Home Blog Page 57

देहरादून में रोड कटिंग को लेकर जिला प्रशासन सख्त, रोड कटिंग अनुमतियां तत्काल प्रभाव से निरस्त

0

देहरादून में रोड कटिंग को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के चलते सभी रोड कटिंग अनुमतियां तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई हैं।

जिलाधिकारी के निर्देश पर यह बड़ा फैसला लिया गया है, जिसके तहत कार्यदायी संस्थाओं को एक दिन के भीतर अपनी मशीनरी हटाने के सख्त आदेश दिए गए हैं। साथ ही, प्रभावित सड़कों को 10 दिनों के अंदर पूर्ववत स्थिति में बहाल करने का आदेश जारी किया गया है।

अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आदेशों की अवहेलना करते हुए कोई कार्य जारी रहा, तो संबंधित मशीनरी जब्त कर ली जाएगी। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

यह कदम शहर में बढ़ते सड़क हादसों और जनता की शिकायतों के बाद उठाया गया है, जहां अनियंत्रित खुदाई से ट्रैफिक व्यवस्था बाधित हो रही थी और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया था।

जिला प्रशासन ने कहा है कि शहर की सड़कों, यातायात व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का पालन न करने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ग्राफिक एरा एफसी बनी चैंपियन, दून चैलेंजर्स को 2-0 से हराया

0

देहरादून। सर्वगुण ज्ञानोदय ट्रस्ट द्वारा आयोजित तृतीय ‘द ग्रेट स्वामी विवेकानंद मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट’ का रोमांचक समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में ग्राफिक एरा एफसी ने दून चैलेंजर्स को अतिरिक्त समय में दागे दो गोलों की बदौलत 2-0 से मात देकर खिताब अपने नाम किया।

पवेलियन ग्राउंड में रविवार को खेले गए निर्णायक मैच में दोनों टीमों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। पहले हाफ में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी और स्कोर 0-0 रहा। दूसरे हाफ में भी खेल बराबरी का रहा, लेकिन 83वें मिनट में ग्राफिक एरा एफसी के स्ट्राइकर बतिस्ता ने शानदार गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। मैच के अतिरिक्त समय में 91वें मिनट पर केसी ने दूसरा गोल दागकर ग्राफिक एरा एफसी की जीत को पक्का कर दिया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री सुबोध उनियाल तथा विशिष्ट अतिथि प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने विजेता ग्राफिक एरा एफसी को 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की। उपविजेता दून चैलेंजर्स को 31 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।

टूर्नामेंट के दौरान विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कार भी वितरित किए गए। मैन ऑफ द मैच बतिस्ता (ग्राफिक एरा एफसी) रहे। बेस्ट डिफेंडर का खिताब राजीव पंवार (दून चैलेंजर्स), बेस्ट गोलकीपर ब्यूटरश (ग्राफिक एरा एफसी), बेस्ट स्कोरर अक्षय राज (दून चैलेंजर्स) और बेस्ट मिडफील्डर भुवन (दून चैलेंजर्स) को मिला।

इस अवसर पर एसपी सिंह, हरीश अरोड़ा, उमा शुक्ला, शुभेंदु वर्धन, रक्षेंदु वर्धन, मुनीजा मुश्ताक, हरीश खनकरियाल, पदम सिंह थापा, ट्रस्ट अध्यक्ष राहुल रावत, अंकुर राणा, विकास कुशवाहा, वैभव भारद्वाज, वरुण, अतुल रावत, ललित पुंडीर, जोनेश चौधरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

सैकड़ों जनप्रतिनिधियों ने थामा भाजपा का दामन, नगर पालिका अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, पूर्व जिपां अध्यक्ष समेत विपक्षी नेता शामिल

