Home Blog Page 227

उत्तरकाशी से बड़ी खबर: गंगनानी के पास हेलीकॉप्टर क्रैश, 5 लोगों की मौत की खबर

0

उत्तरकाशी : उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह गंगनानी के पास एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सामने आई है। यह हेलिकॉप्टर प्राइवेट कंपनी एरो ट्रिंक का था, जिसमें सात यात्री सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जबकि बाकी यात्रियों की तलाश जारी है। घटनास्थल पर पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें पहुंच गई हैं, और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

रेस्क्यू ऑपरेशन

गंगनानी हेलिकॉप्टर हादसे के बाद भटवाड़ी से रेस्क्यू टीमें तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने पुष्टि की कि हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हैं। प्रशासन और राहत टीमें मौके पर मौजूद हैं, और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड के लिए चेतावनी जारी की है। देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में बिजली चमकने और तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटा) की आशंका भी जताई गई है। खराब मौसम इस हादसे का एक कारण हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

चारधाम यात्रा और हेली सेवाएं

उत्तराखंड में इन दिनों चारधाम यात्रा जोरों पर है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धामों में दर्शन के लिए भारी संख्या में तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं। कुछ यात्री पैदल यात्रा कर रहे हैं, जबकि कई हेलिकॉप्टर सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं। दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर गंगोत्री धाम की ओर जा रहा था।

केंद्र सरकार ने सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद का कार्यकाल एक साल बढ़ाया

0

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के निदेशक प्रवीण सूद का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है। सूद ने 25 मई 2023 को दो साल के लिए सीबीआई निदेशक का पद संभाला था। अधिकारियों के अनुसार, उनके कार्यकाल को बढ़ाने का निर्णय सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली चयन समिति की बैठक में लिया गया। इस बैठक में भारत के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी शामिल थे।

कार्यकाल विस्तार को मंजूरी

चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने 24 मई 2025 से एक साल के लिए सूद के कार्यकाल विस्तार को मंजूरी दी। 1986 बैच के कर्नाटक कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी प्रवीण सूद वर्तमान में सीबीआई के निदेशक हैं। उनकी नियुक्ति से पहले वे कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के रूप में सेवारत थे।

प्रवीण सूद का प्रोफाइल

1964 में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में जन्मे प्रवीण सूद ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली से सिविल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की। 22 साल की उम्र में वे आईपीएस में शामिल हुए। उन्होंने भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), बेंगलुरु और न्यूयॉर्क के सिरैक्यूज़ विश्वविद्यालय के मैक्सवेल स्कूल ऑफ गवर्नेंस से स्नातकोत्तर की डिग्री भी प्राप्त की है।

उपलब्धियां और योगदान

प्रवीण सूद अपने व्यावहारिक दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने हाई-प्रोफाइल मामलों, विशेष रूप से उच्च निवल संपत्ति वाले व्यक्तियों से जुड़े मामलों और अंतर-राज्यीय व अंतरराष्ट्रीय जांच की निगरानी की है। तकनीकी विशेषज्ञता के साथ उन्होंने कर्नाटक में अपराध और आपराधिक ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम (सीसीटीएनएस) और इंटरऑपरेबल आपराधिक न्याय प्रणाली (आईसीजेएस) को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

भारतीय सेना की पाकिस्तान पर की गई निर्णायक कार्रवाई पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने छात्र-छात्राओं संग मनाया जश्न,

0

07 मई 2025स्थान: कोटद्वार/उत्तराखंड

आज भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर की गई सफल एयर स्ट्राइक के बाद पूरे देश में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है। इसी क्रम में उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्ष एवं कोटद्वार क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर देश की इस ऐतिहासिक जीत का उत्सव मनाया।

उन्होंने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और भारतीय सेना ज़िंदाबाद जैसे गगनभेदी नारों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। महाविद्यालय परिसर में मिठाइयाँ बाँटी गईं और देशभक्ति से ओत-प्रोत माहौल में तिरंगा लहराया गया।विधानसभा अध्यक्ष ने इस अवसर पर कहा, “यह कार्रवाई भारतीय सेना के अदम्य साहस और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के निर्णायक नेतृत्व का प्रतीक है।

यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। हम हमारे वीर जवानों को कोटि-कोटि नमन करते हैं, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों को भी न्योछावर करने से परहेज नहीं किया।”उन्होंने आगे कहा कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले का जवाब जिस साहस और रणनीति से दिया गया है, वह हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा नीति की दृढ़ता को दर्शाता है।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के अंतरसंकाय सांस्कृतिक प्रतियोगिता एवं वार्षिकोत्सव प्रतियोगिता कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया ।

0

07 मई 2025 कोटद्वार

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कोटद्वार विधानसभा के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के अंतरसंकाय सांस्कृतिक प्रतियोगिता एवं वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण 2024–25 समारोह कार्यक्रम में आयोजित बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया ।

1002222602

अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी ने महाविद्यालय प्रांगण में पहुंचकर डॉ पीतांबर दत्त बड़थ्वाल जी के मूर्ति पर श्रद्धांजलि अर्पित करी । उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ” महाविद्यालय में पढ़ाई के साथ साथ बच्चों को सांस्कृतिक प्लेटफार्म भी देना अनिवार्य है जिससे वह अपनी प्रतिभाओं को निखार सके । उन्होंने कहा शिक्षकों का मुख्य उद्देश्य बच्चों के अंदर की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें निखारना होता है । उच्च स्तरीय शिक्षा में हमें पढ़ाई के साथ साथ जीवन की दिशा को भी समझना होता है जिससे हम अपने जीवन को सफल बना सके ।

अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी ने वर्ष 2023–24 में अपनी कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया । उन्होंने सभी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में होने वाली परीक्षाओं के लिए भी आशिर्वाद दिया । साथ ही ऋतु खण्डूडी ने वर्ष 2025 की गणतंत्र दिवस की प्रेड में सम्मिलित हुए एनसीसी कैडेट को सम्मानित किया ।

1002222598

इस अवसर पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार के प्राचार्य डॉ डी०एस० नेगी , मण्डल अध्यक्ष कोटद्वार विकासदीप मित्तल, प्रेमा खंतवाल, हरि सिंह पुंडीर, नीना बेंजवाल, रजनी बिष्ट , आशा , पार्षद रजनीश बेबनी आदि लोग उपस्थित रहे ।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य सेवक सदन में अर्पित फाउंडेशन द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में हुए शामिल ।

0

देहरादून /उत्तराखंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरूवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में अर्पित फाउंडेशन द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सवा करोड़ जनता के सहयोग और समर्थन का प्रतीक है, जिन्होंने हर ऐतिहासिक निर्णय में सरकार का साथ दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पहले नकल और पेपर लीक जैसी समस्याओं से युवाओं के सपने टूटते थे, राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पारदर्शिता से परीक्षाएं हो रही हैं और पिछले साढ़े तीन वर्षों में 23 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त करने के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं। संसद में एक तिहाही आरक्षण, उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी योजना जैसी अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी दिशा में उत्तराखंड सरकार ने भी मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना, महालक्ष्मी योजना, वात्सल्य योजना, आंचल अमृत योजना और पोषण अभियान जैसे कई प्रभावी कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड पहला राज्य है जहाँ समान नागरिक संहिता को लागू किया गया है, जिससे समाज में समरसता और महिलाओं को समान अधिकार मिले हैं। लिव-इन रिलेशनशिप का पंजीकरण अनिवार्य कर महिलाओं और बच्चों को कानूनी संरक्षण देने का कार्य किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में धर्मांतरण, लव जिहाद, लैंड जिहाद जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। दंगारोधी कानून और सख्त भू-कानून लागू कर राज्य को सुरक्षित और संरक्षित बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। ये सभी निर्णय उत्तराखंड को एक आदर्श और सुरक्षित राज्य बनाने की दिशा में मजबूत नींव हैं। राज्य सरकार प्रदेश को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर स्वामी चिदानन्द मुनी महाराज, स्वामी यतीन्द्रानन्द गिरी, स्वामी कृष्ण गिरी, स्वामी भरत गिरी, वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम जाजू, विधायक दुर्गेश्वर लाल, अर्पित फाउण्डेशन की अध्यक्ष हनी पाठक और सामाजिक और सैनिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में प्रदेश में नागरिक सुरक्षा पूर्वाभ्यास के सम्बन्ध में अधिकारियों एवं जिलाधिकारियों के साथ बैठक

