Home Blog Page 520

रफ्तार का कहर, अलग-अलग हादसों में 11 लोगों की मौत, 17 घायल

0

महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बुलढाणा में बस-ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए हैं।

समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, राज्य परिवहन की एक बस और एक कंटेनर ट्रक की बीच जोरदार टक्कर हुई थी। इस हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। अधिकारी ने कहा कि मरने वालों में चार बस यात्री और दोनों वाहनों के चालक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि घायलों को सिंदखेड राजा कस्बे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

महाराष्ट्र के अमरावती में भी एक सड़क हादसा देखने को मिला। अमरावती में एक ट्रक की चपेट में आने से 5 लोगों की मौत हो गई और 7 अन्य घायल हैं।

सभी लोग एक पारिवारिक समारोह से दरियापुर लौट रहे थे। उन्होंने कहा कि हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। फिलहाल घायलों को दरियापुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

उत्तराखंड: कल से बदलने वाला है मौसम का मिजाज, चढ़ेगा पारा

0

देहरादून: इस बार मौसम  मेहरबान है। गर्मियों का पूरा मौसम लगभग प्री-मानसून में हुई अनुमान से अधिक बारिश में गुजर चुका है। लेकिन, अब मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है।

पूर्वानुमान के अनुसार कल से 20 जून तक तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों में तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे एक बार फिर गर्मी का असर भी नजर आने लगेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया, कि इस बार प्री मानसून में सामान्य से अधिक बारिश होने के चलते गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन अब तीन से 20 जून तक दून में अच्छी गर्मी पड़ने के आसार हैं।

राहुल गांधी की भविष्यवाणी, चौंकाने वाले होंगे 2024 चुनाव परिणाम

0

राहुल गांधी ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से हटाने के लिए एकजुट विपक्ष की क्षमता पर भरोसा जताया है. अमेरिका के वाशिंगटन में नेशनल प्रेस क्लब में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि कांग्रेस पार्टी अगले आम चुनाव में बहुत अच्छा करेगी, नतीजे लोगों को चौंका देंगे.

बस आप कैलकुलेट करें, एकजुट विपक्ष अपने दम पर बीजेपी को हरा देगा. राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में एक साल से भी कम समय बचा है और कांग्रेस अन्य विपक्षी दलों के साथ नियमित बातचीत कर रही है.

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “विपक्ष बहुत अच्छी तरह से एकजुट है. हम सभी विपक्षी दलों के साथ बातचीत कर रहे हैं. मुझे लगता है कि वहां काफी अच्छा काम हो रहा है. यह एक जटिल चर्चा है, क्योंकि ऐसे कई राज्य हैं, जहां हम उन दलों के साथ कंपिटीशन कर रहे हैं. लेकिन मुझे विश्वास है कि विपक्ष का महागठबंधन होगा.

कहा कि जब वह राजनीति में आए थे, तब उन्होंने सोचा भी नहीं था कि उन्हें लोकसभा की सदस्यता से कभी अयोग्य घोषित किया जाएगा, लेकिन इसने उन्हें लोगों की सेवा करने का एक बड़ा अवसर दिया है.

उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि यह नाटकीय घटनाक्रम असल में करीब छह महीने पहले शुरू हुआ. हम संघर्ष कर रहे थे. पूरा विपक्ष भारत में संघर्ष कर रहा है. सारा धन कुछ लोगों के पास है. संस्थाओं पर कब्जा कर लिया गया है. हम अपने देश में लोकतांत्रिक लड़ाई लड़ने के लिए संघर्ष कर रहे हैं.

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि वह अपने जीवन के खतरों के बारे में चिंतित नहीं हैं और यह पीछे हटने का कारण नहीं हो सकता. उन्होंने कहा, “मैं हत्या की धमकियों से चिंतित नहीं हूं. हर किसी को मरना है. यही मैंने अपनी दादी और पिता से सीखा है. आप ऐसी किसी चीज के लिए पीछे नहीं हटते.

