Home Blog Page 119

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान शुरू, मैदान में तेजस्वी-सम्राट सहित कई दिग्गज

0

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में आज 6 नवंबर को 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई, जो अधिकांश जगहों पर शाम 6 बजे तक चलेगी। कुछ संवेदनशील इलाकों में शाम 5 बजे तक मतदान होगा। कुल 3.75 करोड़ से अधिक मतदाता 1,314 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें महागठबंधन के सीएम फेस तेजस्वी यादव, उपमुख्यमंत्री सैम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, लोकगायिका मैथिली ठाकुर, भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव, बाहुबली अनंत सिंह और दिवंगत शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब जैसे दिग्गज शामिल हैं। नीतीश सरकार के 16 मंत्रियों की साख भी दांव पर है।

पहले चरण में पटना, नालंदा, बक्सर, भोजपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर, लखीसराय और शेखपुरा जिलों की सीटें शामिल हैं। इनमें 102 सामान्य और 19 अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित सीटें हैं। मतदान के लिए 45,341 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 926 महिला संचालित और 107 दिव्यांग कर्मियों वाले बूथ हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं, हर बूथ पर वेबकास्टिंग हो रही है। चुनाव आयोग ने 6 संवेदनशील विधानसभा क्षेत्रों के 2,135 बूथों पर मतदान समय एक घंटा कम किया है।

मतदाताओं में 1.98 करोड़ पुरुष, 1.76 करोड़ महिलाएं और 758 थर्ड जेंडर हैं। 10.72 लाख नए वोटर पहली बार मतदान कर रहे हैं। प्रचार मंगलवार शाम थम गया, जिसमें पीएम मोदी, राहुल गांधी, नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव समेत तमाम नेताओं ने जोर लगाया। एनडीए जहां विकास और स्थिरता का वादा कर रहा है, वहीं महागठबंधन नौकरियां और बदलाव का नारा दे रहा है। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी कई सीटों पर असर डाल रही है।

हाई-प्रोफाइल मुकाबले: दिग्गजों की अग्निपरीक्षा

  • राघोपुर: तेजस्वी यादव (आरजेडी) तीसरी जीत की हैट्रिक के लिए बीजेपी के सतीश कुमार और जन सुराज के चंचल कुमार से भिड़ रहे हैं। यह सीट लालू-राबड़ी की पुरानी कर्मभूमि है।
  • तारापुर: उपमुख्यमंत्री सैम्राट चौधरी (बीजेपी) आरजेडी के अरुण साह से कांटे की टक्कर में। जन सुराज के संतोष सिंह भी खेल बिगाड़ सकते हैं।
  • लखीसराय: उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा (बीजेपी) जन सुराज के सुरज कुमार से मुकाबला कर रहे हैं। भूमिहार बहुल सीट पर बीजेपी की मजबूत पकड़।
  • महुआ: तेज प्रताप यादव (जनशक्ति जनता दल) आरजेडी के मुकेश रौशन और लोजपा के संजय सिंह से त्रिकोणीय जंग।
  • अलीनगर: मैथिली ठाकुर (बीजेपी) आरजेडी के बिनोद मिश्रा से। लोकगायिका की एंट्री से मिथिला में उत्साह।
  • छपरा: खेसारी लाल यादव (आरजेडी) बीजेपी के उम्मीदवार से।
  • मोकामा: अनंत सिंह (निर्दलीय) आरजेडी की वीणा देवी से बाहुबली टक्कर।
  • सीवान: मंगल पांडे (बीजेपी) पूर्व स्पीकर अवध बिहारी चौधरी (आरजेडी) से।

नीतीश सरकार के 16 मंत्री मैदान में हैं, जिनमें श्रवण कुमार (नालंदा, जदयू), विजय चौधरी आदि शामिल। 2020 में महागठबंधन ने इन 121 सीटों में 63 जीती थीं, जबकि एनडीए को मजबूत चुनौती मिली थी। इस बार एनडीए पूर्ण बहुमत का दावा कर रहा है।

