Home Blog Page 116

प्रदेश के सभी स्कूलों में ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य होगा,

0

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर में सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित एकता पदयात्रा के शुभारंभ के दौरान बड़ा ऐलान किया। उन्होंने घोषणा की कि राज्य के सभी स्कूलों में राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ का गायन अनिवार्य किया जाएगा।

सीएम योगी ने कहा, कोई मजहब राष्ट्र से बढ़कर नहीं हो सकता। जिस राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ ने स्वतंत्रता संग्राम में भारत की सोई चेतना को जगाया, उसका आज भी कुछ लोग विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि कोई व्यक्ति, मत या मजहब राष्ट्र से बड़ा नहीं हो सकता। जो व्यक्ति राष्ट्र के आड़े आए, उसे एक छोर पर रख देना चाहिए। कुछ लोग आज भी अपने व्यक्तिगत मत और मजहब को राष्ट्र से ऊपर मानते हैं।

सपा सांसद पर निशाना, जिन्ना का जिक्र

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के एक सांसद द्वारा ‘वन्दे मातरम्’ गाने से इनकार करने का उल्लेख करते हुए तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, ऐसे लोग जिन्ना को सम्मान देने वाले कार्यक्रमों में शामिल होते हैं, लेकिन सरदार पटेल की जयंती पर नहीं आते।

सीएम ने चेतावनी दी कि जाति, क्षेत्र, भाषा के नाम पर समाज को बांटने की साजिश नए जिन्ना पैदा करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि हमारा दायित्व है कि ऐसे कारणों को ढूंढें और खत्म करें। अगर कोई जिन्ना पैदा होने का साहस करे, तो उसे चुनौती मिलने से पहले ही दफन कर देना होगा।

कांग्रेस शिविर में देरी से पहुंचे राहुल गांधी, मिली 10 पुश-अप की सजा

0

पचमढ़ी (मध्य प्रदेश), 10 नवंबर 2025 कांग्रेस के संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को निर्धारित समय से 20 मिनट देर से पहुंचे। अनुशासन के कड़े नियमों का पालन करते हुए मास्टर ट्रेनर ने उन्हें सजा सुनाई। राहुल ने हंसते हुए पूछा, “लेट आया हूं, तो सजा क्या दोगे?” ट्रेनर के इशारे पर उन्होंने तुरंत 10 पुश-अप लगाए।

हेलीकॉप्टर 5 मिनट लेट, शिविर में 20 मिनट की देरी

राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर 8 नवंबर को पचमढ़ी पहुंचे थे। शनिवार दोपहर 3:30 बजे हेलीपैड पर लैंडिंग तय थी, लेकिन हेलीकॉप्टर 5 मिनट लेट उतरा। इसके बाद वे सीधे होटल हाइलैंड पहुंचे, जहां मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। यही देरी प्रशिक्षण शिविर तक खिंच गई।

कांग्रेस ट्रेनिंग हेड सचिन राव ने दी पुष्टि

कांग्रेस के प्रशिक्षण विभाग प्रमुख सचिन राव ने कहा, “राहुल जी 20 मिनट लेट थे। अनुशासन सभी पर लागू होता है। उन्होंने खुद सजा स्वीकार की और पुश-अप लगाए। यह कोई नई बात नहीं। हमारी पार्टी में लोकतंत्र है, भाजपा जैसी तानाशाही नहीं। सभी बराबर हैं।”

71 जिलाध्यक्षों को सिखाए मार्शल आर्ट के गुर

रविवार सुबह राहुल गांधी सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी पर गए। इसके बाद प्रशिक्षण शिविर में 71 जिलाध्यक्षों को मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग दी। उन्होंने कहा,“सियासत में फिट रहना जरूरी है। गिरना है, उठना है, लड़ना है। हमें मुहब्बत से वार करना है, भाजपा की विचारधारा से लड़ना है। मिशन 2028—मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार।”

