Home Blog Page 58

हरीश रावत के ‘राजनीतिक अवकाश’ से कांग्रेस में हलचल, यशपाल आर्या ने की मुलाकात

0

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस में इन दिनों सियासी हलचल तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के 15 दिन के ‘राजनीतिक अवकाश’ ने पार्टी के भीतर चर्चाओं और अटकलों का दौर शुरू कर दिया है। इस बीच सोमवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने उनके आवास पर पहुंचकर मुलाकात की।

बताया जा रहा है कि हरीश रावत 27 मार्च से राजनीतिक अवकाश पर हैं। इसे उनकी नाराजगी के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वे पार्टी हाईकमान को अपनी नाराजगी का संकेत देना चाहते हैं। खासतौर पर रामनगर के नेता संजय नेगी को कांग्रेस में शामिल कराने की उनकी इच्छा पूरी न होने के बाद यह कदम उठाया गया।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने भी रावत की नाराजगी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा था कि उन्हें नजरअंदाज कर कांग्रेस उत्तराखंड में मजबूत नहीं हो सकती। उनके इस बयान के बाद पार्टी में बहस और तेज हो गई।

वहीं, कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी एक व्यक्ति के भरोसे पार्टी नहीं चलती और न ही किसी के बिना पार्टी खत्म होती है। उन्होंने यह भी कहा कि हरीश रावत को राजनीति में लगभग सभी प्रमुख पद मिल चुके हैं, ऐसे में उनकी नाराजगी समझ से परे है।

हरक सिंह रावत के इस बयान पर हरीश रावत के समर्थक हरीश धामी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और समर्थकों से सामूहिक इस्तीफे तक की बात कह दी, जिससे पार्टी में असहज स्थिति बन गई। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और सहयोगी दलों ने एकजुटता बनाए रखने की अपील की।

इसी बीच भाजपा के कैबिनेट मंत्री खजान दास की हरीश रावत से मुलाकात ने भी राजनीतिक चर्चाओं को हवा दी। हालांकि कांग्रेस ने इसे केवल शिष्टाचार मुलाकात बताया और किसी तरह की अटकलों से इनकार किया।

सोमवार को हुई मुलाकात के बाद हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर लिखा कि नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या का उनके आवास पर स्नेहपूर्ण आगमन हुआ। दोनों के बीच प्रदेश के समसामयिक विषयों, जनहित के मुद्दों और राज्य के विकास को लेकर सार्थक चर्चा हुई।

गौरतलब है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर इस तरह की हलचल को पार्टी के लिए चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की चुप्पी भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

केदारनाथ यात्रा से पहले बड़ा एक्शन: हेली बुकिंग फ्रॉड पर रुद्रप्रयाग पुलिस की कड़ी कार्रवाई, 265 डिजिटल प्लेटफॉर्म ब्लॉक

0

रुद्रप्रयाग। आगामी केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए उत्तराखण्ड सरकार के निर्देशों पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं को ठगने वाले गिरोहों पर कड़ा प्रहार करते हुए पुलिस ने अब तक 265 संदिग्ध वेबसाइट्स, सोशल मीडिया अकाउंट्स, बैंक खातों और मोबाइल नंबरों को ब्लॉक या रिपोर्ट किया है।

दरअसल, हर वर्ष केदारनाथ यात्रा शुरू होने से पहले साइबर अपराधी हेलीकॉप्टर सेवा के नाम पर फर्जी वेबसाइट, फेसबुक पेज और इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर श्रद्धालुओं को निशाना बनाते हैं। कई लोग इनके झांसे में आकर आर्थिक नुकसान भी उठा चुके हैं। इस बार ऐसे अपराधों पर रोक लगाने के लिए एसपी रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर के नेतृत्व में “साइबर फ्रॉड कम्बैट फोर्स” का गठन किया गया है, जो लगातार डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नजर बनाए हुए है।

सोशल मीडिया पर सख्त कार्रवाई

पुलिस ने 111 संदिग्ध फेसबुक पेजों में से 106 को सफलतापूर्वक टेकडाउन कराया है। साथ ही 16 इंस्टाग्राम अकाउंट्स को भी संदिग्ध गतिविधियों के चलते रिपोर्ट किया गया है और उनकी जांच जारी है।

