Home Blog Page 326

उत्तराखंड में IPS अधिकारियों के तबादले, इनको मिली ये जिम्मेदारी

0

देहरादून: IAS और PCS के तबादलों के बाद शासन ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। शासन ने 5 IPS अधिकारियों के तबादले किए हैं। दो साल से भी ज्यादा समय से IG गढ़वाल की जिम्मेदारियां देख रहे करण सिंह नगन्याल का तबादला किया गया। यह जिम्मेदारी अब IPS राजीव स्वरूप को दी गई है।

ADG अमित सिन्हा के पास अब शासन में खेल विभाग और डाइरेक्टर FSL की जिम्मेदारी रहेगी। राष्ट्रीय खेलों को देखते हुए उनसे CCTNS की जिम्मेदारी हटा दी गई है।

कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी किसी के पास नहीं थी। अब ये दायित्व एक बार फिर से ADG वी मुरुगेशन संभालेंगे। मुरुगेशन के पास सीबीसीआईडी और निदेशक विजिलेंस का चार्ज भी बना रहेगा। बता दें कि कानून व्यवस्था का चार्ज पिछले दिनों मुख्यमंत्री के मुख्यालय निरीक्षण के बाद पूर्व DGP अभिनव कुमार के पास चला गया था। इनके अलावा ADG एपी अंशुमन को CCTNS और दूरसंचार का अतिरिक्त कार्यभार दिया है।

अंशुमन के पास प्रशासन व इंटेलिजेंस सिक्योरिटी व PAC की जिम्मेदारी बनी रहेगी। IG करण सिंह नगन्याल को अब IG इंटेलिजेंस व सिक्योरिटी का चार्ज दिया गया है।

कैसे आएगा सशक्त भू-क़ानून, अधिकारियों ने ही लूट ली जमीनें!

0
  • सरकार में निहित हो अवैध रूप से खरीदी गई ज़मीन।

  • पौंधा में 250 वर्ग मीटर ज़मीन खरीदने का भी हुआ खुलेआम उल्लंघन।

  • अनुसूचित जाति और गोल्डन फॉरेस्ट की ज़मीन पर प्लाटिंग कर अधिकारियों को बेच दी गई ज़मीन।

देहरादून। मूल निवास, भू-कानून समन्वय संघर्ष समिति के संयोजक मोहित डिमरी ने उच्चाधिकारियों पर भूमि कानूनों के प्रावधनों का उल्लंघन कर ज़मीनें खरीदने पर हल्ला बोला है। उन्होंने इस मामले की जांच की मांग करते हुए अवैध रूप से ली गई ज़मीनों को सरकार में निहित करने की मांग की है।

भू-कानून-मूल निवास संघर्ष समिति के संयोजक मोहित डिमरी ने कहा कि विकासनगर तहसील के पौंधा में करीब 300 बीघा जमीन में आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के लिए आवासीय कॉलोनी बनाई जा रही है। इसके लिए प्रोपर्टी डीलर एससी माथुर और इंद्र सिंह ने अवैध रूप से अनुसूचित जाति के लोगों के साथ ही गोल्डन फॉरेस्ट की जमीनों की रजिस्ट्री की और बाद में इस ज़मीन को अधिकारियों को बेच दिया। उन्होंने कहा कि पौंधा ग्रामीण क्षेत्र है और यहां पर बाहरी व्यक्ति (गैर कृषक) को 250 वर्ग मीटर तक ही ज़मीन खरीदने की छूट है। लेकिन, यहां पर इस प्रावधान का उल्लंघन खुलेआम किया गया।