0

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यता अभियान के दूसरे चरण में उत्तराखंड के 12 विधानसभा क्षेत्रों से सैकड़ों जनप्रतिनिधियों, पूर्व पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विपक्षी दलों के नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। देहरादून स्थित प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने नवागंतुकों का स्वागत किया और कहा कि यह प्रवेश विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने वाला है।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्षों, ब्लॉक प्रमुखों, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्षों, पार्षदों, सभासदों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इनमें कांग्रेस, यूकेडी, बसपा और निर्दलीय जनप्रतिनिधि प्रमुख थे। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, विधायक खजान दास, मदन कौशिक, प्रेमचंद अग्रवाल, शक्ति लाल शाह, दुर्गेश्वर लाल, राजकुमार पोरी, अनिल नौटियाल, भोपाल राम टम्टा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

श्री भट्ट ने नवागंतुकों का पटका बांधकर और फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा, “इतनी बड़ी संख्या में अलग-अलग पृष्ठभूमि के लोगों का भाजपा में शामिल होना दर्शाता है कि प्रदेश की जनता पार्टी की विचारधारा और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों पर पूर्ण भरोसा कर रही है। हम सब विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए एकजुट हो रहे हैं।” उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि झूठ और भ्रम की राजनीति करने वालों को यह तस्वीर देखनी चाहिए कि सकारात्मक राजनीति से भी विपक्षियों का विश्वास कैसे जीता जा सकता है।

प्रमुख शामिल होने वाले जनप्रतिनिधि

पौड़ी विधानसभा से नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी, सभासद प्रदीप, दिनेश सिंह, सुमित्रा देवी, सूरज सिंह, शुभम, पूर्व ब्लॉक प्रमुख दीपक कुकसाल, ज्येष्ठ प्रमुख संजय पटवाल आदि।

चमोली जिले से महिला कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री रेणु नेगी, देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य बलवीर राम, सभासद पूर्णानंद डिमरी।

उत्तरकाशी और पुरोला से प्रधान बलबीर सिंह रावत, सेवानिवृत्त डिप्टी रेंजर महेश रावत, सेवानिवृत्त कैप्टन हरिकिशन रावत, सुरजन सिंह रावत, महेंद्री पवार आदि।

कर्णप्रयाग और थराली से सुरेंद्र सिंह नेगी, पूर्व कैप्टन विक्रम सिंह रावत, सूबेदार बलवंत सिंह बिष्ट, रेणु नेगी (पूर्व प्रदेश महासचिव महिला कांग्रेस), राकेश फर्स्वाण (टैक्सी यूनियन अध्यक्ष) आदि।

घनसाली से पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रियंका देवी, ओम प्रकाश व्यास, शंकर लाल, रामप्रकाश राणा, उर्मिला राणा, संतोष रावत आदि।

टिहरी से प्रभादेवी, कृष्ण भंडारी (सभासद नगर पालिका टिहरी)।

ऋषिकेश से पार्षद माधवी गुप्ता, रूपेश कुमार गुप्ता, रोशन लाल, मनोज कुमार आदि।

धर्मपुर से सचिन अहलूवालिया, नीलू नेगी, अनिल कंबोज, यशोदा रावत आदि।

रुड़की से पार्षद मनोज कुमार, पूर्व पार्षद हेमा बिष्ट, छात्र संघ अध्यक्ष सत्यम कुमार, तरुण बिरला (पूर्व एनएसयूआई सचिव), शिवानी (उपाध्यक्ष एनएसयूआई), वरुण कुमार (मंडल उपाध्यक्ष बसपा), नवल जोशी (पूर्व यूकेडी विधानसभा अध्यक्ष) आदि।

राजपुर, कोटद्वार, हरिद्वार से भी दर्जनों पार्षद, प्रधान और कार्यकर्ता शामिल हुए।

देहरादून में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर बड़ी महापंचायत, परेड ग्राउंड पर उमड़ा जनसैलाब

