Home Blog Page 370

बिल्डर के ठिकानों पर ED की रेड, करोड़ों के घोटाले से जुड़ा है मामला

0

देहरादून से बड़ी खबर है। 60 हजार करोड़ के चिट फंड घोटाले मामले में देहरादून में ED ने बड़ी कार्रवाई की। बिल्डर के ठिकानों पर ED की रेड पड़ी है। कैनाल रोड स्थित बिल्डर मिकी अफजल के ठिकानों पर ED की छापेमारी हुई।

पर्ल एग्रो कॉर्पाेरेशन लि. (PACL) से जुड़े करीब 60 हजार करोड़ रुपये के चिट फंड (पौंजी स्कीम) घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम छापेमारी कर रही है।

इसके अलावा ED की अलग-अलग टीमें पंजाब और हरियाणा आदि राज्यों में भी घोटाले से जुड़े तमाम व्यक्तियों के घरों और प्रतिष्ठानों की जांच में जुटी हैं।

शिक्षकों के बाद अब अधिकारी और कर्मचारियों की भी होगी अनिवार्य सेवानिवृत्ति

0

देहरादून: शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत इन दिनों एक्शन में नजर आ रहे हैं। शिक्षा विभाग में लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। जहां पहले अक्षम शिक्षकों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी गई। वहीं, अब अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी जायेगी। इसके लिये विभागीय अधिकारियों को ऐसे कार्मिकों की सूची तैयार करने के निर्देश दे दिये गये हैं।

साथ ही कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों का चयन कर कलस्टर विद्यालयों में समायोजन की प्रक्रिया में तेजी लाने को भी कहा गया है। इसके अलावा विद्यालयों के दुर्गम सुगम श्रेणी कोटिकरण का पुनर्निरीक्षण करने के लिये भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज शासकीय आवास पर शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने विभागीय कार्यों में तेजी लाने एवं गुणवत्ता बनाये रखने के लिये अक्षम अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दिये जाने के लिये चिन्हित करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने बताया कि शिक्षा बड़ा विभाग होने के नाते कई अधिकारी कर्मचारी व शिक्षक गंभीर बीमारी से ग्रसित होने के कारण अपने कार्य एवं दायित्वों का निर्वहन सही से करने में अक्षम हैं।

 

जिसका प्रतिकूल प्रभाव विभागीय कार्यों पर पड़ रहा है। इन्ही तथ्यों को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा लिये गये निर्णय के क्रम में अपने कार्यों एवं दायित्वों के निर्वहन में अक्षम शिक्षकों के साथ-साथ कार्मिकों एवं अधिकारियों को भी अनिवार्य सेवानिवृत्ति दिये जाने का निर्णय लिया गया है।

इसके अलावा लम्बे समय से गैरहाजिर शिक्षकों के विरूद्ध बर्खास्तगी की कार्यवाही का भी निर्णय बैठक में लिया गया। डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश में प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत आने वाले ऐसे विद्यालयों जिनमें छात्र संख्या मानक से कम है उनका विलय निकटतम कलस्टर विद्यालयों में किये जाने के निर्देश दिये गये हैं।

डॉ. रावत ने प्राथमिक शिक्षा के अंतर्गत कलस्टर विद्यालयों के चयन की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाते हुये चिन्हिकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिये। साथ ही कहा कि जिन कलस्टर विद्यालयों के सुदृढीकरण की डीपीआर मिल चुकी है उन्हें शीघ्र धनराशि जारी की जाय।

विभागीय मंत्री ने ऐसे विद्यालयों जहां पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना है तत्काल सूचना प्राप्त कर दो माह के भीतर बिजली, पानी, शौचालय, फर्नीचर एवं पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये। इसके अलावा जिन विद्यालयों को दाननामे आधार पर भूमि उपलब्ध हुई है, उनकी विभाग के नाम राजिस्ट्री कराने को भी कहा गया।

बैठक में प्रदेशभर के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के दुर्गम सुगम कोटिकरण का पुनर्निरीक्षण करने का भी निर्णय लिया गया। इसके लिये सभी जनपदों में मुख्य शिक्षा अधिकारियों को जिलास्तर पर बैठक कर कोटिकरण के मानकों का पुनर्निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है।

अमेरिका और ब्रिटेन के पर्वतारोहियों समेत चौखंभा-3 पर फंसा दल, किया जाएगा हेली रेस्क्यू

