Home Blog Page 160

देहरादून जिले में आज भी सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

0

देहरादून : भारत मौसम विज्ञान विभाग और नेशनल डिज़ास्टर अलर्ट पोर्टल की चेतावनी के बाद देहरादून जिले में आज 2 सितम्बर को सभी शासकीय, गैर-शासकीय विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।

जारी अलर्ट के अनुसार 2 से 6 सितम्बर तक देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और अतिवृष्टि की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। जिला प्रशासन ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और नदियों-नालों के जलस्तर में वृद्धि का खतरा बना हुआ है।

जिला मजिस्ट्रेट सोनिका ने आदेश जारी कर कहा कि मौसम की गंभीरता को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने अभिभावकों और स्थानीय निवासियों से भी अपील की है कि वे जोखिम भरे क्षेत्रों में न जाएं और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

भाजपाइयों ने कांग्रेस मुख्यालय पर किया हंगामा, कांग्रेसियों ने खदेड़ा

0
  • वोट चोर गद्दी छोड़ के नारों से गूंजा क्वालिटी चौक.

देहरादून। रविवार दोपहर राजधानी में राजनीतिक घमासान उस समय तेज हो गया, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता भारी संख्या में राजपुर रोड स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन पहुंच गए। करीब एक घंटे तक कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता क्वालिटी चौक पर आमने-सामने नारेबाजी करते रहे। पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी के बीच माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

 

सूत्रों के अनुसार, दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे भाजपा कार्यकर्ता परेड ग्राउंड से रैली की शक्ल में नारे लगाते हुए कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े। उनके हाथों में लाठियां और डंडे भी देखे गए। इस बीच, कांग्रेस कार्यकर्ता भी वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में गेट पर डट गए और “वोट चोर गद्दी छोड़ो” के नारे गूंजने लगे।

 

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस व प्रशासन ने बीच-बचाव किया। सिटी मजिस्ट्रेट व एसपी सिटी ने धस्माना से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भीतर ले जाने का आग्रह किया, लेकिन धस्माना ने कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को पहले रोका या गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया।

 

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने महिला कार्यकर्ताओं से अभद्र व्यवहार किया और धक्का-मुक्की की। हालांकि, कांग्रेसियों के विरोध और पुलिस दबाव के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं को पीछे हटना पड़ा।

 

बाद में कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि भाजपा “वोट चोर गद्दी छोड़ो” अभियान से घबरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की रैली को कमजोर करने और लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा ने टूलकिट के तहत षड्यंत्र रचा।

 

धस्माना ने कहा, “हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की स्वर्गीय माता जी समेत हर नारी का सम्मान करते हैं। कांग्रेस कभी भी किसी महिला के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग नहीं कर सकती।” उन्होंने ऐलान किया कि “वोट चोर गद्दी छोड़ो” अभियान पूरे उत्तराखंड के हर जिले, विधानसभा और ब्लॉक तक चलाया जाएगा।

 

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, जिनमें ताहिर अली, राजेंद्र शाह, डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, गरिमा माहरा दसौनी, डॉ. प्रतिमा सिंह, सुजाता पॉल, उदयवीर पुंडीर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उत्तराखंड में अग्निवीरों के लिए सेवा नियमावली जारी, इन विभागों में मिलेगा आरक्षण

0

देहरादून: उत्तराखंड में सेवामुक्त होने वाले अग्निवीरों को विभिन्न विभागों की वर्दीधारी सेवाओं में दस प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण प्रदान कर दिया है। इस संबंध में सोमवार को कार्मिक एवं सर्तकता विभाग की ओर से विधिवित तौर पर उत्तराखंड राज्याधीन सेवाओं में समूह ग के सीधी भर्ती के वर्दीधारी पदों पर सेवायोजन हेतु सेवामुक्त अग्निवीरों को क्षैतिज आरक्षण नियमावली – 2025 जारी कर दी है।

सैन्य बहुल प्रदेश होने के कारण उत्तराखंड सरकार के इस निर्णय को मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है। इसी नियमावली के जरिए अब सेवामुक्त हुए अग्निवीरों को विभिन्न विभागों के वर्दीधारी पदों पर 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण प्रदान किया जाएगा। इसमें पुलिस आरक्षी (नागरिक/पीएसी), उप निरीक्षक, प्लाटून कमांडर पीएसी, अग्निशामक, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी, बंदी रक्षक, उप कारापाल, वन आरक्षी, वन दरोगा, आबकारी सिपाही, प्रवर्तन सिपाही और सचिवालय रक्षक जैसे महत्वपूर्ण वर्दीधारी पद शामिल हैं।

