Home Blog Page 409

क्रिकेट फैंस के लिए बुरी खबर, विश्व कप से बाहर हुए हार्दिक पांड्या

0

विश्व कप 2023 के सेमीफाइनल से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या सेमीफाइनल मैच से पहले बाहर हो गए हैं. बता दें, पांड्या कई बड़े मौकों पर टीम को जीत दिला चुके हैं और भारतीय टीम में बल्लेबाज और गेंदबाज की भूमिका में अहम भूमिका निभाते हैं.

उनको बांग्लादेश के खिलाफ बाएं टखने में चोट लगी थी. उसके बाद वह बीच मैच से ही मैदान से बाहर चले गए थे. उनके सेमीफाइनल में खेलने की उम्मीद थी. लेकिन स्कैन के बाद तय किया गया कि पांड्या अभी खेलने की स्थिति में नहीं हैं. और भारतीय टीम मैनेजमेंट सेमीफाइनल के लिए कोई किसी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहता. इसलिए, उनकी जगह टीम में प्रसिद्ध कृष्णा को शामिल किया गया है.

प्रसिद्ध कृष्णा के पास वैसे तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का ज्यादा अनुभव नहीं है, लेकिन भारतीय टीम के चयनकर्ताओं ने उनपर भरोसा जताया है. उन्होंने अब तक 17 एकदिवसीय मैच खेले हैं और उन्होंने 28 विकेट झटके हैं. प्रसिद्ध कृष्णा का किसी मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 12 रन देकर 4 विकेट है.

बता दें कि भारतीय टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है. उसने अपने विश्व कप के सातवें मुकाबले में श्रीलंका को 302 रन से करारी मात दी थी. भारतीय टीम ने अब तक विश्व कप 2023 में 7 मैच खेलें हैं और सभी मैचों में जीत हासिल कर अंकतालिका में टॉप पर जगह बनाई है. अभी विश्व कप की बाकी तीन टीमों का फैसला होना बाकी है.

बागी BJPनेता के समर्थन में दो सौ पार्टी कार्यकर्ताओं के इस्तीफे

0

मध्यप्रदेश : विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हैं। वहीं, दक्खन का दरवाजा कहे जाने वाले बुरहानपुर में इस बार मुकाबला सबसे ज्यादा रोचक देखने को मिल रहा है। यहां के चतुष्कोणीय मुकाबले में कांग्रेस से अल्पसंख्यक टिकट की मांग को लेकर बागी हुए नेताओं के एक दल ने एआइएमआइएम पार्टी से टिकट लेकर अल्पसंख्यक प्रत्याशी उतारा है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी से बागी होकर बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के बेटे हर्षवर्धन चौहान निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में उतरे हैं।

इसी बीच शुक्रवार को हर्षवर्धन चौहान के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी के करीब दो सौ कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा देते हुए बुरहानपुर जिला अध्यक्ष को सौंपा। इस दौरान हर्षवर्धन चौहान ने अपने चुनाव चिन्ह ट्रक का एक सांकेतिक रूप भी जिला अध्यक्ष को सौंपा। हर्षवर्धन का कहना है कि उनके समर्थन में आगे अभी और कार्यकर्ताओं के इस्तीफों की झड़ी लगने वाली है।

बुरहानपुर जिले की चारों विधानसभा में से इस बार सबसे रोचक मुकाबला बुरहानपुर के शहरी विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। यहां से कांग्रेस और भाजपा दोनों ही के बागी मैदान में हैं। इस वजह से दोनों ही दलों को खासा नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के बेटे हर्षवर्धन चौहान के समर्थन में लगभग 200 भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुरहानपुर जिला अध्यक्ष को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंप दिया।

वहीं, इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जिला अध्यक्ष से मिलने पहुंचे हर्षवर्धन चौहान ने भी उन्हें मिले चुनाव चिन्ह ट्रक का एक सांकेतिक रूप जिला अध्यक्ष को सौंपा। हर्षवर्धन ने जिला अध्यक्ष को चेताया कि अभी यह तो शुरुआत है और वे पार्टी में 1980 के वर्ष जैसी स्थितियां बना देंगे। इस तरह आगे लगातार कार्यकर्ताओं के इस्तीफे आते रहेंगे। हालांकि बुरहानपुर जिला अध्यक्ष ने इसको लेकर कार्यकर्ताओं की भावनाओं को प्रदेश कार्यालय तक पहुंचाने की भी बात की।

