Home Blog Page 131

निर्माणाधीन बजरंग सेतु से युवक गंगा में गिरा, SDRF की खोज जारी

0

ऋषिकेश। लक्ष्मण झूला क्षेत्र में निर्माणाधीन बजरंग सेतु पर बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से घूमने आए एक युवक की पुल से गंगा नदी में गिरने की खबर है। हादसे के बाद से युवक का कोई पता नहीं चल सका है। SDRF की टीम देर रात से ही गंगा में उसकी तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार रात दिल्ली से आए तीन दोस्तों में से एक युवक निर्माणाधीन कांच के पुल पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि पुल के जिस हिस्से पर वह गया, वहां शीशे का कार्य अधूरा था। इसी अधूरे हिस्से से फिसलकर वह गंगा में जा गिरा।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, लगातार चेतावनियों और रोक-टोक के बावजूद पर्यटक बजरंग सेतु के निर्माणाधीन क्षेत्र में पहुंच रहे थे। मौके पर अव्यवस्था और भीड़ के चलते निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहा था।

सेतु निर्माण में लगे मजदूरों ने बताया कि कई बार पर्यटकों को रोकने पर वे झगड़ा करने लगते थे। कुछ तो खुद को वीआईपी बताकर अधिकारियों से शिकायत करने की धमकी भी देते थे। दशहरे के दिन तो भीड़ ने बंद किए गए हिस्से के टिन शेड तक तोड़ दिए थे।

निर्माण एजेंसी के अनुसार, पुल का कार्य अब अंतिम चरण में है। एजेंसी ने प्रशासन से मांग की है कि पर्यटकों के लिए निश्चित समय तय कर पुल के आसपास आवागमन नियंत्रित किया जाए, ताकि निर्माण कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

मुख्यमंत्री ने खटीमा में किया 215 ऊंचे तिरंगे का लोकार्पण

0

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कंजाबाग तिराहा खटीमा में मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत कार्यदायी संस्था लघु सिंचाई विभाग द्वारा 47.42 लाख की लागत से स्थापित किए गए 215 फीट ऊँचे राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत पूजा अर्चना कर फीता काटकर व ध्वजारोहण कर लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राष्ट्रीय ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि हमारे देश की एकता, अखंडता और शौर्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह ध्वज यहां खड़ा होगा और हर नागरिक को देशभक्ति की भावना से प्रेरित करेगा।

इस अवसर पर लघु सिंचाई विभाग द्वारा प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम कुसुम) योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु सोलर प्रदर्शनी भी लगाकर किसानों व जनता को योजना की विस्तृत जानकारियां भी दी गई।

चौखुटिया सीएचसी का दर्जा बढ़ा, अब बनेगा 50 बेड का उप जिला चिकित्सालय

0

देहरादून : अल्मोड़ा जनपद के चौखुटिया क्षेत्र के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौखुटिया को 50 शैय्यायुक्त उप जिला चिकित्सालय (एसडीएच) के रूप में उच्चीकृत करने की मंजूरी दे दी है। इसके लिए शासनादेश जारी कर दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अस्पताल में आईपीएचएस मानकों के अनुरूप चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी। साथ ही डिजिटल एक्स-रे मशीन सहित आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति की जाएगी। स्वास्थ्य महानिदेशक को अस्पताल के विस्तार और आवश्यक संसाधनों के लिए प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सरकार प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में 30 शैय्यायुक्त सीएचसी चौखुटिया को 50 शैय्यायुक्त उप जिला चिकित्सालय में उच्चीकृत किया गया है।

डॉ. रावत ने कहा कि नए एसडीएच में विशेषज्ञ चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन और अन्य मेडिकल कर्मी नियुक्त किए जाएंगे। इसके साथ ही अस्पताल में नवीनतम डिजिटल एक्स-रे मशीन भी उपलब्ध कराई जाएगी।

मंत्री ने बताया कि चौखुटिया अस्पताल के उच्चीकरण से न केवल स्थानीय निवासियों को बल्कि द्वाराहाट, भिकियासैंण और ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण क्षेत्र के ग्रामीणों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। इससे लोगों को इलाज के लिए अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

गुजरात में बड़ा राजनीतिक फेरबदल, मुख्यमंत्री को छोड़कर सभी मंत्रियों ने दिया इस्तीफा