0

अमेरिका और ब्रिटेन के पर्वतारोहियों के चौखंभा-3 पर्वत चोटी पर फंसे होने की बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि पर्वतारोही 6,995 मीटर ऊंचे चौखंभा-3 पर अमेरिका और ब्रिटेन के दो पर्वतारोहियों समेत विदेशी पर्वतारोहियों का एक दल आज फंस गया। भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन (IMF) को राजन शर्मा मेसर्स एंड मैसिफ गुड गांव टूर ऑपरेटर के जरिए इसकी जानकारी मिली है।

जानकारी के अनुसार पर्वतारोहण दल के जन संपर्क अधिकारी ने IMF को सूचना दी है कि अमेरिकी पर्वतारोही मिशेल थेरेसा और ब्रिटिश पर्वतारोही फे जेन मैनर्स चौखंभा-3 पीक के 6015 मीटर पर फंसे हुए हैं। पर्वतारोहियों ने आधार शिविर में सूचना देकर हेली रेस्क्यू की मदद मांग की है।

पर्वतारोहियों ने बताया कि उनका भोजन और पानी समाप्त हो गया है। 11 सितंबर से 18 अक्टूबर 2024 तक चलने वाले इस अभियान में फिलहाल पर्वतारोही सुरक्षित हैं। बद्रीनाथ धाम से इन पर्वतारोहियों को बचाने के लिए हेली रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा।

IMF ने जिला प्रशासन को लिखे पत्र में हेली रेस्क्यू का खर्च वहन करने की बात कही है। फिलहाल चौखंभा क्षेत्र में मौसम सामान्य है। ऐसे में  रेस्क्यू ऑपरेशन करने में आसानी होगी।

साइबर अटैक ने ठप कर दिया उत्तराखंड का पूरा सिस्टम

0

देहरादूनः उत्तराखंड में गुरुवार को हुए साइबर हमले में सूबे का पूरा IT सिस्टम ठप हो गया। सरकारी कामकाज पूरी तरह से ठप हो गया। सचिवालय समेत किसी भी दफ्तर में कामकाज नहीं हुआ।

सीएम हेल्पलाइन से लेकर जमीनों की रजिस्ट्री का काम भी बंद रहा। देर रात तक सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (ITDA) में विशेषज्ञों की टीम साइबर हमले से बाहर निकलने का प्रयास कर रही थीं। साइबर हमले की खबर जैसे ही सचिव IT नितेश झा, ITDA निदेशक नितिका खंडेलवाल को मिली तो वह पूरी टीम के साथ ITDA पहुंच गए।

हमला इतना खतरनाक था कि सिक्योर इंटरनेट सर्विस यूके स्वान के अलावा सबसे अहम स्टेट डाटा सेंटर भी इसकी जद में आ गया। देखते ही देखते एक के बाद एक सरकारी वेबसाइटें बंद होती चलीं गईं।

 

हमले के नुकसान की आशंका के मद्देनजर सचिव आईटी नितेश झा ने पूरी सेवाएं बंद करा दीं। दिनभर वायरस से छुटकारा पाने के प्रयास असफल रहे। देर शाम विशेषज्ञ यूके स्वान को चलाने में कामयाब हुए, लेकिन वह स्थायी तौर पर नहीं चल पाया।

जनता की शिकायतें सुनने के लिए तैयार की गई सीएम हेल्पलाइन, 800 से ज्यादा ऑनलाइन सेवाएं देने वाली अपुणि सरकार के लिए लोग दिनभर क्लिक करते रहे। 90 से ज्यादा वेबसाइट पूरी तरह ठप रहीं। वहीं, सरकार का सबसे महत्वपूर्ण ई-ऑफिस पूरी तरह से बंद रहा। सचिवालय में सभी फाइलें लटक गईं। जिन जिलों में ई-ऑफिस लागू है, सब जगह काम ठप रहा।

महाराष्ट्र में फिर पाला बदलने की तैयारी में पूर्व मंत्री, छोड़ सकते हैं BJP!

