Home Blog Page 1072

अपने घोषणा पत्र में भाजपा ने एक बार फिर राम मंदिर बनाने की कही बात

0

नई दिल्ली – भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने अपने घोषणा पत्र में एक बार फिर राम मंदिर बनाने की बात कही है। केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को भाजपा का संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि राम मंदिर भाजपा की प्राथमिकता रही है। ऐसे में संविधान के दायरे में रहकर अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण शीघ्र कराया जाएगा।

राजनाथ सिंह ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए सभी संभावनाओं को तलाशा जाएगा और सौहार्दपूर्ण माहौल में इसके लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। सिंह ने कहा कि भाजपा हर वर्ग की आस्था से जुड़े सभी सांस्कृतिक, धार्मिक, सामाजिक और आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण विरासतों और स्थलों के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है।

भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में सबरीमाला मुद्दे पर कहा है कि उनका पूरा प्रयास रहेगा कि सर्वोच्य न्यायालय के समक्ष सबरीमाला की आस्था, परंपरा एवं पूजा पद्धति का विषय रखा जाए। उनकी कोशिश रहेगी कि आस्था एवं विश्वास के विषयों को संवैधानिक संरक्षण मिले।

मुकेश अंबानी रियल एस्टेट क्षेत्र को बदलने की तैयारी में

0

नई दिल्ली – दुनिया के 13वें सबसे रईस शख्स मुकेश अंबानी जियो के जरिये भारत में दूरसंचार क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदलने के बाद अब रियल एस्टेट में भी कुछ ऐसा ही धमाका करने जा रहे हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (क्रढ्ढरु) ने मुंबई के निकट एक विश्वस्तरीय मेगासिटी तैयार करने का ब्लूप्रिंट लगभग तैयार कर लिया है। बिजनस स्टैंडर्ड की एक रिपोर्ट से यह जानकारी सामने आई है। यही मेगासिटी कितनी बड़ी होगी, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह रिलायंस ग्रुप का एकमात्र सबसे बड़ा प्रॉजेक्ट होने जा रहा है, जिसका हर हिस्सा अपने आप में एक प्रॉजेक्ट होगा।

अंबानी का मेगासिटी सिंगापुर की तर्ज पर डिवेलप होगा। इसमें एयरपोर्ट, पोर्ट तथा सी लिंक कनेक्टिविटी भी होंगे। इसमें पांच लाख से अधिक लोग रह सकेंगे। यही नहीं, इस शहर में हजारों कंपनियां भी होंगी। इस प्रॉजेक्ट के डिवेलपमेंट में एक दशक में लगभग 75 अरब डॉलर की लागत आ सकती है।
अंबानी अपनी इस महत्वाकांक्षी परियोजना को बेहद व्यापक स्तर पर लॉन्च कर सकते हैं, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया होगा। विश्लेषकों का कहना है कि रियल एस्टेट के क्षेत्र पर इस प्रॉजेक्ट का वही असर हो सकता है, जैसा दूरसंचार क्षेत्र पर जियो की वजह से हुआ। कुल मिलाकर, रिलायंस का यह प्रॉजेक्ट भारत में नई इबारत लिख सकता है, क्योंकि समस्त शहरी बुनियादी ढांचे की जो तस्वीर है, उसे यह पूरी तरह बदल सकता है।

रिपोर्ट ने रियल एस्टेट के एक शीर्ष विश्लेषक का हवाला देते हुए कहा है कि इस शहर के अस्तित्व में आने के बाद मुंबई की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है। उन्होंने कहा कि नया शहर रिवर्स माइग्रेशन का कारण बन सकता है, क्योंकि इसकी कीमतें मुंबई के रियल एस्टेट कंपनियों द्वारा बेचे जा रहे मकानों की तुलना में काफी कम होगी।

इस प्रॉजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि कंपनी न सिर्फ खुद इस प्रॉजेक्ट को डिवेलप करेगी, बल्कि शहर तैयार होने के बाद वह उसके प्रशासन को भी नियंत्रित करेगी। ऐसा स्पेशल प्लानिंग अथॉरिटी लाइसेंस की वजह से होगा, जो कंपनी को इस ऐतिहासिक परियोजना के लिए मिला है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस लाइसेंस से अंबानी को न सिर्फ बेहद कम लालफीताशाही का सामना करना पड़ेगा, बल्कि शहर को डिवेलप करने की लागत भी कम होगी।

कांग्रेस ने शत्रुघ्न सिन्हा को दिया टिकट

0

नई दिल्ली – कांग्रेस ने शनिवार को आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पांच और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। इसमें आज ही शामिल हुए फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा का पटना साहिब और पंजाब के लोकगायक मोहम्मद सदीक का फरीदकोट से नाम प्रमुख है।