0

देहरादून 7 मई, 2025

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में प्रदेश में नागरिक सुरक्षा पूर्वाभ्यास के सम्बन्ध में अधिकारियों एवं जिलाधिकारियों के साथ बैठक ली। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि यह पूर्वाभ्यास गतिविधियां/मॉक ड्रिल प्रदेशभर में आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह पूर्वाभ्यास आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने में अत्यधिक सहायक होंगे।

मुख्य सचिव ने कहा कि इन पूर्वाभ्यास गतिविधियों से आमजन में किसी प्रकार का पैनिक न हो इसके लिए जनता से लगातार संवाद किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिक को इन मॉक ड्रिल और उसके लाभ से अवगत कराया जाए। आपातकालीन परिस्थितियों में सभी विभागों द्वारा क्या-क्या गतिविधियां और कार्यवाही की जानी है, उसके लिए सभी विभागाध्यक्षों द्वारा अपने स्तर से तैयारियां सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि यह एक पूर्वाभ्यास कार्यक्रम है, जिससे राज्य के प्रत्येक नागरिक को आपातकालीन परिस्थितियों के लिए तैयार किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्राकृतिक एवं मानव जनित आपदाओं के प्रति प्रदेश के नागरिकों को जागरूक किए जाने हेतु पूरे प्रदेश में पूर्वाभ्यास गतिविधियां/मॉक ड्रिल आयोजित की जाएं। उन्होंने कहा कि आपातकालीन एवं विपरीत परिस्थितियों में आमजन को क्या-क्या करना है या क्या नहीं करना है, इसकी जानकारी उपलब्ध करायी जाए। उन्होंने कहा कि इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने विद्यालय एवं अस्पतालों में आपदा से बचाव हेतु जागरूक किए जाने पर भी जोर दिया।

मुख्य सचिव कहा कि पूर्वाभ्यास के साथ ही स्थायी तौर पर आपातकालीन परिस्थितियों के लिए ठोस प्लान तैयार किया जाना चाहिए। इसके लिए राज्य स्तरीय एवं जनपद स्तरीय नागरिक सुरक्षा समितियों को सक्रिय किया जाए। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर लिया जाए। उन्होंने प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं के दौरान प्रदेश में अलर्ट जारी करने के लिए सायरन सिस्टम दुरूस्त किए जाने के भी निर्देश दिए, साथ ही, एसएमएस और वॉट्सऐप सहित अन्य विकल्पों के माध्यम से अलर्ट का संदेश भेजे जाने के लिए मैकेनिज्म तैयार कर लिए जाएं।

मुख्य सचिव ने कहा कि घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) को मजबूतीकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा एवं मानवजनित आपदा सहित युद्ध जैसी परिस्थितियों के लिए भी प्रदेश को और प्रदेश के नागरिकों को जागरूक किया जाना चाहिए। उन्होंने इसके लिए संचार तंत्र को मजबूत किए जाने के निर्देश दिए। कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में संचार तंत्र फेल होने पर आपातकालीन संचार व्यवस्था, वायरलैस, सैटेलाईट फोन आदि के लिए भी तैयारियां सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने इसमें सामुदायिक सहभागिता, आपदा मित्र, मंगल दल, एनएसएस एवं एनसीसी को भी शामिल किए जाने की बात कही। मुख्य सचिव ने बड़े बांध एवं संवेदनशील भवनों में सम्भावित खतरे की स्थिति में सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं सहित आपदा प्रबन्धन योजना तैयार रखे जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी वाटर हाईड्रेंट्स को सुचारू किया जाएं। नागरिक सुरक्षा की दृष्टि से बड़े भवनों के सुरिक्षत बेसमेंट आदि को तैयार रखा जाए।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक दीपक सेठ, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव शैलेश बगोली, नितेश कुमार झा, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरूषोत्तम, चंद्रेश कुमार यादव, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, कमिश्नर गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय एवं सचिव विनोद कुमार सुमन, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कमिश्नर कुमाऊं श्री दीपक रावत, जनपदों से जिलाधिकारी, भारतीय सेना के प्रतिनिधि सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

