Home Blog Page 1063

झूठा माहौल बनाने में किया गया एक्जिट पोल का इस्तेमाल : कुमारस्वामी

0

बैंगलोर – कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व वाली राजग सरकार की जीत का अनुमान जाहिर करने वाले एक्जिट पोल के परिणामों की निंदा करते हुए कहा कि इन अनुमानों को देश में मोदी लहर का एक झूठा माहौल बनाने के लिए किया जा रहा है।

कुमारस्वामी ने कई सारे ट्वीट्स में कहा, कृत्रिम तरीके से तैयार की गई मोदी लहर का इस्तेमाल भाजपा 23 मई के परिणाम के बाद किसी कमी को पूरा करने के लिए पहले ही क्षेत्रीय पार्टियों को लुभाने के लिए कर रही है। कुमारस्वामी ने कहा कि एक्जिट पोल एक खास नेता और उसकी पार्टी के पक्ष में एक लहर का झूठा वातावरण तैयार करने का एक प्रयास था। उन्होंने कहा कि एक्जिट पोल को अनावश्यक अधिक महत्व नहीं दिया जाना चाहिए, जो मात्र अस्थायी आंकड़े पेश करता है। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की विश्वसनीयता को लेकर विपक्षी दलों की चिंता को साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने फ्रॉड की संभावना से भरी त्रुटिपूर्ण मशीनों से बचने के लिए पुराने मत-पत्र की तरफ लौटने के लिए सर्वोच्च न्यायालय तक का दरवाजा खटखटाया।

उल्लेखनीय है कि अधिकांश एक्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को राज्य की 28 सीटों में से 18-23 सीटें दी गई हैं। राज्य में चुनाव पूर्व सीट बंटवारा समझौते के तहत कांग्रेस ने 21 सीटों पर और जद (एस) ने सात सीटों पर चुनाव लड़ा है।

भाजपा ने 27 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, और एक सीट पर उसने बहुभाषी फिल्म अभिनेत्री सुमालता अंबरीश को समर्थ दिया था, जो मांड्या सीट से निर्दलीय उम्मीदवार थीं। उनके खिलाफ जद (एस) के अध्यक्ष एच।डी। देवेगौड़ा के पोते और कुमारस्वामी के पुत्र निखिल गौड़ा मैदान में थे। 2014 के आम चुनाव में भाजपा ने राज्य में 17 सीटें जीती थी, जबकि कांग्रेस ने नौ और जद (एस) ने दो सीटों पर जीत दर्ज कराई थी।

प्रायश्चित के लिए साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने रखा चुनाव नतीजों तक रखा ‘मौन व्रत’

0

भोपाल: लोकसभा चुनाव में मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से बीजेपी उम्मीदवार और मालेगांव ब्लास्ट की आरोपी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने सोमवार को मौन व्रत धारण करने का ऐलान किया। लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान प्रज्ञा ठाकुर अपने विवादित बयानों की वजह से सुर्खियों में आई। उनके बयानों की वजह से पार्टी को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व ने जहां उनके बयानों से किनारा किया वहीं पीएम मोदी ने भी महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताने वाले बयान पर उन्हें मन से माफी नहीं दे सकने वाला बयान दिया।

पिछले हफ्ते प्रज्ञा ठाकुर ने अपने विवादित बयान के लिए माफी मांगने के बाद आज एक बार फिर माफी मांगी। उन्होंने अपने बयान पर खेद प्रकट करते हुए कहा कि वो चुनाव नतीजे आने तक ‘मौन व्रत’ धारण करेंगी। उन्होंने ट्ववीट कर बताया कि चुनावी प्रक्रियाओ के उपरान्त अब समय है चिंतन मनन का, इस दौरान मेरे शब्दों से समस्त देशभक्तों को यदि ठेस पहुंची है तो मैं क्षमा प्रार्थी हूँ और सार्वजनिक जीवन की मर्यादा के अंतर्गत प्रयश्चित हेतु 21 प्रहर के मौन व कठोर तपस्यारत हो रही हूं। हरिः ॐ।