“देश की सेवा कर लौटे पूर्व अग्निवीर प्रदेश का गौरव हैं। उन्हें सम्मान और रोजगार का अवसर देना हमारी जिम्मेदारी है। यह निर्णय सेवामुक्त हुए अग्निवीरों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक ठोस कदम है। हमारी सरकार पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को हर तरह से सेवायोजन का प्रयास कर रही है”।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड

मुंबई में गढ़वाल भ्रातृ मंडल ने प्रस्तुत की ‘एक शाम उत्तराखंड के नाम’, ज्योतिष पीठाधीश्वर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने किया शुभारंभ

0

मुंबई: श्री शंकराचार्य उत्सव सेवालय के तत्वावधान में गढ़वाल भ्रातृ मंडल, मुंबई द्वारा आयोजित ‘मुंबई उत्तराखंड महोत्सव’ के अंतर्गत एक भव्य सांस्कृतिक संध्या ‘एक शाम उत्तराखंड के नाम’ का आयोजन बोरीवली-पश्चिम के कोरा केंद्र मैदान में किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड की संस्कृति, लोक कला और परंपराओं का शानदार प्रदर्शन हुआ, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

IMG 20250901 WA0022
कार्यक्रम का शुभारंभ ज्योतिष पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने उत्तराखंड की अधिष्ठात्री देवी नंदा देवी की डोली का विधिवत पूजन कर किया। चंद्रशेखर टेंभेकर और मदन मोहन गोस्वामी ने शंकराचार्य जी को माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के प्रवासी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष व राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त पूरन चंद नैलवाल ने भी उपस्थिति दर्ज कराकर शंकराचार्य जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

IMG 20250901 WA0021
सांस्कृतिक संध्या में गणेश स्तुति, मांगल गीत, कृष्ण लीला, जागर और झोड़ा जैसे उत्तराखंडी लोक नृत्यों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। रामेश्वर गैरोला के संगीत संयोजन में लोक गायक प्रदीप रावत, बिहारी लाल काला, आशा राम रतूड़ी, लोक गायिका सरिता पौडेल, रत्ना कुंवर और अनीता रावत ने अपने मधुर गीतों से समां बांध दिया।

IMG 20250901 WA0024

नंदा देवी राज जात डोली की प्रस्तुति में उमेश डिमरी, सुरेश पुरोहित, अवतार नेगी और बिरेंद्र गुसाईं का उल्लेखनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन सुरेंद्र भट्ट और धनंजय रावत ने संयुक्त रूप से किया।

IMG 20250901 WA0027
कार्यक्रम में मोहन काला, मदन मोहन गोस्वामी, गिरेंद्र मित्तल, सुरेंद्र मित्तल, विनोद गुप्ता, धर्मानंद रतूड़ी, विजया पंत तुली, शंकर सिंह रावत, अर्जुन सिंह रावत, बुद्धि प्रसाद देवली सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की और शंकराचार्य जी का आशीर्वाद लिया।

आयोजन समिति में गणेश नौटियाल, मनोज द्विवेदी, गोपाल नयाल, कीर्ति सिंह रावत, राम सिंह घटाल, रमेश बलोदी, माया जोशी, पुष्पा बिष्ट, विनोद भारद्वाज, अनिल भट्ट आदि शामिल थे। आयुष कंडारी, आशुतोष रतूड़ी, अनिल पाटिल, नंदकिशोर चतुर्वेदी, मंजीत रावत और शरद नेगी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया। गढ़वाल भ्रातृ मंडल के अध्यक्ष रमण मोहन कुकरेती ने मंडल की गतिविधियों पर प्रकाश डाला और सभी का स्वागत किया।

IMG 20250901 WA0029

कार्यक्रम के संयोजक राजीव नौटियाल ने इस आयोजन को अपार सफल बनाने के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने और प्रवासी उत्तराखंडी समुदाय को एक मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।

5 सितम्बर तक बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा स्थगित

0

गोचर/चमोली। जिला प्रशासन ने मौसम विभाग की चेतावनी के बाद बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर रोक लगा दी है। मुख्य मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने 1 सितम्बर से 5 सितम्बर तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसी आधार पर चमोली जिला प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा फैसला लिया है।