ऋषिकेश में हृदयविदारक घटना, पिता की मौत देख बेटे ने भी तोड़ा दम

0

ऋषिकेश। तीर्थ नगरी ऋषिकेश के हनुमंत पुरम गंगानगर क्षेत्र में बुधवार को एक ऐसी दुखद घटना घटी, जिसने पूरे इलाके को गमगीन और स्तब्ध कर दिया। लेन नंबर 4 निवासी 84 वर्षीय वेद प्रकाश कपूर लंबे समय से बीमार थे और एम्स ऋषिकेश में उनका इलाज चल रहा था। पिछले एक माह से उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। बुधवार को इलाज के दौरान ही उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों ने शव को घर लाया, लेकिन इसी दौरान एक और हादसा हो गया।

पिता के वियोग में बेटे ने त्यागे प्राण। वेद प्रकाश कपूर के 45 वर्षीय पुत्र सचिन कपूर पिता की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सके। शव घर पहुंचते ही सचिन अचानक नीचे गिर पड़े और देखते-देखते उन्होंने भी दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि पिछले एक माह से सचिन एम्स में पिता की सेवा और इलाज में दिन-रात जुटे हुए थे। पिता के प्रति उनकी भक्ति श्रवण कुमार की याद दिलाती थी। पिता का शव देखते ही वे भावुक हो गए और हृदयाघात से उनकी मौत हो गई।

पिता-पुत्र की एक साथ अर्थियां निकलने से माहौल और भी गमगीन हो गया। पड़ोसियों और परिजनों की आंखों में आंसू थे। सभी यही कह रहे थे कि सचिन ने पिता के लिए सच्ची भक्ति दिखाई। वेद प्रकाश कपूर अपने पीछे बड़ा परिवार छोड़ गए, जबकि सचिन अपनी पत्नी और एक पुत्र को छोड़कर इस दुनिया से चले गए।

हनुमंतपुरम विकास मंच गंगा नगर ने पिता-पुत्र की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। गंगा नगर की पार्षद संध्या बिष्ट गोयल ने कहा कि इस दुख की घड़ी में हम सभी पीड़ित परिवार के साथ हैं। इलाके में शोक की लहर है और लोग इस अनोखी घटना पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं।

लेखक गांव थानौ में अंतर्राष्ट्रीय साहित्य कला समारोह का हुआ समापन

0

लेखक गांव थानौ में अंतर्राष्ट्रीय साहित्य, संस्कृति,एवं कला समारोह का हुआ समापन

थानौ/ देहरादून: 5 नवंबर।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज बुधवार को लेखक गांव, थानों, देहरादून में 3 नवंबर से आयोजित हुए स्पर्श हिमालय महोत्सव-2025 के समापन सत्र में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लेखक गांव स्थित मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश में सुख शांति की कामना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना की रजत जयंती उत्सव पर सभी आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि लेखक गांव की परिकल्पना उन विचारों का प्रतीक है जो समाज को दिशा देते हैं, जो आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ते हुए भविष्य का निर्माण करना सिखाते हैं। उन्होंने कहा लेखक गांव में आयोजित यह महोत्सव, नई सृजन-यात्रा का आरंभ है।

मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं प्रोत्साहन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान के माध्यम से उत्कृष्ट साहित्यकारों को सम्मानित एवं विभिन्न भाषाओं में ग्रंथ प्रकाशन के लिए वित्तीय सहायता योजना के तहत साहित्यकारों को अनुदान भी प्रदान किया जा रहा है। राज्य सरकार, प्रदेश के उत्कृष्ट साहित्यकारों को साहित्य भूषण और लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से भी सम्मानित करने का कार्य कर रही है। जिसमें 5 लाख तक की धनराशि देने की भी घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार युवा पीढ़ी को साहित्य के प्रति आकर्षित करने के लिए भी विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। उत्तराखंड को देश का सर्वेश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रहे है। सभी साहित्यकारों, कलाकारों, विद्वानों और संस्कृति के साधकगणों के सहयोग से हम अपने इस संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में अवश्य सफल रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रजत जयंती वर्ष पर उत्तराखंड विधानसभा द्वारा आयोजित विशेष सत्र को संबोधित किया। उन्होंने कहा आगामी 9 नवंबर राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी उत्तराखंड आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा उत्तराखंड जैसे सांस्कृतिक रूप से समृद्ध प्रदेश में लेखक गांव स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ विश्व के साहित्यिक मानचित्र पर राज्य को एक नई पहचान प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा आने वाले समय में लेखक गांव, भारत की प्राचीन परंपराओं को आधुनिक दृष्टि से जोड़ने का कार्य करेगी।