उन्होंने कहा कि IAS अधिकारी सोनिका सिंह ने अपने पति और देवर के नाम यहां पर 500 वर्ग मीटर ज़मीन खरीदी है। इसके साथ ही धर्मवीर चौधरी ने अपनी पत्नी और दो बच्चों के नाम जमीनें खरीदी हैं। जबकि परिवार में एक सदस्य को ही ज़मीन खरीदने की छूट है। कनम्मा लोगानाथ ने 999 वर्ग मीटर, मनुज गोयल ने अपने और अपनी पत्नी विपाशा शर्मा के नाम 500 वर्ग मीटर, संजीव कुमार जिंदल ने अपनी पत्नी रितु जिंदल के नाम 405 वर्ग मीटर, सौजन्या 500 वर्ग मीटर, अमित कटारिया ने दो प्लॉट 374 वर्ग मीटर और 249 वर्ग मीटर खरीदे हैं। इस तरह अन्य कई आईएएस और आईपीएस अधिकारियों ने अवैध रूप से यहां जमीनें खरीदी हैं।

मोहित डिमरी ने कहा कि पौंधा में अनुसूचित जाति के लोगों की भी ज़मीन खरीदी गई है। जबकि यूपी जमींदार विनाश व भूमि सुधार अधिनियम की धारा 157ए में स्पष्ट प्रावधान है कि जिलाधिकारी की अनुमति के बिना एससी की ज़मीन कोई भी नहीं खरीद सकता। यहां बिना अनुमति के ही एससी की कई बीघा ज़मीन खरीद ली गई।

इसके अलावा गोल्डन फारेस्ट कि जमीन, जिसे सरकार में निहित किया गया, उस पर भी धड़ल्ले से अवैध रजिस्ट्री हुई है। जबकि गोल्डन फॉरेस्ट की ज़मीन का मामला राजस्व कोर्ट में विचाराधीन है और प्रोपर्टी ट्रांसफर एक्ट की धारा 54 में स्पष्ट प्रावधान है कि सब ज्यूडिस मामले में किसी भी ज़मीन को खरीदा और बेचा नहीं जा सकता है।

इसके साथ ही तत्कालीन एडीएम एसके बरनवाल ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट कहा था कि भूमि सुधार अधिनियम की धारा 161 का अनुपालन नहीं किया गया। इसमें अनुसूचित जाति की जमीन को एक्सचेंज करने की अनुमति नहीं ली गई है। जिस कारण सभी ज़मीनें राज्य सरकार में निहित हो गई हैं। लेकिन, तत्कालीन डीएम सोनिका सिंह ने इस रिपोर्ट का संज्ञान नही लिया।

पूर्व गढ़वाल कमिश्नर (IAS) एसएस पांगती और पूर्व सैन्य अधिकारी पीसी थपलियाल ने कहा कि प्रदेश के उच्चाधिकारी ही ज़मीन की लूट में शामिल हैं तो कैसे उम्मीद करें कि मजबूत भू-क़ानून आएगा ? जिस तरह मनोज तिवारी, राजा भैया की जमीन सरकार में निहित करने की कारवाई चल रही है, उसी तरह अधिकरियों द्वारा अवैध रूप से ली गई जमीनें भी सरकार में निहित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भूमि क़ानून में किये गए प्रावधानों का उल्लंघन हो रहा तो मजबूत भू-क़ानून की उम्मीद करना बेईमानी सा लगता है।

पांगती ने कहा कि उत्तराखंड में भू कानून जटिल हो गया है। हमारी कृषि भूमि को उद्योग के नाम पर औने-पौने दाम में खरीदा जा रहा और यहां आवासीय कॉलोनी बन रही है। राजस्व प्रशासन यहां खत्म हो गया है। राजस्व विभाग से जुड़े अधिकारी ही जमीनों को खुर्द-बुर्द करवा रहे हैं। जब तक सरकार की नीयत सही नहीं होगी, ज़मीनें इसी तरह लुटती रहेगी।

इस मौके पर संघर्ष समिति के समन्वयक प्रमोद काला, पूर्व सैनिक एकता अभियान के प्रदेश अध्यक्ष निरंजन चौहान, समिति के सदस्य नमन चंदोला, समिति के युवा इकाई के प्रभारी आशीष नौटियाल आदि मौजूद थे।