0

देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड में पूर्ण न्याय की मांग को लेकर आज देहरादून के परेड ग्राउंड में एक बड़ी महापंचायत का आयोजन किया गया। अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच के आह्वान पर आयोजित इस महापंचायत में विभिन्न संगठनों, राजनीतिक दलों और आम नागरिकों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने एकजुट होकर हत्याकांड में शामिल कथित VIP के खिलाफ तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

संयुक्त संघर्ष मंच के सदस्यों और अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि सीबीआई जांच के बावजूद मामले में अभी भी कई सवाल अनुत्तरित हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मुख्य दोषियों को सजा मिल चुकी है, लेकिन हत्याकांड के पीछे कथित तौर पर शामिल उच्च स्तरीय प्रभावशाली व्यक्ति (VIP) अभी भी कानून की गिरफ्त से बाहर हैं। उन्होंने मांग की कि VIP की भूमिका की गहन जांच हो और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

महापंचायत में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पुलिस ने परेड ग्राउंड और आसपास के इलाकों में भारी बल तैनात किया, जिसमें प्रमुख चौकों पर बैरिकेडिंग भी की गई। आंदोलनकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखीं और घोषणा की कि न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

मंच की संरक्षक कमला पंत सहित अन्य वक्ताओं ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह मामला केवल एक हत्या नहीं, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और व्यवस्था की विफलता का प्रतीक है। उन्होंने आगे की रणनीति पर चर्चा करते हुए कहा कि महापंचायत के बाद नए आंदोलन के कार्यक्रम तय किए जाएंगे।

भाई मजाक मत करो… T20 वर्ल्ड कप के लिए जब सूर्या के कॉल पर शॉक्ड हुए सिराज, जानें कैसे एक फोन ने पलट दी किस्मत

0

मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की किस्मत में एक फोन कॉल ने अचानक करवट ले ली। आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में हर्षित राणा के चोटिल होने के बाद सिराज को आखिरी समय में टीम में शामिल किया गया। कप्तान सूर्यकुमार यादव के फोन पर उन्हें पहले लगा कि यह मजाक है, लेकिन यह कॉल उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा सरप्राइज साबित हुआ।

मैच के बाद सिराज ने भावुक होकर बताया कि फरवरी में उनका प्लान बिल्कुल अलग था। वे रणजी ट्रॉफी के कुछ मैच खेलने के बाद आराम करने वाले थे। उनका सपना था कि 15 फरवरी को स्पेन जाकर अपने फेवरेट फुटबॉल क्लब रियल मैड्रिड का मैच लाइव देखें और फिर रमजान मनाएं। लेकिन, सब कुछ बदल गया जब सूर्यकुमार यादव का फोन आया।

सिराज ने कहा, “सूर्या भाई ने फोन किया और बोले, ‘मियां, बैग पैक कर लो और आ जाओ।’ मैंने तुरंत कहा, ‘भाई मजाक मत करो… आप बहुत मजाक करते हो, लेकिन इस बार नहीं।’ फिर उन्होंने गंभीर होकर कहा, ‘मैं सच बोल रहा हूं, तैयार हो जाओ।’ फोन कटते ही प्रज्ञान ओझा (चयनकर्ता) का भी कॉल आया और खबर कन्फर्म हो गई। यह मेरे लिए शॉकिंग था। मुझे लगा नहीं था कि मैं वर्ल्ड कप खेल पाऊंगा।”

सिराज ने आगे बताया कि प्लेन में बैठते ही लगा जैसे सपना सच हो रहा है। घर पर टी20 विश्व कप खेलना उनका लंबे समय से सपना था। ईश्वर ने सब कुछ लिख रखा था। टूर्नामेंट के ओपनिंग मैच में अमेरिका के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में भारत ने 29 रनों से जीत दर्ज की, जिसमें सिराज ने 3 विकेट लेकर कमाल दिखाया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 84 रनों की शानदार पारी खेली।