IMG 20251105 WA0071इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व रक्षा सचिव डॉ. योगेन्द्र नारायण, ले.ज अनिल कुमार भट्ट (से.नि), पद्मश्री डॉ. हरमोहिन्दर सिंह बेदी, विदुषी निशंक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

राहुल गांधी ने पेश की ‘एच फाइल्स’, हरियाणा चुनाव में ‘वोट चोरी’ का आरोप

0

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी ने इन आरोपों को ‘एच फाइल्स’ नाम दिया है, जिसमें राज्य स्तर पर बड़े पैमाने पर वोट चोरी का दावा किया गया है। मंगलवार को दिल्ली स्थित एआईसीसी मुख्यालय में आयोजित विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने इन खुलासों को सिलसिलेवार तरीके से पेश किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस से ठीक पहले कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर ‘हाइड्रोजन बम लोडिंग’ कैप्शन के साथ एक पोस्ट साझा किया था, जो इन आरोपों की गंभीरता का संकेत दे रहा था। राहुल गांधी ने दावा किया कि चुनाव से पहले हरियाणा में करीब 3.5 लाख मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए। इसके अलावा, कई ऐसे पते सामने आए हैं जहां एक ही स्थान पर 100 से अधिक मतदाताओं का नाम दर्ज है, जो संदिग्ध प्रतीत होता है।

राहुल गांधी ने कहा, “हमारे पास ‘एच’ फाइल्स हैं और यह पूरे राज्य में चोरी कैसे हुई, इसकी विस्तृत जानकारी देती हैं। हमें संदेह था कि यह केवल व्यक्तिगत निर्वाचन क्षेत्रों तक सीमित नहीं, बल्कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर हो रहा है। हरियाणा में हमारे उम्मीदवारों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ गड़बड़ है। सभी एग्जिट पोल कांग्रेस की जीत की ओर इशारा कर रहे थे, लेकिन परिणाम उलट गए।”

उन्होंने आगे बताया कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी पार्टी को इसी तरह का अनुभव हुआ था, लेकिन हरियाणा पर विशेष फोकस करने का फैसला लिया गया। राहुल ने कहा, “हरियाणा के चुनावी इतिहास में पहली बार डाक मतदान वास्तविक मतदान से अलग रहा, जो पहले कभी नहीं हुआ। जब मैंने ये डिटेल्स पहली बार देखीं तो मुझे विश्वास नहीं हुआ। मैं सदमे में था और टीम से कई बार क्रॉस-चेक करवाया।”

कांग्रेस ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को लाइव स्ट्रीम किया, जिसमें राहुल गांधी ने विस्तृत सबूत पेश करने का वादा किया। पार्टी का कहना है कि ये खुलासे लोकतंत्र की रक्षा के लिए जरूरी हैं। चुनाव आयोग की ओर से अभी तक इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर: आज 5 पर्वतीय जिलों में बारिश, 4000 मीटर ऊंचाई पर बर्फबारी की संभावना

0

देहरादून : पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तराखंड के मौसम में देर रात से बदलाव शुरू हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक रोहित थपलियाल ने बताया कि आज बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ क्षेत्रों में बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है।

4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है। इसके अलावा अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में शीत लहर चलने और मैदानी इलाकों में कोहरा छाने से ठंड में इजाफा होगा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश होने की भी आशंका है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और पर्वतीय जिलों में ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है।

6 नवंबर से मौसम शुष्क रहेगा और बारिश-बर्फबारी की गतिविधियां थम जाएंगी। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने, गर्म कपड़े रखने और कोहरे के कारण वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील की है।