कैबिनेट बैठक में इन बड़े फैसलों पर लगी मुहर, पढ़ें पूरी खबर

0

CM धामी की अध्यक्षता में हुई धामी कैबिनेट की बैठक समाप्त हो गई है। कैबिनेट बैठक में दो दर्जन से ज्यादा प्रस्ताव पर चर्चा की गई। कैबिनेट की बैठक में उत्तराखंड आवास नीति पर भी मुहर लगी है।

सचिवालय में मुख्यमंत्री धामी की अध्यक्षता में धामी कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और कैबिनेट सतपाल महाराज बैठक में मौजूद रहे। बैठक में 22 प्रस्तावों पर चर्चा हुई।

कैबिनेट बैठक में बिजली उपभोक्ताओं को सब्सिडी  का औपचारिक अनुमोदन कैबिनेट से मिला। कुछ सख्ती भी बढ़ाई गई। कई लोग परिवार के अलग-अलग नाम पर कनेक्शन ले रहे हैं। अगर ऐसा मामला आया तो दोगुना सब्सिडी का जुर्माना वसूल किया जाएगा। डीएम उच्च हिमालयी क्षेत्रों का नोटिफिकेशन जारी करेंगे।

ये बड़े फैसला
उत्तराखंड आवास नीति को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई।
EWS को 3 लाख वार्षिक आय के बजाय 5 लाख किया गया।
LIG के लिए 5-9 लाख सालाना आय जरूरी। LIG और लोअर मिडिल ग्रुप में भी आवास आवश्यकता पूरी करने को रियायतें दी गई, सेलिंग प्राइस तय किया गया।
ईडब्ल्यूएस का आवास 9 लाख।
एलआईजी का 14 लाख।
एलएम आईजी के लिए 25 लाख होगा।
स्टेट की सब्सिडी 1.5 लाख से 2 लाख की गई।
स्टाम्प ड्यूटी आदि की छूट भी मिलेगी। प्रोजेक्ट बनने के बाद मिलेगा लाभ।
बार्कली रो हाउसिंग का प्रोजेक्ट लगाने वालों के लिए पहली बार लाया गया है।

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों को लेकर RSS की खरी-खरी

0

 बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ हिंसा अभी थमी नहीं है। बांग्लादेश की यूनुस सरकार ने खुद माना है कि हसीना सरकार के जाने के बाद देश में हिंदुओं पर 88 बार हमले हुए हैं। उधर इन घटनाओं को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने भी चिंता जाहिर की है।

RSS ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों को लेकर चिंता जाहिर की है। RSS के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा कि केंद्र सरकार को बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रहे अत्याचार को रोकने के लिए और ठोस कदम उठाने चाहिए।

नागपुर में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि ‘बांग्लादेश में जो कुछ हो रहा है, उससे हर हिंदू को आक्रोशित होना चाहिए।’ बता दें कि ‘सकल हिंदू समाज’ के तले कार्यक्रम का आयोजन बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू, बौद्ध, जैन और अन्य समुदायों के खिलाफ हो रहे हमलों की निंदा करने के लिए आयोजित किया गया था।

केंद्र को इन हमलों को रोकने के लिए और अधिक प्रयास करने चाहिए। सरकार को अधिक ठोस कदम उठाने चाहिए। मुझे उम्मीद है कि इस मुद्दे को बातचीत से सुलझाया जा सकता है, लेकिन अगर बातचीत विफल हो जाती है, तो हिंसा को रोकने के लिए कोई अन्य समाधान ढूंढ़ा जाना चाहिए।

उपराष्ट्रपति धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर जोरदार हंगामा, राज्यसभा कल तक के लिए स्थगित