0

गांधीनगर। गुजरात की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर होने जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाली राज्य सरकार में मंत्रिमंडल में बड़े फेरबदल के संकेत मिल रहे हैं। फिलहाल मिली जानकारी के अनुसार, पटेल सरकार के सभी मंत्रियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल आज शाम राज्यपाल आचार्य देवव्रत को नए मंत्रिमंडल की सूची सौंपेंगे।

नए मंत्रियों को कल, शुक्रवार 17 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में शपथ दिलाई जाएगी। राज्यपाल आचार्य देवव्रत नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल मुंबई से गांधीनगर लौट आए हैं, जहां आज रात मुख्यमंत्री आवास पर एक अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में मौजूदा मंत्रियों के साथ-साथ भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और संभावित नए मंत्रियों को भी बुलाया गया है।

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव सुनील बंसल भी गांधीनगर पहुंच गए हैं और प्रदेश महासचिव रत्नाकर के साथ मुलाकात कर चुके हैं। सूत्रों के अनुसार, नए मंत्रिमंडल में पार्टी संगठन ने क्षेत्रीय और जातिगत संतुलन का विशेष ध्यान रखा है। साथ ही, कुछ ऐसे विधायकों को भी शामिल किए जाने की संभावना है जो हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव और नगर निकायों के चुनाव को देखते हुए भाजपा राज्य में अपने संगठनात्मक ढांचे को मज़बूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा लिमिट का ध्यान रखिए…OBC आरक्षण बढ़ाने पर हाईकोर्ट की रोक बरकरार

0

तेलंगाना की रेवंत रेड्डी सरकार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सर्वोच्च न्यायालय ने उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें राज्य सरकार ने ओबीसी समुदायों के लिए बढ़ाए गए आरक्षण पर हाईकोर्ट द्वारा लगाई गई अंतरिम रोक को चुनौती दी थी।

दरअसल, रेवंत रेड्डी सरकार ने हाल ही में ओबीसी समुदाय के लिए आरक्षण की सीमा बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने का फैसला लिया था। इस निर्णय को तेलंगाना विधानसभा से भी मंजूरी मिल चुकी थी। हालांकि, इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई, जिसके बाद उच्च न्यायालय ने सरकार के फैसले पर अंतरिम रोक लगा दी थी।

राज्य सरकार ने इस रोक के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया, लेकिन शीर्ष अदालत ने भी राहत देने से इनकार कर दिया। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने हाईकोर्ट के आदेश को बरकरार रखते हुए राज्य सरकार की याचिका खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि जाति आधारित आरक्षण की सीमा 50 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकती, और इस संवैधानिक मर्यादा का पालन किया जाना आवश्यक है।

यह भी उल्लेखनीय है कि 1992 के इंदिरा साहनी बनाम भारत सरकार (मंडल आयोग) केस में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि आरक्षण की अधिकतम सीमा 50 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकती। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने तर्क दिया कि आरक्षण सीमा बढ़ाने का उद्देश्य स्थानीय निकाय चुनावों में ओबीसी समुदाय को 42 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देना है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ है, इसलिए बिना विस्तृत सुनवाई के इस पर रोक लगाना उचित नहीं है।

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने सरकार की इन दलीलों को स्वीकार नहीं किया और कहा कि हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश में हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं है। अब हाईकोर्ट में इस मामले पर आगे की सुनवाई जारी रहेगी। उच्च न्यायालय ने 9 अक्टूबर को इस मुद्दे पर सुनवाई की थी और राज्य सरकार से चार हफ्तों के भीतर विस्तृत जवाब मांगा था।

उत्तरकाशी में रेस्टोरेंट विवाद: रोटी पर थूकने का वीडियो वायरल, बाजार बंद और प्रदर्शन

0

उत्तरकाशी जिला मुख्यालय में एक रेस्टोरेंट में युवक द्वारा रोटी पर थूकने का वीडियो वायरल होने के बाद बृहस्पतिवार को हंगामा मच गया। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में समुदाय विशेष का युवक तंदूरी रोटी तैयार करते समय उस पर थूकता हुआ नजर आ रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों से जुड़े युवाओं ने जिला मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन किया और मंडी क्षेत्र सहित कई दुकानों को बंद कराया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।

पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला प्रशासन ने कहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।

