Home Blog Page 36

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026: रुझानों में विजय की टीवीके सबसे आगे, डीएमके पिछड़ी

0

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों ने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर संकेत दिया है। अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने अप्रत्याशित प्रदर्शन करते हुए सबसे बड़ी पार्टी के रूप में बढ़त बना ली है।

234 सीटों वाली विधानसभा में सुबह के रुझानों के अनुसार टीवीके करीब 80 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (डीएमके) लगभग 59 सीटों और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) 44 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। अन्य दल भी कुछ सीटों पर मुकाबले में हैं।

सिर्फ दो साल पहले गठित टीवीके का यह प्रदर्शन राजनीतिक विश्लेषकों के लिए चौंकाने वाला माना जा रहा है। शुरुआती अनुमानों में जहां मुकाबला मुख्य रूप से डीएमके और एआईएडीएमके के बीच माना जा रहा था, वहीं अब तस्वीर पूरी तरह बदलती दिख रही है।

रुझानों के मुताबिक, टीवीके न केवल ‘किंगमेकर’ बल्कि ‘फ्रंट-रनर’ की भूमिका में उभरती नजर आ रही है। इससे राज्य में पारंपरिक द्रविड़ राजनीति के समीकरणों में बड़ा बदलाव संभावित माना जा रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि युवा मतदाताओं और नए राजनीतिक विकल्प की तलाश ने इस बार चुनावी परिणामों की दिशा को प्रभावित किया है। हालांकि, यह अभी शुरुआती रुझान हैं और अंतिम नतीजों के लिए आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।

जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ेगी, यह स्पष्ट होगा कि क्या टीवीके अपनी बढ़त को बरकरार रखते हुए सरकार बनाने की स्थिति में पहुंचती है या मुकाबला फिर से पारंपरिक दलों के पक्ष में जाता है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम 2026: रुझानों में भाजपा को बढ़त, भवानीपुर सीट पर नजरें टिकीं

0

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की 294 में से 293 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना आज सुबह 8 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। राज्यभर के 77 मतगणना केंद्रों पर जारी गिनती के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बढ़त बनाती दिख रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) भी कई सीटों पर मुकाबले में बनी हुई है।

सुबह 9:30 बजे तक मिले रुझानों के अनुसार भाजपा लगभग 145 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि टीएमसी करीब 100 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। हालांकि, ये केवल शुरुआती संकेत हैं और अंतिम परिणाम आने में अभी समय है।

सबसे ज्यादा नजरें कोलकाता की भवानीपुर सीट पर टिकी हुई हैं, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुरुआती रुझानों में पीछे चल रही हैं। वहीं, भाजपा के नेता सुवेंदु अधिकारी के साथ उनका सीधा मुकाबला इस सीट को बेहद अहम बना रहा है।

भाजपा के राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा ने दावा किया है कि उनकी पार्टी स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। दूसरी ओर, टीएमसी खेमे में शुरुआती रुझानों को लेकर सतर्कता बनी हुई है।

मतगणना की प्रक्रिया पहले पोस्टल बैलेट से शुरू हुई, जिसके बाद ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू कर दी गई। कुछ क्षेत्रों, खासकर सिलीगुड़ी में तकनीकी कारणों से गिनती में थोड़ी देरी की खबर भी सामने आई है।

चुनाव आयोग ने मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। केंद्रीय बलों की 700 कंपनियों के साथ स्थानीय पुलिस की तैनाती की गई है। केंद्रों पर मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह रोक है और प्रवेश केवल क्यूआर कोड आधारित पहचान पत्र के जरिए ही दिया जा रहा है।

इस चुनाव में कुल 2,917 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है। राज्य में इस बार 92 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया, जिसे विश्लेषक निर्णायक मान रहे हैं। खासतौर पर महिला मतदाताओं की भागीदारी को चुनाव परिणामों में अहम कारक माना जा रहा है।

अब सभी की निगाहें दोपहर तक आने वाले स्पष्ट रुझानों और अंतिम नतीजों पर टिकी हैं, जो तय करेंगे कि पश्चिम बंगाल में सत्ता की कमान किसके हाथों में जाएगी।

जनसुनवाई में उठे सड़क, पानी, बिजली से लेकर स्वास्थ्य-शिक्षा तक के मुद्दे

0

मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादियों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा और भूमि से जुड़े मामलों सहित विभिन्न जनहित मुद्दे मुख्यमंत्री के सामने रखे।

जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त सभी शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि हर प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग हो और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, शिकायतों को संबंधित विभागों तक तुरंत पहुंचाने और तय समयसीमा में समाधान कर शिकायतकर्ताओं को जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान है। उन्होंने जनसुनवाई को सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि इससे जमीनी स्तर की वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है और उनके समाधान के लिए प्रभावी निर्णय लिए जा सकते हैं।

उन्होंने यह भी दोहराया कि सरकार जनकल्याण, सुशासन और समग्र विकास के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। विशेष रूप से दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता में है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम लोगों तक सरल और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।

इस अवसर पर अभिनेत्री Himani Shivpuri ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। वहीं आंगनबाड़ी कर्मियों ने भी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए मिले सकारात्मक आश्वासन पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।

उत्तराखंड : भयंकर अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि से बदला मौसम का मिजाज, गर्मी से राहत

0

देहरादून। रविवार सुबह देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज अंधड़, गरज-चमक और जोरदार बारिश के चलते सुबह के समय ही आसमान घने बादलों से ढक गया, जिससे दिन में अंधेरा सा छा गया और दृश्यता भी प्रभावित हुई।

मसूरी में भी मौसम का मिजाज बदला नजर आया। यहां तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई और कई इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। घने काले बादलों के चलते पूरे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अंधकार जैसी स्थिति बन गई।

वहीं विकासनगर में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि, आंधी के कारण कुछ स्थानों पर जनजीवन प्रभावित भी हुआ।

उधर रुड़की में भी तेज हवाएं चलने लगीं और आसमान पूरी तरह बादलों से ढक गया। अचानक बदले मौसम के कारण लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन तेज हवाओं और बारिश ने सामान्य जनजीवन को कुछ समय के लिए प्रभावित किया।मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी ऐसे बदलाव की संभावना बनी हुई है।

टिहरी झील में तूफान का कहर, फ्लोटिंग हटमेंट टूटे, SDRF ने 22 पर्यटकों को सुरक्षित निकाला

0

नई टिहरी:शनिवार देर शाम टिहरी झील में डोबरा-चाटी क्षेत्र के पास तेज आंधी-तूफान ने अचानक कहर बरपाया, जिससे झील में बने फ्लोटिंग हटमेंट क्षतिग्रस्त होकर बह गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई।

आपदा कंट्रोल रूम टिहरी को शाम करीब 8 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम को अलर्ट किया गया। कोटी कॉलोनी स्थित SDRF पोस्ट से उपनिरीक्षक नरेंद्र राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।

मौके पर पहुंचकर टीम ने देखा कि तेज तूफान के चलते फ्लोटिंग हटमेंट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके थे। SDRF ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की कार्रवाई तेज कर दी।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कुल 22 पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी को पर्यटन विभाग की बोट के माध्यम से कोटी कॉलोनी पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रशासन ने क्षेत्र में मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतने और झील क्षेत्र में अनावश्यक गतिविधियों से बचने की अपील की है।

एसी में ब्लास्ट से लगी भीषण आग, 9 लोगों की मौत, कई झुलसे

0

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। इस दर्दनाक घटना में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 से 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।

images

दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह करीब 3:47 बजे फायर कंट्रोल रूम को मिली। इसके बाद दिल्ली फायर सर्विस की 14 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब ढाई घंटे में सुबह 6:25 बजे आग पर काबू पा लिया गया।

बताया जा रहा है कि आग बी-13 नंबर की चार मंजिला इमारत के दूसरे फ्लोर पर शुरू हुई और तेजी से पूरी बिल्डिंग में फैल गई। इमारत में कुल 8 फ्लैट थे और हादसे के समय ज्यादातर लोग गहरी नींद में थे, जिससे कई लोग समय रहते बाहर नहीं निकल सके।

सीढ़ियों तक पहुंचकर थम गई सांसें

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई लोग जान बचाने के लिए सीढ़ियों तक पहुंचे, लेकिन धुएं और आग के बीच बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिल पाने के कारण दम तोड़ बैठे। कुछ शव सीढ़ियों पर ही मिले। एक हृदयविदारक दृश्य में एक मां अपने छोटे बच्चे को सीने से लगाए मृत पाई गई, जिसने पूरे हादसे की भयावहता को उजागर कर दिया।

रेस्क्यू ऑपरेशन में कई लोगों को बचाया गया

फायर ब्रिगेड, पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर करीब 14 से 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। फिलहाल इमारत में सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई व्यक्ति अंदर फंसा न रह गया हो।

एसी ब्लास्ट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट के चलते एसी में ब्लास्ट होना बताया जा रहा है। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आग के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर राजधानी में रिहायशी इमारतों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अचानक हुए इस हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया और पूरे इलाके में शोक व दहशत का माहौल बना हुआ है।