दिल्ली में पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति के प्रभारी एवं पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक ने विज्ञप्ति जारी कपर बिहार की एक, हिमाचल की एक और पंजाब की तीन सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है।

पटना साहिब से शत्रुघ्न सिन्हा, हमीरपुर से रामलाल ठाकुर, खडूर साहिब से जसबीर सिंह गिल, फतेहगढ़ साहिब(एससी) से डॉ अमर सिंह और फरीदकोट(एससी) से मोहम्मद सदीक।

शत्रुघ्न सिन्हा भाजपा के बड़े नेता रहे हैं और पार्टी नेतृत्व से अनबन के चलते आज कांग्रेस में शामिल हुए। रामलाल ठाकुर वर्तमान में कांग्रेस के विधायक हैं। पंजाब से जसबीर सिंह मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी हैं और ब्यास से पूर्व विधायक हैं। डॉ अमर सिंह मध्यप्रदेश काडर के पूर्व आईएएस अधिकारी हैं। मोहम्‍मद सदीक भदौड़ से 2012 से 2017 तक विधायक रहे हैं।

कुछ भी कर लें, पीएम नहीं बन सकते राहुल गांधी – मनेका गांधी

0

नई दिल्ली – केंद्रीय मंत्री और बीजेपी की सीनियर लीडर मेनका गांधी इस बार लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सुलतानपुर सीट से उम्मीदवार हैं। मेनका गांधी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कितनी भी कोशिश कर लें पर वे प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हैं, अगर कोई करिश्मा हो जाए तो इसके बारे में नहीं कहा जा सकता है।

उन्होंने प्रियंका गांधी के राजनीति में आने पर पड़ने वाले प्रभाव पर भी बात की। मेनका गांधी ने कहा कि प्रियंका के आने से कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि उनके पास कार्यकर्ता नहीं हैं। मेनका गांधी सुल्तानपुर से लोकसभा चुनाव जीतने को लेकर आश्वस्त नजर आईं। उन्होंने कहा, ‘मेरे पति संजय गांधी दो बार चुनाव जीते और वरुण गांधी पिछली बार सुलतानपुर सीट से चुनाव जीते। अबकी मैं और अन्य कार्यकर्ता काफी मेहनत कर रहे हैं, जीत हमारी ही होगी।’ बेटे वरुण गांधी के बारे में उन्होंने कहा कि पीलीभीत में उन्होंने बहुत काम किया है, इसलिए वरुण आसानी से चुनाव जीत जाएंगे।

राहुल गांधी के वायनाड से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति दो या अधिक सीटों पर चुनाव लड़ सकता है। मेनका गांधी ने एक बार फिर बसपा सुप्रीमो मायावती पर टिकट बेचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘हम सब जानते हैं कि मायावती पैसे के लिए टिकट बेचती हैं। अबकी सुलतानपुर का टिकट मायावती ने 15 करोड़ में बेचा है।’

मेनका गांधी ने सपा-बसपा और रालोद के महागठबंधन पर उन्होंने कहा कि उनको खतरा नहीं हैं, वे सुलतानपुर से चुनाव जीत रही हैं। अमेठी और रायबरेली में प्रचार करने के सवाल पर मेनका गांधी ने कहा कि पार्टी ने अभी तक प्रचार करने को नहीं कहा है, लेकिन पार्टी की तरफ से ऐसा कोई संदेश आता है तो वे जरूर अमेठी और रायबरेली में प्रचार करने जाएंगी। बता दें कि राहुल गांधी अमेठी और सोनिया गांधी रायबरेली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं। मेनका गांधी ने दावा किया कि बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए पिछली बार के मुकाबले अधिक सीटों पर जीत हासिल कर सरकार बनाएगी। बता दें कि मेनका गांधी सुलतानपुर और वरुण गांधी पीलीभीत से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

जेट को इंडियन ऑयल ने ईंधन आपूर्ति बहाल की

0

नई दिल्ली – देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने शुक्रवार को जेट एयरवेज को ईंधन की आपूर्ति बहाल कर दी। इससे पहले आईओसी ने कुछ घंटों के लिए तेल की आपूर्ति बंद कर दी थी।

आईओसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को कुछ समय के लिए जेट को ईंधन की आपूर्ति बंद कर दी गई थी, लेकिन बकाये का भुगतान करने को लेकर एयरलाइन की ओर से आश्वासन मिलने पर दोबारा आपूर्ति शुरू कर दी गई।