भोपाल से बीजेपी उम्मीदवार प्रज्ञा ठाकुर ने पिछले गुरुवार को चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि नाथूराम गोडसे एक देशभक्त था, एक देशभक्त है और वह देशभक्त रहेगा। लोग उसे आतंकी कहते हैं। इसके बजाय भीतर देखना चाहिए, ऐसे लोगों को चुनाव में उचित जवाब दिया जाएगा। हालांकि हालांकि विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने गुरुवार रात को ही अपने बयान के लिए माफी मांगी थी। प्रज्ञा ने ट्वीट कर कहा कि मेरा बयान बिल्कुल गलत था। मैं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का बेहद सम्मान करती हूं।

विपक्ष की आलोचनाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रज्ञा ठाकुर के नाथूराम को देशभक्त बताने वाली टिप्पणी की आलोचना की थी। एक चुनावी रैली में न्यूज चैनल से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि यह एक अलग बात है कि उन्होंने माफी मांगी है, मैं उन्हें अपने दिल से माफ नहीं कर पाऊंगा। वहीं बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पार्टी ने भोपाल के उम्मीदवार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।

महाराष्ट्र एटीएस के प्रमुख रहते हुए हेमंत करकरे ने मालेगांव ब्लास्ट के सिलसिले में साध्वी प्रज्ञा की भूमिका की जांच की थी। प्रज्ञा ने कहा कि जांच एंजेंसी ने हेमंत करकरे को बुलाया और कहा कि अगर आपके पास सबूत नहीं है तो उसे छोड़ दो। इस पर उन्होंने कहा कि मैं उसके(साध्वी प्रज्ञा) खिलाफ सबूत हासिल करने के लिए कुछ भी करूंगा। मैं उसे जाने नहीं दूंगा। उन्होंने हेंमत करकरे को लेकर कहा कि ये उसकी कुटिलता थी। वह राष्ट्रविरोधी था, धर्म विरोधी था। आप विश्वास नहीं करोगे,लेकिन मैंने कहा था कि तेरा सर्वनाश होगा। इसके सवा महीने बाद ही आतंकियों ने उसे मार डाला। उन्होंने आगे कहा कि जिस दिन मैं गई तो उसके यहां सूतक लगा था और जब उसे आतंकियों ने मारा तो सूतक खत्म हुआ। साध्वी प्रज्ञा ने यह भी बयान दिया था कि अध्योध्या में राम मंदिर निर्माण आंदोलन के दौरान बाबरी ढांचा ढहाने में वो भी शामिल थी और उन्हें इस पर गर्व है।

कल से इन राज्यों में 2 रुपए महंगा मिलेगा अमूल दूध

0

नई दिल्ली – दूध की कीमतों के बढ़ाए जाने को लेकर कंपनी का कहना है कि उत्पादन की लागत 20 फीसदी बढ़ गई है, जिसके कारण दूध की कीमत बढ़ाने का फैसला लिया गया है।

नई दिल्ली: अमूल इंडिया ने सोमवार को घोषणा की कि अमूल ने दूध का प्राइस बढ़ा दिया है। अमूल ने दूध के प्रति लीटर पर दो रुपए बढ़ाए हैं। दूध पर बढ़ाया गया यह प्राइस मंगलवार से लागू होगा। अमूल के मैनेजिंग डायरेक्टर आरएस सोढी ने दूध के दाम बढ़ाए जाने की पुष्टि की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोढी ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर, गुजरात, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में बढ़ी हुई कीमतें मंगलवार यानि 21 मई से लागू होंगी।

वहीं गुजरात के अहमदाबाद में 4 जून से बढ़ी हुई कीमतों पर अमूल दूध मिलेगा। दूध की कीमतों के बढ़ाए जाने को लेकर कंपनी का कहना है कि उत्पादन की लागत 20 फीसदी बढ़ गई है, जिसके कारण दूध की कीमत बढ़ाने का फैसला लिया गया है।

इससे पहले अमूल ने भैंस के दूध के एक किलो बसा (फैट) का दाम 10 रुपये बढ़ा दिया था। इस पर कंपनी का कहना था कि दूध के खरीद मूल्य में इस वृद्धि से सात लाख पशुपालकों को फायदा मिलेगा।