चारधाम यात्रा, राष्ट्रीय प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाई जाए- मुख्यमंत्री

0

देहरादून/ उत्तराखंड

चारधाम यात्रा, राष्ट्रीय प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाई जाए- मुख्यमंत्री

केंद्रीय गृह मंत्री के साथ आयोजित वर्चुअल बैठक के बाद सीएम धामी ने ली उच्चस्तरीय बैठक

अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती के निर्देश, लोगों से अफवाहों से बचने की अपील

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये कि अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की परिस्थितियों को देखते हुए चारधाम यात्रा, उत्तराखंड में स्थित महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और बांधों और ऊर्जा संयंत्रों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतेजाम किये जाएं। उन्होंने शासन, प्रशासन और पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिये हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की वर्चुअल बैठक में प्रतिभाग करने के बाद, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्तरराष्ट्रीय सीमाओं से लगे राज्य के सभी क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टि से पुख्ता इंतजाम किए जाएं, सीमांत क्षेत्रों में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि इस समय राज्य में चारधाम यात्रा चल रही है, जिसमें लाखों तीर्थयात्री प्रतिभाग कर रहे हैं, इसलिए यात्रा मार्ग सहित चारों धामों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कई राष्ट्रीय महत्व के प्रतिष्ठान हैं, इन संस्थानों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी तरह की आपात स्थिति के लिए जिला और तहसील स्तर पर खाद्यान सहित आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाये रखी जाए। अस्पतालों को आपातकालीन परिस्थितियों के लिए अलर्ट रखा जाए। सभी आवश्यक दवाओं का पूर्ण प्रबंध किया जाय। उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा दल और स्वयंसेवी संस्थाओं को बचाव और राहत कार्य के लिए प्रशिक्षण दिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को भी सही सूचनाओं के साथ सतर्क किया जाए, साथ ही इस बात का ध्यान रखा जाए कि जन सामान्य के पास हर तरह से सही और प्रमाणित सूचनाएं ही पहुंचे, ताकि वो अफवाह से दूर रह सकें। साथ ही अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती की जाए। सोशल मीडिया के माध्यम से इस पर लगातार निगरानी रखी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़ते हुए, कार्मिकों के अवकाश मंजूर न किए जाएं। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने जिलों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए। लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि शासन – प्रशासन हर तरह से मदद के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के लिए अतिरिक्त केंद्रीय सुरक्षा बल उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का विशेष आभार व्यक्त किया है। बैठक में मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर.के सुधांशु, डीजीपी श्री दीपम सेठ, सचिव श्री शैलेश बगोली, श्री वीके सुमन शामिल हुए।

ऑपरेशन सिंदूर : भारत-पाक तनाव के बीच 18 एयरपोर्ट बंद, 200 से ज्यादा उड़ानें रद्द

0

नई दिल्ली : पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने 6-7 मई की रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। इस कार्रवाई से भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है, जिसके चलते भारत ने हाई अलर्ट जारी कर दिया। उत्तरी और पश्चिमी भारत के 18 प्रमुख हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इनमें श्रीनगर, जम्मू, लेह, अमृतसर, पठानकोट, चंडीगढ़, जोधपुर, जैसलमेर, शिमला, धर्मशाला और जामनगर शामिल हैं।