शांत माने जाने वाले उत्तरकाशी मुख्यालय में इस तरह की घटना से लोगों में रोष व्याप्त है। जनपदवासियों और विभिन्न धार्मिक संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा की है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उत्तराखंड : हाईकोर्ट में UKSSSC पेपर लीक मामले में हाकम सिंह की जमानत याचिका पर हुई सुनवाई, कोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब

0

नैनीताल : उत्तराखंड हाईकोर्ट ने UKSSSC पेपर लीक मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी हाकम सिंह रावत की जमानत याचिका पर सुनवाई की। न्यायमूर्ति आलोक वर्मा की एकलपीठ ने इस मामले में राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। सरकार ने अपनी आपत्तियां दर्ज करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। अगली सुनवाई के लिए 10 नवंबर की तारीख निर्धारित की गई है। हाकम सिंह की ओर से दायर याचिका में दावा किया गया कि उसे इस मामले में झूठा फंसाया गया है। दूसरी ओर, सरकार ने मामले में विस्तृत जवाब और आपत्तियां दर्ज करने के लिए समय की मांग की।

UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा से ठीक एक दिन पहले उत्तराखंड STF और देहरादून पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर नकल माफिया के सरगना हाकम सिंह रावत और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया था। आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि हाकम सिंह ने छह अभ्यर्थियों से नकल कराने के लिए 15-15 लाख रुपये की मांग की थी। एसटीएफ और पुलिस ने सूचना के आधार पर जाल बिछाकर दोनों को धर दबोचा।

हाकम सिंह की गिरफ्तारी के बाद प्रशासन और आयोग को उम्मीद थी कि परीक्षा पारदर्शी और शांतिपूर्ण होगी। लेकिन 21 सितंबर को परीक्षा समाप्त होने से कुछ समय पहले ही प्रश्नपत्र के कुछ सवाल सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इससे प्रदेश में हंगामा मच गया और बेरोजगार युवाओं ने बड़ा आंदोलन शुरू कर दिया। विपक्ष के दबाव और युवाओं के आक्रोश के चलते सरकार को झुकना पड़ा। अंततः, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पेपर लीक मामले की जांच के आदेश दिए और UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा को रद्द करना पड़ा।

ट्रेलर से टक्कर के बाद स्कॉर्पियो में बैठे चार लोगों की जलकर मौत

0

राजस्थान के बाड़मेर जिले के बालोतरा में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों को गमगीन कर दिया। बालोतरा-सिणधरी मेगा हाईवे पर एक स्कॉर्पियो और ट्रेलर की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में स्कॉर्पियो में सवार चार युवकों की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए पांचों युवक गुड़ामालानी के डाभड़ गांव के निवासी थे। ये सभी दोस्त स्कॉर्पियो में सवार होकर सिणधरी गए थे। रात को एक होटल में खाना खाने के बाद वे वापस लौट रहे थे। तभी मेगा हाईवे पर उनकी स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे ट्रेलर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो में तुरंत आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि गाड़ी के दरवाजे जाम हो गए, जिससे चार युवक बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए।

ट्रेलर चालक ने साहस दिखाते हुए स्कॉर्पियो के चालक को गाड़ी से बाहर खींचकर उसकी जान बचाई। घायल युवक को तुरंत सिणधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोधपुर रेफर किया गया।

प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा

हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक रमेश, अतिरिक्त जिला कलेक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान, डिप्टी निरज शर्मा, उपखंड अधिकारी समंदर सिंह भाटी, मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी वाकाराम चौधरी सहित परिवहन अधिकारी और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। प्रशासन के अनुसार, शवों की पहचान डीएनए जांच के बाद ही हो सकेगी।

भारत रूस से तेल खरीद बंद करेगा, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का दावा

0

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें फोन पर आश्वस्त किया है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। यह दावा ट्रंप की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत वह यूक्रेन युद्ध के कारण रूस को आर्थिक रूप से अलग-थलग करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, भारत सरकार की ओर से ट्रंप के इस दावे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

