Home Blog Page 10

इजरायल-ईरान संघर्ष के बीच भारतीयों के लिए एडवाइजरी, ईरान छोड़ने की सलाह

0

तेहरान/नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने सभी भारतीयों से फिलहाल ईरान की यात्रा से बचने और वहां मौजूद भारतीय नागरिकों को उपलब्ध परिवहन साधनों के माध्यम से जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है।

भारतीय दूतावास ने जारी बयान में कहा कि क्षेत्र की मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए पहले जारी की गई सलाह को दोहराया जा रहा है। दूतावास ने कहा कि जो भारतीय नागरिक ईरान में मौजूद हैं, वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए देश से बाहर निकलने की व्यवस्था करें।

इस बीच, ईरानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार तेहरान के मेहराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और पश्चिमी ईरान के केरमानशाह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अगली सूचना तक सभी उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। यह निर्णय इजरायल द्वारा तेहरान, इस्फहान और तबरीज समेत कई स्थानों पर किए गए हमलों के बाद लिया गया।

उधर, इजरायल और ईरान के बीच मिसाइल हमलों का सिलसिला लगातार जारी है। ईरान की ओर से दागे गए रॉकेटों ने यरूशलम, रामल्ला और डेड सी के आसपास के क्षेत्रों को निशाना बनाया। वहीं यमन के विद्रोही गुट ने भी इजरायल पर हमले की पुष्टि करते हुए जाफा क्षेत्र में संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है।

मेहर समाचार एजेंसी के मुताबिक, पश्चिमी शहर केरमानशाह के आसपास दुश्मन के संभावित हमलों को रोकने के लिए एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया गया है। बढ़ते तनाव के चलते पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र में हाई अलर्ट की स्थिति बनी हुई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह संघर्ष और बढ़ता है तो इसका असर वैश्विक तेल आपूर्ति, अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात और क्षेत्रीय सुरक्षा पर पड़ सकता है।

साइबर ठगी के पीड़ितों को बड़ी राहत, अब घर बैठे वापस मिलेगी होल्ड की गई रकम

0

देहरादून। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में पीड़ितों को राहत देने के लिए गृह मंत्रालय ने नई व्यवस्था लागू की है। अब साइबर ठगी का शिकार हुए लोगों को होल्ड (फ्रीज) की गई धनराशि वापस पाने के लिए पुलिस थानों, बैंकों और सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पीड़ित घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर अपनी रकम वापस प्राप्त कर सकेंगे।

गृह मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल (MRM) शुरू किया है। इस पोर्टल के माध्यम से पात्र पीड़ित स्वयं ऑनलाइन रिफंड का दावा कर सकेंगे।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि यह सुविधा केवल उन मामलों में उपलब्ध होगी, जिनमें पीड़ित ने समय रहते 1930 हेल्पलाइन या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई हो और ठगी की रकम अपराधियों के बैंक खातों में फ्रीज कर दी गई हो। यदि ठगी की राशि पहले ही खातों से निकाली जा चुकी है, तो इस व्यवस्था के तहत रिफंड संभव नहीं होगा।

नई व्यवस्था के अनुसार 50 हजार रुपये तक की होल्ड राशि वाले मामलों में एफआईआर या न्यायालय के आदेश की आवश्यकता नहीं होगी। पुलिस रिपोर्ट और इंडेमनिटी बॉन्ड के आधार पर धनराशि सीधे पीड़ित के बैंक खाते में वापस भेजी जाएगी। वहीं, यदि किसी एक बैंक खाते में 50 हजार रुपये से अधिक राशि होल्ड है, तो एफआईआर दर्ज होना अनिवार्य होगा।

पोर्टल पर आवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित पुलिस इकाई द्वारा कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी और आवश्यक नोटिस अपलोड किए जाएंगे। इसके बाद संबंधित बैंक सीधे पीड़ित के खाते में धनराशि स्थानांतरित करेगा।

ऐसे करें आवेदन

  • एमआरएम पोर्टल पर लॉगिन करें।
  • एनसीआरपी शिकायत में दर्ज मोबाइल नंबर से ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करें।
  • 14 अंकों की शिकायत आईडी दर्ज कर रिफंड अनुरोध भेजें।
  • पैन कार्ड, बैंक खाता संख्या और आईएफएससी कोड अपलोड करें।
  • घोषणा पत्र स्वीकार कर आवेदन जमा करें।

आवेदन के बाद प्राप्त यूनिक रिक्वेस्ट आईडी से रिफंड की स्थिति ट्रैक की जा सकेगी।

नई व्यवस्था से साइबर ठगी के हजारों पीड़ितों को त्वरित राहत मिलने की उम्मीद है और धनवापसी की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और पारदर्शी होगी।

