ सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में कोल्ड डे की स्थिति रह सकती है, जबकि नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने के आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने की चेतावनी है, जिससे फसलों को नुकसान का खतरा बढ़ गया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने से ठंड का प्रकोप जारी रहेगा।

आगामी दिनों का पूर्वानुमान:

17 और 18 जनवरी: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के तीन पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है, जो पर्यटन के लिए राहत ला सकती है लेकिन सड़कों पर फिसलन का खतरा बढ़ा सकती है।

फिलहाल अगले 2-3 दिनों तक न्यूनतम तापमान स्थिर रहने की उम्मीद है, और मैदानी इलाकों में सुबह-शाम घना कोहरा जारी रह सकता है।

सावधानियां:

वाहन चालकों को घने कोहरे में फॉग लाइट का उपयोग करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

किसानों को पाला से फसलों की सुरक्षा के उपाय करने चाहिए।

यात्रियों को मौसम अपडेट चेक करते रहने की अपील की गई है।

उत्तराखंड में ठंड और कोहरे के बीच लोगों को गर्म कपड़े पहनकर और सतर्क रहकर दिन बिताने की जरूरत है। राहत की उम्मीद 17 जनवरी से बारिश-बर्फबारी के साथ बढ़ सकती है। मौसम विभाग की ओर से लगातार अपडेट जारी किए जा रहे हैं।