0

महाराष्ट्र में इसी साल विधानसभा चुनाव होना है। चुनाव से पहले बीजेपी के कद्दावर नेता हर्षवर्धन पाटिल के बीजेपी छोड़ने की अटकलें हैं। हर्षवर्धन शरद पवार की एनसीपी में शामिल हो सकते हैं। हर्षवर्धन ने NCP (SP) अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात की है। ये मुलाकात शरद पवार के दक्षिण मुंबई में स्थित आवास सिल्वर ओक्स पर हुई है।

पाटिल ने खुद इसकी पुष्टि की है। दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद यह चर्चा जोरों पर है कि राज्य विधानसभा चुनाव से पहले वह पवार के नेतृत्व वाली पार्टी में शामिल हो सकते हैं। BJP नेता ने कहा कि शरद पवार ने मुझसे अपनी पार्टी में शामिल होने और विधानसभा चुनाव लड़ने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि वह मुझे चुनाव जिताएंगे। वहीं, दोनों नेताओं की मुलाकात पर बीजेपी की भी प्रतिक्रिया आई है। बीजेपी नेता चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि पाटिल को पार्टी छोड़ने के फैसले पर पछतावा होगा।

उन्होंने कहा कि जो लोग यह महसूस कर रहे हैं कि उन्हें विधानसभा चुनावों में बीजेपी की ओर से फिर से मैदान में नहीं उतारा जाएगा, वे पार्टी छोड़ रहे हैं। जब हम चुनाव जीतेंगे और वह पार्टी में फिर से शामिल होने के लिए हमारे पास आएंगे, तो हमारे शीर्ष नेता तय करेंगे कि उन्हें वापस लेना है या नहीं।

इंदापुर सीट से चार बार विधायक चुने जा चुके पाटिल फिर से इंदापुर से चुनाव लड़ने की इच्छा जता रहे हैं। फिलहाल इस सीट पर गठबंधन में शामिल एनसीपी की दावेदारी है। पाटिल 1995-99 के दौरान शिवसेना-BJP गठबंधन सरकार में कृषि और विपणन राज्य मंत्री रहे। उन्होंने 1995 का विधानसभा चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीता। वे 1999 से 2014 तक कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन सरकार के दौरान मंत्री रहे। वे 2009 में कांग्रेस में शामिल हुए और सहकारिता और संसदीय मामलों के मंत्री रहे।

उत्तराखंड को केंद्रीय पूल से मिलेगी 480 मेगावाट अतिरिक्त बिजली

0

देहरादून। प्रदेशवासियों को अब शीतकाल में भी निर्बाध बिजली मिलेगी। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को आवंटित अतिरिक्त बिजली कोटे में 180 मेगावाट की वृद्धि कर इसकी समयावधि को भी 30 जून 2025 तक के लिए बढ़ा दिया है। विगत 26 सितंबर को केंद्र की ओर से 300 मेगावाट अतिरिक्त बिजली 31 मार्च 2025 तक के लिए उत्तराखंड को आवंटित की गई थी। इस प्रकार अब कुल 480 मेगावाट अतिरिक्त बिजली केंद्रीय पूल से उत्तराखंड को मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर का आभार प्रकट किया है।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश को बिजली संकट से निजात दिलाने के लिए केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर केंद्रीय पूल से उत्तराखंड को अतिरिक्त बिजली आवंटित करने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य में बिजली की मांग और उपलब्धता के बीच का अंतर लगातार बढ़ता जा रहा है। बिजली उत्पादन बढ़ाने को राज्य सरकार सौर ऊर्जा, हाइड्रो पावर और कोयले से बिजली उत्पादन के लिए दीर्घकालिक योजना पर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री धामी की प्रभावी पैरवी पर केंद्र ने उत्तराखंड के लिए अतिरिक्त बिजली का कोटा बढ़ा दिया है। शीतकाल में बर्फबारी और अन्य कारणों से जल विद्युत परियोजनाओं के उत्पादन में गिरावट आने से राज्य में कई बार बिजली सप्लाई पर असर पड़ता है। अब केंद्रीय पूल से मिलने वाले अतिरिक्त कोटे में वृद्धि से उपभोक्ताओं को शीतकाल में भी निर्बाध बिजली मिलेगी।

CM बयान 

उत्तराखंड को केंद्रीय पूल से 480 मेगावाट अतिरिक्त बिजली स्वीकृत करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर जी का आभार। केंद्रीय पूल से 480 मेगावाट बिजली मिलने से अब प्रदेशवासियों को शीतकाल में भी बिजली निर्बाध मिलती रहेगी।

…पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड

56 साल बाद पहुंचा लापता सैनिक का पार्थिव शरीर, अंत्येष्टि में उमड़ा पूरा गांव

0

चमोली : चमोली जिले के थराली तहसील के कोलपुड़ी गांव के लापता सैनिक नारायण सिंह का पार्थिव शरीर 56 साल बाद अपने गांव और घर पहुंचा। सिक्स गनेडियर रुद्रप्रयाग की बटालियन ने पार्थिव शरीर को गौचर हेलीपैड पर सलामी दी। गौचर से पार्थिव शरीर को रुद्रप्रयाग ले जाया गया। और आज पार्थिव शरीर की थराली कोलपुड़ी अंत्येष्टि की गई।