मौसम विभाग ने हाई अलर्ट जारी करते हुए कहा कि पर्वतीय मार्गों पर फिसलन बढ़ सकती है। बदरीनाथ, केदारनाथ, हेमकुंड साहिब जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से तापमान में और कमी आएगी। मैदानी क्षेत्रों में सुबह-शाम घना कोहरा रहने से दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

बिजली उपभोक्ताओं को नवंबर बिल में राहत: 13.44 करोड़ की छूट, औसतन 11 पैसे प्रति यूनिट कम

0

देहरादून : ऊर्जा निगम ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए नवंबर महीने के बिलों में कुल 13.44 करोड़ रुपये की छूट देने की घोषणा की है। यह छूट फ्यूल एंड पावर पर्चेज कास्ट एडजस्टमेंट (FPPCA) के तहत दी जाएगी, जिससे औसतन 11 पैसे प्रति यूनिट की बचत होगी।

ऊर्जा निगम के निदेशक परिचालन एमआर आर्य ने बताया कि नियामक आयोग द्वारा स्वीकृत दरों से कम लागत पर बिजली खरीदने के कारण यह राहत संभव हुई है। एफपीपीसीए व्यवस्था के तहत यदि किसी माह बिजली की औसत खरीद लागत निर्धारित दर से कम रहती है, तो उपभोक्ताओं को सीधा लाभ दिया जाता है। वहीं, लागत बढ़ने पर उसका समायोजन आगामी बिलों में किया जाता है।

इस वित्तीय वर्ष में उपभोक्ताओं को यह तीसरी बड़ी राहत है। इससे पहले मई माह में 101 करोड़ रुपये (89 पैसे प्रति यूनिट) और जुलाई माह में 112 करोड़ रुपये (81 पैसे प्रति यूनिट) की छूट दी जा चुकी है। निदेशक ने बताया कि वर्तमान में देशभर में बिजली की मांग सामान्य है और बाजार से सस्ती दरों पर विद्युत खरीदी जा रही है।

श्रेणीवार छूट (पैसे प्रति यूनिट):

  • घरेलू उपभोक्ता: 3-9 पैसे
  • अघरेलू (वाणिज्यिक): 13 पैसे
  • सरकारी भवन/संस्थान: 12 पैसे
  • प्राइवेट ट्यूबवेल: 4 पैसे
  • कृषि गतिविधियां: 5-6 पैसे
  • एलटी इंडस्ट्री: 12 पैसे
  • एचटी इंडस्ट्री: 12 पैसे
  • फिक्स्ड लोड: 11 पैसे
  • रेलवेज ट्रैक्शन: 11 पैसे
  • ईवी चार्जिंग स्टेशन: 11 पैसे

कार्तिक पूर्णिमा पर हरिद्वार में आस्था का सैलाब: लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी

0

हरिद्वार : कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए देश-विदेश से श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हरकी पैड़ी पर आधी रात से ही भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया और ब्रह्म मुहूर्त से गंगा में पावन डुबकी का सिलसिला प्रारंभ हो गया। कड़कड़ाती ठंड के बावजूद आस्था का उत्साह श्रद्धालुओं के चेहरों पर साफ झलक रहा था।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है। ऐसा विश्वास है कि इस दिन देवता स्वयं धरती पर आकर गंगा स्नान करते हैं। इसी पुण्य लाभ के लिए लाखों श्रद्धालु हरकी पैड़ी और अन्य घाटों पर एकत्र हुए। गंगा तट पर जगह-जगह दीपदान और कीर्तन का आयोजन भी हो रहा है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र को 11 जोन और 36 सेक्टरों में विभाजित किया है। हरकी पैड़ी से लेकर बाहरी पार्किंग स्थलों तक यातायात और सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। जल पुलिस की 6 टीमें घाटों पर तैनात हैं, जो डूबने की किसी भी घटना को तुरंत रोकने के लिए सतर्क हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और अभिसूचना इकाई संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त कर रही है। सभी घाटों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। महिला घाटों पर विशेष रूप से महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि महिला श्रद्धालु निश्चिंत होकर स्नान कर सकें।

