Home Blog Page 19

ट्विशा की मौत अप्राकृतिक”, सुप्रीम कोर्ट ने कहा, केस को सनसनीखेज बनाने से बचें

0

भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में सोमवार को Supreme Court of India में सुनवाई हुई। अदालत ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि ट्विशा की मौत “अप्राकृतिक” है और इसकी निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है। कोर्ट ने भरोसा जताया कि जांच एजेंसियां सच्चाई तक जरूर पहुंचेंगी।

मुख्य न्यायाधीश Surya Kant की अध्यक्षता वाली बेंच ने मामले की सुनवाई की। बेंच में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस विपुल एम. पंचौली भी शामिल रहे। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कुछ टिप्पणियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह कहना दुर्भाग्यपूर्ण है कि न्यायपालिका निष्पक्ष सुनवाई नहीं होने दे रही।

अदालत ने कहा कि उसे पूरा विश्वास है कि पीड़ित और आरोपी दोनों पक्ष जांच में सहयोग करेंगे। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि चाहे जांच राज्य एजेंसी करे या सीबीआई, मामले को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाया जाएगा और सच सामने लाया जाएगा।

सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल Tushar Mehta ने दलील दी कि ट्विशा की सास गिरिबाला जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं और जांच प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न कर रही हैं।

वहीं सुप्रीम कोर्ट ने मीडिया को भी जिम्मेदारी के साथ रिपोर्टिंग करने की सलाह दी। अदालत ने कहा कि किसी एक पक्ष के आरोपों के आधार पर मामले को सनसनीखेज बनाने से बचना चाहिए।

गंगा दशहरा पर हरकी पैड़ी में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई पवित्र डुबकी

0

हरिद्वार। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार सुबह से ही हरकी पैड़ी समेत विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ गंगा स्नान के लिए पहुंच रही है। श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर सुख-समृद्धि और पापों से मुक्ति की कामना कर रहे हैं। धार्मिक मान्यता है कि गंगा दशहरा के दिन गंगा स्नान, दान, जप और पूजा करने से मनुष्य के दस प्रकार के पापों का नाश होता है।

हरकी पैड़ी पर सुबह से ही “हर-हर गंगे” और “जय मां गंगे” के जयघोष गूंजते रहे। घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, जल पुलिस और प्रशासनिक टीमें लगातार निगरानी बनाए हुए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं, गंगोत्री धाम में भी श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चारण, शंखध्वनि और भजनों से गुंजायमान रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन और पूजन के लिए पहुंचे।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां गंगा का अवतरण ज्येष्ठ शुक्ल दशमी के दिन हुआ था। पौराणिक कथाओं में वर्णित है कि राजा भगीरथ की कठोर तपस्या से प्रसन्न होकर मां गंगा भगवान शिव की जटाओं से पृथ्वी पर अवतरित हुईं और मानव कल्याण के लिए मैदानों की ओर प्रवाहित हुईं। माना जाता है कि इसी दिन मां गंगा पहली बार पर्वतीय क्षेत्र से उतरकर हरिद्वार पहुंचीं, जिसके उपलक्ष्य में हर वर्ष गंगा दशहरा मनाया जाता है।

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार सोमवार प्रातः 9:06 बजे से कन्या राशि में चंद्रमा और वृष राशि में सूर्य के विशेष योग में स्नान का शुभ मुहूर्त प्राप्त हुआ। अधिक पुरुषोत्तम मास होने के बावजूद गंगा दशहरा पर्व मनाया जा रहा है। शास्त्रों में वर्णित है कि ज्येष्ठ मास में अधिक मास पड़ने पर गंगा आगमन दिवस मनाने की अनुमति दी गई है। गंगा दशहरा पर श्रद्धालु दीपदान, गंगा आरती और विशेष पूजन कर मां गंगा से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं। हरिद्वार, प्रयागराज, वाराणसी और गंगासागर सहित विभिन्न तीर्थ स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

धार्मिक विद्वानों के अनुसार “दशहरा” शब्द का अर्थ दस प्रकार के पापों का हरण है। इसी कारण इस दिन गंगा स्नान का विशेष महत्व माना गया है। श्रद्धालु पूरे विधि-विधान से स्नान, दान और पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं। इधर, ज्योतिषाचार्यों ने स्पष्ट किया है कि निर्जला एकादशी इस वर्ष 25 जून को मनाई जाएगी। अधिक मास संक्रांति विहीन होने के कारण उसमें अन्य पर्व नहीं पड़ते, लेकिन गंगा दशहरा पर्व मनाने का विशेष विधान शास्त्रों में बताया गया है।