आंतकियों से मुठभेड़, एक आतंकी ढेर, ऑपरेशन जारी

0

जम्मू-कश्मीर : राजोरी के दस्सल इलाके के साथ लगते जंगलों में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों ने इस मुठभेड़ में एक आतंकी को मार गिराया है। अभी ऑपरेशन जारी है।

राजोरी के साथ लगते गांव दस्सल में आतंकियों के होने की सूचना के बाद भारतीय सेना और सुरक्षा एजेंसियों ने बीती रात से ही जवाबी कार्रवाई के लिए ऑपरेशन चला रही है।

आज सुबह होते ही भारतीय सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स के जवानों की आतंकियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई। आतंकी दस्सल गांव के साथ लगते जंगलों में मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि जंगलों में दो से तीन आतंकी मौजूद हो सकते हैं।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही सुरक्षा एजेंसियों ने राजोरी और उसके आसपास लगते जंगलों में एक दर्जन आतंकियों के घूमने का अनुमान लगाया था। माना जा रहा है कि यह उन्हीं आतंकियों में से कुछ हो सकते हैं।

एहतियात के तौर पर राजोरी से लेकर दस्सल गांव एवं इसके आसपास के क्षेत्रों में भारतीय सेना एवं सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सारे रास्ते सील कर दिए हैं। इस क्षेत्र में पड़ने वाले सभी स्कूलों को सुरक्षा की दृष्टि से आज बंद रखा गया है।

गाना गा रही थी सिंगर, अचानक लगी गोली

0

भोजपुरी की प्रसिद्ध लोक गायिका निशा उपाध्याय भी हुई जिन्हें एक प्रोग्राम के दौरान गोली लग गई।आननफानन में उन्हें उपचार के लिए पहले निजी अस्पताल और फिर वहां से पटना के मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना जनता बाजार की है, जहां निशा प्रोग्राम कर रही थी। वह सारण जिले के गरखा प्रखंड अंतर्गत गौहर बसंत की रहने वाली है। फेमस भोजपुरी गायिका निशा उपाध्याय ने काफी कम समय में काफी शोहरत और नाम कमाया है उनके भोजपुरी गीतों के काफी लोग दीवाने हैं।

हर्ष फायरिंग में लगी गोली

निशा उपाध्याय ने बताया कि वह जनता बाजार में एक कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति दे रही थी। इसी दौरान वहां कुछ लोग हर्ष फायरिंग करने लगे। कार्यक्रम चल ही रहा था तभी अचानक एक गोली उनके पैर में लग गई। निशा उपाध्याय ने बताया कि गोली उन्हें कब लगी यह इन्हें पता नहीं चल पाया। जब उन्हें जलन महसूस हुआ तब पता चला कि उन्हें गोली लगी है। गोली लगने की जानकारी मिलते ही वहां अफरातफरी का माहौल हो गया।

आयोजक के द्वारा तुरंत कार्यक्रम को बंद कर दिया गया। स्थानीय लोगों के द्वारा उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। फिर उन्हें पटना के मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया।निशा को गोली लगने की सूचना मिलने के बाद उनके परिवार के लोग भी छपरा से पटना पहुंचे। फिलहाल मैक्स हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है जहां उनकी स्थिति ठीक है।

कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग करने वाले घटनास्थल से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच मवन जुट गई है। इस संबंध में पुलिस आयोजक से भी पूछताछ कर रही है।

 

बिहार में SDM की काली कमाई देख फटी आंखें, मंगानी पड़ी नोट गिनने की मशीन

0

बिहार की विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने गुरुवार को कैमूर जिला में मोहनिया के एसडीएम सत्येंद्र प्रसाद के तीन ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। इस कार्रवाई में विशेष निगरानी को एसडीएम के डेढ़ करोड़ के मकान, 25 लाख रुपये बैंक और एलआइसी में 25 लाख के निवेश का पता चला है।