जिलाधिकारी चमोली डॉ. संदीप तिवारी ने आदेश जारी कर बताया कि भारी बारिश के चलते भूस्खलन, सड़क बंद होने और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। आम जनमानस की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल प्रभाव से 1 सितम्बर से 5 सितम्बर तक बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा स्थगित की गई है।

आदेश में कहा गया है कि संबंधित विभागों के अधिकारी अपने स्तर से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। प्रशासन ने यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम सामान्य होने तक यात्रा स्थगित रखें और अनावश्यक रूप से जोखिम न उठाएं।

बताते चलें कि चमोली जिले में हर साल बरसात के दौरान बदरीनाथ हाईवे और कई ग्रामीण सड़कों पर भूस्खलन का खतरा बना रहता है। ऐसे में प्रशासन ने एहतियातन यात्रा पर रोक लगाकर बड़ा कदम उठाया है।

इधर मोदी-पुतिन और चिनफिंग की मुलाकात, उधर अमेरिका को याद आई दोस्ती

0

चीन के तियानजिन शहर में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन ने वैश्विक मंच पर सुर्खियां बटोरीं। इस शिखर सम्मेलन में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात ने दुनिया भर का ध्यान आकर्षित किया। इस महत्वपूर्ण कूटनीतिक मुलाकात के बीच भारत में अमेरिकी दूतावास ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भारत-अमेरिका संबंधों की मजबूती पर जोर दिया, जिसकी टाइमिंग ने कई सवाल खड़े किए हैं।

अमेरिकी दूतावास की पोस्ट ने बढ़ाया सियासी पारा

सोमवार, 1 सितंबर 2025 को भारत में अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें भारत और अमेरिका के बीच साझेदारी को “21वीं सदी का निर्णायक रिश्ता” करार दिया गया। पोस्ट में कहा गया, “संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत की साझेदारी नई ऊंचाइयों को छू रही है। दोनों देशों के लोगों के बीच स्थायी दोस्ती इस रिश्ते को नई ऊर्जा दे रही है।” इस पोस्ट के साथ अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का बयान भी शामिल था, जिसमें उन्होंने कहा, “भारत और अमेरिका के बीच गहरी दोस्ती हमारे संबंधों की नींव है।

पोस्ट की टाइमिंग क्यों है अहम?

इस पोस्ट की टाइमिंग को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह ठीक उस समय आई जब तियानजिन में SCO शिखर सम्मेलन में भारत, रूस और चीन के नेता एक मंच पर जुटे थे। इस मुलाकात में आतंकवाद, क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक सहयोग जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। विशेष रूप से, भारत ने सीमा पार आतंकवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तान की भूमिका को उजागर किया। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 50% टैरिफ लगाने की घोषणा ने भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव पैदा किया है। ऐसे में अमेरिकी दूतावास की यह पोस्ट भारत को अपने साथ बनाए रखने की रणनीतिक कोशिश के तौर पर देखी जा रही है।

SCO शिखर सम्मेलन और भारत की रणनीति

SCO शिखर सम्मेलन में भारत ने अपनी रणनीतिक स्वायत्तता का प्रदर्शन किया। पीएम मोदी ने रूस और चीन के साथ द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की, जिसमें भारत-चीन सीमा विवाद पर समझौता और कैलाश मानसरोवर यात्रा की बहाली जैसे कदम शामिल हैं। यह शिखर सम्मेलन रूस और चीन के नेतृत्व में पश्चिमी प्रभाव को संतुलित करने का एक मंच माना जाता है, और भारत की सक्रिय भागीदारी ने वैश्विक शक्ति संतुलन में उसकी बढ़ती भूमिका को रेखांकित किया।

अमेरिका की नजर SCO पर

अमेरिकी दूतावास की पोस्ट से साफ है कि अमेरिका SCO शिखर सम्मेलन और भारत की कूटनीतिक गतिविधियों पर बारीकी से नजर रख रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि यह पोस्ट भारत को यह संदेश देने की कोशिश है कि ट्रंप प्रशासन के टैरिफ जैसे कदमों के बावजूद, भारत-अमेरिका साझेदारी मजबूत बनी रहेगी। यह कदम भारत को पश्चिमी गठबंधनों से दूर होने से रोकने और SCO जैसे मंचों पर रूस-चीन के बढ़ते प्रभाव को संतुलित करने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है।