10 दिवसीय शिविर के सख्त नियम

  • सभी जिलाध्यक्षों को होटल हाइलैंड में ही रुकना अनिवार्य
  • समयबद्ध कार्यक्रम—सुबह व्यायाम, प्रशिक्षण, चर्चा
  • देरी पर पुश-अप, दंड बैठक या अन्य शारीरिक दंड

मिशन 2028: संगठन को मजबूत करने की कवायद

यह अभियान पिछले साल दिसंबर में बेलगावी सीडब्ल्यूसी बैठक में घोषित हुआ था। 3 जून को भोपाल से इसकी शुरुआत हुई। पांच महीने में राहुल गांधी का मध्य प्रदेश का यह दूसरा दौरा है। एक वरिष्ठ नेता ने कहा, “लंबे समय से सत्ता से बाहर हैं। 2028 में वापसी का लक्ष्य है।

आवास की छत गिरने से एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत

0

पटना : दानापुर के दियारा इलाके में रविवार देर रात एक पुराना इंदिरा आवास भरभरा कर गिर पड़ा, जिसमें सोते हुए एक ही परिवार के पांच सदस्य मलबे में दबकर मारे गए। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। बारिश से कमजोर हुई नींव और दरारें आने के बावजूद गरीबी ने मरम्मत का मौका नहीं दिया।

मृतक परिवार के सदस्य

  • बबलू खान (32 वर्ष)
  • रौशन खातून (30 वर्ष, पत्नी)
  • रुकसार (12 वर्ष, बेटी)
  • मोहम्मद चांद (10 वर्ष, बेटा)
  • चांदनी (2 वर्ष, सबसे छोटी बेटी)

अकिलपुर थाना क्षेत्र के मानस नयापानापुर 42 पट्टी गांव में यह हादसा रात करीब 1 बजे हुआ। रात का खाना खाकर परिवार सोया था। अचानक जोरदार धमाके के साथ छत गिरी और चंद सेकंड में सब कुछ खत्म हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े आए। चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने हाथों से मलबा हटाना शुरू किया, तो पुलिस को सूचना दी गई। अकिलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई, लेकिन जब तक शव बाहर निकाले गए, सभी ने दम तोड़ दिया था। एम्बुलेंस से सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

“मलबा हटाते समय हमें पता चला कि पूरा परिवार दबा हुआ है। बहुत कोशिश की, लेकिन किसी को जिंदा नहीं बचा सके।” – विनोद कुमार, थानाध्यक्ष, अकिलपुर

स्थानीय लोगों ने बताया कि इंदिरा आवास योजना के तहत बना यह मकान 10-12 साल पुराना हो चुका था। लगातार बारिश से दीवारें कमजोर पड़ गई थीं, छत में दरारें आ गई थीं। पड़ोसियों ने कई बार चेतावनी दी थी, लेकिन बबलू खान मजदूरी कर परिवार चलाते थे। मरम्मत के लिए पैसे नहीं थे।

प्रशासन की कार्रवाई

  • पांचों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।
  • मुआवजे की प्रक्रिया शुरू।
  • दियारा क्षेत्र में जर्जर मकानों का सर्वे करने के निर्देश।

गांव में मातम, सरकार से गुहार

सोमवार सुबह से गांव में सन्नाटा पसरा है। जहां कभी बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब सिर्फ रोने की आवाजें हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि दियारा के सभी पुराने इंदिरा आवासों की जांच हो और गरीब परिवारों को पक्के मकान मुहैया कराए जाएं।

सीएम नीतीश कुमार ने जताया शोक

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह घटना अत्यंत दुखद है। मृतकों के परिजनों को ईश्वर धैर्य प्रदान करें।” सीएम ने प्रशासन को त्वरित राहत और जांच के निर्देश दिए हैं।