यह आखिरी मिनट का चयन सिराज की मेहनत और किस्मत का शानदार मेल था। 19 महीने बाद टी20 फॉर्मेट में वापसी करते हुए उन्होंने टीम को मजबूती दी। सिराज ने कहा, “जो भगवान ने लिखा, वही होता है। मैंने सब कुछ छोड़कर टीम जॉइन की और मैच में योगदान दिया।”

केंद्रीय बजट पर हरदीप सिंह पूरी के दावे हवा हवाई, पतला होता रुपया बता रहा देश की खस्ता हालत :सूर्यकांत धस्माना

0

देहरादून: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने केंद्रीय बजट 2026-27 को निराशाजनक करार देते हुए केंद्र की भाजपा सरकार पर देश की आर्थिक स्थिति को छिपाने और गुमराह करने वाले आंकड़े पेश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के देहरादून में आयोजित हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मंत्री के दावे “हवा-हवाई” हैं और वास्तविकता इससे कोसों दूर है।

धस्माना ने अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया लगातार कमजोर हो रहा है। फरवरी 2026 में USD/INR विनिमय दर औसतन 90.5-91 के आसपास बनी हुई है, जो लंबे समय से 90 के पार चल रही है। इसी तरह, सोने और चांदी की कीमतों में उछाल देश की आर्थिक सेहत की पोल खोल रहा है। घरेलू बाजार में 24 कैरेट सोना प्रति 10 ग्राम 1.50-1.56 लाख रुपये के आसपास है, जबकि चांदी भी उच्च स्तर पर बनी हुई है, जो महंगाई और आर्थिक दबाव का संकेत देता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा जैसी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना को कमजोर कर रही है और 2006-07 के बजट में इसकी जगह नई योजनाओं का प्रावधान किया गया है, जिनकी कोई ठोस गारंटी नहीं है। कृषि और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को नजरअंदाज किया जा रहा है। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, शोध और उच्च शिक्षा के लिए सरकार के पास कोई स्पष्ट दृष्टिकोण नहीं दिखता।

श्री धस्माना ने पेट्रोलियम मंत्रालय पर विशेष निशाना साधते हुए कहा कि इस क्षेत्र का प्रमुख स्तंभ ओएनजीसी आज खतरे में है। सरकार की नीति तेल-गैस क्षेत्र में सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को मजबूत करने की बजाय अंबानी और अदाणी जैसे निजी कारोबारियों को फायदा पहुंचाने की है। उन्होंने कुल मिलाकर बजट को “निराशाजनक” बताया और कहा कि यह आम आदमी, किसानों और युवाओं की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है।

यह बयान ऐसे समय आया है जब केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने देहरादून में बजट को मजबूत आर्थिक प्रबंधन और विकास का प्रतीक बताते हुए आत्मविश्वास जताया था। कांग्रेस नेता ने इसे खारिज करते हुए कहा कि सरकार बनावटी आंकड़ों के सहारे जनता को गुमराह कर रही है।

पैतृक गांव पंचूर पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ, ग्रामीणों से मिले, बच्चों बंटी टॉफी और चॉकलेट

0

पौड़ी :  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर अपने पैतृक गांव पंचूर (यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल) पहुंचे। पहाड़ों की गोद में बसे अपने जन्मस्थान में रात्रि विश्राम के दौरान वे भावुक नजर आए। गांव पहुंचने पर स्थानीय लोगों और परिजनों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

