Home Blog Page 21

अप्रैल में 14 दिन बंद रहेंगे बैंक, जानें आपके शहर में कब-कब रहेगी छुट्टी, देखें पूरा कैलेंडर

0

नई दिल्ली। अप्रैल 2026 में बैंक कुल 14 दिन बंद रहेंगे। इनमें साप्ताहिक अवकाश के साथ-साथ विभिन्न त्योहारों के कारण अलग-अलग राज्यों में छुट्टियां शामिल हैं। 1 अप्रैल को बैंक खुले रहेंगे, लेकिन नए वित्त वर्ष की शुरुआत के चलते आम कामकाज नहीं होगा।

छुट्टियों की पूरी लिस्ट:

  • 1 अप्रैल (बुधवार): वार्षिक लेखा समापन (आम लेनदेन नहीं)
  • 2 अप्रैल (गुरुवार): मौंडी गुरुवार (कोच्चि, तिरुवनंतपुरम)
  • 3 अप्रैल (शुक्रवार): गुड फ्राइडे (अधिकांश शहरों में अवकाश)
  • 5 अप्रैल (रविवार): साप्ताहिक अवकाश
  • 11 अप्रैल (शनिवार): दूसरा शनिवार
  • 12 अप्रैल (रविवार): साप्ताहिक अवकाश
  • 14 अप्रैल (मंगलवार): आंबेडकर जयंती/बैसाखी/अन्य पर्व (कई शहरों में अवकाश)
  • 15 अप्रैल (बुधवार): बंगाली नववर्ष/बिहू/विशु/हिमाचल दिवस
  • 16 अप्रैल (गुरुवार): बोहाग बिहू (गुवाहाटी)
  • 19 अप्रैल (रविवार): साप्ताहिक अवकाश
  • 20 अप्रैल (सोमवार): बसव जयंती/अक्षय तृतीया (बेंगलुरु)
  • 21 अप्रैल (मंगलवार): गरिया पूजा (अगरतला)
  • 25 अप्रैल (शनिवार): चौथा शनिवार
  • 26 अप्रैल (रविवार): साप्ताहिक अवकाश

ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी चालू:
बैंक बंद रहने के बावजूद ATM, मोबाइल बैंकिंग, UPI और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी। इसलिए ग्राहक ऑनलाइन माध्यम से अपने जरूरी काम आसानी से कर सकते हैं।

चारधाम यात्रा: आज से ग्रीन कार्ड बनने शुरू, परिवहन विभाग ने यहां बनाए सेंटर

0

देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा को लेकर परिवहन विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार से चारधाम मार्गों पर संचालित होने वाले व्यावसायिक यात्री वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ग्रीन कार्ड बनाने की सुविधा देहरादून की आशारोड़ी चेक पोस्ट, विकासनगर, ऋषिकेश, हरिद्वार और रुड़की स्थित एआरटीओ कार्यालयों में उपलब्ध रहेगी। वहीं, 15 अप्रैल से रुड़की की नारसन चेक पोस्ट पर भी ग्रीन कार्ड बनाए जाएंगे। आरटीओ (प्रशासन) ने सभी संबंधित अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। वर्ष 2025 में करीब 32 हजार व्यावसायिक वाहनों के ग्रीन कार्ड बनाए गए थे।

चारधाम यात्रा की शुरुआत अक्षय तृतीया के अवसर पर 19 अप्रैल से होगी, जब यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलेंगे। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। यात्रा को सुचारू बनाने के लिए पहले स्थानीय वाहनों के ग्रीन कार्ड बनाए जा रहे हैं, ताकि बाहरी राज्यों के वाहनों के आगमन पर भीड़ और अव्यवस्था से बचा जा सके। ग्रीन कार्ड बनवाने के लिए वाहन चालकों को अपने वाहन के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इसके साथ ही वाहन का तकनीकी निरीक्षण भी किया जाएगा। दस्तावेजों में कमी या तकनीकी खामियां पाए जाने पर ग्रीन कार्ड जारी नहीं किया जाएगा।