0
राज्यसभा में विपक्ष द्वारा जमकर हंगामा हो रहा है। विपक्ष उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आया है जिसे लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच जमकर टकराव देखने को मिल रहा है। हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही को कल 12 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर कांग्रेस की आलोचना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष ने सभापति की गरिमा पर हमला किया तो हम उसकी रक्षा करेंगे। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही किरेन रिजिजू ने कहा कि किसान का बेटा उपराष्ट्रपति बना है और पूरे देश ने देखा है कि उसने सदन की गरिमा को बनाए रखा है।
राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा, हमारे सांसद सोनिया गांधी और सोरोस के बीच संबंधों का मुद्दा उठाते रहे हैं। यह देश की संप्रभुता का सवाल है…सभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना देश की संप्रभुता के मुद्दे से देश का ध्यान भटकाने की साजिश है…इसकी सभी को निंदा करनी चाहिए। उन्होंने कभी भी सभापति का सम्मान नहीं किया। राज्यसभा की कार्यवाही 12 दिसंबर तक स्थगित कर दी गई है।

दिल्ली में अकेले लड़ेंगे चुनाव, नहीं होगा AAP-कांग्रेस का गठबंधन

0

दिल्ली में अगले साल फरवरी में होने वाले चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने एक बड़ा एलान किया है। केजरीवाल ने बुधवार को अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट डालकर बताया कि वे दिल्ली में अकेले दम पर चुनाव लड़ेंगे।

इससे पहले खबर आ रही थी कि गठबंधन के लिए कांग्रेस और आप के बीच सहमति अंतिम चरण में है। कांग्रेस को 15 सीटें और अन्य आईएनडीआईए (I.N.D.I.A) गठबंधन सदस्यों को 1 या 2 सीटें मिल सकती है। बाकी सीटों पर आम आदमी पार्टी खुद चुनाव लड़ेगी। लेकिन अब आप ने तस्वीर साफ कर दी है कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में अकेले ही चुनाव लड़ेगी।

गठबंधन को लेकर मंगलवार की रात में I.N.D.I.A के नेताओं के बीच बैठक हुई थी। इसके बाद ही आज केजरीवाल ने अकेले चुनाव लड़ने का एलान किया है।  दिल्ली चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने तैयारियां तेज कर दी है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने सोमवार (9 दिसंबर) को ही अपने 20 उम्मीदवारों की सूची जारी की। इससे पहले आप ने अपने 11 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी।

संत सियाराम बाबा का निधन, 100 साल से ज्यादा थी उम्र

0

निमाड़ के संत सियाराम बाबा ने बुधवार सुबह देह त्याग दी है। वे कुछ दिनों से बीमार थे, आश्रम में ही उनका इलाज चल रहा था। रात को उनकी हालत काफी कमजोर हो रही थी और उन्होंने कुछ भी नहीं खाया था। उनके निधन की खबर मिलते ही खरगोन के भट्यान स्थित आश्रम में भक्तों की भीड़ लग गई। दोपहर तीन बजे उनका डोला निकलेगा।

उनकी अंत्येष्टी के लिए सेवादारों ने चंदन की लकड़ी की व्यवस्था की है। बीते तीन दिन से आश्रम में एकत्र भक्त उनके स्वास्थ्य के लिए जाप कर रहे थे और भजन गा रहे थे। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश के बाद डाक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रखे हुए थे।

 

सियाराम बाबा की अंत्येष्टी बुधवार शाम को आश्रम के समीप नर्मदा नदी किनारे की जाएगी। उनके निधन की खबर के बाद बड़ी संख्या में भक्तों के आश्रम पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। सीएम मोहन यादव की बाबा के अंतिम दर्शन के लिए आएंगे। बता दें कि बाबा को निमोनिया हो गया था, लेकिन वे अस्पताल में रहने के बजाए आश्रम में रहकर अपने भक्तों से मिलना चाहते थे। इस कारण चिकित्सकों ने उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया था।

12 वर्षों तक मौन धारण किया

संत सियाराम बाबा ने नर्मदा किनारे अपने आश्रम बनाया। उनकी उम्र 110 साल बताई जाती थी। बाबा ने बारह वर्षों तक मौन भी धारण कर रखा था। जो भक्त आश्रम में उनसे मिलने आता है और ज्यादा दान देना चाहता थे तो वे इनकार कर देते थे। वे सिर्फ दस रुपये का नोट ही लेते थे। उस धनराशि का उपयोग भी वे आश्रम से जुड़े कामों में लगा देते थे।