शनिवार सुबह मुख्यमंत्री ने गांव का भ्रमण किया और नाते-रिश्तेदारों व ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को टॉफी-चॉकलेट देकर स्नेह जताया और मुस्कराते हुए कहा, “हम भी तुम्हारे दादा हैं।” ग्रामीणों से बातचीत करते हुए उन्होंने लोगों को अपनी जड़ों से जुड़े रहने और खेती-बाड़ी को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास और आत्मनिर्भर कृषि ही पहाड़ की मजबूती का आधार है।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने उस विद्यालय के नवनिर्मित कक्षों का उद्घाटन भी किया, जहां से उन्होंने कक्षा नौ तक शिक्षा प्राप्त की थी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिस विद्यालय से शिक्षा मिली, उसके विकास में योगदान देना सौभाग्य की बात है। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव पंचूर, यमकेश्वर ब्लॉक के अंतर्गत स्थित है। साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय पंचूर से पांचवीं तक प्राप्त की। इसके बाद बिथ्याणी के जूनियर हाईस्कूल से आठवीं, चमकोट खाल के जनता इंटर कॉलेज से नौवीं और नरेंद्र नगर के खाड़ी हाईस्कूल से दसवीं तक की पढ़ाई की। आगे की शिक्षा उन्होंने ऋषिकेश के भरत मंदिर इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट तथा कोटद्वार के महाविद्यालय से बीएससी तक पूरी की।

उत्तराखंड में फिल्म ‘गोदान’ टैक्स फ्री, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दिए निर्देश, गोवंश संरक्षण को बढ़ावा देने का संदेश

0

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोवंश संरक्षण, किसान परंपरा और ग्रामीण जीवन पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ को राज्य में टैक्स फ्री करने के निर्देश दिए हैं। यह फिल्म 6 फरवरी को देशभर में रिलीज हुई है और भारतीय संस्कृति, परंपराओं तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गाय के महत्व को उजागर करती है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गाय मात्र धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग है। ऐसी फिल्में समाज में सकारात्मक सोच, संवेदनशीलता और जागरूकता फैलाती हैं, इसलिए इन्हें प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि फिल्म को एंटरटेनमेंट टैक्स से मुक्त किया जाए, जिससे टिकट दरें कम हो सकें और अधिक से अधिक दर्शक इसे देख सकें।

सीएम धामी ने प्रदेश सरकार की गोवंश संरक्षण नीतियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राज्य में गोशालाओं को निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है ताकि निराश्रित गोवंश की बेहतर देखभाल हो सके। गोपालकों और पशुपालकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के जरिए लाभ पहुंचाया जा रहा है, जिससे उनकी आय बढ़े और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड सरकार भविष्य में भी सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े विषयों पर बनी फिल्मों तथा रचनात्मक प्रयासों को समर्थन देती रहेगी।

फिल्म ‘गोदान’ को उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी टैक्स फ्री घोषित किया गया है, जो गो संरक्षण के प्रति बढ़ती सरकारी संवेदनशीलता को दर्शाता है। दर्शकों से अपील की जा रही है कि वे इस फिल्म को देखकर भारतीय परंपराओं और गोवंश के महत्व को समझें।

BJP की रितु तावड़े होंगी BMC की मेयर, शिवसेना को मिला डिप्टी मेयर का पद

0

मुंबई : ब्रिहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए लंबे समय से चला आ रहा सस्पेंस आज खत्म हो गया। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मेयर पद के लिए रितु तावड़े को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है, जबकि एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना ने डिप्टी मेयर के लिए संजय घाड़ी का नाम फाइनल किया है।

बीजेपी और शिवसेना के गठबंधन ने हाल ही में हुए बीएमसी चुनाव में मिलकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था।

  • बीजेपी: 89 सीटें।
  • शिवसेना (शिंदे गुट): 29 सीटें।

इस तरह दोनों दलों के पास कुल 118 सीटें हो गईं, जो 227 सदस्यीय बीएमसी में बहुमत के लिए जरूरी आंकड़े से अधिक है।

महत्वपूर्ण तथ्य

  • मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव 11 फरवरी 2026 को होगा।
  • रितु तावड़े का नाम शनिवार को बीजेपी पार्षदों की अंतिम रणनीतिक बैठक में तय हुआ।
  • 40 वर्षों के बाद यह पहला मौका है जब मुंबई का मेयर बीजेपी से चुना जाएगा।
  • इससे पहले मुंबई में लंबे समय तक शिवसेना का ही मेयर पद पर कब्जा रहा है।