अमूल डेयरी को सर्दियों में रोजाना 30 लाख लीटर दूध की आमद होती थी जो अब घटकर 25 लाख लीटर रह गई। पशुपालकों को बढ़ा हुआ दाम 11 मई से मिलना शुरू हो गया है। उनको अब भैंस के दूध के एक किलो बसा के लिए 640 रुपये और गाय के दूध के एक किलो बसा के लिए 290 रुपये मिल रहे हैं। कंपनी ने कहा कि अमूल डेयरी से जुड़े 1,200 दूध एसोसिएशनों के सात लाख पशुपालकों को इसका लाभ मिल रहा है।

ईवीएम से छेड़छाड़ का गेमप्लान एग्जिट पोल : ममता बनर्जी

0

कोलकाता – पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजों को ‘गप’ करार देते हुए रविवार को कहा कि यह ‘हजारों ईवीएम को बदलने और उनसे छेड़छाड़ करने का गेमप्लान’ है। उन्होंने विपक्षी नेताओं से मजबूती के साथ एकजुट रहने को कहा।

तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने कहा, ‘मैं एग्जिट पोल की गपबाजी में यकीन नहीं करती। इस गप के जरिए हजारों ईवीएम को बदल देने और उनसे छेड़छाड़ करने का गेमप्लान काम कर रहा है।’

उन्होंने कहा, ‘मैं सभी विपक्षी राजनैतिक दलों से एकजुट, मजबूत और निडर होने की अपील कर रही हूं। हम मिलकर इस संघर्ष को लड़ेंगे।’

लगभग सभी एग्जिट पोल में भाजपानीत राजग को बहुमत या बहुमत के पास दिखाया गया है। ऐसा अनुमान लगाया गया है कि भाजपा पश्चिम बंगाल में 16 से 18 सीट जीत सकती है। 2014 में पार्टी ने केवल दो सीट ही राज्य में जीती थीं।

निजी सुरक्षा अधिकारी से ही मुझे जान का खतरा – केजरीवाल

0

नई दिल्ली – दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक बड़ा बयान दिया है। केजरीवाल ने दावा किया है कि उन्हें अपने ही पीएसओ से जान का खतरा है। केजरीवाल ने एक बार फिर दिल्ली पुलिस को सवालों के घेरे में खड़ा करते हुए कहा कि उनके आस-पास सुरक्षा के लिए जो पुलिस वाले चलते हैं वो सभी बीजेपी को रिपोर्ट करते हैं।

पंजाब केसरी को दिए एक इंटरव्यू में अरविंद केजरीवाल ने यह बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा, मेरा पीएसओ बीजेपी को रिपोर्ट करता है। कल ये बीजेपी वाले इंदिरा गांधी की तरह मेरे पीएसओ से ही मुझे खत्म करा देंगे। मेरी जिंदगी दो मिनट के अंदर खत्म हो सकती है।

इससे पहले भी कई बार अरविंद केजरीवाल दिल्ली पुलिस और बीजेपी पर ऐसे आरोप लगा चुके हैं। केजरीवाल पर होने वाले हर हमले के बाद वो इसे बीजेपी की साजिश करार देते हैं। वहीं आम आदमी पार्टी के नेता भी इसे दिल्ली पुलिस की मिलीभगत बता चुके हैं। केजरीवाल पर होने वाले हमलों से कई बार दिल्ली पुलिस भी कटघरे में आई है। बता दें कि केजरीवाल पर अभी तक 6 से ज्यादा बार हमले हो चुके हैं।

आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने केजरीवाल के इस बयान को सही बताया। उन्होंने कहा कि सीएम बनने के बाद अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली पुलिस के रहते हुए करीब 6 बार हमले हुए हैं। यहां तक कि कुछ मामलों में कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। हमें दिल्ली पुलिस पर भरोसा नहीं है।

इससे ठीक पहले अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में मुस्लिम वोटों के कांग्रेस को शिफ्ट होने की बात कही थी। केजरीवाल ने कहा था, ‘चुनाव के 48 घंटे पहले तक लग रहा था कि सातों सीट आम आदमी पार्टी को आएंगी। आखिरी समय में पूरा मुस्लिम वोट कांग्रेस को शिफ्ट हो गया। वोटिंग के ठीक पहले की रात ऐसा हुआ। वे 12 से 13 पर्सेंट हैं।’