युद्धविराम पर संकट: ईरान-इस्राइल के बीच फिर बढ़ा तनाव, मिसाइल हमलों से पश्चिम एशिया में बढ़ी चिंता

0

तेहरान/तेल अवीव। अप्रैल में लागू हुए युद्धविराम के बाद पहली बार ईरान और इस्राइल के बीच तनाव एक बार फिर खुलकर सामने आया है। इस्राइल ने दावा किया है कि ईरान की ओर से उसके क्षेत्र पर मिसाइलें दागी गईं, जबकि ईरान ने इस्राइली हमलों के जवाब में कार्रवाई की बात कही है। ताजा घटनाक्रम ने क्षेत्र में शांति बहाली के प्रयासों को बड़ा झटका दिया है।

इस्राइली सेना के अनुसार, ईरान से दागी गई सभी मिसाइलों को उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने हवा में ही नष्ट कर दिया। वहीं मध्य इस्राइल, यरूशलम और गुश दान क्षेत्र में सायरन बजने के बाद लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। संभावित खतरे को देखते हुए इस्राइल ने कुछ समय के लिए अपना हवाई क्षेत्र भी बंद कर दिया।

दूसरी ओर, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया कि इस्राइल ने ईरानी क्षेत्र में एयर-लॉन्च्ड बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। ईरान ने कहा कि यदि लेबनान में इस्राइली सैन्य कार्रवाई जारी रहती है तो और कड़े जवाब दिए जाएंगे।

रविवार सुबह ईरान की राजधानी तेहरान में दो धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी रिहायशी इलाके को निशाना नहीं बनाया गया है। वहीं सुरक्षा कारणों से तेहरान के इमाम खुमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास का एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।

इसी बीच सऊदी अरब के अल-खर्ज क्षेत्र में संभावित खतरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। हालांकि कुछ समय बाद सऊदी प्रशासन ने खतरा टलने की घोषणा कर दी। ईरान ने अल-खर्ज एयर बेस पर किसी भी तरह के मिसाइल हमले की खबरों का खंडन किया है।

इस्राइली सेना ने यह भी दावा किया कि यमन की दिशा से एक मिसाइल दागी गई, जिसे रोकने के लिए रक्षा प्रणाली सक्रिय की गई। हालांकि इस हमले में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

करीब 100 दिनों से जारी इस संघर्ष के बीच अमेरिका की भूमिका पर भी नजरें टिकी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत कर तनाव को और बढ़ाने वाली कार्रवाई से बचने की सलाह दी है।

पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय समुदाय हालात पर नजर बनाए हुए है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दोनों पक्ष संयम नहीं बरतते हैं तो क्षेत्र एक बार फिर बड़े संघर्ष की ओर बढ़ सकता है।

ऋषिकेश में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल, गिरफ्तार

0

ऋषिकेश। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देर रात ऋषिकेश क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक मुंह पर कपड़ा बांधे हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश बैरियर को टक्कर मारकर श्यामपुर की ओर भाग निकले।

पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद दोनों को दबोच लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कुछ दिन पूर्व ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में वांछित चल रहे थे। आरोप है कि उन्होंने दो व्यक्तियों पर गोली चलाकर उन्हें घायल किया था।

घायल बदमाशों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल के साथ-साथ अस्पताल जाकर पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके अन्य साथियों के संबंध में भी जांच कर रही है।

घरेलू LPG सिलेंडर फिर हुआ महंगा, ₹29 बढ़े दाम, तीन महीने में दूसरी बढ़ोतरी

0

नई दिल्ली। आम उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर के दाम में ₹29 प्रति 14.2 किलोग्राम सिलेंडर की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 7 जून 2026 से लागू हो गई हैं।

इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत ₹913 से बढ़कर ₹942 हो गई है। यह मार्च 2026 के बाद घरेलू गैस की दूसरी मूल्य वृद्धि है। इससे पहले मार्च में सिलेंडर के दाम ₹60 बढ़ाए गए थे।

जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में बढ़ती लागत और तेल कंपनियों पर पड़ रहे दबाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। देश की प्रमुख सरकारी तेल विपणन कंपनियां आमतौर पर एक समान दरों पर LPG की कीमतें तय करती हैं।

इस ताजा बढ़ोतरी का असर करोड़ों परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ेगा, क्योंकि रसोई गैस अधिकांश घरों में खाना पकाने का प्रमुख ईंधन है। विभिन्न राज्यों में स्थानीय करों और परिवहन लागत के कारण अंतिम कीमतों में थोड़ा अंतर हो सकता है।