एक से ज्यादा शादी करने पर 7 साल की सजा, इस राज्य की सरकार ला रही कानून

0

गुवाहाटी: असम मंत्रिमंडल ने रविवार को ‘असम बहुविवाह निषेध विधेयक, 2025’ को मंजूरी दे दी। इसका उद्देश्य छठी अनुसूचित क्षेत्रों को छोड़कर राज्य में बहुविवाह और बहुपत्नी प्रथा को पूरी तरह प्रतिबंधित करना है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने घोषणा की कि यह विधेयक 25 नवंबर को असम विधानसभा सत्र में पेश किया जाएगा।

विधेयक के तहत जीवित जीवनसाथी होने पर या कानूनी तलाक के बिना दूसरा विवाह निषिद्ध होगा। पीड़ित महिलाओं को मुआवजा प्रदान करने का भी प्रावधान है, क्योंकि बहुविवाह से उन्हें गहरा कष्ट सहना पड़ता है। सरमा ने गुवाहाटी के लोक सेवा भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “यह विधेयक समाज को ऐसी अभिशापपूर्ण प्रथाओं से मुक्त करने के लिए तैयार किया गया है।” दोषियों के लिए 7 वर्ष तक कठोर कारावास का सख्त प्रावधान है। मंत्रिमंडल ने रंगमहल, उत्तरी गुवाहाटी में अत्याधुनिक न्यायिक टाउनशिप के पहले चरण के लिए 478.78 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी। इसमें हाईकोर्ट परिसर विकास योजना भी शामिल है।

इसके अलावा, ‘असम स्टार्टअप और नवाचार नीति 2025-30’ को मंजूरी मिली, जो अगले 5 वर्षों में राज्य को उद्यमिता हब बनाने का लक्ष्य रखती है। कुल वित्तीय आवंटन 397 करोड़ रुपये है। नीति में तकनीकी स्टार्टअप के लिए 20 लाख, डीप-टेक के लिए 40 लाख, सीड फंड के रूप में 50 लाख (4% इक्विटी के साथ), और स्केल-अप के लिए 10 करोड़ तक का प्रावधान है।

मंत्रिमंडल ने स्वायत्त, पीडीयूएएम, मॉडल डिग्री और सरकारी कॉलेजों के सहायक प्रोफेसरों व पुस्तकालयाध्यक्षों की करियर उन्नति योजना (सीएएस) के तहत पदोन्नति की प्रभावी तिथि निर्धारित करने को भी हरी झंडी दी। साथ ही, चराइदेव जिले में एसयू-केए-पीएचए विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी गई, जो शिक्षण, आवासीय और संबद्ध संस्थान के रूप में उच्च शिक्षा प्रदान करेगा।

बड़ी कार्रवाई, डॉक्टर के घर से 300 किलो RDX बरामद, एके-56 राइफल और पिस्टलें भी मिलीं

0
  • फरीदाबाद में आतंकी साजिश का पर्दाफाश, डॉक्टर के घर से भारी मात्रा में RDX बरामद।
  • जम्मू-कश्मीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 बैग RDX, एके-56 राइफल और पिस्टलें जब्त

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद ज़िले से शनिवार को एक ऐसी खबर सामने आई जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने फरीदाबाद के धौज इलाके में एक डॉक्टर के घर पर छापा मारकर भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर के घर से 12 बैग RDX, एक AK-56 राइफल, 2 ऑटोमैटिक पिस्टल, 84 कारतूस और 5 लीटर केमिकल बरामद किए गए हैं। बरामदगी इतनी बड़ी है कि इसे किसी बड़े आतंकी षड्यंत्र की तैयारी माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी मुजाहिल शकील की निशानदेही पर की गई। शकील को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दो दिन पहले गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसने डॉक्टर के घर में छिपाए विस्फोटक और हथियारों का राज खोला।

इसके बाद पुलिस की एक विशेष टीम ने धौज क्षेत्र में छापा मारकर यह बड़ा जखीरा बरामद किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि RDX की इतनी बड़ी मात्रा में बरामदगी सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चेतावनी है, क्योंकि यह किसी बड़े आतंकी प्लान का हिस्सा हो सकता है।

फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर सैंपल जांच में जुटी है। वहीं, खुफिया एजेंसियां भी अब इस नेटवर्क की जड़ें तलाशने में लग गई हैं — आखिर यह विस्फोटक हरियाणा तक कैसे पहुंचा और इसका मकसद क्या था?