बाबा ने नर्मदा नदी के किनारे एक पेड़ के नीचे तपस्या की थी और बारह वर्षों तक मौन रहकर अपनी साधना पूरी की थी। मौन व्रत तोड़ने के बाद उन्होंने पहला शब्द सियाराम बाबा कहा तो भक्त उन्हें उसी नाम से पुकारने लगे। हर माह हजारों भक्त उनके आश्रम में आते है।

सभी 95 ब्लॉकों में पहुंचेंगे अपर सचिव स्तर के अधिकारी, जनसमस्याओं पर देंगे रिपोर्ट

0

देहरादून। डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार कृतसंकल्प है। अब अपर सचिव स्तर के अधिकारी राज्य के हर विकासखंड में जाएंगे और राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। सभी अधिकारी विकासखंड के एक या दो गांवों में रात्रि प्रवास कर स्थानीय लोगों से भी संवाद करेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी विभागों को प्रदेश और केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। राज्य में गांवों के विकास का क्या हाल है, प्रदेश और केंद्र की ओर से संचालित विकास योजनाओं की क्या स्थिति है, स्थानीय लोगों की विशिष्ट समस्याएं क्या हैं, इसका जायजा लेने के लिए अपर सचिव स्तर के अधिकारी सभी 13 जिलों के 95 विकासखंडों में पहुंचेंगे और विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।

शासनादेश के अनुसार सभी अधिकारी विकास योजनाओं का निरीक्षण कर केंद्र और प्रदेश स्तर के ध्वजवाहक कार्यक्रमों व अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षात्मक रिपोर्ट तैयार करने के साथ ही ब्लॉक स्तर पर होने वाली महत्वपूर्ण बैठकों में भी प्रतिभाग करेंगे। केंद्र और प्रदेश की लाभार्थी परक योजनाओं का स्थलीय सत्यापन कर देखेंगे कि पात्र लोग लाभान्वित हो रहे हैं या नहीं।

हमारी सरकार प्रदेश और केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए गंभीर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दिशानिर्देशन में उत्तराखण्ड के विकास को नई गति दी जा रही है। हम ‘अंत्योदय एवं गरीब कल्याण’ के संकल्प को सिद्धि की ओर ले जाने के लिए तत्पर हैं। विकास गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए उच्च स्तरीय अधिकारियों को मॉनिटरिंग का जिम्मा दिया गया है। अपर सचिव स्तर के अधिकारी गांवों के प्रवास पर जाएंगे तो विकास की वस्तुस्थिति की पूरी जानकारी शासन को हो सकेगी। वरिष्ठ अधिकारियों के दूरस्थ गांवों का हाल जानने से विकास की योजनाएं भी गांवों की जरूरत के अनुसार बनाई जा सकेंगी।

  • पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड

बड़ा हादसा, खाई में गिरी कार, 3 लोगों की मौत

0

पौड़ी : ज़िले के गुमखाल के पास द्वारिखाल में एक कार खाई में गिर गयी। इस हादसे में कार में सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी। आज थाना सतपुली को गुमखाल के पास कार के खाई में गिरने की सूचना मिली, जहाँ से ऐसडीआरऐफ़ टीम को तत्काल रेस्क्यू के लिए भेजा गया।

सतपुली पोस्ट से ऐसडीआरऐफ़ की टीम उप निरीक्षक, प्रेम प्रकाश, के नेतृत्व में घटनास्थल पहुँची। खाई में गिरी कार में एक महिला और दो पुरूष सवार थे, जिनकी पहचान कुठारगाँव निवासी, विनोद सिंह नेगी, पुत्र सोहन सिंह, गौरव, पुत्र विनोद सिंह नेगी, और चंपा देवी, पत्नी विनोद सिंह नेगी, के रूप में हुई।