सत्येंद्र प्रसाद के ठिकाने से 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और कई इलेक्ट्रानिक गजेट भी बरामद किए गए हैं। अब तक की कार्रवाई में एसडीएम की वैध कमाई से डेढ़ सौ गुणा ज्यादा अवैध संपत्ति अर्जन के प्रमाण मिले हैं।

SVU ने सत्येंद्र प्रसाद के विरुद्ध गैर कानूनी और नाजायज तरीके से 84.25 लाख रुपये की संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज कर कोर्ट से छापा मारने की अनुमति मांगी थी। कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद पटना, मोहनिया और बेतिया में इनके ठिकानों पर एक साथ धावा बोला गया।

पटना में जयप्रकाश नगर स्थित प्रभु पैलेस में छापेमारी की कार्रवाई की गई। SVU के अनुसार सत्येंद्र प्रसाद का पटना में प्रभु पैलेस में एक फ्लैट है। इसके अलावा दो अन्य पूर्ण रूप से सुसज्जित संपत्ति है। इसकी अनुमानित लागत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है।

इसके अलावा, सत्येंद्र ने अपनी पत्नी के नाम से कई बैंक में खाते खोल रखे हैं। एलआइसी और एचडीएफसी बैंक में इन्होंने 25 लाख रुपये का निवेश किया है। पत्नी का सिकंदराबाद में भी बैंक खाता और संपत्ति होने के प्रमाण मिले हैं। एसवीयू इसकी भी जांच कराएगी।

मोहनियां अनुमंडल के एसडीएम पद पर दूसरी बार दाग लगा है। इसके पूर्व यहां के एसडीएम रहे जितेंद्र गुप्ता के यहां निगरानी विभाग की टीम ने छापेमारी की थी। इस बार की छापेमारी में विजलेंस को नोट गिनने की मशीन मंगानी पड़ी।

विजलेंस ने सत्येंद्र प्रसाद के निजी मोबाइल जब्त किए हैं। इसके साथ ही कंप्यूटर, लैपटाप, आइपैड वगैरह भी जब्त किए गए हैं, जिनका भी सत्यापन कराया जाएगा। विशेष निगरानी ने दावा किया कि प्राथमिकी में दर्ज राशि से करीब 150 प्रतिशत धनार्जन का मामला बनता है।

रामशरण नौटियाल के 25 सालों की तपस्या का फल है “नवीन चकराता टाउनशिप”

0

देहरादून : नवीन चकराता टाउनशिप को कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद इसकी सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है। चर्चा होने के कई कारण हैं। क्यों ये टाउनशिप इतनी चर्चा में है, इसके बारे में भी बताएंगे। लेकिन, उससे पहले यह बताना जरूरी है कि आखिर ये आइडिया आया कहां से और किसने इसका सपना देखा था। नवीन टाउनशिप का सफर कोई एक-दो दिन का नहीं। बल्कि, इसके पीछे 25 सालों का संघर्ष है। यह सपना 25 साल पहले देखा गया था, जो अब साकार होने जा रहा है।

1997 से शूरू हुआ संघर्ष  

चकराता नवीन टाउनशिप का सपना रामशरण नौटियाल ने 1997 में देखा था। तब से उनका प्रयास लगातार जारी रहा। समय-समय पर वे नवीन चकराता टाउनशिप की मांग को उठाते रहे। इतना ही नहीं जिला पंचायत अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने इसका शिलान्यास भी किया था। टाउनशिप मसूरी जैसा खूबसूरत शहर बसाने का प्लान है। उसको लेकर जो भी योजनाएं बनाई गई थी, उनको धरातल पर उतारने का काम अब शुरू हो गया है।

chakrata 4

साकार हुआ सपना 

चकराता नवीन टाउनशिप को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद भाजपा नेता रामशरण नौटियाल ने कहा कि जौनसार बावर की जनता ने नवीन चकराता टाउनशिप को लेकर जो सपना कई वर्षों 1997 में देखा था, वह 25 वर्षों के संघर्ष के बाद आज साकार हो गया। मसूरी-चकराता राष्ट्रीय राज मार्ग पर सुनियोजित तरीके से नवीन चकराता टाउनशिप को विकसित किये जाने का निर्णय आज हमारी सरकार ने लिया है।