उत्तराखंड: PM मोदी ने इन 19 योजनाओं का शिलान्यास, 12 परियोजनाओं का किया लोकार्पण

0

देहरादून: उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयंती के भव्य समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कुल ₹8260.72 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें ₹7329.06 करोड़ की 19 परियोजनाओं का शिलान्यास और ₹931.65 करोड़ की 12 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं से पेयजल, सिंचाई, बिजली, बाढ़ सुरक्षा, सौर ऊर्जा, खेल, शिक्षा और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को मजबूती मिलेगी।

शिलान्यास की गईं 19 प्रमुख परियोजनाएं (कुल लागत ₹7329.06 करोड़)

  1. सौंग बांध पेयजल परियोजना (देहरादून-टिहरी) – ₹2491.96 करोड़
  2. जमरानी बांध बहुउद्देशीय पेयजल परियोजना (नैनीताल) – ₹2584.10 करोड़
  3. अलकनंदा नदी बाएं तट पर ज्योतिर्मठ (चमोली) में टो प्रोटेक्शन एवं भूस्खलन स्थिरीकरण – ₹100.53 करोड़
  4. धारचूला (पिथौरागढ़) में काली नदी दाएं तट पर बाढ़ सुरक्षा योजना – ₹140.22 करोड़
  5. पीपलकोटी (चमोली) में 400 के.वी. स्विचिंग उपसंस्थान एवं पारेषण लाइन – ₹340.29 करोड़
  6. घनसाली (टिहरी) में 220 के.वी. उपसंस्थान – ₹277.23 करोड़
  7. सभी जनपदों के शासकीय भवनों में सोलर पावर प्लांट स्थापना – ₹129.37 करोड़
  8. बनबसा (चम्पावत) में 220 के.वी. उपसंस्थान (100 एमवीए) एवं पारेषण लाइन – ₹223.71 करोड़
  9. लोहाघाट (चम्पावत) में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज – ₹256.96 करोड़
  10. केन्द्रीय सड़क अवसंरचना निधि के तहत 08 एवं राज्य योजना के तहत 02 सड़क योजनाएं – ₹127.43 करोड़
  11. यमकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल) में चौरासी कुटिया पुनरोद्धार – ₹100.89 करोड़
  12. लोहाघाट, सल्ट, दन्या, गरूड़, द्वाराहाट, पोखरी राजकीय पॉलिटेक्निक भवन निर्माण – ₹100.67 करोड़
  13. टिहरी एवं देहरादून में पर्यटन विकास कार्य – ₹58.21 करोड़
  14. देहरादून एवं हल्द्वानी में रैन बसेरा निर्माण – ₹55.00 करोड़
  15. खानपुर (हरिद्वार) उप जिला चिकित्सालय भवन निर्माण – ₹39.42 करोड़
  16. कपकोट, कर्णप्रयाग पम्पिंग पेयजल योजना एवं नानकमत्ता पेयजल पुनर्गठन – ₹79.83 करोड़
  17. लालकुआं (नैनीताल) में 1.50 लाख लीटर/दिन क्षमता की अत्याधुनिक दुग्धशाला – ₹80.77 करोड़
  18. पौड़ी गढ़वाल में पेयजल योजना – ₹15.16 करोड़
  19. वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार में चैनलिंक फेंसिंग – ₹11.48 करोड़

लोकार्पण की गईं 12 परियोजनाएं (कुल लागत ₹931.65 करोड़)