नरेंद्र मोदी केदारनाथ धाम पवित्र गुफा में साधना में लीन

0

नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार के समाप्त होने के अगले दिन शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर में विशेष पूजा की। गढ़वाली वस्त्र धारण किए पीएम मोदी ने केदारनाथ मंदिर में विशेष पूजा की। पीएम मोदी ने पूर्जा-अर्चना के बाद केदारनाथ में चल रहीं पुनर्विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। इसके बाद पीएम मोदी केदारनाथ धाम में बनी पवित्र गुफा में साधना में लीन हो गए हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्य सचिव उत्पल कुमार के साथ पुनर्विकास परियोजनाओं को लेकर बैठक की। इस दौरान पीएम मोदी को शंकराचार्य समाधि स्थल, सरस्वती घाट, केदारपुरी प्रोटेक्शन वॉल और तीर्थ पुरोहित आवासीय सुविधा वाली योजनाओं की भी जानकारी दी गई। केदारनाथ मंदिर में विशेष पूजा के बाद काफी देर तक पीएम मोदी ने पुनर्विकास परियोजनाओं का जायजा लिया। इन योजनाओं को लेकर उन्होंने अधिकारियों से बात की।पीएम मोदी स्लेटी रंग का चोगा, टोपी और कमर में केसरिया गमछा बांधे नजर आ रहे थे। मंदिर में पूजा करने के बाद वे बाहर आए और उन्होंने वहां मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। हिमालयी क्षेत्र में 11755 फीट की ऊंचाई पर स्थित केदारनाथ मंदिर पहुंचने के लिए पीएम मोदी ने हेलीपैड से पैदल ही सफर किया।

उन्होंने हाथ में छड़ी लेकर पैदल सफर किया और रास्ते में श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया।आज रात पीएम मोदी केदारनाथ में ही ठहरेंगे और रविवार को बद्रीनाथ धाम के लिए उड़ान भरेंगे। बद्रीनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद वहां से पीएम मोदी दिल्ली के लिए रवाना होंगे। बता दें कि इसके पहले, साल 2017 में केदारनाथ मंदिर का कपाट खुलने के बाद पीएम मोदी ने सबसे पहले दर्शन किया था और रुद्राभिषेक किया था।दो साल में चौथी बार केदारनाथ धाम पहुंचे पीएम मोदी ने मंदिर में भगवान शिव की पूजा अर्चना की। पीएम मोदी ने रुद्राभिषेक करने के बाद मंदिर की परिक्रमा की। पीएम मोदी 19 मई को बद्रीनाथ धाम जाएंगे, इसके बाद वे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

दुनिया की सबसे अमीर, सबसे मशहूर बिल्ली का निधन

0

ग्रंपी कैट दुनिया की सबसे मशहूर बिल्ली थी। सबसे अमीर बिल्ली थी। इस बिल्ली की संपत्ति तकरीबन 700 करोड़ की थी। मशहूर इतनी कि ट्विटर पर 15 लाख से ज्यादा फॉलोवर्स थे। अब ये ग्रंपी कैट नहीं रही। एरिजोना में रहने वाली इसकी मालकिन ने सोशल मीडिया पर ये बुरी खबर दी। ये खबर मिलने के बाद इंटरनेट दुख में डूबा हुआ है।

7 साल की उम्र थी और 2012 में पहली बार यूट्यूब पर एक वीडियो डाला गया था। उसी वीडियो की वजह से फेमस हुई। तकरीबन डेढ़ करोड़ लोगों ने इस वीडियो को देखा था। इस पर बने हुए memes ने इंटरनेट पर धूम मचा रखी है। ग्रंपी कैट का असली नाम टार्डर सॉस था और इसकी मालकिन का नाम तबाथा बुंदसेन है।

2015 में मार्वल कॉमिक्स के तमाम करेक्टर रचने वाले स्टैन ली ने ग्रंपी से मुलाकात की थी। ग्रंपी कैट को इनफेक्शन हो गया था जिसका इलाज चल रहा था। इसी से जूझते हुए 14 मई को उसकी मौत हो गई। ग्रंपी कैट के फैन्स उसकी तस्वीरें पोस्ट करके श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