नारायण सिंह वर्ष 1968 में हिमाचल प्रदेश के रोहतांग दर्रे में वायुसेना के एएन-12 विमान दुर्घटनाग्रस्त होने पर लापता हो गए थे। 56 साल बाद जिन चार सैनिकों के अवशेष मिले हैं उनमें एक कोलपुड़ी गांव के नारायण सिंह का शव भी शामिल है।

कोलपुड़ी गांव के प्रधान और नारायण सिंह के भतीजे जयवीर सिंह ने बताया कि बीते सोमवार को सेना के अधिकारियों ने उनकी पहचान होने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि जेब में मिले पर्स में एक कागज में नारायण सिंह ग्राम कोलपुड़ी और बसंती देवी नाम दर्ज था। साथ ही उनकी वर्दी के नेम प्लेट पर भी उनका नाम लिखा था।

सेना के अधिकारियों ने जयवीर सिंह को बताया कि बर्फ में शव सुरक्षित था। डीएनए सैंपल लिया गया। बताया कि रिकॉर्ड के अनुसार नारायण सिंह सेना के मेडिकल कोर में तैनात थे। नारायण सिंह के साथी रहे कोलपुड़ी के सूबेदार गोविंद सिंह, सूबेदार हीरा सिंह बिष्ट और भवान सिंह नेगी ने बताया कि वह बहुत सौम्य स्वभाव के थे। 1965 के भारत-पाक युद्ध में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वे एएमसी में नियुक्त थे।

BJP ने बताया 5600 करोड़ के ड्रग सिंडिकेट के मास्टरमाइंड का कांग्रेस कनेक्शन!

0

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने केंद्रीय एजेंसियों के इनपुट के आधार पर चार कुख्यात ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार कर एक बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्टेल का भंडाफोड़ किया है। इनके कब्जे से 562 किलो कोकेन और 40 किलो थाईलैंड का गांजा जब्त किया है। इस ड्रग्स तस्करी के मुख्य आरोपी  तुषार गोयल को गिरफ्तार किया गया है। तुषार गोयल को यूथ कांग्रेस’ का पदाधिकारी बताया है।

भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा का कहना का इस मामले से जुड़े आरोपियों के लिंक कांग्रेस से जुड़े हैं। गुरुवार को भाजपा नेता अमित मालवीय ने एक्स पर लिखा, “यह बहुत बड़ी बात है। कल दिल्ली पुलिस ने 5,500 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त की। जाहिर है, इस खेप के पीछे जो लोग हैं, उनका कांग्रेस से गहरा संबंध है और वे दिल्ली, हरियाणा और व्यापक एनसीआर में काम करते हैं।

गिरफ्तार किया गया व्यक्ति युवा कांग्रेस का पदाधिकारी है, जिसका नाम तुषार गोयल उर्फ डिक्की है। उसका सामाजिक प्रोफाइल हरियाणा कांग्रेस नेतृत्व के साथ-साथ अन्य लोगों के साथ घनिष्ठ संबंध स्थापित करता है। राहुल गांधी को ड्रग कार्टेल में कांग्रेस की संलिप्तता और लाखों युवा पुरुषों और महिलाओं के जीवन को बर्बाद करने के उनके प्रयासों के बारे में बताना चाहिए।

है।

सद्गुरु जग्गी वासुदेव पर ब्रेनवॉश का आरोप, SC से मिली बड़ी राहत

0

आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु जग्गी वासुदेव को आज सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है। कोर्ट ने ईशा फाउंडेशन के खिलाफ पुलिस जांच के आदेश पर रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई 18 अक्टूबर को होगी। एक रिटायर्ड प्रोफेसर एस.  कामराज ने ईशा फाउंडेशन के खिलाफ मद्रास हाईकोर्ट ने एक याचिका दायर की थी।

याचिकाकर्ता ने शिकायत की थी कि आश्रम ने उनकी दो बेटियों बेटियों गीता (42) और लता (39) को ब्रेनवॉश कर रखा गया है। हालांकि, ईशा फाउंडेशन का कहना है कि दोनों बहनें अपनी मर्जी से आश्रम में रह रहीं हैं। मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस मामले पर सुनवाई की।