CM धामी का आभार 

उन्होंने कहा कि इसके लिए मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार प्रकट करता हूं। इसके लिए टाउनशिप की स्वीकृति और मास्टर प्लान तैयार करने के लिए 2 करोड़ रूपये की धनराशि देने की घोषणा की गई थी। उनका कहना है कि यह एक अलग ही तरह की टाउनशिप होगी, जहां पर्यटन की अपार सम्भावनाएं है। एक ओर जहां स्थानीय लोग अपनी भूमि पर कुछ न कुछ पर्यटन और अन्य व्यवसाय कर सकेंगे। वहीं, दूसरी ओर इस क्षेत्र में बंजर पड़ी सैकड़ों हैक्टेयर भूमि पर कई सरकारी और गैर सरकारी पर्यटन के साथ ही जन सुविधाओं से सम्बन्धित अन्य कई योजनाएं विकसित की जा सकेंगी।

chakrata 2

खुलेंगे रोजगार के द्वार 

इससे स्थानीय बेरोजगारों के लिए स्वरोजगार के कई राहें खुलेंगी। इस टाउनशिप की एक विशेषता यह होगी कि इसके अन्तर्गत जहां एक ओर पुरोड़ी से लेकर नागथात तक हिमालय की हिम आच्छादित पर्वत श्रृंखला का आनन्द पर्यटक ले सकेंगे। दूसरी ओर जल क्रीड़ा और अन्य साहसिक पर्यटन का आनंद लेने के लिये 15 किलोमीटर से भी अधिक लम्बी निर्माणाधीन लखवाड़ डैम की झील भी अति उपयोगी साबित होगी।

पहुंचने में आसानी 

दिल्ली से आने वाले पर्यटकों को जहा मसूरी-चकराता राष्ट्रीय राजमार्ग की सुविधा पहले से ही है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश व हिमाचल से आने वाले पर्यटकों के लिए भी यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग, विकासनगर- कालसी विराटखाई और विकासनगर-साहिया-चकराता राजमार्ग पूर्व से ही निर्मित है। मसूरी से भी लोग यहां आसानी से पहुँच सकते हैं।

2096 मीटर की ऊंचाई पर

चकराता, गढ़वाल मण्डल के देहरादून जनपद की तहसील चकराता का मुख्यालय, समुद्र सतह से लगभग 2096 मीटर की ऊंचाई पर 30 डिग्री 41° उत्तरी अक्षांश तथा 77 डिग्री 52° पूर्वी देशान्तर पर स्थित है। यह उल्लेखनीय है कि चकराता नगर मुख्यतः सैनिक एवं सुरक्षा गतिविधियों का केन्द्रीय स्थल होने के कारण मूलतः छावनी नगर है। चकराता छावनी वर्ष 2011 की जनसंख्या के अनुसार “सी” श्रेणी का नगर है जिसका विस्तार लगभग 15.98 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र, जनसंख्या मात्र 5117 व्यक्तियों तक ही सीमित है।