उत्तराखंड : जंगल की आग ने दुकान को लिया चपेट में, लाखों का सामान जलकर राख

0

विकासनगर/चकराता उत्तराखंड में फायर सीजन के दौरान जंगलों में लग रही आग अब आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंचने लगी है। चकराता तहसील अंतर्गत सहिया-क्वानू मोटर मार्ग पर फैडोलानी क्षेत्र में जंगल की झाड़ियों से उठी आग एक दुकान तक पहुंच गई, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार सहिया-क्वानू मोटर मार्ग के किनारे करीब छह दुकानें स्थित हैं। बीते दिन दुकानों के नीचे जंगल की ओर झाड़ियों में आग लगी हुई थी। तेज हवाओं के कारण आग की लपटें तेजी से फैलीं और एक दुकान तक पहुंच गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल वन विभाग, राजस्व विभाग और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक फैडोलानी स्थित दुकान आग की चपेट में आ चुकी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुकान बंद थी। आग लगने से दुकान में रखा फ्रीज समेत अन्य सामान पूरी तरह जल गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। वन क्षेत्राधिकारी मायादत्त पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई। वहीं क्षेत्रीय पटवारी जगतराम शर्मा ने बताया कि अष्टी गांव निवासी जवाहर सिंह की दुकान के नीचे झाड़ियों से आग फैलने के कारण यह हादसा हुआ। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

इधर, तहसील क्षेत्र के मलेथा ग्राम पंचायत के धारिया गांव में भी हाल ही में एक ग्रामीण की गौशाला में भीषण आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें लकड़ियां और कृषि कार्य से जुड़ा सामान जलकर नष्ट हो गया था। वहीं, चमोली जिले के लोल्टी गांव के चकोरिधार तोक में भी जंगल की आग आवासीय बस्ती की ओर बढ़ने से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया था। हालांकि वन विभाग और स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

आज फिर फूटा महंगाई बम, पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, दो हफ्तों में चौथी बार बढ़े दाम

0

नई दिल्ली। देशभर में महंगाई के बीच सोमवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई। तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। पिछले दो सप्ताह के भीतर यह चौथी बार है जब ईंधन की कीमतें बढ़ाई गई हैं।

नई कीमतों के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं कोलकाता, मुंबई, जयपुर और पटना जैसे कई शहरों में पेट्रोल की कीमत 110 रुपये के पार पहुंच चुकी है।

प्रमुख शहरों में पेट्रोल के नए दाम

दिल्ली – 102.12 रुपये प्रति लीटर

कोलकाता – 113.51 रुपये प्रति लीटर

मुंबई – 111.21 रुपये प्रति लीटर

जयपुर – 113.40 रुपये प्रति लीटर

पटना – 113.50 रुपये प्रति लीटर

बेंगलुरु – 110.60 रुपये प्रति लीटर

नोएडा – 101.90 रुपये प्रति लीटर

प्रमुख शहरों में डीजल के नए दाम

दिल्ली – 95.20 रुपये प्रति लीटर

कोलकाता – 99.80 रुपये प्रति लीटर

मुंबई – 97.80 रुपये प्रति लीटर

चेन्नई – 99.60 रुपये प्रति लीटर

हैदराबाद – 103.80 रुपये प्रति लीटर

जयपुर – 98.40 रुपये प्रति लीटर

पटना – 99.50 रुपये प्रति लीटर

क्यों बढ़ रहे हैं दाम?

विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव के चलते वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है। ईरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण और प्रतिबंध लगाए जाने से तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर अंतरराष्ट्रीय बाजार पर पड़ा है।

बताया जा रहा है कि पिछले कई सप्ताह से सरकारी तेल कंपनियां पुराने दामों पर ईंधन बेच रही थीं और उन्हें भारी घाटा उठाना पड़ रहा था। अनुमान है कि इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और एचपीसीएल जैसी कंपनियों को प्रतिदिन 1,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो रहा था। इसी कारण कीमतों में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है।

आम जनता पर बढ़ेगा असर

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ने लगा है। परिवहन खर्च बढ़ने से खाद्य पदार्थों और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। साथ ही सीएनजी के दाम बढ़ने से सार्वजनिक परिवहन और घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।

श्री संपूर्ण देव ट्रस्ट जयपुर ने नगर पंचायत बदरीनाथ को एंबुलेंस भेंट की

0

•     श्री संपूर्ण देवस्थल मंदिर ट्रस्ट जयपुर ने श्री बदरीनाथ नगर पंचायत को दी हाईटेक एंबुलेंस 

 •जिलाधिकारी गौरव कुमार ने वर्चुअल माध्यम से  हाईटेक एंबुलेंस का शुभारंभ किया

•नगर पंचायत ईओ सुनील पुरोहित थाना प्रभारी नवनीत भंडारी रहे सहित संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।