बीजेपी नेतृत्व ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताया है। पार्टी का कहना है कि रितु तावड़े के नेतृत्व में मुंबई को और बेहतर बुनियादी ढांचा, स्वच्छता और विकास मिलेगा। वहीं, शिवसेना ने संजय घाड़ी को डिप्टी मेयर बनाकर गठबंधन की मजबूती दिखाई है। चुनावी प्रक्रिया 11 फरवरी को होने वाले चुनाव में बीजेपी-शिवसेना गठबंधन के उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने की संभावना मजबूत है, क्योंकि विपक्षी दलों के पास बहुमत नहीं है।

अमेरिका ने जारी किया भारत का ‘पूर्ण नक्शा’, POK सहित जम्मू-कश्मीर को दिखाया अपना हिस्सा 

0

नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के फ्रेमवर्क की घोषणा के साथ ही अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव ऑफिस (USTR) ने भारत का एक ऐसा नक्शा जारी किया है, जिसमें पूरे जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग दिखाया गया है। इस नक्शे में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) और अक्साई चिन दोनों क्षेत्रों को बिना किसी विवादित चिह्न या लाइन ऑफ कंट्रोल के भारत में शामिल किया गया है। इस घटना को पाकिस्तान के लिए बड़ा कूटनीतिक झटका माना जा रहा है, जबकि भारत में इसे अमेरिका की मजबूत समर्थन की निशानी के रूप में देखा जा रहा है।

USTR ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर अंतरिम व्यापार समझौते के फायदों को हाइलाइट करते हुए एक पोस्ट किया। इसमें लिखा था कि ‘ट्री नट्स, ड्राइड डिस्टिलर्स ग्रेन, रेड सोरघम और ताजे व प्रोसेस्ड फलों’ जैसे अमेरिकी उत्पादों के लिए भारत में नए बाजार खुलेंगे। हालांकि, पोस्ट के साथ साझा किए गए ग्राफिक में भारत का राजनीतिक नक्शा इस्तेमाल किया गया, जिसमें जम्मू-कश्मीर, लद्दाख का अक्साई चिन और अरुणाचल प्रदेश को पूर्ण रूप से भारत का हिस्सा दिखाया गया है। नक्शे में कोई अलग सीमांकन, डॉटेड लाइन या विवादित क्षेत्र का उल्लेख नहीं है।

यह नक्शा अमेरिकी सरकारी दस्तावेजों में पारंपरिक तटस्थता से अलग है, जहां अक्सर कश्मीर पर विवादित क्षेत्रों को अलग से चिह्नित किया जाता था। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम भारत-अमेरिका के बढ़ते रणनीतिक संबंधों का प्रतीक है और पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश देता है कि वाशिंगटन जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न हिस्सा मानता है।

व्यापार समझौते की मुख्य बातें

  • अमेरिकी उत्पादों के लिए भारत में बाजार पहुंच बढ़ेगी।
  • भारतीय सामानों पर अमेरिकी टैरिफ को 18 प्रतिशत तक घटाया गया है, जो एशियाई देशों में सबसे कम है।
  • समझौता दोनों देशों के बीच नौकरियां, निवेश और आर्थिक संबंधों को मजबूत करेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस फ्रेमवर्क का स्वागत करते हुए कहा कि यह भारत-अमेरिका संबंधों में नई ऊंचाई लाएगा और दोनों देशों के लिए लाभकारी साबित होगा। सोशल मीडिया पर इस नक्शे को ‘भारत का सही नक्शा’ कहकर व्यापक समर्थन मिला है। कई यूजर्स ने इसे पाकिस्तान के लिए ‘मिरर दिखाने’ वाला कदम बताया। हालांकि, अमेरिकी पक्ष से अभी तक इस नक्शे पर कोई औपचारिक टिप्पणी नहीं आई है, लेकिन इसे ट्रंप प्रशासन की नीति के अनुरूप देखा जा रहा है।