नगाण गांव में श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए मुख्यमंत्री, विकास कार्यों का किया उल्लेख

0

बड़कोट (उत्तरकाशी): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तहसील बड़कोट के नगाण गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में भाग लेकर क्षेत्रवासियों के साथ आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया। इस दौरान उन्होंने भगवान की कथा श्रवण कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

यह कार्यक्रम भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की धर्मपत्नी स्वर्गीय उमा जी के वार्षिक श्राद्ध के अवसर पर आयोजित किया गया था। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए इसे देश के सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बताया।

FB IMG 1777736380398

उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के विवेक और चेतना को जागृत करता है, साथ ही पितरों की आत्मा की शांति के लिए भी यह अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए कहा कि यहां चारधाम विराजमान हैं, जो इसे विशेष आध्यात्मिक पहचान देते हैं।

विकास कार्यों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण के बाद बदरीनाथ में मास्टर प्लान के तहत तेजी से कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगाण गांव में ग्राम प्रधान की मांग पर बारात घर निर्माण का आश्वासन भी दिया।कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक दुर्गेश्वर लाल, विधायक सुरेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

उत्तराखंड में कांग्रेस को झटका, कई नेताओं ने थामा भाजपा का दामन

0

देहरादून : उत्तराखंड में कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में इन नेताओं ने औपचारिक रूप से पार्टी का दामन थामा।

भाजपा में शामिल होने वालों में महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं रुद्रपुर नगर पालिका की पूर्व चेयरमैन मीना शर्मा, घनसाली से 2022 की पूर्व विधायक प्रत्याशी दर्शन लाल आर्य और रुद्रप्रयाग की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व 2017 की कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मी राणा प्रमुख रूप से शामिल हैं।

इसके अलावा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अनिल शर्मा, सेवा दल रुद्रपुर महानगर अध्यक्ष संजीव रस्तोगी, राम प्रसाद, सुमित राई, दिनेश मौर्य, पूनम गुप्ता (वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महानगर कांग्रेस रुद्रपुर), मंजू जैन (महिला कांग्रेस महामंत्री), श्वेता शर्मा, सुदर्शन शर्मा, रिंकू बिष्ट, अरविंद सक्सेना, देवेंद्र प्रसाद जोशी और देव राम रतूड़ी सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों और केंद्र व राज्य सरकार के कार्यों से प्रभावित होकर लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नए साथियों के जुड़ने से संगठन को और मजबूती मिलेगी।

उत्तराखंड भाजपा में चुनावी मंथन तेज, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का तीन दिवसीय दौरा तय

0

देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हालिया कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ने के बाद अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के तीन दिवसीय दौरे की तैयारियां जोरों पर हैं।

यह दौरा संगठनात्मक और चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों पर संभावित उम्मीदवारों और जीत के दावेदारों को लेकर विस्तार से मंथन किया जाएगा। पार्टी यह भी तय करेगी कि मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका दिया जाए या नए चेहरों को मैदान में उतारा जाए। साथ ही, अन्य दलों के मजबूत नेताओं को पार्टी में शामिल कर टिकट देने की संभावनाओं पर भी विचार होगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने प्रवास के दौरान मंडल से लेकर प्रदेश स्तर तक विभिन्न बैठकों में शामिल होंगे। देहरादून स्थित पार्टी मुख्यालय में कोर ग्रुप की अहम बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद और कोर कमेटी के सदस्य मौजूद रहेंगे।

बैठकों में 2027 के विधानसभा चुनावों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा होगी। इसमें प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, विधानसभा-वार तैयारियों, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभाव, विधायकों के प्रदर्शन और क्षेत्रीय मुद्दों की समीक्षा की जाएगी।

इसके अलावा, राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे और आगामी चुनावों के लिए दिशा-निर्देश भी देंगे। वह एक जिले और एक मंडल स्तर की बैठकों के जरिए जमीनी स्तर पर संगठन की स्थिति का भी आकलन करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह दौरा आगामी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में अहम भूमिका निभाएगा।

कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर IED ब्लास्ट: तीन जवान शहीद, एक गंभीर घायल

0

छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी ब्लास्ट में तीन जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबल जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे और पुराने आईईडी को डिफ्यूज करने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान जवानों का दल विस्फोटक की चपेट में आ गया और जोरदार धमाका हो गया।

धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल जवान को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की तलाश में सघन सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, यह आईईडी पहले से नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए लगाया गया था।