बदरीनाथ धाम 24 मई।चारधाम यात्रा के दौरान श्री बद्रीनाथ धाम में देश-विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक भगवान बद्रीविशाल के दर्शन हेतु पहुंच रहे हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों एवं ऊंचाई वाले क्षेत्र में यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाए रखना प्रशासन एवं पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी क्रम में अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित एवं थानाध्यक्ष बद्रीनाथ नवनीत भंडारी के विशेष प्रयासों से श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

श्री संपूर्ण देव स्थल मंदिर, जयपुर की ट्रस्टी श्रीमती अल्का पांडे के सहयोग से एक अत्याधुनिक हाईटेक एम्बुलेंस नगर पंचायत बद्रीनाथ को डोनेट की गई है। यह एम्बुलेंस श्री बद्रीनाथ धाम में आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान श्रद्धालुओं को त्वरित एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार द्वारा वर्चुअल माध्यम से उक्त एम्बुलेंस का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों ने इसे चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।IMG 20260524 WA0058इस दौरान पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद उनियाल, प्रवीण ध्यानी पंडा पंचायत अध्यक्ष गौरव पंच भैया श्री ऋषि आनंद श्री विनोदानंद स्वामी गंगई नाथ , डॉ0 निखिल कुमार, नर्सिंग ऑफिसर संपूर्णानंद सहित नगर पंचायत कर्मचारी मौजूद रहे।

( समाचार  प्रेषक . डा.हरीश गौड़ मीडिया प्रभारी बीकेटीसी)

 

 

मॉडल ट्विषा शर्मा का 12 दिन बाद अंतिम संस्कार, AIIMS दिल्ली की टीम ने किया दोबारा पोस्टमार्टम, सुप्रीम कोर्ट कल होगी सुनवाई 

0

भोपाल। मॉडल और अभिनेत्री ट्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। हाईकोर्ट के निर्देश पर रविवार को भोपाल एम्स में ट्विषा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था तैनात रही। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया लगभग तीन घंटे तक चली, जिसमें दिल्ली AIIMS से आई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भी शामिल रही।

पोस्टमार्टम के बाद ट्विषा का शव स्वजनों को सौंप दिया गया। शाम करीब सवा पांच बजे भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। ट्विषा को लाल जोड़े में अंतिम विदाई दी गई। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा और बड़ी संख्या में परिजन, पूर्व सैनिक, मीडिया कर्मी तथा पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे। ट्विषा के भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी।

गौरतलब है कि 31 वर्षीय ट्विषा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं और विवाह के बाद भोपाल आई थीं। उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इसी के चलते हाईकोर्ट के निर्देश पर दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

इस हाई-प्रोफाइल मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान आकर्षित किया है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए विशेष सुनवाई तय की है। सोमवार 25 मई को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जोयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की विशेष पीठ इस मामले पर सुनवाई करेगी। मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर अब पूरे देश की नजरें आगामी सुनवाई पर टिकी हुई हैं।

बदरीनाथ धाम के पास कंचनगंगा क्षेत्र में ग्लेशियर खिसका, कोई नुकसान नहीं

0

चमोली। उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम के समीप कंचनगंगा क्षेत्र में ग्लेशियर टूटने और नीचे की ओर खिसकने की घटना सामने आई है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह सामान्य बताया है।

जानकारी के अनुसार, गर्मियों के मौसम में क्षेत्र में तापमान बढ़ने के साथ ग्लेशियर तेजी से पिघलते हैं, जिसके चलते हर वर्ष इस प्रकार की गतिविधियां देखने को मिलती हैं। इस बार भी ग्लेशियर नीचे की ओर खिसकते हुए कंचनगंगा क्षेत्र में आकर रुक गया।

चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पवार ने बताया कि ग्लेशियर खिसकने से किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यह एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया है और हर साल ग्लेशियर इसी प्रकार नीचे की ओर बढ़ता है।

वहीं जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि कंचनगंगा क्षेत्र में हुए हिमस्खलन का सड़क या आबादी वाले क्षेत्र पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। हिमस्खलन खाई क्षेत्र में ही रुक गया, जिससे यातायात और आम जनजीवन पूरी तरह सामान्य बना हुआ है।

जिलाधिकारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। प्रशासन द्वारा क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है।

उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, देहरादून को मिला नया जिलाधिकारी