मोबाइल नंबर और व्हाट्सएप पर कार्रवाई

साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे 110 मोबाइल नंबरों में से 55 को ब्लॉक कर दिया गया है, जबकि बाकी नंबरों को ब्लॉक करने की प्रक्रिया जारी है।

बैंक खातों पर शिकंजा

साइबर अपराधियों से जुड़े 6 बैंक खातों की जांच की गई, जिनमें से एक खाते को डेबिट फ्रीज कर दिया गया है। अन्य खातों पर भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

फर्जी वेबसाइट्स पर नजर

हेलीकॉप्टर टिकट दिलाने का दावा करने वाली 22 संदिग्ध वेबसाइट्स को चिन्हित कर डोमेन रजिस्ट्रार को रिपोर्ट भेजी गई है।

एसपी की अपील

एसपी नीहारिका तोमर ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केदारनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट https://www.heliyatra.irctc.co.in/ के माध्यम से ही करें। किसी भी अन्य वेबसाइट, सोशल मीडिया लिंक या व्हाट्सएप के जरिए बुकिंग करने से बचें, अन्यथा साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि रुद्रप्रयाग पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और ठगी होने की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

इंस्टीट्यूट में हादसा: बास्केटबॉल बैकबोर्ड पुल-अप्स करते वक्त गिरा पोल, छात्र की मौत

0

पुणे। पुणे स्थित तोलानी मैरीटाइम इंस्टीट्यूट में एक दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान विशाल वर्मा के रूप में हुई है, जो संस्थान में दूसरे वर्ष का छात्र था। जानकारी के अनुसार, विशाल रविवार सुबह कैंपस में मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था।

इसी दौरान वह बास्केटबॉल हूप पर लटककर पुल-अप्स कर रहा था, तभी अचानक पूरा बैकबोर्ड फ्रेम उसके ऊपर गिर गया। इस हादसे में उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ।घटना के तुरंत बाद साथी छात्र और स्टाफ उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि विशाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बस्ती का निवासी था और उसने 2024 में संस्थान में दाखिला लिया था। उसका चार वर्षीय बीटेक कोर्स 2028 में पूरा होना था। संस्थान के प्रिंसिपल डॉ. संजीत ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि मामले की जांच की जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि हादसे के पीछे क्या कारण रहा।

वहीं पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह देखा जा रहा है कि बास्केटबॉल फ्रेम में जंग या फिटिंग में कोई खामी तो नहीं थी। इंस्पेक्टर संतोष पाटिल के अनुसार, मामला दर्ज कर जांच जारी है।

10 अप्रैल 2026 से टोल प्लाजा पर कैश भुगतान बंद, डिजिटल पेमेंट होगा अनिवार्य

0

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों के लिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने टोल प्लाजा पर कैश से भुगतान की व्यवस्था समाप्त करने का निर्णय लिया है।

नए नियम के तहत 10 अप्रैल 2026 से देशभर के टोल प्लाजा पर नकद भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इस फैसले का मुख्य उद्देश्य टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारों को खत्म करना और यातायात को सुचारू बनाना है।

अब सभी वाहन चालकों के लिए टोल भुगतान डिजिटल माध्यम से करना अनिवार्य होगा। इसके लिए फास्टैग का उपयोग किया जाएगा, जिसमें रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (RFID) तकनीक के जरिए वाहन के गुजरते ही टोल राशि अपने आप खाते से कट जाएगी।

सरकार भविष्य में टोल वसूली को और आधुनिक बनाने के लिए GPS आधारित प्रणाली और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) तकनीक भी लागू करने की तैयारी में है। इस सिस्टम में वाहन की नंबर प्लेट स्कैन कर तय की गई दूरी के आधार पर टोल शुल्क लिया जाएगा।

इस बदलाव से वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं होगी, जिससे समय की बचत होगी और जाम की समस्या में कमी आएगी। साथ ही, गलत तरीके से छूट का लाभ लेने वालों पर भी रोक लगेगी। हालांकि, जिन लोगों को टोल में छूट प्राप्त है, उन्हें अब ‘Exempted FASTag’ का उपयोग करना होगा।