उत्तराखंड: तिलवाड़ा में खाई में गिरी XUV-700, पांच यात्रियों को सुरक्षित निकाला

0

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिले के तिलवाड़ा क्षेत्र में शनिवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया, जब केदारनाथ धाम जा रही एक महिंद्रा एक्सयूवी-700 अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन नदी किनारे जाकर रुका, जिससे उसमें सवार यात्रियों की जान बच गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। संयुक्त रूप से चलाए गए रेस्क्यू अभियान के दौरान वाहन में फंसे चालक समेत सभी पांच यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

IMG 20260607 WA0011

हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जबकि चालक सहित तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी यात्री पश्चिम बंगाल तथा पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों से केदारनाथ धाम की यात्रा पर निकले थे। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है।

उत्तराखंड: कौडियाला के पास पलटी लोकल बस, आठ यात्री घायल

0

ऋषिकेश/टिहरी :  टिहरी जनपद के कौडियाला क्षेत्र में रविवार सुबह एक लोकल बस दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय बस ऋषिकेश की ओर जा रही थी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे उसमें सवार करीब आठ यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग, पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा तथा एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के अनियंत्रित होने के कारण हादसा हुआ, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पॉलीटेक्निक कॉलेज में कराई जा रही थी नकल, विरोध करने पर छात्र को पीटा…मुकदमा दर्ज

0

देहरादून। उत्तराखंड राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान, पित्थूवाला में परीक्षा के दौरान हुए विवाद के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली पटेलनगर पुलिस के अनुसार, नेशविला रोड निवासी महेश कंडवाल ने शिकायत दर्ज कराई कि उनका पुत्र कबीर कंडवाल, जो संस्थान में सिविल इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष का छात्र है, 4 जून को परीक्षा दे रहा था।

आरोप है कि परीक्षा ड्यूटी के दौरान अन्य छात्रों को नकल कराने का विरोध करने पर प्रभात खंडूरी, पवन कुमार, पीयूष काला और शिवानी ने उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की, काफी समय तक बंधक बनाकर रखा तथा जान से मारने की धमकी दी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

वहीं, दूसरी ओर उत्तराखंड राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान के प्रधानाचार्य अवनीश जैन ने भी पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि महेश कंडवाल और उनके पुत्र कबीर कंडवाल ने संस्थान परिसर में परीक्षा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।

प्रधानाचार्य की शिकायत पर भी पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली गई है और प्रकरण की विवेचनात्मक जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उत्तराखंड: बद्रीनाथ हनुमान चट्टी में टेंपो ट्रैवलर पलटी, 19 यात्री घायल

0

चमोली। बद्रीनाथ से मेरठ जा रही एक टेंपो ट्रैवलर शनिवार को हनुमान चट्टी क्षेत्र में अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में वाहन सवार 19 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

संयोगवश दुर्घटना के समय उसी मार्ग से गुजर रही फायर सर्विस ज्योतिर्मठ की टीम ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। फायर कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से वाहन में फंसे सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

घायलों को फायर सर्विस के वाहन तथा अन्य निजी वाहनों के माध्यम से उपचार के लिए निकटवर्ती चिकित्सालय भेजा गया। दुर्घटना में घायल 19 लोगों में से 3 को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि 16 घायलों को उपचार के लिए जेपीएस अस्पताल, लामबगड़ में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 4 से 5 यात्रियों को अपेक्षाकृत गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

फायर सर्विस और स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को समय रहते राहत एवं उपचार उपलब्ध कराया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

उत्तराखंड: फिर बिगड़ेगा मौसम का मिजाज, तेज हवाएं भी चलेंगी, अलर्ट जारी

0

देहरादून। उत्तराखंड में पिछले दो दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

शुक्रवार सुबह देहरादून में करीब एक घंटे तक हुई लगातार बारिश के कारण अधिकतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में 27.1 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि अधिकतम तापमान घटकर 29.9 डिग्री सेल्सियस रह गया।

जून की शुरुआत से ही प्रदेश में मौसम सक्रिय बना हुआ है। कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं के चलते मौसम सुहावना हो गया है। हालांकि कुछ स्थानों पर तेज आंधी और पेड़ गिरने की घटनाओं से यातायात प्रभावित हुआ। वन विभाग और पुलिस की टीमों ने सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल की।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और जलवायु परिवर्तन के प्रभाव के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। विभाग के अनुसार आगामी 11 जून तक प्रदेशभर में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। बारिश के कारण तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है।

आज भी बारिश के आसार, येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार के लिए भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। पर्वतीय जिलों के साथ मैदानी क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। वहीं पहाड़ी इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।