वैश्विक कूटनीति में भारत की भूमिका

तियानजिन में SCO शिखर सम्मेलन ने वैश्विक कूटनीति में भारत की बढ़ती भूमिका को उजागर किया है। इस बीच, अमेरिकी दूतावास की पोस्ट ने भारत-अमेरिका संबंधों की अहमियत को दोहराया है, लेकिन इसकी टाइमिंग ने यह सवाल उठाया है कि क्या यह भारत को अपनी रणनीतिक स्वायत्तता के बीच पश्चिमी गठबंधन में बनाए रखने की कोशिश है। जैसे-जैसे वैश्विक भू-राजनीति में बदलाव हो रहे हैं, भारत की कूटनीतिक चालें और अमेरिका की प्रतिक्रियाएं वैश्विक मंच पर चर्चा का विषय बनी रहेंगी।

सड़क पर पलटी बस, 6 घायल, 2 की हालत गंभीर

0

रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर के पास ढिकुली गांव के निकट एक भीषण बस हादसा हो गया। कुमाऊं मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड (KMOU) की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे हुई, जिसमें 12 से अधिक यात्री सवार थे। इस दुर्घटना में 6 लोग घायल हो गए, जिसमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बस, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UK 04 PA 0430 है, सुबह 7 बजे रामनगर से रवाना हुई थी और भिकियासैंण, मासी व चौखुटिया होते हुए जौरासी जाने वाली थी। प्रत्यक्षदर्शियों व यात्रियों के अनुसार, हादसा तब हुआ जब चालक प्रताप सिंह ने महारानी रिजॉर्ट के पास एक टेंपो को ओवरटेक करते हुए तेज रफ्तार जिप्सी से टक्कर टालने की कोशिश की। बारिश से गीली मिट्टी वाली सड़क किनारा बस के वजन को सहन नहीं कर सका और बस पलट गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को रामनगर संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दीपा ने बताया, “4 घायलों का यहां इलाज चल रहा है, जबकि 2 गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।”

चालक प्रताप सिंह ने बताया, “मैं सामान्य गति से बस चला रहा था, लेकिन अचानक सामने से टेंपो को ओवरटेक करती जिप्सी आ गई। दोनों वाहनों के कारण जगह कम होने पर मैंने बस को किनारे मोड़ा, लेकिन गीली मिट्टी में पहिया फंस गया और बस पलट गई।”

रामनगर के एसडीएम प्रमोद कुमार, जो घटनास्थल पर पहुंचे, ने कहा कि चालक के अनुसार हादसा टेंपो और जिप्सी से बचने के चक्कर में हुआ। घायलों का इलाज जारी है और दुर्घटना के कारणों की जांच चल रही है। ओवरस्पीडिंग पर भी कार्रवाई की जा रही है।

यहां सड़क पर पलटी यात्रियों से भरी बस, 20-25 लोग थे सवार

0

ऋषिकेश–हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर काली की ढाल के पास सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। उत्तर प्रदेश से आ रहा यात्रियों से भरा एक वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और इसकी चपेट में एक छोटा लीडर वाहन व एक कार आ गए। वाहन में सवार करीब 20 से 25 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।

हादसे के बाद राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क किनारे खड़ा करवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन की लापरवाही इस घटना के लिए जिम्मेदार है। उनका कहना है कि हरिद्वार से ऋषिकेश आने वाले भारी वाहनों को श्यामपुर चौकी से डायवर्ट कर नटराज की ओर भेजने का प्रावधान है, लेकिन नियमों की अनदेखी कर ये वाहन सीधे मुख्य बाजार की ओर प्रवेश कर रहे हैं। इसी लापरवाही के कारण यह दुर्घटना घटी।

सौभाग्य से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते यातायात व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

पांच सितंबर को होगा राघव और राज बिजल्वाण की चौथी पुस्तक का विमोचन, इसलिए है खास

0

मसूरी: मसूरी के दो युवा लेखक, राघव बिजल्वाण और राज बिजल्वाण की चौथी पुस्तक ‘द इकोज़ ऑफ़ लैंडौर: ए रेज़ोनेंट लॉंगिंग’ विमोचन के लिए तैयार है। यह पुस्तक विशेष रूप से मसूरी और लैंडौर के बदलते स्वरूप, बढ़ती चुनौतियों और शहर की आत्मा को बचाने की गहरी चिंता पर केंद्रित है। इस काव्य संग्रह का विमोचन 5 सितंबर को मसूरी में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी करेंगी।