होर्मुज तनाव के बीच कच्चे तेल में उछाल, ट्रंप की चेतावनी से ब्रेंट क्रूड की कीमतें बढ़कर 110 डॉलर पहुंची 

0

वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिल रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव और अमेरिका की सख्त चेतावनियों के बाद अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमतें बढ़कर 110 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गई हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल आपूर्ति मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। इस क्षेत्र में किसी भी तरह का सैन्य या राजनीतिक तनाव सीधे तेल बाजार पर असर डालता है।

इस बीच, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हालिया सख्त बयानबाजी ने बाजार की चिंताओं को और बढ़ा दिया है। उनकी चेतावनी के बाद निवेशकों में अस्थिरता बढ़ी, जिससे तेल की कीमतों में तेजी आई।

विश्लेषकों के अनुसार, यदि तनाव लंबे समय तक बना रहता है, तो वैश्विक स्तर पर ईंधन कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। इसका असर भारत जैसे आयात पर निर्भर देशों पर भी पड़ेगा, जहां पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका है।

ऊर्जा बाजार के जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में भू-राजनीतिक घटनाक्रम और ओपेक देशों की नीतियां तेल की कीमतों की दिशा तय करेंगी। फिलहाल बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है और निवेशक सतर्क नजर आ रहे हैं।

उत्तराखंड: गैस सिलेंडर के लिए रातभर लगी कतारें, अफवाह से बढ़ी अफरा-तफरी

0

टिहरी। जनपद के घनसाली स्थित इंडियन गैस एजेंसी के बाहर रसोई गैस की किल्लत को लेकर देर रात उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं। गैस की कमी की खबर फैलते ही लोग रात में ही सिलेंडर लेने पहुंच गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर एसडीएम घनसाली अलकेश नौडियाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर घर लौटाया और आश्वासन दिया कि घबराने की आवश्यकता नहीं है। जिन उपभोक्ताओं की पहले से बुकिंग है, उन्हें ही प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

स्थानीय समाजसेवी विनोद लाल ने बताया कि पिछले पांच दिनों से गैस की सप्लाई नहीं आने के कारण लोगों में चिंता बढ़ गई है। इसी वजह से उपभोक्ता सुबह आने वाली गैस गाड़ी के इंतजार में रात से ही लाइन में खड़े हो गए।

प्रशासन के अनुसार, लंबी कतारें गलत सूचनाओं के कारण लगीं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गैस वितरण केवल बुकिंग के आधार पर ही किया जाएगा और ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर प्रणाली के तहत सिलेंडर वितरित होंगे।

हालांकि प्रशासन की तत्परता से स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, लेकिन गैस की कमी ने एक बार फिर आम लोगों की परेशानी को उजागर कर दिया है।

फीताड़ी अग्निकांड: मंत्री सौरभ बहुगुणा ने पीड़ितों से की मुलाकात, 14 परिवारों को गोट वैली प्रोजेक्ट से जोड़ने की घोषणा

0

उत्तरकाशी। कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने फीताड़ी गांव पहुंचकर हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों का हालचाल जाना और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

मंत्री ने प्रभावित परिवारों के घरों का निरीक्षण कर आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने 14 प्रभावित परिवारों को ‘गोट वैली प्रोजेक्ट’ से जोड़ने की घोषणा करते हुए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को बकरियों के वितरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि परिवारों की आजीविका को मजबूत कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

बताया गया कि मंत्री बहुगुणा तीन दिवसीय जनपद भ्रमण पर हैं। इसी क्रम में वे गांव पहुंचे और पीड़ितों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने मुआवजा, पुनर्वास और भविष्य में ऐसी घटनाओं से सुरक्षा के उपायों को लेकर अपनी चिंताएं रखीं, जिस पर मंत्री ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि विकासखंड मोरी के फीताड़ी गांव में 23 मार्च की रात भीषण अग्निकांड हुआ था। इस हादसे में 8 आवासीय भवन और 6 अन्न भंडार जलकर नष्ट हो गए, जबकि 3 गायों की भी आग में झुलसकर मौत हो गई थी। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।

उत्तराखंड दौरे पर 14 अप्रैल को आएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई विकास योजनाओं की देंगे सौगात