प्रत्येक केंद्र पर तकनीकी टीम के साथ प्रशासनिक टीम भी तैनात की गई है। साथ ही, प्रतिदिन जारी किए गए ग्रीन कार्ड की रिपोर्ट आरटीओ प्रशासन को भेजी जाएगी। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए क्यूआर कोड और यूपीआई के माध्यम से भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे राशि सीधे सरकारी खाते में जमा होगी। ग्रीन कार्ड बनने की सूचना वाहन चालकों को मोबाइल संदेश के माध्यम से दी जाएगी। इसी क्रम में आज हरिद्वार एआरटीओ कार्यालय में ग्रीन कार्ड काउंटर का उद्घाटन परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा द्वारा किया जाएगा। आरटीओ (प्रशासन) संदीप सैनी ने बताया कि गढ़वाल संभाग के सभी कार्यालयों में ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और बिना तकनीकी जांच के किसी भी वाहन को अनुमति नहीं दी जाएगी।

उत्तराखंड में रोड रेज के दौरान फायरिंग, रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत

0

देहरादून के राजपुर रोड पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने शहर को झकझोर दिया। रोड रेज के दौरान हुई फायरिंग में 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर के. जोशी की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्रिगेडियर जोशी रोज की तरह सुबह सैर के लिए निकले थे। इसी दौरान सुबह करीब 6:45 से 7 बजे के बीच दो कारों में सवार लोगों के बीच तेज रफ्तार में पीछा और कहासुनी चल रही थी।

विवाद के दौरान एक कार से अचानक फायरिंग कर दी गई, जिसमें चली एक गोली वहां से गुजर रहे ब्रिगेडियर जोशी को जा लगी। बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम से उनका कोई लेना-देना नहीं था। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आरोपी अपनी कार कुछ दूरी पर छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस घटना ने देहरादून की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर शहर के व्यस्त इलाकों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है।

उत्तराखंड मौसम अपडेट: 30-31 मार्च को भारी बारिश-आंधी का अलर्ट, ऊंचाई वाले इलाकों में हो सकती है बर्फबारी और ओलावृष्टि

0

देहरादून: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तराखंड के कई जिलों में अगले दो दिनों के लिए मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 30 और 31 मार्च को देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत समेत कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक के साथ आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, इन इलाकों में हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों (3300 मीटर से अधिक) में बर्फबारी के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है, जबकि निचले इलाकों में बादल छाए रहेंगे और ठंड बढ़ेगी।

IMD की सलाह:

  • यात्रियों को पहाड़ी सड़कों पर सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
  • किसानों को खड़ी फसलों और बागानों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।
  • गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान खुले में न रहें।

यह मौसम प्रणाली पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बन रही है, जिसके चलते पूरे राज्य में मौसम खराब बना रहेगा। स्थानीय प्रशासन ने लोगों को अपडेट रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। लाइव अपडेट के लिए IMD की आधिकारिक वेबसाइट या स्थानीय मौसम ऐप चेक करें।

कुवैत में ईरानी हमले में भारतीय कर्मचारी की मौत, बिजली संयंत्र को नुकसान

0

कुवैत: कुवैत के बिजली, पानी और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि ईरान के हमले में एक बिजली और जल विलवणीकरण संयंत्र में काम कर रहे एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई तथा वहां की एक इमारत को गंभीर नुकसान पहुंचा है।

मंत्रालय ने रविवार शाम हुई इस घटना को “कुवैत के खिलाफ ईरान की आक्रामकता” करार दिया। मंत्रालय की प्रवक्ता इंजीनियर फातिमा अब्बास जौहर हयात ने आधिकारिक बयान में कहा, “ईरानी आक्रामकता के तहत एक बिजली और जल विलवणीकरण संयंत्र की सर्विस बिल्डिंग को निशाना बनाया गया। इस हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई और इमारत को काफी नुकसान पहुंचा है।”

उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो युवकों की मौत, दो गंभीर घायल