हवाई पट्टी भी नजदीक 

प्राकृतिक दृश्यावलियों के मध्य एवं पर्वतीय श्रृंखला पर बसा यह नगर, प्रान्तीय राजधानीतथा जिला मुख्यालय देहरादून से लगभग 93 किलोमीटर दूर स्थित है। राष्ट्रीय राज मार्ग संख्या 707 A द्वारा प्रदेश के विभिन्न नगरों से संबन्ध है, जबकि निकटतम रेलवे स्टेशन देहरादून तथा जौलीग्रांट स्थित हवाई पट्टी 93 और 120 किलोमीटर दूरी पर है।

chakrata 1

1866 में अंग्रेजों ने बसाया था

चकराता छावनी का वर्तमान स्वरूप 1866 में ब्रिटिश शासकों द्वारा इस कार्यकलाप हेतु विकसित किये जाने एवं वर्ष 1869 तक पूर्ण रूप से ब्रिटिश सैनिक टुकड़ियों का केन्द्रीय स्थल स्थापित होने को है। यद्यपि इसी रूप से विकास के पदार्पण का ही प्रमाणिक विवरण उपलब्ध है तथापि प्रचलित किंवदंतियों के अनुसार चकराता के वर्तमान पोलोग्राउंड के स्थान पर स्थित जलाशय पर चकोर पक्षियों के झुण्ड द्वारा उपयोग एवं समीपवर्ती क्षेत्र में स्थायी रक्षा का उपयोग संयुक्त रूप से इस क्षेत्र को चकोरथात अर्थात चकोरों का स्थल (धात) के रूप से प्रचलित होने एवं कालांतर में यह नाम अपभ्रंस होकर चकरौता अथवा चकराता व्यहर्त होने लगा ।

तहसील मुख्यालय बना 

1870 के आसपास सैनिक गतिविधियों से जुड़े कार्यकलाप र  चिकित्सालय एवं नगर की भौगोलिक स्थिति से आकर्षित हो समीपवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों की जनसंख्या भी कतिपय रूप से आजीविका के स्त्रोत उपलब्ध होने के कारण आकर्षित होने लगी। लगभग ब्रिटिश प्रशासन द्वारा नगर की विशिष्ट परिस्थितियों एवं उपयोग को दृष्टिगत रखकर प्रशासनिक कार्यकलाप भी विकसित करना प्रारंभ कर दिये गए और इसे चकराता तहसील का मुख्यालय भी बना दिया गया। चकराता में विकासखण्ड मुख्यालय, सार्वजनिक निर्माण विभाग का उपखण्डीय मुख्यालय, चकराता एवं टौस वन प्रभाग का मुख्यालय तथा अपनी विशिष्ट वन संपदा के कारण भारतीय वन अनुसंधान का उपकेन्द्र भी छावनी क्षेत्र से प्राप्त सीमित स्थल में स्थापित हो गए।

टाउनशिप समिति की टिप्पणी 

विकास की उपर्युक्त संभावनाओं को दृष्टिगत कर यह अनुमान तार्किक है कि नवीन चकराता टापनशिप में भौतिक विकास एवं निर्माण कार्य तीव्र गति से होगें। इस संभावित तीव्र भौतिक विकास के अनियंत्रित एवं अनिर्देशित रहने से न केवल भावी नगरीय प्रतिरूप के विकृत होने की पूर्ण आशंका रहेगी, अपितु सुविधाओं एवं सेवाओं के प्रावधान भी स्थलीय एवं कार्यात्मक मानकों के अनुरूप नहीं रह पाएंगे। इन आशंकाओं को अधिक विषय स्थिति अनियंत्रित व अनिर्देशित निर्माण से संवेदनशील स्थलों, वन, कृषि एवं ढालदार भूमि के अतिक्रमण से होने वाली पर्यावरण एवं पारिस्थितिक क्षति उत्पन्न होगी। नवीन चकराता टाउनशिप को नगर नियोजिक के मानको के रूप में इस प्रकार से विकसित किया जाए कि प्रस्तावित नवीन चकराता टाउनशिप क्षेत्र की सीमा राजस्व ग्रामों से हठकर बाहर की ओर इतनी दूरी पर रखी जाये कि विकास के साथ-साथ ग्रामीणों की अलग सामाजिक एवं पौराणिक सांस्कृतिक पहचान भी बची रह सके।