लेखकों का परिचय और साहित्यिक यात्रा

राघव बिजल्वाण और राज बिजल्वाण ने अपनी शुरुआती शिक्षा हैम्पटन कोर्ट स्कूल, मसूरी से पूरी की है। इसके बाद, दोनों ने ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी से अंग्रेजी में स्नातकोत्तर (एम.ए.) की डिग्री हासिल की। अपनी अकादमिक प्रतिभा के लिए, राघव को गोल्ड मेडल और राज को सिल्वर मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।

IMG 20250901 WA0009

अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ, दोनों भाइयों ने साहित्य के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने तीन पुस्तकें ‘डिवोशन थ्रू द डार्कनेस’, ‘टाइमलेस टेल्स’ और ‘लॉन्गिंग्स ऑफ़ लैंडौर’ का सह-लेखन किया है, जो मसूरी और लैंडौर के प्रति उनके गहरे लगाव को दर्शाती हैं। उनकी लेखनी में इस पहाड़ी शहर के इतिहास, संस्कृति और कालातीत आकर्षण की झलक मिलती है।

वर्तमान में राघव बिजल्वाण , हैम्पटन कोर्ट स्कूल में अंग्रेजी शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जबकि राज बिजल्वाण भारतीय ज्ञान प्रणाली के क्षेत्र में शोध और अध्ययन कर रहे हैं।

‘द इकोज़ ऑफ़ लैंडौर’ – एक भावनात्मक पुकार

यह नई पुस्तक ‘द इकोज़ ऑफ़ लैंडौर: ए रेज़ोनेंट लॉंगिंग’, पिछली पुस्तक ‘लॉन्गिंग्स ऑफ़ लैंडौर’ की भावना को आगे बढ़ाती है। इस पुस्तक में, लेखक इस बात पर जोर देते हैं कि मसूरी और लैंडौर में हुए बदलावों ने शहर के अस्तित्व को खतरा पहुंचाया है।

IMG 20250831 WA0010

पुस्तक दो भागों में विभाजित है: ‘द टेस्टिमनी ऑफ आवर टाइम्स’ और ‘लॉन्गिंग टू बी नेम्ड’। पहला भाग मसूरी के बदलते समय की यात्रा पर ले जाता है, जबकि दूसरा भाग पुरानी यादों और वर्तमान के बीच के संघर्ष को दर्शाता है। यह काव्य संग्रह दिखाता है कि आज का मसूरी वैसा नहीं है जैसा हमारी यादों में है। इसमें दर्द, आंसू, और शहर को बचाने की एक गहरी अपील समाहित है।

लेखकों का मानना है कि भले ही मसूरी कई चुनौतियों का सामना कर रहा है, लेकिन सुरंग के अंत में प्रकाश अवश्य है। यह पुस्तक न केवल मसूरी के प्रति उनके प्रेम को दर्शाती है, बल्कि शहर के भविष्य के लिए एक उम्मीद और एक पुकार भी है।

बोलेरो वाहन पर गिरा विशाल पत्थर, 2 की मौत, 3 घायल

0

 

बोलेरो वाहन पर गिरा विशाल पत्थर, 2 की मौत, 3 घाय

गौरीकुंड मार्ग पर सोमवार सुबह मुनकटिया लैंडस्लाइड जोन में एक दर्दनाक हादसा हो गया। सोनप्रयाग से गौरीकुंड की ओर जा रही मैक्स बोलेरो (संख्या: यूके 11 टीए 1100) पर सुबह करीब 7:15 बजे ऊपर से अचानक एक बड़ा पत्थर आ गिरा। हादसे के समय वाहन में 11 यात्री सवार थे।

भारी पत्थर की चपेट में आने से वाहन में बैठे दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहत एवं बचाव कार्य में जुटी टीमों और स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत सोनप्रयाग अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घायल यात्री:

1. नवीन सिंह रावत (35 वर्ष), पुत्र जयेंद्र सिंह, निवासी सियालब, थाना बड़कोट, जिला उत्तरकाशी

2. ममता (29 वर्ष), पत्नी चैन सिंह पंवार, निवासी सियालब, थाना बड़कोट, जिला उत्तरकाशी

3. प्रतिभा (25 वर्ष), पुत्री गिरवर सिंह, निवासी सियालब, थाना बड़कोट, जिला उत्तरकाशी

मृतक यात्री:

1. श्रीमती रीता (30 वर्ष), पत्नी उदय सिंह, निवासी सियालब, थाना बड़कोट, जिला उत्तरकाशी

2. चंद्र सिंह (50 वर्ष), पुत्र कलम सिंह, निवासी सियालब, थाना बड़कोट, जिला उत्तरकाशी