0

अल्मोड़ा जिले की देघाट तहसील के ग्राम चिन्तोली में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली के अचानक अनियंत्रित होकर पलट जाने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना ग्राम प्रहरी चन्दन सिंह द्वारा थाना देघाट को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देघाट पहुंचाया गया।

सीएचसी में डॉक्टरों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान दर्शन सिंह (24) पुत्र छोदाण सिंह और चन्दन सिंह (24) पुत्र प्रेम सिंह, दोनों निवासी ग्राम चिन्तोली के रूप में हुई है।

‘मौजूदा समय बेहद चुनौतीपूर्ण’ – मन की बात में पीएम मोदी ने US-इजरायल और ईरान युद्ध पर जताई गहरी चिंता

0

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मन की बात के 132वें एपिसोड में पश्चिम एशिया (वेस्ट एशिया) में चल रहे US-इजरायल बनाम ईरान युद्ध को लेकर देशवासियों से संबोधित करते हुए चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय बेहद चुनौतीपूर्ण है और इस संकट से निपटने के लिए पूरे देश को एकजुट रहना होगा।

पीएम मोदी ने युद्ध की तुलना कोविड-19 जैसी वैश्विक चुनौती से करते हुए कहा कि यह संकट ऊर्जा सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखला और अर्थव्यवस्था पर गहरा असर डाल रहा है। उन्होंने जोर दिया कि भारत सरकार स्थिति पर नजर रखे हुए है और जरूरी कदम उठा रही है।71e9dd

ये कहीं बड़ी बातें

ऊर्जा सुरक्षा पर फोकस: पीएम ने लोकसभा और राज्यसभा में भी युद्ध के प्रभाव का जिक्र किया था। उन्होंने बताया कि भारत पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की सप्लाई सुचारू रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनाव के बावजूद कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

प्रवासी भारतीयों की सुरक्षा: युद्ध शुरू होने के बाद अब तक 3.75 लाख से ज्यादा भारतीयों को सुरक्षित भारत वापस लाया गया है, जिनमें ईरान से करीब 1,000 (ज्यादातर मेडिकल छात्र) शामिल हैं।

कूटनीतिक प्रयास: पीएम मोदी ने ईरान, इजरायल, अमेरिका और खाड़ी देशों के नेताओं से फोन पर बात की है। उन्होंने बातचीत और कूटनीति के जरिए विवाद सुलझाने का समर्थन किया।

जनता से अपील: घबराने की बजाय तैयार रहने और एकजुटता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि “गंभीर परिणाम” टालने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

यह युद्ध लगभग एक महीने से जारी है और इसमें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (जिससे दुनिया की बड़ी तेल आपूर्ति होती है) को लेकर तनाव बढ़ा हुआ है। भारत जैसे तेल आयातक देशों पर इसका असर पड़ सकता है।

मन की बात में पीएम मोदी ने अन्य मुद्दों पर भी बात की, लेकिन वेस्ट एशिया संकट को मुख्य फोकस बनाया। उन्होंने देशवासियों से कहा कि चुनौतियों का सामना हम मिलकर करेंगे, जैसा हमने कोविड के समय किया था।

भारत सरकार के कदम:

  • कैबिनेट की सुरक्षा मामलों की समिति (CCS) की बैठक।
  • मुख्यमंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक।
  • रणनीतिक पेट्रोलियम रिजर्व का उपयोग और विविध स्रोतों से आयात।

यह संकट वैश्विक स्तर पर ऊर्जा कीमतों, मुद्रास्फीति और व्यापार को प्रभावित कर रहा है। भारत अपनी विदेश नीति में संतुलन बनाते हुए सभी पक्षों से संपर्क में है।

देहरादून एयरपोर्ट पर समर शेड्यूल लागू, 34 उड़ानों को मंजूरी, नवी मुंबई और पिथौरागढ़ के लिए सीधी उड़ानें शुरू