0

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को राज्य के दौरे पर आएंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री प्रदेश को कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से गहरा आध्यात्मिक और व्यक्तिगत जुड़ाव रहा है।

लगभग पांच महीने बाद प्रधानमंत्री का यह दौरा हो रहा है। इससे पहले वे 9 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना की रजत जयंती समारोह में शामिल होने देहरादून आए थे। उस दौरान उन्होंने एफआरआई परिसर में 8140 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था। साथ ही ‘विकसित उत्तराखंड’ के विजन के तहत वेडिंग डेस्टिनेशन और ‘एक जिला, एक मेला’ जैसे महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए थे।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रदेश में उत्साह का माहौल है। इस दौरान देहरादून-नई दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे सहित कई अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।

गंगोत्री धाम में दर्शन समय बदला, अब शाम 4 बजे तक खुला रहेगा मंदिर

0

गंगोत्री: गंगोत्री धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस वर्ष से मुख्य मंदिर के दर्शन समय में अहम बदलाव किया गया है। गंगोत्री मंदिर समिति के निर्णय के अनुसार अब श्रद्धालु सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद मंदिर के कपाट सायंकालीन आरती के लिए पुनः खोले जाएंगे, जो शाम 7:45 बजे आयोजित होगी। आरती के बाद रात 10 बजे तक दर्शन जारी रहेंगे।

यह निर्णय गंगोत्री धर्मशाला में आयोजित मंदिर समिति और तीर्थ पुरोहितों की वार्षिक बैठक में लिया गया। बैठक में आय-व्यय के साथ-साथ इस वर्ष की पूजा व्यवस्था, पुजारियों की नियुक्ति और अन्य व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।

समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि पिछले वर्ष तक मंदिर में दोपहर 2 बजे तक ही दर्शन होते थे, जिसके बाद कपाट कुछ समय के लिए बंद कर दिए जाते थे। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार सर्वसम्मति से दर्शन समय बढ़ाकर शाम 4 बजे तक कर दिया गया है।

वहीं, समिति के मीडिया प्रभारी सतेंद्र सेमवाल ने बताया कि इस बदलाव का उद्देश्य यात्रियों को धाम में अधिक समय तक रुकने के लिए प्रेरित करना है। इस दौरान श्रद्धालु घाटों पर पूजा-अर्चना कर सकेंगे और शाम 7 बजे होने वाली गंगा आरती में भी शामिल हो पाएंगे।

बैठक में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मंदिर परिसर में मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही किसी भी प्रकार का लाइव दर्शन प्रसारण करने पर भी रोक रहेगी।

औलावृष्टि का कहर: बंगाण क्षेत्र में सेब की फसल तबाह, 15–20 गांव प्रभावित

0

उत्तरकाशी/मोरी: जनपद के बंगाण (अरकोट) क्षेत्र में अचानक हुई भीषण औलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। जानकारी के अनुसार इस आपदा से क्षेत्र के लगभग 15 से 20 गांव बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

प्रभावित गांवों में माकुड़ी, डागोली, गोकुल, बरनाली, झोटाड़ीधारा, मौड़ा, बलावट, चिंवा, किरानू, दुचानू, दामठी, थुनारा, भूटाणु, कलीच, किरोली, मैजानी सहित दर्जनों गांव शामिल हैं, जहां सेब की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है।

Screenshot 20260405 114007

स्थानीय किसान कुलदीप रावत ने बताया कि औलावृष्टि इतनी तीव्र थी कि सेब के पेड़ों पर आए फूल पूरी तरह झड़ गए। फूल नष्ट होने से इस बार फलों की उम्मीद लगभग खत्म हो गई है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

विशेष रूप से माकुड़ी गांव, जिसे क्षेत्र में सेब उत्पादन का “हब” माना जाता है, वहां भी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। किसानों का कहना है कि इस बार की फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है और उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

किसानों की बढ़ी चिंता

सेब की खेती पर निर्भर इस क्षेत्र के किसानों के लिए यह नुकसान किसी बड़े झटके से कम नहीं है। कई किसानों की सालभर की आय इसी फसल पर टिकी होती है।

मुआवजे की मांग

स्थानीय लोगों और किसानों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उन्हें इस भारी नुकसान से राहत मिल सके।