  1. बरम (धारचूला, पिथौरागढ़) में 220/33 के.वी. (50 एमवीए) उपसंस्थान एवं 25.12 सर्किट किमी पारेषण लाइन – ₹161.98 करोड़
  2. बिंदाल-पुरकुल (देहरादून) 132 के.वी. पारेषण लाइन – ₹38.71 करोड़
  3. सभी जनपदों के शासकीय भवनों में सोलर पावर प्लांट स्थापना – ₹32.61 करोड़
  4. अमृत 1.0 के तहत देहरादून (धर्मपुर, रायपुर, मसूरी, कैन्ट) जलापूर्ति 23 जोन – ₹128.56 करोड़
  5. चम्पावत, टनकपुर, ताकुला, बाडेछीना, चिन्यालीसौड़, कुल्सारी राजकीय पॉलिटेक्निक भवन – ₹126.27 करोड़
  6. राज्य योजना के 03 एवं केन्द्रीय अवसंरचना निधि के 07 विभिन्न निर्माण कार्य – ₹110.03 करोड़
  7. गंगोलीहाट, बागेश्वर, श्रीनगर पम्पिंग पेयजल योजना – ₹80.81 करोड़
  8. बेलपट्टी ग्राम समूह पम्पिंग पेयजल योजना (गंगोलीहाट, पिथौरागढ़) – ₹57.50 करोड़
  9. ग्वालगांव (धारचूला) भूस्खलन उपचारात्मक कार्य – ₹84.09 करोड़
  10. पिथौरागढ़ एवं देहरादून में बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य – ₹66.57 करोड़
  11. प्रेसिजन मैन्युफैक्चरिंग कार्यशाला – ₹26.91 करोड़
  12. हल्द्वानी स्टेडियम में हॉकी एस्ट्रोटर्फ ग्राउंड – ₹18.61 करोड़

उत्तराखंड : गढ़वाली-कुंमाऊंनी में बोले प्रधानमंत्री मोदी, पिछले 25 सालों की बधाई, अगले 25 सालों के लिए नसीहत

0

देहरादून : उत्तराखंड ने आज अपना 25वां राज्य स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। वन अनुसंधान संस्थान (FRI) परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत में पीएम ने विशेष स्मारक डाक टिकट जारी किया और उसके बाद विशाल जनसमूह को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने राज्य को 8260 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की प्रगति को “हर उत्तराखंडी के संकल्प का नतीजा” बताते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों में राज्य ने विकास की अद्भुत यात्रा तय की है।

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत गढ़वाली भाषा में की। उन्होंने कहा, “देवभूमि उत्तराखंड का मेरा भाई बंधो, भैया भूली, आप सभी को मेरा नमस्कार।” गढ़वाली में ही आगे बोले, “2047 मा भारत थे विकसित देशों की लेन मा ल्याण थुणी म्यारो उत्तराखंड मेरो देवभूमि पूरी तरह से त्यार छिन।” पीएम ने राज्य की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि राज्य गठन के समय बजट मात्र चार हजार करोड़ था, जो आज एक लाख करोड़ को पार कर चुका है। ऊर्जा उत्पादन चार गुना, सड़कों की लंबाई दोगुनी और हवाई यात्रियों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। पहले छह महीने में चार हजार यात्री हवाई मार्ग से आते थे, अब एक दिन में चार हजार यात्री आते हैं।

स्वास्थ्य क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि राज्य में पहले एक मेडिकल कॉलेज था, आज दस हैं। वैक्सीन कवरेज 25 प्रतिशत से भी कम था, जो अब शत-प्रतिशत गांवों तक पहुंच गया है। इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या में भी भारी बढ़ोतरी हुई है। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड को “आध्यात्मिक जीवन की धड़कन” बताते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और खेल से जुड़ी नई परियोजनाएं राज्य के विकास को और गति देंगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में दो लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाएं राज्य में चल रही हैं, जो युवाओं के लिए रोजगार सृजन में गेम चेंजर साबित होंगी।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पीएम ने कई सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र में योग केंद्र, होम स्टे और कंप्लीट पैकेज तैयार किया जाए। पहाड़ी भोजन को पर्यटकों के सामने परोसने पर जोर देते हुए बोले कि यही चीज उन्हें दोबारा उत्तराखंड खींच लाएगी। स्थानीय मेलों-त्योहारों को वैश्विक पटल पर लाने के लिए “एक जिला एक मेला” अभियान चलाने की सलाह दी, ताकि फूलदेई, हरेला जैसे पर्व दुनिया देखें। आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों की बढ़ती मांग का जिक्र करते हुए कहा कि इनका व्यवस्थित दोहन राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देगा।