ये लोग दिल्ली से अपने गाँव कुठारगाँव, पौड़ी जा रहे थे। गुमखाल के पास द्वारिखाल में इनकी कार अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क से लगभग 300 मीटर गहरी खाई में गिर गयी, जिससे कार में सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। ऐसडीआरऐफ़ टीम ने खाई में उतरकर तीनों व्यक्तियों के शवों को निकालकर ज़िला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ अत्याचार और मंदिरों में तोड़फोड़ के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

0

देहरादूनः बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के साथ हो रहे अत्याचार और हिन्दू मंदिरों में हो रही तोड़फोड़ के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बांग्लादेश की सरकार पर पर्याप्त कूटनीतिक दबाव नहीं बनाने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन भी किया। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि इस मामले में केंद्र सरकार ने पर्याप्त प्रयास नहीं किये। अगर बांग्लादेश की सरकार नहीं मानती तो बांग्लादेश पर तत्काल आर्थिक प्रतिबंध लगाए जाएं।

गोगी ने कहा कि कांग्रेस परिवार बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रहे बर्ताव से अत्यंत क्षोभ में है। कांग्रेस अपने निर्माण के समय से भारतीय उपमहाद्वीप में धर्मनिरपेक्षता और साम्प्रदायिक सौहार्द की सबसे प्रमुख पैरोकार रही है। साम्प्रदायिक शक्तियों के कृत्यों के कारण हुए देश के दुर्भाग्यपूर्ण बंटवारे के बाद जब देश में साम्प्रदायिक शक्तियों ने लोगों के मन में विद्वेष और घृणा भर रखी थी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में सुशासन और धर्मनिपेक्ष शासन पर आधारित राजनीतिक व्यवस्था की स्थापना की जिसका देश को लाभ भी मिला। आज विश्व मे अनेक देशों में साम्प्रदायिक, कट्टरपंथी शक्तियां मजबूत हो रही हैं जिससे पूरी मानव सभ्यता को ही खतरा उत्पन्न हो गया है। हाल ही में बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ जो उत्पीड़न की घटनाएं हुई हैं, वे इसी वैश्विक प्रवृत्ति को परिलक्षित करती हैं।

बांग्लादेशी हिंदुओं के इस संकटकाल में कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार को अविलंब बांग्लादेश की सरकार, विश्व के प्रमुख देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों पर कूटनीतिक दबाव बनाकर बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रहे उत्पीड़नकारी व्यवहार और उनके पूजास्थलों पर हो रही तोड़फोड़ के कृत्यों पर रोक लगाने हेतु निर्देशित करें। आवश्यकता पड़े तो सरकार बांग्लादेश की सरकार के विरुद्ध आर्थिक प्रतिबंध और अन्य कार्रवाई करने में संकोच न करे।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत, डॉ. विजेंद्र पाल, प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, अभिनव थापर, राजकुमार जायसवाल, वीरेंद्र पवार, ललित भद्री, मनीष गर्ग, रामबाबू, आयुष सेमवाल, निहाल सिंह, अरविंद गुरूंग, हरीश मेहरा, सुरेश मेहरा, मरगुब आलम, आदर्श सूद, करण कनौजिया, अनिकेत सिंह, महेंद्र सिंह, पूनम कंडारी, वंदना राही, पूजा राही, अर्जुन शर्मा, विजय प्रसाद भट्ट, सावित्री थापा, मंजू चौहान, सुनीता गुप्ता, मालती देवी, सूरज चौहान, शहजाद अंसारी, रवि हसन, शकील अंसारी, मुस्तक्कीम अंसारी, फारुख राव, अजहर समीर अंसारी, शाहिद अंसारी, मोहम्मद इस्लाम, अमजद खान, दलवीर भतृवाल, भूपेंद्र यादव, अशोक कुमार, राजेश सिंह पुंडीर, मनीष सिंह, रिपु दमन सिंह, मुकेश, अभिषेक थापा और विकास नेगी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।