जेट एयरवेज पहले से ही तरलता के भारी संकट से जूझ रही है, जिसके कारण उसका परिचालन प्रभावित हुआ है और कई विमानों का परिचालन बंद है। एयरलाइन के वर्तमान में सिर्फ 26 विमान परिचालन में हैं, जबकि पहले इसके बेड़े मं 120 विमान थे। पट्टेदारों को किराये का भुगतान नहीं होने के कारण बाकी विमानों का परिचालन नहीं हो रहा है।

शादी के बाद मैंने कभी अपना धर्म नहीं बदला – उर्मिला मातोंडकर

0

नई दिल्ली – बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने राजनीति की दुनिया में कदम रख दिया है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है और कांग्रेस ने भी लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर उन्हें मुंबई नॉर्थ सीट से पार्टी का उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इसी के साथ उर्मिला ने कांग्रेस का ‘हाथ’ मजबूत करने के साथ ही, अपने क्षेत्र में चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। हालांकि इस दौरान उर्मिला मातोंडकर को सोशल मीडिया पर उनकी शादी को लेकर काफी ट्रोल किया जा रहा है। एक मुस्लिम से शादी को लेकर ट्रोल की जा रही उर्मिला ने ट्रोल करने वालों को करारा जवाब दिया है।’

अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस को दिए खास इंटरव्यू में उर्मिला मातोंडकर ने कहा, “मैंने कभी अपना धर्म नहीं बदला। मेरे पति उतने ही गर्वित मुसलमान हैं जितना कि मैं एक गौरवशाली हिंदू हूं।” उन्होंने आगे कहा, “यही तो हमारे देश की सुंदरता है और हमारी शादी की भी। मूल रूप से, ट्रोल करने वाले इस्लाम को एक विशेष रंग में रंगने की कोशिश कर रहे हैं, हालांकि मैं अपनी सोच के बारे में स्पष्ट हूं। ट्रोल्स ने साबित किया है कि वे किस स्तर तक जा सकते हैं।”

उर्मिला मातोंडकर ने इस दौरान बीजेपी के पांच साल के कार्यकाल को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “यह नफरत की राजनीति है। कोई भी पांच साल की प्रगति के बारे में बात नहीं कर रहा है। जो इस दौरान नहीं हुआ, जो सपने कभी सच नहीं हुए। वे केवल अंतरिक्ष की बात कर रहे हैं।।।।” राजनीति में आने को लेकर उर्मिला ने कहा, “सभी लोगों को लगता है कि राजनीति में एक ग्लैमर डॉल आ गई है। ये मेरे लिए अच्छा है। मैं बोलने के बजाय अपने काम से सबको जवाब देना चाहूंगी। गांधीजी ने कहा कि आप दुनिया में जिस बदलाव को देखना चाहते हैं, वह बन जाइए।”

उर्मिला मातोंडकर ने कहा, “पिछले पांच साल में, ऐसे कई उदाहरण हैं जहां मुझे लगा कि एक नागरिक के रूप में मुझे अपनी आवाज उठानी चाहिए थी, लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया। मेरे इंडस्ट्री (बॉलीवुड) में लोग बेहद कमजोर हैं। ऐसे कई उदाहरण हैं जहां लोगों को देश-विरोधी कहा गया है, दूसरे देश में जाने के लिए कहा गया, उनकी देशभक्ति पर सवाल उठाए गए क्योंकि उन्होंने अपने बच्चों की भलाई का मुद्दा उठाया था। मुझे लगता है कि यह पूरी तरह से अस्वीकार्य और भयावह है।”

आतंकी मसूद को बीजेपी ने ही छोड़ा था – मायावती

0

नागपुर – बीएसपी प्रमुख मायावती ने शुक्रवार को बीजेपी और पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। मायावती ने कहा कि आतंकियों को छोड़ने की गलत परंपरा बीजेपी सरकारों की है बीएसपी की नहीं। वहीं नागपुर में आयोजित एक रैली में भी मायावती ने बीजेपी और कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए।

मायावती ने ट्वीट कर दावा किया, ‘बीजेपी और खुद पीएम नरेंद्र मोदी अपनी संभावित हार से इतने ज्यादा भयभीत हैं कि उन्हें खुद नहीं पता कि वे किस पर क्या व कैसा मिथ्या आरोप लगा रहे हैं। आतंकियों को छोड़ने की गलत परम्परा बीजेपी सरकारों की है बीएसपी की नहीं। आतंकी मसूद को भी बीजेपी ने ही छोड़ा था जो अब सबसे बड़ा सरदर्द है।