मौसम ने भी पर्व में चार चांद लगा दिए। बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर ताज़ा बर्फबारी हुई है, जिससे ठंड और बढ़ गई है। हरिद्वार पहुंचे यात्री अलाव का सहारा लेकर गर्माहट प्राप्त कर रहे हैं। फिर भी, आस्था की ज्वाला ठंड को परास्त कर रही है।

हरकी पैड़ी पर सुबह से ही गंगा आरती का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें हजारों दीप जलाए गए। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और घाटों पर निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करें। कार्तिक स्नान पर्व का यह पुनीत अवसर आस्था, एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बना हुआ है। प्रशासन की मुस्तैदी और श्रद्धालुओं के अनुशासन से यह पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहा है।

ब्रेकिंग न्यूज़: किश्तवाड़ में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, 2-3 दहशतगर्द घिरे, एक जवान घायल

0

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चटरू सब-डिवीजन के नैदगाम के कलाबन जंगल में बुधवार सुबह सुरक्षा बलों और छिपे आतंकवादियों के बीच भयंकर मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों ओर से लगातार गोलीबारी जारी है और पूरे इलाके को घेर लिया गया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि विशेष खुफिया सूचना के आधार पर भारतीय सेना की 2 पैरा, 11 आरआर, 7 एआर यूनिट्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस की एसओजी और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने मंगलवार शाम से ही कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO) शुरू कर दिया था। सुबह तड़के जंगलों में तलाशी के दौरान आतंकियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसका सुरक्षा बलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।

इस मुठभेड़ में 2 से 3 आतंकवादी घिरे हुए हैं, जो महीनों से इस इलाके में छिपे थे और कई बार बचकर निकल जाते थे। एक भारतीय सेना का जवान गोली लगने से घायल हुआ है, लेकिन वह खतरे से बाहर है।

ऑपरेशन को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। हेलीकॉप्टर से हवाई निगरानी की जा रही है और पूरे जंगल को घेराबंदी में ले लिया गया है।

यह नवंबर महीने की शुरुआत के बाद जम्मू क्षेत्र में पहली बड़ी मुठभेड़ है। पिछले महीने कुपवाड़ा और एलओसी के पास हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने दो आतंकियों को मार गिराया था।

सूत्रों का कहना है कि हाल ही में श्रीनगर पुलिस द्वारा जमात-ए-इस्लामी (JeI) और हुर्रियत कॉन्फ्रेंस से जुड़े ठिकानों पर की गई छापेमारी से आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा बौखला गए हैं। यही वजह है कि उनके गुर्गे अब जंगलों में छिपकर सुरक्षा बलों से टकराने की कोशिश कर रहे हैं।

फिलहाल ऑपरेशन जारी है। इलाके में तनाव है, लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हैं। अमरनाथ यात्रा मार्ग की सुरक्षा को देखते हुए पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

जोहरान ममदानी ने रचा इतिहास, न्यूयॉर्क सिटी के पहले भारतीय-अमेरिकी मुस्लिम मेयर बने

0

अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के मेयर चुनाव में डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट जोहरान ममदानी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। भारतीय मूल के इस युवा नेता ने डेमोक्रेटिक प्राइमरी में पूर्व गवर्नर एंड्र्यू कुओमो को हराया था, जो बाद में स्वतंत्र उम्मीदवार बनकर मैदान में उतरे। 67 वर्षीय कुओमो को ममदानी ने करारी शिकस्त दी। यह चुनाव केवल मेयर पद का नहीं, बल्कि डेमोक्रेटिक पार्टी के भीतर विचारधारा और पीढ़ीगत टकराव का बड़ा इम्तिहान साबित हुआ।