उड़ानों पर भारी असर

ऑपरेशन सिंदूर के बाद हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। अब तक 200 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। इंडिगो ने अकेले 165 उड़ानें रद्द की हैं, जबकि दिल्ली हवाई अड्डे से 35 से ज्यादा उड़ानें (23 प्रस्थान, 8 आगमन और 4 अंतरराष्ट्रीय) प्रभावित हुई हैं। इंडिगो ने श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला, बीकानेर और जोधपुर के लिए सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं।

एयरलाइंस के बयान

  • इंडिगो: इंडिगो ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “मौजूदा परिस्थितियों के कारण उड़ान शेड्यूल में बदलाव हो सकता है। यात्री एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट की स्थिति जांच लें।”

  • एयर इंडिया: एयर इंडिया ने जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट की उड़ानें 10 मई सुबह 5:29 बजे तक रद्द कर दी हैं। यात्रियों को टिकट रद्द करने या पुनर्निर्धारण पर कोई शुल्क नहीं देना होगा।

  • स्पाइसजेट, अकासा एयर, एयर इंडिया एक्सप्रेस: इन एयरलाइंस ने भी कई उड़ानें रद्द की हैं और यात्रियों को पूर्ण रिफंड या वैकल्पिक उड़ान का विकल्प देने की घोषणा की है।

  • कतर एयरवेज: पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण कतर एयरवेज ने पाकिस्तान के लिए उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी हैं।

भारत-पाक तनाव और ऑपरेशन सिंदूर

‘ऑपरेशन सिंदूर’ 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जवाब है, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। भारतीय सेना ने जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन के ठिकानों को निशाना बनाया। इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसका भारतीय सेना जवाब दे रही है।

यात्रियों के लिए सलाह

एयरलाइंस ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करें। रद्द उड़ानों के कारण हवाई अड्डों पर भीड़ और असुविधा से बचने के लिए यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट, आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

0

देहरादून: उत्तराखंड मौसम विभाग ने आज और कल के लिए पूरे राज्य में आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि सभी जिलों में बारिश की संभावना है। पांच जिलों में कई स्थानों पर, चार जिलों में कुछ जगहों पर, और चार जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है।

बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान

बिक्रम सिंह के अनुसार, 7 मई से 12 मई तक पूरे उत्तराखंड में बारिश होगी। 11 और 12 मई को बारिश का दायरा बढ़ेगा, खासकर 12 मई को पूरे राज्य में कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों, विशेष रूप से उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी गई है। कई पहाड़ी जिलों में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है।

सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग के निदेशक ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने सलाह दी कि आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। नदियों, गदेरों और गाड़ों से दूरी बनाए रखें, क्योंकि जलस्तर अचानक बढ़ने से खतरा हो सकता है। चारधाम यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों को सलाह दी गई है कि वे गिरते तापमान के लिए उचित इंतजाम करें और मौसम अपडेट नियमित रूप से लेते रहें।

मौसम विभाग का बयान

बिक्रम सिंह ने कहा, “ऑरेंज अलर्ट के तहत सभी जिलों में सावधानी बरतने की जरूरत है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी से स्थिति जटिल हो सकती है। लोग खुले स्थानों से बचें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।”

नौ आतंकी ठिकाने तबाह किए गए, रात 1.05 से 1.30 बजे के बीच चला ‘ऑपरेशन सिंदूर’

0

नई दिल्ली/जम्मू-कश्मीर: 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जवाब देते हुए भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए। यह कार्रवाई मंगलवार देर रात 1:44 बजे शुरू हुई, जिसमें भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। हमले के बाद पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (LoC) और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारी गोलीबारी की, जिसके जवाब में भारतीय सेना भी मुंहतोड़ कार्रवाई कर रही है।

आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले

भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य पहलगाम हमले के पीड़ितों को न्याय दिलाना था। खुफिया जानकारी के आधार पर नौ आतंकी ठिकानों को नष्ट किया गया, जिनमें आतंकियों को प्रशिक्षण देने वाले लॉन्च पैड शामिल थे। इन ठिकानों में जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन के शिविर थे। कर्नल कुरैशी ने कहा, “हमने सटीक हथियारों का उपयोग किया और आम नागरिकों को नुकसान से बचाने का पूरा ध्यान रखा।”

हमले में निशाना बनाए गए ठिकाने:

  1. मरकज़ सुभान अल्लाह, बहावलपुर

  2. मरकज़ तैयबा, मुरिदके

  3. सरजाल/तेहरा कलां, बहावलपुर

  4. महमूना जोया सुविधा, सियालकोट

  5. मरकज़ अहले हदीस बरनाला, भिम्बर

  6. मरकज़ अब्बास, कोटली

  7. मस्कर राहील शाहिद, कोटली

  8. शावई नाला कैम्प, मुजफ्फराबाद

  9. मरकज़ सैयदना बिलाल, मुजफ्फराबाद

पहलगाम हमले में पाकिस्तान का हाथ

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि पहलगाम हमले की जिम्मेदारी द रेसिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली थी, जो लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा है। उन्होंने कहा, “इस हमले में पाकिस्तान की संलिप्तता साफ है। हमले के दो सप्ताह बाद भी पाकिस्तान ने आतंकियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।” मिस्री ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के आतंकवाद समर्थक रवैये की पोल खोली और भारत की शून्य सहिष्णुता नीति को दोहराया।

प्रेस ब्रीफिंग में दिखाए गए सबूत

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक वीडियो प्रस्तुति दिखाई गई, जिसमें संसद हमले, मुंबई हमले, पुलवामा हमले और पहलगाम हमले के दृश्य शामिल थे। यह दर्शाया गया कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद ने भारत को बार-बार निशाना बनाया है। कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने नष्ट किए गए ठिकानों की तस्वीरें साझा कीं।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

ऑपरेशन के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पठानकोट और अमृतसर में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है। श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बंद कर विमानों को डायवर्ट किया गया है। बीएसएफ ने सीमावर्ती गांवों में चौकसी बढ़ा दी है, और लोगों को गांव खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। जम्मू, सांबा, कठुआ, राजौरी और पुंछ में सभी शैक्षणिक संस्थान बुधवार को बंद रहे।

अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाएं

  • चीन: चीनी विदेश मंत्रालय ने हमले को “अफसोसजनक” बताया और दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की। भारत ने इसे चीन का दोहरा चरित्र करार दिया।

  • अमेरिका: विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि वह स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और शांतिपूर्ण समाधान के लिए दोनों पक्षों से बात करेंगे।

  • अमेरिकी दूतावास: भारत में अमेरिकी दूतावास ने कहा कि पाकिस्तान से आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद थी, लेकिन उसने इनकार किया। भारत की कार्रवाई जिम्मेदाराना थी।

  • भारत: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा, “दुनिया को आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता अपनानी चाहिए।”

पाकिस्तान की प्रतिक्रिया

पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार ने भारत की कार्रवाई को “कायरतापूर्ण” और “युद्ध की कार्रवाई” बताया। उन्होंने दावा किया कि हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित कई नागरिक मारे गए। डार ने इसे संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन बताया और जवाबी कार्रवाई की धमकी दी।

नेताओं की प्रतिक्रिया

  • राहुल गांधी: कांग्रेस नेता ने कहा, “हमें अपने सशस्त्र बलों पर गर्व है। जय हिंद!”

  • अल्ताफ ठाकुर: बीजेपी नेता ने ऑपरेशन की सराहना करते हुए कहा, “यह आतंकवाद के खिलाफ बड़ा कदम है।”

  • राजनाथ सिंह: रक्षा मंत्री ने तीनों सेना प्रमुखों से स्थिति की जानकारी ली।

  • नरेंद्र मोदी: सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी रातभर ऑपरेशन पर नजर रखे रहे।