प्रधानमंत्री ने डेमोग्राफिक परिवर्तन और भूमि अतिक्रमण जैसे संवेदनशील मुद्दों पर धामी सरकार की सराहना की। आपदा प्रबंधन में जनता की हरसंभव मदद करने के प्रयासों को भी रेखांकित किया। उन्होंने “जहां चाह वहां राह” का मंत्र दोहराते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य होने पर कोई भी बाधा बाधक नहीं बनती और उत्तराखंड ने इसे साबित कर दिखाया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.), केंद्रीय मंत्री और विभिन्न गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। शाम को पूरे राज्य में दीपोत्सव मनाया जाएगा और सरकारी भवनों को रोशनी से सजाया जाएगा। उत्तराखंड की रजत जयंती ने न केवल पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों का जश्न मनाया, बल्कि विकसित उत्तराखंड @ 2047 के संकल्प को भी नई ऊर्जा दी।

उत्तराखंड रजत जयंती: पीएम मोदी ने दी 8260 करोड़ की सौगात, जारी किया स्मारक डाक टिकट

0

देहरादून। उत्तराखंड अपना 25वां राज्य स्थापना दिवस धूमधाम से मना रहा है। रजत जयंती समारोह में शामिल होने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देहरादून पहुंचे। परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य कार्यक्रम में पीएम मोदी ने राज्य को 8260 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने एक विशेष स्मारक डाक टिकट भी जारी किया और 28,000 किसानों के खातों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 62 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की।

कार्यक्रम में पहुंचते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शॉल ओढ़ाकर और ऊखीमठ केदारनाथ के शीतकालीन प्रवास स्थल की प्रतिकृति भेंटकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। मंच पर उपस्थित राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.), केंद्रीय मंत्री, सांसद और विधायकगण भी मौजूद रहे।

विश्वास जगाया कि हम किसी से कम नहीं: सीएम धामी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा, “बाबा केदारनाथ, भगवान बदरीविशाल, महासू देवता, गोल्ज्यू देवता सहित सभी देवताओं का स्मरण करता हूं। देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों और राज्य आंदोलन में अमर बलिदान देने वाले शहीदों को नमन करता हूं।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी दुनिया में यह विश्वास जगाया है कि हम किसी से कम नहीं। उत्तराखंड वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में अपनी पूरी भागीदारी निभाने को तैयार है।

8260 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम स्थल से ही विभिन्न परियोजनाओं का वर्चुअल और प्रत्यक्ष रूप से शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इनमें कई बहुप्रतीक्षित पेयजल योजनाएं, सिंचाई परियोजनाएं, तकनीकी संस्थानों का विस्तार, ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाएं और शहरी विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं। खेल और कौशल विकास के क्षेत्र में भी कई नई पहल शुरू की गईं।

28,000 किसानों को 62 करोड़ का फसल बीमा प्रधानमंत्री ने एक क्लिक से 28,000 किसानों के खातों में फसल बीमा योजना की 62 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की। इससे किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई में त्वरित मदद मिलेगी।

स्मारक डाक टिकट जारी उत्तराखंड की रजत जयंती के उपलक्ष्य में डाक विभाग द्वारा जारी विशेष स्मारक डाक टिकट को प्रधानमंत्री ने औपचारिक रूप से लोकार्पण किया। इस टिकट में राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, चारधाम और सांस्कृतिक धरोहर को दर्शाया गया है।