ममदानी को 9,48,202 वोट (50.6 प्रतिशत) मिले, जबकि कुओमो को 7,76,547 वोट (41.3 प्रतिशत) और रिपब्लिकन उम्मीदवार कर्टिस स्लिवा को 1,37,030 वोट हासिल हुए। कुल मतदान 83 प्रतिशत रहा और 1969 के बाद पहली बार दो मिलियन से अधिक वोट पड़े। बरो-वार मतदान में ब्रुकलिन सबसे आगे रहा (5,71,857), उसके बाद मैनहट्टन (4,44,439), क्वींस (4,21,176), ब्रॉन्क्स (1,87,399) और स्टेटन आइलैंड (1,23,827)।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ममदानी को वोट न देने की अपील की थी और कुओमो को खुला समर्थन दिया। ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने चेतावनी दी कि ममदानी की जीत आर्थिक-सामाजिक आपदा होगी और वे न्यूयॉर्क के लिए फेडरल फंड सीमित कर देंगे।

वर्जीनिया में डेमोक्रेट अबीगेल स्पैनबर्गर राज्य की पहली महिला गवर्नर चुनी गईं, जबकि गजाला हाशमी लेफ्टिनेंट गवर्नर बनीं। न्यू जर्सी में मिकी शेरिल ने गवर्नर पद जीता। दोनों राज्यों में डेमोक्रेट्स ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों को हराकर बंपर जीत हासिल की।

उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के कारण 5 नवंबर को पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और 4000 मीटर से ऊपर बर्फबारी संभव है। 6 नवंबर से मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन ठंड बढ़ेगी और मैदानी इलाकों में कोहरा छाने से तापमान में गिरावट आएगी।

कुमाऊं विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कहा – युवाओं को राष्ट्र निर्माण में निभानी होगी अग्रणी भूमिका

0

नैनीताल। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को नैनीताल जनपद स्थित कुमाऊँ विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र के विकास की नींव होती है। शिक्षा का उद्देश्य केवल छात्रों की बुद्धि और कौशल को निखारना नहीं, बल्कि उनके नैतिक बल और चरित्र को सशक्त बनाना भी होना चाहिए।
राष्ट्रपति ने कहा कि सच्ची शिक्षा वही है जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाते हुए विनम्रता और समाजसेवा का भाव जगाए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपनी शिक्षा का उपयोग वंचितों की सेवा और राष्ट्र निर्माण में करें। यही सच्चा धर्म है, जो जीवन में सच्ची संतुष्टि और प्रसन्नता लाता है।
उन्होंने कहा कि आज भारत की अर्थव्यवस्था विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। सरकार सतत विकास के लिए अनेक नीतिगत पहलें कर रही है, जिससे युवाओं के लिए अनगिनत अवसर बन रहे हैं। ऐसे में उच्च शिक्षण संस्थानों को युवाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें इन अवसरों के अनुरूप तैयार करने की ज़रूरत है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कुमाऊँ विश्वविद्यालय की शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और अनुसंधान के सही उपयोग के लिए बहु-विषयक दृष्टिकोण अत्यंत आवश्यक है और विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय इस दिशा में और प्रगति करेगा।
हिमालयी पर्यावरण पर बात करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि हिमालय अपने जीवनदायिनी संसाधनों के लिए जाना जाता है, जिनका संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सामूहिक ज़िम्मेदारी है। उन्होंने खुशी जताई कि कुमाऊँ विश्वविद्यालय पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सजग प्रयास कर रहा है।
राष्ट्रपति ने विश्वविद्यालय को अपनी सामाजिक ज़िम्मेदारियां निभाने की भी प्रेरणा दी। उन्होंने संकाय सदस्यों और छात्रों से आग्रह किया कि वे आस-पास के गांवों में जाकर ग्रामीणों की समस्याएं समझें और उनके समाधान के लिए प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि भारत ने वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य रखा है और इसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। राष्ट्रपति ने विश्वास जताया कि देश के युवा अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और समर्पण के बल पर इस लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेंगे।
इससे पूर्व, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नैनीताल स्थित नैना देवी मंदिर और श्री नीब करौरी बाबा आश्रम, कैंची धाम में भी दर्शन किए और देश एवं प्रदेश की खुशहाली की कामना की।