पाकिस्तानी एयरबेस पर आतंकवादी हमला, 3 लड़ाकू विमान जलाए, कई घायल

0

पाकिस्तान में बड़ा आतंकी हमला हुआ है। पड़ोसी मुल्क के मियांवाली एयरबेस जो वायुसेना प्रशिक्षण अड्डा है  पर छह आतंकवादियों ने शनिवार सुबह हमला किया। पाक सेना ने एक बयान में कहा कि बेस में प्रवेश करने से पहले ही तीन आतंकवादियों को मार दिया गया था और अन्य तीन को घेर लिया गया था।

आतंकियों ने हमले में  तीन ग्राउंडेड लड़ाकू विमान और एक ईंधन टैंकर को नष्ट कर दिया है। सेना ने कहा कि इलाके को खाली कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

कई पाकिस्तानी पत्रकारों की रिपोर्ट और वीडियो भी सामने आए हैं, जहां कथित तौर पर अज्ञात बंदूकधारियों ने मियांवाली में पाकिस्तानी वायु सेना के प्रशिक्षण अड्डे पर हमला किया है, जिसमें लोग हताहत हुए हैं।

नेपाल में भूकंप से भारी तबाही, कई लोगों की मौत, उत्तराखंड में भी महसूस हुए भूकंप के झटके

0

नेपाल में भीषण भूकंप से अब तक 70 लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। भूकंप से कई घर ध्वस्त हो गए हैं। नेपाली अधिकारियों ने पुष्टि की है कि रुकुम पश्चिम में 36 लोगों की मौत हो हुई है, वहीं जाजरकोट जिले में अब तक 34 लोगों की जान गई है।

 

भूकंप के बाद से रेस्क्यू फोर्स बचाव अभियान में जुटी है। बता दें, शुक्रवार रात करीब 11.30 बजे नेपाल के पश्चिमी इलाके में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.4 मापी गई है।

 

नेपाल के राष्ट्रीय भूकंप मापन केंद्र के अधिकारियों के अनुसार, रात 11.47 बजे भूकंप आया, जिसका केंद्र जाजरकोट में जमीन के नीचे 10 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप का असर भारत और चीन में भी महसूस किया गया। भारत में भी करीब 40 सेकंड तक झटके महसूस किए गए।

 

वहीं, नेपाल की राजधानी काठमांडू और आसपास के इलाकों में भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया। जाजरकोट काठमांडू से लगभग 500 किलोमीटर पश्चिम में है। भूकंप का झटका महसूस होते ही काठमांडू में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। इस दौरान लोग सड़कों पर डरे सहमे दिखे।

 

नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने भूकंप के कारण जान-माल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया है। नेपाल के पीएमओ ने ट्वीट किया, प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने शुक्रवार रात 11.47 बजे जाजरकोट के रामीडांडा में आए भूकंप से हुई मानवीय और घरों की क्षति पर गहरा दुख व्यक्त किया है। घायलों के तत्काल बचाव और राहत के लिए सभी तीन सुरक्षा एजेंसियों को लगाया गया है।

पाकिस्तान में भीषण धमाका, विस्फोट में 5 लोगों की मौत, 21 घायल

0

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को एक पुलिस गश्ती दल के पास बम विस्फोट हो गया। इस ब्लास्ट में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य 21 लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी पीटीआई ने पाकिस्तानी अखबार डॉन के हवाले से यह जानकारी दी है।

डॉन ने पुलिस अधिकारी मोहम्मद अदनान के हवाले से बताया कि यह धमाका डेरा इस्माइल खान शहर में पुलिस गश्ती दल के करीब हुआ है। हालांकि, इस धमाके में हताहत होने वालों में पुलिसकर्मी शामिल हैं या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। वहीं, बचाव अधिकारी ऐजाज महमूद ने कहा कि इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि 21 अन्य घायल हो गए हैं।