0

उत्तराखंड सरकार ने राज्य प्रशासन में महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए कई अहम पदों पर नई नियुक्तियां की हैं। देहरादून के जिलाधिकारी पद पर बदलाव करते हुए वर्तमान डीएम को हटाकर आशीष चौहान को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसी क्रम में गढ़वाल मंडल के आयुक्त पद पर भी परिवर्तन किया गया है। विनय शंकर पांडे को आयुक्त पद से हटाते हुए उनकी जगह आनंद स्वरुप को नया गढ़वाल मंडल आयुक्त नियुक्त किया गया है।

वहीं, अपूर्णा पांडेय को बागेश्वर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। राज्य सरकार द्वारा किए गए इन प्रशासनिक बदलावों को अहम माना जा रहा है।

FB IMG 1779554181682 FB IMG 1779554184118

उत्तराखंड में मतदाता सूची फ्रीज, 15 सितंबर तक नहीं जुड़ेंगे नए वोटर

0

उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया शुरू होने से पहले चुनाव आयोग ने राज्य की मतदाता सूची फ्रीज कर दी है। अब 15 सितंबर तक न तो नए वोटर जोड़े जा सकेंगे और न ही किसी नाम को हटाया या संशोधित किया जा सकेगा। हालांकि इस दौरान सभी प्रकार के आवेदन लिए जाते रहेंगे, लेकिन उन पर कार्रवाई अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद ही होगी।

प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया 29 मई से शुरू हो रही है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से राज्य स्तरीय प्रशिक्षण पूरा किया जा चुका है, जबकि जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम 7 जून तक चलेंगे। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और उन्हें भरवाकर वापस जमा करेंगे।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने तक मतदाता सूची “रीड ओनली मोड” में रहेगी। यानी इस अवधि में कोई भी नया नाम लाइव डेटाबेस में दिखाई नहीं देगा और न ही पुराने रिकॉर्ड में बदलाव किया जा सकेगा। 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद सभी लंबित आवेदनों पर कार्रवाई शुरू होगी।

ये सेवाएं रहेंगी प्रभावित

1. नए वोटर जोड़ने और नाम कटवाने की प्रक्रिया रुकेगी
फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के जरिए किए जाने वाले नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन संबंधी आवेदन फिलहाल प्रोसेस नहीं किए जाएंगे।

2. वोटर आईडी कार्ड की प्रिंटिंग और डिलीवरी बंद रहेगी
डेटाबेस फ्रीज होने के कारण नए वोटर कार्ड की प्रिंटिंग और वितरण अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

3. बीएलओ और ईआरओ नहीं कर पाएंगे कार्रवाई
फ्रीज अवधि के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) और निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) सामान्य प्रक्रिया के तहत किसी आवेदन को मंजूरी या निरस्त नहीं कर सकेंगे।

4. विधानसभा क्षेत्र बदलने का अनुरोध भी रुकेगा
यदि कोई मतदाता दूसरे शहर या विधानसभा क्षेत्र में शिफ्ट हुआ है तो वह इस दौरान अपने पते या निर्वाचन क्षेत्र में बदलाव नहीं करा सकेगा।

चुनाव आयोग का कहना है कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि आगामी चुनावों में सही और अद्यतन मतदाता सूची का उपयोग किया जा सके।

UP का 12वीं पास उत्तराखंड में बना डॉक्टर, आयुर्वेदिक में मिला रहा था एलोपैथिक दवाएं

0

उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक कथित फर्जी डॉक्टर का पर्दाफाश हुआ है। आरोपी युवक पर बिना वैध डिग्री के लोगों का इलाज करने और आयुर्वेदिक दवाओं में एलोपैथिक दवाएं मिलाकर मरीजों को देने का गंभीर आरोप है।

मिली जानकारी के अनुसार पीलीभीत निवासी युवक लंबे समय से खुद को डॉक्टर बताकर इलाके में क्लीनिक चला रहा था। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से शिकायत की थी कि आरोपी मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद दिनेशपुर पुलिस, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य विभाग की टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान टीम ने क्लीनिक से कई संदिग्ध दवाइयां बरामद कीं। जांच में सामने आया कि आरोपी केवल 12वीं पास है, लेकिन पिछले करीब एक साल से खुद को डॉक्टर बताकर मरीजों का इलाज कर रहा था। अधिकारियों ने मौके से भारी मात्रा में दवाइयां कब्जे में लेकर उनके सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक से जुड़े दस्तावेजों और लाइसेंस की भी जांच की, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आने की बात कही जा रही है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के पास कोई वैध चिकित्सकीय डिग्री या इलाज से संबंधित आवश्यक अनुमति दस्तावेज नहीं मिले।

ड्रग इंस्पेक्टर उधम सिंह नगर ने बताया कि बरामद दवाओं की सैंपलिंग कर ली गई है और रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस भी पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।