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे उत्तराखंड में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सुबह से ही सरकारी भवनों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराया गया। शाम को दीपावली की तर्ज पर भवनों को रोशनी से सजाया जाएगा। मुख्यमंत्री धामी ने सभी नागरिकों से राज्य की प्रगति में सहयोग करने और “विकसित उत्तराखंड @ 2047” के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।

राहुल का बड़ा आरोप: SIR ‘वोट चोरी’ छिपाने की साजिश, मोदी-शाह और CEC पर निशाना

0

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को ‘वोट चोरी’ को छिपाने और इसे संस्थागत बनाने का प्रयास करार दिया। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पहाड़ी शहर पचमढ़ी में जिला कांग्रेस अध्यक्षों के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने पहुंचे राहुल ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि हरियाणा की तर्ज पर मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में भी चुनावों में वोट चोरी हुई है।

राहुल गांधी ने कहा, “कुछ दिन पहले मैंने हरियाणा पर प्रेजेंटेशन दिया था, जिसमें साफ दिख रहा था कि वोट चोरी हो रही है। 25 लाख वोट चोरी हुए, हर आठ में से एक वोट चोरी हुआ। डेटा देखने के बाद मुझे लगता है कि यही मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में भी हुआ। यह भाजपा और चुनाव आयोग का सिस्टम है।” उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार मिलकर लोकतंत्र और अंबेडकर के संविधान पर हमला कर रहे हैं। राहुल ने कहा कि उनके पास और विस्तृत जानकारी है, जिसे धीरे-धीरे सार्वजनिक किया जाएगा, लेकिन मुख्य मुद्दा वोट चोरी है और SIR इसे कवर करने व संस्थागत बनाने की कोशिश है।

इससे पहले शनिवार को शिविर में राहुल ने नव नियुक्त जिला अध्यक्षों से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और ईमानदारी से काम करने का आह्वान किया। रविवार सुबह उन्होंने पचमढ़ी में जंगल सफारी का भी लुत्फ उठाया। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, प्रशिक्षण शिविर को सकारात्मक फीडबैक मिला है। उधर, चुनाव आयोग ने राहुल के हरियाणा संबंधी आरोपों को पहले ही निराधार बताया है और SIR को मतदाता सूची की कमियों को दूर करने की पारदर्शी प्रक्रिया करार दिया है।

आतंकी हमले की साजिश नाकाम, इस राज्य में ATS ने ISIS के 3 टेररिस्ट को किया गिरफ्तार

0

अहमदाबाद। गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। ATS ने गांधीनगर के अडालज इलाके से ISIS से जुड़े तीन संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी हथियारों की अदला-बदली करने गुजरात आए थे और देश के विभिन्न हिस्सों में बड़े आतंकी हमलों की साजिश रच रहे थे।

सूत्रों के अनुसार, ATS को खुफिया जानकारी मिली थी कि अडालज में आतंकी गतिविधियों की साजिश चल रही है। मुखबिर की सूचना पर ATS की टीम ने रविवार सुबह छापेमारी की और तीनों को हथियारों की डील के दौरान धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में दो उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं, जबकि एक आंध्र प्रदेश का निवासी है। इनके पास से एन्क्रिप्टेड चैट्स और डिजिटल डिवाइस बरामद हुए हैं, जो ISIS के वैश्विक नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये तीनों दो अलग-अलग ISIS मॉड्यूल से जुड़े थे और पाकिस्तान आधारित हैंडलरों के संपर्क में थे।

ATS अधिकारियों का कहना है कि ये आरोपी युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने और विस्फोटक हमलों की तैयारी कर रहे थे। इनकी गिरफ्तारी से देश में कई जगहों पर होने वाले संभावित हमलों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई है। मामले में UAPA के तहत FIR दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है। गुजरात ATS की इस कार्रवाई को सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता का उदाहरण माना जा रहा है।