नवजोत सिंह सिद्धू ने दी इस्तीफे की धमकी

0

चंडीगढ़: लोकसभा चुनाव अपने अंतिम दौर में पहुंच चुका है। 19 मई को लोकसभा के सातवें और आखिरी चरण के लिए वोटिंग डाले जाएंगे। पंजाब की सभी 13 सीटों पर रविवार को ही मतदान होगा। वोटों की गिनती 23 मई को होगी। लेकिन पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच तकरार रुकने का नाम नहीं ले रही है। सिद्धू ने शुक्रवार को कैप्टन पर हमला बोला हुए इस्तीफा देने की धमकी दी। हांलाकि उन्होंने ये नहीं बताया कि वो पार्टी से इस्तीफा देंगे कि कैबिनेट से।

पंजाब के मंत्री और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने शुक्रवार को कहा कि अगर धार्मिक ग्रंथों को अपवित्र करने में शामिल लोगों को सजा नहीं दी गई तो वह इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने ये हमला कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिए बिना बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि सीटें न मिलीं तो इस्तीफा दे देंगे। लेकिन मैं कहता हूं कि अगर बेअदबी करने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई तो मैं इस्तीफा दे दूंगा। उन्होंने आगे कहा कि मैं बताना चाहता हूं कि जब मैं राज्यसभा सीट पहले ही छोड़ चुका हूं। उन्होंने दावा किया कि साल 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें अमृतसर सीट छोड़ने और अन्य संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए कहा था।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गुरुवार को कहा था कि अगर मौजूदा लोकसभा चुनाव में पंजाब में कांग्रेस पार्टी अच्छा प्रदर्शन नहीं करती है तो वो इसकी जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने कहा कि हार के लिए पंजाब के सभी मंत्री और विधायक जिम्मेदार होंगे। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने फैसला किया है कि लोकसभा चुनाव में हार या फिर जीत का श्रेय मंत्रियों और विधायकों को जाएगा। वहीं इस्तीफे के बीच उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पंजाब में सभी लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में आप को पंजाब में चार सीटें मिली थी। वहीं अकाली दल को 4, बीजेपी को 3 और कांग्रेस को 2 सीट मिली थी। बाद में विनोद खन्ना की मौत के बाद हुए उपचुनाव में कांग्रेस के सुनील जाखड़ ने ये सीट जीत ली थी।

कांग्रेस के बठिंडा से उम्मीदार अमरिंदर सिंह राजा के पक्ष में सिद्धू ने शुक्रवार को रैली की। एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सिद्धू ने बादल परिवार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी ने अपने शासन के दौरान पंजाब को बर्बाद किया। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सिद्धू ने बठिंडा में कई चुनावी रैलियों को संबोधित किया। बठिंडा को अकाली दल का गढ़ माना जाता है। उन्होंने कहा कि फ्रेंडली मैच खेलने वालों को हराएं। गौरतलब है कि विपक्षी दलों का आरोप हा कि बेअदबी के मामले में कैप्टन बादल परिवार को बचा रहे हैं। वहीं अब आम आदमी पार्टी का आरोप कि दोनों में बठिंडा और पटियाला सीट पर समझौता हो गया है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने 15 मई को फरीदकोट में एक रैली में साल 2015 में गुरु ग्रंथ साहिब के अपमान में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा किया था। बठिंडा से केंद्रीय मंत्री और उम्मीदवार हरसिमरत कौर बादल अकाली दल की उम्मीदवार है। आम आदमी पार्टी ने यहां से बलजिंदर कौर को उतारा है जबकि पंजाब एकता पार्टी के प्रमुख सुखपाल सिंह खैरा भी यहां से ताल ठोंक रहे हैं। प्रो। बलजिंदर कौर तलवंडी साबो से मौजूदा विधायक हैं। साल 2014 में हरसिमत कौर बादल इस सीट से 19 हजार वोटों से जीती थीं। 27 साल से कांग्रेस अकाली दल से इस सीट को हासिल नहीं कर पाई है।