रूसी तेल पर अमेरिका की चिंता

व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उन्होंने पीएम मोदी के सामने भारत द्वारा रूसी तेल खरीदने पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा, “हमें यह पसंद नहीं था कि भारत रूसी तेल खरीद रहा है, क्योंकि यह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के युद्ध को अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन देता है।” ट्रंप ने कहा कि डेढ़ लाख से अधिक लोगों की जान ले चुका यह युद्ध “कभी शुरू ही नहीं होना चाहिए था” और अब यह अपने चौथे साल में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने युद्ध को जल्द खत्म करने की इच्छा भी जताई।

ट्रंप ने पीएम मोदी के कथित आश्वासन को “बड़ा कदम” बताया और चीन से भी रूसी तेल आयात बंद करने की अपील की। ऊर्जा नीति पर मतभेदों के बावजूद ट्रंप ने मोदी को “करीबी सहयोगी” और “दोस्त” करार दिया। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह चीन के साथ बढ़ते तनाव के बीच भारत को भरोसेमंद साझेदार मानते हैं, तो ट्रंप ने जवाब दिया, “पीएम नरेंद्र मोदी मेरे मित्र हैं। हमारे बीच बहुत अच्छे संबंध हैं।”

मोदी को बताया “महान व्यक्ति”

ट्रंप ने भारत में अमेरिका के नव नियुक्त राजदूत सर्जियो गोर के साथ हुई बातचीत का जिक्र किया। गोर ने पीएम मोदी के साथ अपनी हालिया मुलाकात को सकारात्मक बताया। ट्रंप ने कहा, “गोर ने मुझे बताया कि मोदी एक महान व्यक्ति हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने भारत को कई सालों से देखा है, जहां नेता बदलते रहे, लेकिन मोदी लंबे समय से प्रधानमंत्री के रूप में स्थिर नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं।

भारत की चुप्पी

भारत सरकार ने ट्रंप के दावों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, जिससे इस आश्वासन की सत्यता पर सवाल उठ रहे हैं। भारत ने अपनी विदेश नीति में संतुलन बनाए रखा है, जिसमें रूस के साथ व्यापारिक संबंधों को जारी रखते हुए अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों के साथ रिश्ते मजबूत किए गए हैं। यदि भारत वास्तव में रूसी तेल आयात बंद करता है, तो इसका वैश्विक ऊर्जा बाजार और भू-राजनीतिक समीकरणों पर गहरा प्रभाव पड़ सकता है।

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब वैश्विक स्तर पर तनाव बढ़ रहा है। हाल ही में वेनेजुएला तट के पास अमेरिकी सेना की कार्रवाई में छह लोगों की मौत की खबर आई है। इसके अलावा, पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान में हवाई हमले, हमास द्वारा इजरायल को आठ मृत बंधकों के शव सौंपने जैसी घटनाएं सुर्खियों में हैं।

भारत में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में बिना नाम लिए कुछ देशों पर अंतरराष्ट्रीय नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया, जिसका इशारा अमेरिका और पाकिस्तान की ओर माना जा रहा है।

विधायक बिशन सिंह चुफाल से पूछी 30 साल की उपलब्धियां, भाजपा कार्यकर्ता योगी कन्याल ने जमकर सुनाई खरी-खोटी

0

पिथौरागढ़ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता योगी कन्याल ने विधायक बिशन सिंह चुफाल को उनकी 30 साल की राजनीतिक उपलब्धियों पर सवाल उठाकर चर्चा का केंद्र बना दिया। केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा की मौजूदगी में हुई इस तीखी नोकझोंक ने स्थानीय राजनीति में हलचल मचा दी।

योगी कन्याल ने विधायक से तीखे अंदाज में सवाल किया, “जहां आपकी गाड़ी खड़ी रहती है, वहां एक बड़ा गड्ढा बना हुआ है। अगर आपको वो नहीं दिखा, तो और क्या नजर आएगा?” उन्होंने आगे कहा, “मैं 2017 से आपके साथ हूं। आपने इन सालों में क्या किया? उस वक्त जो वादे किए थे, आज भी वही बातें दोहरा रहे हैं।”

कन्याल के इस सवाल ने न केवल विधायक की उपलब्धियों पर सवाल खड़े किए, बल्कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गति पर भी चर्चा को जन्म दिया। इस घटना ने स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं के बीच नेताओं की जवाबदेही को लेकर बहस छेड़ दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की खुली बहस से नेताओं पर जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेने का दबाव बढ़ेगा। हालांकि, इस मामले में विधायक की ओर से कोई आधिकारिक बयान अभी तक नहीं आया है।