एक अन्य ट्वीट में बीएसपी प्रमुख ने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी की इंदिरा सरकार में देश ने इमरजेन्सी का दंश झेला किंतु बीजेपी की नरेंद्र मोदी सरकार की अघोषित राजनैतिक इमरजेंसी के साथ-साथ नोटबन्दी की आर्थिक इमरजेंसी दोनों की ही जबर्दस्त मार से 130 करोड़ जनता जूझ रही है और इस निरंकुश जनविरोधी सरकार से मुक्ति चाहती है।

वहीं शुक्रवार को नागपुर की एक रैली में मायावती ने जमकर बीजेपी और कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, कांग्रेस को अपनी गलत नीतियों की वजह से कई राज्यों और केंद्र की सत्ता से बाहर होना पड़ा। उन्होंने कहा बीजेपी आएसएस वाली नीतियों की वजह से सत्ता के बाहर चली जाएगी।

मायावती ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने चुनाव घोषित होने से पहले अपने सरकार के अंतरिम बजट में कई वादे किए हैं जिनमें से ज़्यादातर इनके राजनीतिक हितों के हवाहवाई जुमले हैं। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब के द्वारा आरक्षण की जो सुविधा दी गई है, उसे एक सोची समझी साजिश के तहत प्रभावहीन बनाने की कोशिश की जा रही है।

मायावती ने कहा कि वर्तमान में केंद्र और कई राज्यो में बीजेपी की सरकार के चलते दलितों और अल्पसंख्यको का विकास नही हो पा रहा है। गरीब, मजदूर, व्यापारी अपनी कई समस्याओं को लेकर दुःखी नज़र आ रहे है। गरीबी, बेरोजगारी बढ़ी है।

भाजपा की स्टार प्रचारकों की लिस्ट में अभिनेता विवेक ओबेरॉय का नाम

0

नई दिल्ली – भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव में गुजरात के लिए अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने कुल 40 स्टार प्रचारकों के नाम जारी किए हैं। गुजरात में पार्टी ने जिनको स्टार प्रचारक बनाया है, उनमें नरेंद्र मोदी, अमित शाह के अलावा कई केंद्रीय मंत्रियों के नाम हैं। साथ ही अभिनेता विवेक ओबेरॉय को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है। विवेक ओबेरॉय नरेंद्र मोदी की जिंदगी पर बन रही फिल्म में उनका किरदार निभा रहे हैं और भाजपा के करीबी माने जाते हैं। गुजरात की गांंधीनगर सीट से कई दफा सांसद रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी का नाम इस लिस्ट में नहीं है।

गुजरात के लिए जारी भाजपा के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अरुण जेटली, स्मृति ईरानी, निर्मला सीतारमण, सुषमा स्वराज, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस, शिवराज सिंह चौहान, उमा भारती, योगी आदित्यनाथ, मुख्तार अब्बास नकवी, वसुंधरा राजे सिंधिया, हेमा मालिनी, नितिन भाई पटेल, परेश रावल, विजय रुपाणी, हीरा भाई सोलंकी और अभिनेता विवेक ओबेरॉय के नाम शामिल हैं।

गुजरात में लोकसभा की 26 सीटें हैं। राज्य में एक ही चरण में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी। 2014 में हुए आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने सभी 26 सीटों पर जीत हासिल की थी। देश में 17 वीं लोकसभा के लिए 11 अप्रैल से सात चरण में चुनाव होने हैं। सभी सीटों पर 23 मई को नतीजों का ऐलान होगा।

भाजप को वोट ना देने की अनुराग कश्यप, नासिरुद्दीन समेत 600 से अधिक थिएटर हस्तियों की अपील

0

नई दिल्ली – लोकसभा चुनाव 2019 के पहले चरण के मतदान में कुछ ही दिनों का समय बचा है। इसी बीच देश भर के 600 से ज्यादा थियेटर कलाकारों ने लोगों से आम चुनाव में बीजेपी और उसके सहयोगियों को वोट ना देने की अपील की है। गुरुवार को लगभग 600 से ज्यादा कलाकरों के हस्ताक्षर से जारी इस अपील में कलाकारों ने देश के लोगों से अपील की है कि आगामी चुनाव में विभाजनकारी ताकतों के हराने के लिए वोट करें।

इस अपील पर हस्ताक्षर करने वालों में नाटककार गिरीश कर्नाड और महेश एलकुंचवार, कलाकार अमोल पालेकर, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह और कोंकना सेन शर्मा, निर्देशक अनुराग कश्यप, अनुराधा कपूर, अनामिका हक्सर और अतुल कुमार, पुरस्कार विजेता कठपुतली कलाकार दादी पुडुमजी और अनुरुपा रॉय, रंगा शंकर और अरुण नागर और नागेंद्र नागर के साथ जन नाट्य मंच के निर्देशक मोलॉयश्री हाशमी और कई युवा कलाकार, निर्देशक और समूह हैं।