chakrata 3

इन गावों का आंशिक हिस्सा होगा शामिल 

इसके दृष्टिगत प्रस्तावित “नवीन चकराता टाउनशिप में पड़ने वाले सभी गाँवो को आंशिक रूप से ही सम्मिलित किये जाने प्रस्तावित किये गये हैं। इस प्रकार नवीन चकराता टाउनशिप में सम्मिलित किये जाने वाले तहसील चकराता के ग्राम ठाणा, डुगरा, चोरकुनावा, छटोऊ, बिरमोऊ क्यावा, नगऊ माख्टी तथा तहसील कालसी के सवाई, मसराड, मथ्यौ, सिंगोर, रामपुर, गडोल, बाढी, मुन्धान, लटोक जैन्दोऊ, गांगरी, डाबरा, आस्टा, चिटाड़, कुस्यौ, कचटा, लाच्छा दुईना, सिला, बिसोई मुंशीगाँव, लोहारना, लोहारी, ठलीन लूहन, खाडी, सिंगोटा, धिरोई लखस्यार, कैनोटा, सावडा तथा लखवाड़ के आंशिक भाग यानि मजरें ( Hamlets) को ‘नवीन चकराता टाउनशिप क्षेत्र घोषित किया जाए।

टाउनशिप प्रस्तावित सीमांकन 

1. टाउनशिप क्षेत्र की सीमा के उत्तर में चकराता छावनी क्षेत्र।

2. पश्चिम में ग्राम ठाणा, ढुंगरा, बिरमोऊ, मसराड, मथ्यौ, ठलीन, लूहन, सावडा एवं लखवाड़ केमुख्य भाग।

3. दक्षिणी में यमुना नदी क्षेत्र।

4. पूर्व में ग्राम चोर कुनावा, छटोऊ, क्यावा, नगऊ, माख्टी, सवाई, जैन्दोऊ, लटोऊ, आस्टा, गांगरौ चिटाड, कचटा, कुस्यो, बाढ़ो, डाबरा, सिंगोर, गडोल, रामपुर मुन्धान, लाच्छा, सिला, दुईना. बिसोई. नागच्यात, लोहारी लोहारना, मुंशीगाँव, थिरोई, सिंगोटा, खाडी लूहन, लखरवार एवं कैनोटा के मुख्य भाग।

उत्तराखंड: सीएम सुरक्षा में तैनात कमांडो को नहीं मिली छुट्टी, खुद को गोली से उड़ाया

0

देहरादून से बड़ी खबर सामने आ रही है। बता दे की सीएम धामी की सुरक्षा में तैनात कमांडो प्रमोद रावत ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है।

 

बताया जा रहा है कि प्रमोद रावत पौड़ी के रहने वाले थे जो कि कई दिनों से परिवार में भगवत कथा होने के कारण छुट्टी मांग रहे थे लेकिन उन को छुट्टी नहीं मिल पा रही थी। ऐसे में तनाव में आने के कारण उन्होंने अपने बेरक में गोली मारकर आत्महत्या की है।

 

हालांकि,  इसकी अधिकारिक पुष्टि नही हुई है। पुलिस कई पहलुओं से इसकी जांच कर रही है कि आखिर की असली वजह क्या है लेकिन जो बात निकल के सामने आ रही है वह यही है कि वह परिवार में भागवत होने के चलते छुट्टी मांग रहे थे और उनको छुट्टी नहीं मिल रही थी।

‘सिर्फ एक बंदा काफी है’ की सक्सेस पार्टी में लगा सितारों का जमावड़ा

0

T.S. Lama

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता मनोज वाजपेयी की फिल्म ‘सिर्फ एक बंदा काफी है’ पिछले एक साल में सभी भाषाओं में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली जी5 ऑरिजनल फिल्म बन गई है। मनोज बाजपेयी स्टारर ‘सिर्फ एक बंदा काफी है’ 23 मई को ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर रिलीज हुई।