मालूम हो कि पिछले साल नवंबर में सरकार के साथ तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के संघर्ष विराम समाप्त हो गया था। हालांकि, संघर्ष विराम समाप्त होने के बाद से ही पाकिस्तान में हाल के महीनों में आतंकी गतिविधियों में तेजी से बढ़तरी दर्ज की गई है। देश में सबसे अधिक बढ़ोतरी खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में देखी गई है।

31 अक्टूबर को डेरा इस्माइल खान में एक पुलिस शिविर पर अज्ञात ने गोलीबारी की थी, इस हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई थी। उसी दिन दक्षिण वजीरिस्तान जिले में एक आईईडी विस्फोट भी हुआ था, जिसमें दो सैनिकों की मौत हो गई थी।

उत्तराखंड में कल यहां लगेगा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दरबार, पढ़ें पूरी खबर

0

देहरादून: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दरबार कल देहरादून के परेड ग्राउंड के पास ही खेल मैदान में सजने वाला है। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में चार नवंबर शनिवार यानी कल लगने वाला धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दरबार अब दून के परेड ग्राउंड खेल मैदान में लगेगा। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में अनुमति को लेकर क्लीयरेंस नहीं मिलने और सुरक्षा कारणों के चलते आयोजन स्थल में बदलाव करना पड़ा।

dhheerendra krishna shastri pred ground dehradun

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पहली बार दिव्य दरबार लगाया जा रहा है। श्री पशुपतिनाथ मंदिर भारत चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से इस कार्यक्रम को रायपुर के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में कराया जा रहा था, लेकिन रायपुर स्टेडियम से कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया।

दरबार में 40 से 50 हजार भक्तों के पहुंचने की संभावना है। चार नवंबर को धीरेंद्र शास्त्री का दरबार पांच बजे से शुरू होकर रात दस बजे तक चलेगा। सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष कुमार ने बताया कि किन कारणों से बदलाव हुआ, यह जानकारी नहीं है। लेकिन, अब यह आयोजन परेड ग्राउंड खेल मैदान में होगा।

बदरीनाथ धाम के दर्शन करने पहुंचे महाराष्ट्र के पूर्व CM उद्धव ठाकरे

0

महाराष्ट्र के पूर्व CM उद्धव ठाकरे आज शुक्रवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने बदरी विशाल के दर्शन कर विशेष पूजा अर्चना की। वह सुबह 10 बजे बदरीनाथ धाम पहुंचे थे। इस दौरान मंदिर समिति ने उनका स्वागत किया और उन्हें प्रसाद भेंट किया। बताया जा रहा है कि इसके बाद अब वे केदारनाथ धाम भी जाएंगे।

केंद्रीय पंचायतीराज राज्य मंत्री कपिल मोरेश्वर पाटिल परिवार के साथ धाम पहुंचे और बदरी-केदार के दर्शन किए। उनके साथ मुंबई के सांसद मनोज कोटक भी थे। केंद्रीय मंत्री कपिल मोरेश्वर पाटिल सुबह आठ बजे हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचे। बीकेटीसी के कार्याधिकारी रमेश चंद्र तिवारी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद केंद्रीय मंत्री मोरेश्वर व सांसद मनोज ने बाबा केदार के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

इसके बाद उन्होंने श्रद्धालुओं से बातकर यात्रा की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ फोटो भी खिंचवाई। इसके बाद वह बदरीनाथ पहुंचे। यहां बीकेटीसी उपाध्यक्ष किशोर पंवार ने उनका स्वागत किया। दर्शनों के बाद उन्हें भगवान का प्रसाद और अंगवस्त्र भेंट किए गए। इस दौरान धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल, मंदिर के अधिकारी राजेंद्र चौहान और मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ आदि मौजूद रहे।

CJI ने वकीलों को लगाई फटकार, SC को नहीं बनने दे सकते ‘तारीख पे तारीख’ अदालत

0
Supreme Court

चीफ जस्टिस DY चंद्रचूड़ ने शुक्रवार को वकीलों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट को ‘तारीख पे तारीख’ अदालत बनने नहीं दिया जा सकता है। उन्होंने बार से अपील की है कि मामलों को बहुत जरूरत पर पड़ने पर ही स्थगित किया जाए। दिन की कार्यवाही शुरू होते ही प्रधान न्यायाधीश ने वकीलों द्वारा नये मामलों में स्थगन की मांग का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों के अंदर 3,688 मामलों में स्थगन पर्ची दाखिल की गई हैं। जब तक बहुत जरूरी न हो, कृपया स्थगन पर्ची दाखिल न करें।