12 भाषाओं में जारी किए गए बयान में कहा गया है कि , आज हिन्दुस्तान की वही छवि ख़तरे में है। आज, गीत, नाच, हंसना-हँसाना खतरे में है। आज हमारा प्यारा संविधान ख़तरे में है। उन संस्थानों का गला घोंटा जा रहा है जिनका काम तर्क-वितर्क, वाद-विवाद और असहमति को मान्यता देना है। सवाल उठाने, झूठ को उजागर करने, और सच बोलने को ‘देश-विरोधी’ क़रार दिया जाता है। नफ़रत के बीज हमारे खान-पान, इबादत और त्योहारों में शामिल हो गए हैं।

जिन अलग अलग रूपों में नफ़रत हमारी रोज़मर्रा की ज़िन्दगी में ख़ौफ़नाक तरीक़े से दाख़िल हो गयी है, उसको रोकना है। आने वाले चुनाव आज़ाद हिंदुस्तान के इतिहास के सबसे अहम् चुनाव हैं। जनतंत्र का मतलब है सबसे कमज़ोर और हाशिये पर बसे इंसान को समर्थ बनाना। बिना सवाल उठाए, बिना वाद-विवाद किए, बिना ज़िंदा विपक्ष के जनतंत्र कामयाब नहीं हो सकता। आज की सरकार जानबूझ कर इन सब को ख़त्म कर रही है।

हमारी अपील है कि कट्टरपन, नफ़रत और निठुराई को वोट की ताक़त से हराएँ। भाजपा और उसके सहयोगियों के ख़िलाफ़ वोट डालें। सबसे कमज़ोर को समर्थ बनाने के लिए, आज़ादी को बचाने के लिए, पर्यावरण को बचाने के लिए, वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के लिए वोट डालें। सेक्युलर, जनतंत्रीय और भाईचारे वाले हिन्दुस्तान के लिए वोट डालें। सपने देखने की आज़ादी के लिए वोट डालें। सोच समझ कर वोट डालें। हस्ताक्षर करने वाले कलाकारों की पूरी लिस्ट artistuniteindia.com पर जारी की गई है।

कांग्रेस पर कुमारस्वामी ने साधा निशाना, बेटे को हराने के लिए रचा जा रहा ‘चक्रव्यूह’

0

बेंगलुरु – लोकसभा चुनाव प्रचार के बीच राजनीतिक पार्टियों की ओर से नेताओं के आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी क्रम में कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप लगाया है। कुमारस्वामी ने कहा कि मांड्या लोकसभा सीट से जेडीएस उम्मीदवार और उनके बेटे निखिल को हराने के लिए चक्रव्यूह रचा जा रहा है। ऐसे में सत्तारूढ़ मोर्चे में फिर से दरारे आने लगी है।

जेडीएस नेता ने निशाना साधते हुए कहा कि मांड्या के घटनाक्रम हाथ से निकल गए हैं। निर्दलीय उम्मीदवार को व्यापक समर्थन मिला है। चुनाव में वो निर्दलीय जरूर है लेकिन उन्हें कांग्रेस, भाजपा और रैता संघ का भरपूर समर्थन मिला है। वही जीडी (एस) सुप्रीमो और उनके पिता एचडी देवगौड़ा की टिप्पणी पर गुरुवार को जवाब देते हुए कहा मांड्या में चीजें हाथ से निकल गई हैं। जहां पर की 18 अप्रैल को चुनाव होना है। उन्होंने कहा कि यहां तक पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सिद्धारमैया भी इसे पलट नहीं सकते हैं।

कुमारस्वामी ने कहा कि मंड्या में कुछ चक्रव्यूह भी रचे गए हैं लेकिन वहां की जनता ने पहले ही यह फैसला (निखिल का चुनाव करने के लिए) कर लिया है। उन्होंने कहा कि वह बिना कुछ छिपाए स्पष्ट रूप से बयान दे रहे हैं। बता दें कि ‘चक्रव्यूह’ का जिक्र महाभारत की लड़ाई में मिलता है जिसमें अर्जुन के पुत्र अभिमन्यू कौरवों के जाल में फंस जाते है और मारे जाते हैं। मांड्या की लोकसभा सीट की गिनती जेडीएस की सुरक्षित सीटों में होती है और गढ़ भी माना जाता है। इस सीट पर वोक्कालिगा समुदाय की बड़ी आबादी है।