इसकी व्यूअरशिप ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यह फिल्म पिछले एक साल में सभी भाषाओं में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली जी5 ऑरिजनल फिल्म बन गई है। फिल्म की सफलता के उपलक्ष्य में एक पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें सितारों का जमावड़ा लग गया।

सिर्फ एक बंदा काफी है’ की सफलता और क्रिटिक्स से मिल रही सराहना से मनोज बाजपेयी बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा, “यह आश्चर्यजनक है कि 2 साल की कड़ी मेहनत, अथक रिहर्सल, शूटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन के बाद क्रू, सुपर्ण एस वर्मा, विनोद भानुशाली, निर्देशक अपूर्व सिंह कार्की और सूर्य मोहन कुलश्रेष्ठ और आद्रिजा सिन्हा जैसे अभिनेताओं सहित इतने सारे लोगों के योगदान का जश्न मनाया जा रहा है।

सिर्फ एक बंदा काफी है’ सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। यह अपूर्व सिंह कार्की द्वारा निर्देशित एक कोर्ट रूम ड्रामा है, जिसमें मनोज बाजपेयी वकील पी.सी सोलंकी की भूमिका में हैं।  मनोज बाजपेयी को कोर्ट रूम ड्रामा सिर्फ एक बंदा काफी है में उनके प्रदर्शन के लिए प्रशंसकों से खूब सराहना मिली है।

फिल्म की सक्सेस पार्टी में नेहा शर्मा, आयशा शर्मा, पंकज त्रिपाठी, गुलशन देवैया, सुधीर मिश्रा, सुनील ग्रोवर, श्वेता प्रसाद बसु, शारिब हाशमी जैसी कई बॉलीवुड हस्तियां शामिल हुईं। फिल्म के निर्देशक अपूर्व सिंह कार्की ने ‘सिर्फ एक बंदा काफी है’ में मनोज बाजपेयी के साथ एक दृश्य की शूटिंग के बारे में खुलासा किया, जिसने उन्हें रोमांचित कर दिया।

उत्तराखंड: केदारनाथ यात्रा को लेकर बड़ा अपडेट, रजिस्ट्रेशन पर 15 तक रोक

0

देहरादून: सरकार ने एक बार फिर मौसम को देखते हुए केदारनाथ धाम के लिए ऑनलाइन नए पंजीकरण पर 15 जून तक रोक लगा दी है। अब तीर्थयात्री 16 जून के बाद ही यात्रा के लिए पंजीकरण कर सकेंगे।

 

चारधाम यात्रा में मौसम की चुनौतियां सामने आ रही हैं, बावजूद इसके श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। खासकर केदारनाथ धाम में ठहरने की सीमित संख्या है, लेकिन इससे कई गुणा अधिक तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं।

 

इसी कारण नए पंजीकरण पर रोक लगानी पड़ी। इससे पहले तीन जून तक ऑफलाइन और ऑनलाइन, दोनों तरह के पंजीकरण पर रोक लगाई गई थी।चारधाम यात्रा के लिए अब तक 38.87 लाख से अधिक तीर्थयात्री पंजीकरण कर चुके हैं। इसमें केदारनाथ धाम के लिए 13.16 लाख, बदरीनाथ धाम के लिए 11.51 लाख पंजीकरण शामिल हैं। केदारनाथ धाम में अब तक 6.46 लाख और बदरीनाथ में 5.24 लाख से अधिक यात्री दर्शन कर चुके हैं।

 

सीएम धामी ने कहा कि श्रद्धालुओं से आग्रह है कि मौसम की जानकारी प्राप्त कर यात्रा शुरू करें। बीच-बीच में बारिश व बर्फबारी हो रही है। यात्रियों को कहीं परेशानी होगी तो यात्रा के संचालन में लगे लोगों को भी दिक्कत होगी। सरकार का प्रयास है कि चारधाम आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम व सुरक्षित हो।