न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा और प्रधान न्यायाधीश वाली पीठ ने कहा, ‘हम नहीं चाहते कि यह अदालत तारीख-पे-तारीख अदालत बने।’ गौरतलब है, बॉलीवुड फिल्म ‘दामिनी’ में सनी देओल का मशहूर डायलॉग ‘तारीख-पे-तारीख’ था, जिसमें अभिनेता ने अदालतों में लंबित होते मामलों पर अफसोस जताया था। चीफ जस्टिस ने कहा की नये मामलों को अब सूचीबद्ध करने में समय नहीं लगता है, लेकिन जब वह सुनवाई के लिए आते हैं तो वकील लंबित करने की मांग करते हैं।

उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया बाहरी दुनिया को बहुत बुरा उदाहरण देती है। मुख्य न्यायाधीश ने कहा, ‘बार के सदस्यों से मेरा एक अनुरोध है कि आज के लिए 178 स्थगन पर्चियां आई हैं और मैं स्थगन पर्चियों पर नजर रख रहा हूं और मुझे कुछ आंकड़े मिले हैं। बार के सदस्यों द्वारा सितंबर से अक्तूबर तक औसतन प्रतिदिन 150 स्थगन पत्र दिए गए। मुख्य न्यायाधीश ने कहा, ‘इन दो महीनों के दौरान 3688 स्थगन पर्चियां मांगी गई हैं। मेरा मानना है कि यह मामले को दाखिल करने से लेकर लिस्टिंग तक की प्रक्रिया में तेजी लाने के उद्देश्य को विफल कर देगा।’

निलंबन मामले पर सुप्रीम कोर्ट की AAP सांसद को नसीहत, बिना शर्त मांगें माफ़ी

0

राज्‍यसभा सांसद राघव चड्ढा के निलंबन के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी फटकार लगाई है। मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में सभापति जगदीप धनखड़ से बिना शर्त माफी मांगने को कहा है। शीर्ष अदालत ने शुक्रवार को निलंबन मामले में दखल देते हुए कहा कि सभापति सहानुभूतिपूर्वक विचार करेंगे और मामले को आगे बढ़ाएंगे।

 अब निलंबन मामले की अगली सुनवाई 20 नवंबर को होगी। सुप्रीम कोर्ट ने आप सांसद की याचिका पर सुनवाई दिवाली की छुट्टियों के बाद निर्धारित की है। साथ ही अटॉर्नी जनरल से इस मामले में आगे के घटनाक्रम की जानकारी देने को कहा है।

सांपों के जहर का नशा और रेव पार्टी, बुरे फंसे एल्विश यादव

0

बिग बॉस OTT-2′ के विनर और मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव बुरे फंस गए हैं। एल्विश यादव के खिलाफ नोएडा पुलिस ने केस दर्ज किया है। उनपर जहरीले सांपों की तस्करी करने और गैर कानूनी रूप से रेव पार्टी आयोजित करवाने का आरोप लगा है। यूट्यूबर के खिलाफ नोएडा सेक्टर 49 में मुकदमा दर्ज हुआ है।

आरोप है कि एल्विश यादव ने सापों की तस्करी की है। वह इनके जहर का इस्तेमाल करते हैं। आरोपियों के कब्जे से 20 मिलीलीटर जहर और नौ जिंदा सांप बरामद किए गए हैं। इन सांपों में पांच कोबरा, दो दुमुही, एक अजगर और एक रेट स्नेक शामिल है। बताया जा रहा है कि इन सांपों के जहर का इस्तेमाल पार्टी में किया जाता था।

एल्विश यादव के अलावा अन्य आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं और आईपीसी की धारा-120बी के तहत केस दर्ज किया गया है। इस मामले को लेकर अभी एल्विश की तरफ से कुछ प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।