0

देहरादून :जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर रविवार से समर शेड्यूल लागू कर दिया गया है, जो 24 अक्तूबर तक प्रभावी रहेगा। नए शेड्यूल के तहत कुल 34 उड़ानों को मंजूरी दी गई है। साथ ही कुछ उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है और कुछ नए शहरों को भी एयरपोर्ट नेटवर्क से जोड़ा गया है।

इस समर शेड्यूल में भुवनेश्वर की उड़ान को शामिल नहीं किया गया है, जबकि नवी मुंबई और पिथौरागढ़ के लिए पहली बार सीधी उड़ान सेवा शुरू की गई है। अब देहरादून से दिल्ली, अहमदाबाद, कुल्लू, हैदराबाद, जयपुर, मुंबई, बेंगलुरु, लखनऊ, पुणे, नवी मुंबई, कोलकाता और पिथौरागढ़ सहित कुल 12 शहरों के लिए सीधी उड़ानें संचालित होंगी। कुछ उड़ानें 29 मार्च से शुरू हो गई हैं, जबकि अन्य अलग-अलग तिथियों से संचालित होंगी।

इसी के साथ एयरपोर्ट पर डिजिटल सुविधा “Digi Yatra” का भी शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस सेवा के जरिए यात्रियों को बिना दस्तावेज दिखाए, केवल चेहरे की पहचान के आधार पर एयरपोर्ट में प्रवेश की सुविधा मिलेगी।

डिजी यात्रा सेवा लागू होने के बाद यात्रियों को चेक-इन, बोर्डिंग और सुरक्षा जांच में लगने वाले समय से राहत मिलेगी। यह पूरी प्रक्रिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित फेस रिकग्निशन तकनीक पर आधारित है, जिससे यात्रियों को पेपरलेस और कॉन्टैक्टलेस यात्रा का अनुभव मिलेगा।

इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए यात्रियों को अपने मोबाइल में डिजी यात्रा ऐप डाउनलोड कर आधार और मोबाइल नंबर के जरिए रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद फ्लाइट से संबंधित जानकारी और फोटो अपलोड करनी होगी। एयरपोर्ट पर लगे कैमरे ऐप में दर्ज डेटा से चेहरे का मिलान कर स्वचालित गेट खोल देंगे। सुरक्षा के लिहाज से ऐप में दर्ज डेटा यात्रा के 24 घंटे बाद स्वतः डिलीट हो जाएगा।

एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए वाई-फाई, पुस्तक पढ़ने की व्यवस्था और बच्चों के लिए किड्स जोन जैसी सुविधाएं भी शुरू की हैं।

देहरादून-नवी मुंबई के बीच पहली सीधी उड़ान

समर शेड्यूल के तहत आज से देहरादून और नवी मुंबई के बीच पहली बार सीधी उड़ान सेवा शुरू की गई है। यह सेवा IndiGo द्वारा संचालित की जा रही है। एयरलाइन का 186 सीटर विमान शाम 5:35 बजे नवी मुंबई से देहरादून पहुंचेगा और 6:10 बजे वापसी उड़ान भरेगा।

लगभग 2 घंटे 25 मिनट की इस यात्रा के लिए शुरुआती किराया करीब 10,939 रुपये रखा गया है, जो समय के साथ बदल सकता है। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए इस नई उड़ान से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

उत्तराखण्ड : सूचना न देने पर सहायक नगर आयुक्त पर ₹10,000 का जुर्माना, विभागीय कार्रवाई की संस्तुति, डीएम पौड़ी को भी दिए निर्देश

0

देहरादून/कोटद्वार: उत्तराखण्ड सूचना आयोग ने सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम के तहत सूचना उपलब्ध न कराने के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए नगर निगम कण्वनगरी, कोटद्वार के सहायक नगर आयुक्त एवं लोक सूचना अधिकारी चन्द्रशेखर शर्मा पर ₹10,000 का जुर्माना लगाया है। आयोग ने साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की भी संस्तुति की है।