इससे पहले मद्रास हाईकोर्ट ने 30 सितंबर को कहा था कि तमिलनाडु पुलिस ईशा फाउंडेशन से जुड़े सभी आपराधिक मामलों की जांच करें और रिपोर्ट पेश करे। इसके बाद एक अक्टूबर को करीब 150 पुलिसकर्मी इस मामले की जांच करने आश्रम पहुंचे थे।

सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई करते हुए कोर्ट ने आश्रम में पुलिस की मौजूदगी पर सवाल खड़े किए। कोर्ट ने कहा कि पहली बात तो यह है कि आप इस तरह से पुलिस की एक टुकड़ी को परिसर में नहीं आने दे सकते। एक न्यायिक अधिकारी जाएंगे और दोनों लड़कियों से पूछताछ कर सकते हैं। सुनवाई के दौरान दोनों बहनों में से एक वर्चुअल तौर पर कोर्ट में मौजूद थी। उसने दोहराया कि वे अपनी मर्जी से आश्रम में रह रही हैं। उसने आरोप लगाया कि उनके पिता पिछले आठ सालों से उन्हें परेशान कर रहे हैं।

मिनटों में 6 लाख करोड़ स्वाहा, सेंसेक्स 1,000 अंक गिरा

0

घरेलू शेयर बाजार में आज भारी गिरावट दिख रही है। ईरान और इजरायल के बीच तनाव बढ़ने से दुनियाभर के बाजारों में गिरावट आई है और उसका असर भारतीय बाजार पर भी दिख रही है। बीएसई सेंसेक्स 900 अंक की गिरावट के साथ खुला जबकि निफ्टी भी 25,550 के नीचे चला गया। सभी सेक्टर्स में गिरावट दिख रही है। इससे बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 5.63 लाख करोड़ रुपये घटकर 469.23 लाख करोड़ रह गया।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 गिरावट के साथ खुले। इस बीच अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पावर का शेयर एक बार फिर अपर सर्किट में पहुंच गया। यह शेयर पिछले सत्र में 51.10 रुपये पर बंद हुआ था और आज 5 फीसदी तेजी के साथ 53.65 रुपये पर पहुंच गया। यह इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर है। गांधी जयंती के कारण 2 अक्टूबर को घरेलू शेयर मार्केट बंद रहा, लेकिन दुनियाभर के अधिकांश बाजारों में गिरावट रही। साउथ कोरिया में 1.2 फीसदी और जापान में 2.2 फीसदी गिरावट आई। लेकिन, ताइवान में 0.75 फीसदी और हॉन्ग कॉन्ग में 6.2 फीसदी तेजी रही। चीन के बाजार बंद रहे।

NBT की रिपोर्ट के अनुसार प्री-ओपन सेशन में सेंसेक्स 1,264 अंक यानी 1.5% गिरावट के साथ 83,002 अंक पर आ गया था जबकि निफ्टी भी 344 अंक यानी 1.33% के साथ 25,452 तक गिर गया था। सुबह 11 बजे सेंसेक्स 951.20 अंक यानी 1.13% गिरावट के साथ 83,315.09 अंक पर ट्रेड कर रहा था। इसी तरह निफ्टी 295.35 अंक यानी 1.14 फीसदी गिरावट के साथ 25,501.55 अंक पर आ गया।

जेएसडब्ल्यू स्टील और टाटा स्टील को छोड़कर सेंसेक्स के सभी शेयरों में गिरावट आई। सबसे ज्यादा नुकसान में महिंद्रा एंड महिंद्रा रहा। इसमें 2.23 फीसदी गिरावट रही। एशियन पेंट्स, टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी इंडिया और पावर ग्रिड कॉरपोरेशन में भी गिरावट दिख रही है। निफ्टी 50 के शेयरों में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज को छोड़कर सभी शेयरों में गिरावट रही। आयशर मोटर्स, बजाज ऑटो, टाटा मोटर्स, एशियन पेंट्स और आईसीआईसीआई बैंक में सबसे ज्यादा गिरावट रही।

मेटल को छोड़कर सभी सेक्टोरल इंडेक्सेज में गिरावट आई है। ऑटो में 1.55 फीसदी, रियल्टी में 1.48 फीसदी, एफएमसीजी में 1.07 फीसदी गिरावट आई है। इसी तरह निफ्टी बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, आईटी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और ऑयल एंड गैस में करीब एक फीसदी गिरावट आई है। जानकारों का कहना है कि ईरान-इजरायल के बीच तनाव बढ़ने और कच्चे तेल की कीमत में उछाल से बाजार में गिरावट आई है।