जीवन भर प्रज्ञा को माफ नहीं कर पाऊंगा : मोदी

0

नई दिल्ली – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भोपाल लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के नत्थूराम गोडसे के बारे में दिये गये बयान पर मचे बवाल पर आखिरकार चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि वह इसके लिए उन्हें जीवन भर माफ नहीं कर पायेंगे।

मोदी ने एक टेलीविजन चैनल के साथ साक्षात्कार में कहा कि साध्वी प्रज्ञा का बयान निंदनीय और अस्वीकार्य है। गलती से भी ऐसी गलती नहीं होनी चाहिए और कोई भी बात सोच समझकर कही जानी चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा , उन्होंने अपने बयान के लिए माफी मांग ली है लेकिन मैं मन से उन्हें माफ नहीं कर पाऊंगा। जीवन भर माफ नहीं कर पाऊंगा।

मोदी ने भाजपा के ट्विटर हैंडल पर भी कहा, गांधी जी या गोडसे के बारे में जो बयान दिए गए हैं वो बहुत खऱाब हैं और समाज के लिए बहुत गलत हैं। ये अलग बात है की उन्होंने माफ़ी मांग ली, लेकिन मैं उन्हें मन से कभी माफ़ नहीं कर पाऊंगा। साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने एक बयान में कहा था गोडसे देशभक्त थे, हैं और रहेंगे। उन्हें हिंदू आतंकवादी बताने वाले अपने गिरेबान में झांककर देखें। अबकी बार चुनाव में ऐसे लोगों को जवाब दे दिया जाएगा।

बाद में उन्होंने अपने बयान पर खेद जताते हुए कहा था कि उनका मकसद किसी को ठेस पहुंचाने का नहीं था। वह महात्मा गांधी का सम्मान करती हैं और उन्होंन देश के लिए जो किया उसे भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा, मेरे बयान से किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो मैं माफी मांगती हूं। इससे पहले अभिनेता से नेता बने कमल हासन ने गोडसे को पहला हिंदू आतंकवादी करार दिया था।

हो रहा चुनाव आयोग को कमजोर करने का प्रयास : प्रियंका गांधी

0

नई दिल्ली – कांग्रेस महासचिव व पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने यहां गुरुवार को भाजपा पर हमला बोला और कहा कि धर्म और जाति के नाम पर चुनाव आयोग को कमजोर किया जा रहा है।

प्रियंका यहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘भाजपा कब तक लोगों को गुमराह करेगी। पश्चिम बंगाल में अराजकता फैलाकर महापुरुषों की मूर्तियां तोड़ी गईं। जनता डरी हुई है। अराजकता से शक्ति नहीं बढ़ती है। असल शक्ति जनता को मजबूत करने से होती है। धर्म, जाति के नाम पर चुनाव आयोग को कमजोर कर लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।’

उन्होंने कहा, ‘देश में एक ऐसी सरकार है, जो हमारी लोकतांत्रिक संस्थाओं को लगातार कमजोर करती जा रही है। 56 इंच का सीना ताने रहने वाले प्रधानमंत्री देश के किसानों, मजदूरों और नौजवानों को अपने पांच साल के विकास कार्यो का हिसाब नहीं दे पा रहे हैं।’

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि यह पुलवामा के शहीद पंकज त्रिपाठी की धरती है। यहां भाजपा की झूठ, फरेब और नफरत की राजनीति नहीं चलेगी। भाजपा की योजनाएं, भाजपा के दावे सभी खोखले हैं। किसानों को उनके फसल का दाम नहीं मिला, नौजवानों को हर साल दो करोड़ नौकरी का वादा करने वालों ने पांच साल में पांच करोड़ लोगों की नौकरी छीन ली।

उन्होंने कहा, ‘नोटबंदी और जीएसटी के चलते देश के हजारों छोटे उद्योग-धंधे बंद हो गए, पांच लाख लोगों की रोजी-रोटी छिन गई। ये लोग किस मुंह से खुद को राष्ट्रवादी कहते हैं, इनका खोखला राष्ट्रवाद जनता ने देख लिया है।’

प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस देश में एक ऐसी सरकार बनाना चाहती है जो सबके साथ न्याय करे, जिसका आधार सच्चाई और न्याय हो।