यह आदेश मुख्य सूचना आयुक्त श्रीमती राधा रतूड़ी की अध्यक्षता में शिकायत संख्या 16648/2025-26 की सुनवाई के दौरान पारित किया गया। शिकायतकर्ता अंशुल चन्द्र बुडाकोटी ने आयोग में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि उनके द्वारा मांगी गई सूचना समय पर और पूर्ण रूप से उपलब्ध नहीं कराई गई।

क्या है मामला

शिकायतकर्ता ने नगर निगम कोटद्वार से एक मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित आपत्ति पर की गई कार्यवाही की जानकारी मांगी थी। आरोप है कि कई बार अनुरोध करने के बावजूद उन्हें स्पष्ट और पूर्ण सूचना नहीं दी गई। यहां तक कि आयोग के पूर्व आदेश (16 अक्टूबर 2025) के अनुपालन में भी सूचना अधूरी रही।

आयोग की सख्ती

सुनवाई के दौरान आयोग ने पाया कि लोक सूचना अधिकारी द्वारा सूचना देने में गंभीर लापरवाही बरती गई। आयोग ने पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया था, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर इसे अंतिम करते हुए ₹10,000 का दंड अधिरोपित किया गया।

आयोग ने अपने आदेश में कहा कि RTI अधिनियम के प्रति इस तरह की उदासीनता स्वीकार्य नहीं है और यह पारदर्शिता के सिद्धांतों के विपरीत है।

जिलाधिकारी को भी निर्देश

आयोग ने मामले में जिलाधिकारी, पौड़ी गढ़वाल को भी हस्तक्षेप करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने कहा है कि शिकायतकर्ता के आरोपों का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण लिया जाए और यदि अनियमितता पाई जाए तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

वेतन से होगी वसूली

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय में जुर्माना जमा नहीं किया गया तो यह राशि संबंधित अधिकारी के वेतन/देयकों से काटकर राजकोष में जमा कराई जाएगी।

ई-चालान से जमा होगी राशि

जुर्माने की राशि राज्य सरकार के ई-चालान पोर्टल के माध्यम से “Right to Information Act 2005” शीर्ष के अंतर्गत जमा करनी होगी।

उत्तराखंड में सियासी हलचल तेज, 6 बड़े नेता कांग्रेस में शामिल, BJP को झटका

0

नई दिल्ली/देहरादून:उत्तराखंड की राजनीति में शनिवार को बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला। दिल्ली स्थित एआईसीसी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी के कई प्रमुख नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया।

कांग्रेस में शामिल होने वाले नेताओं में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व विधायक नारायण पाल, घनसाली से पूर्व विधायक भीमलाल आर्य, रुड़की के पूर्व महापौर गौरव गोयल, मसूरी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और लाखन सिंह नेगी शामिल हैं। इन नेताओं के शामिल होने से राज्य की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है।

कांग्रेस ने इसे अपने लिए बड़ा राजनीतिक संकेत बताते हुए दावा किया कि भाजपा का जनाधार कमजोर हो रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि भाजपा के भीतर भी असंतोष बढ़ रहा है, जिसके चलते अब उसके नेता कांग्रेस का रुख कर रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि पार्टी के पास ऐसे नेताओं की एक लंबी सूची है, जो कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल छह नेताओं ने औपचारिक रूप से सदस्यता ग्रहण की है और आने वाले समय में यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।

वहीं, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट ने कहा कि राज्य की जनता का रुझान तेजी से कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीतियों से जनता का मोहभंग हो रहा है, जिसका असर अब पार्टी के नेताओं पर भी दिखाई देने लगा है।

पार्टी ने नए शामिल हुए नेताओं का स्वागत करते हुए इसे संगठन के लिए मजबूती का संकेत बताया है। साथ ही कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। कांग्रेस का दावा है कि यह सिर्फ शुरुआत है और आने वाले दिनों में भाजपा के और भी वरिष्ठ नेता पार्टी में शामिल हो सकते हैं।

कांग्रेस ने इस राजनीतिक घटनाक्रम को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अपने पक्ष में माहौल बनने का संकेत बताया है और राज्य में सरकार बनाने का दावा दोहराया है।