कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच देश को संबोधित करेंगे पीएम मोदी, ले सकते हैं कोई बड़ा फैसला…

0
84

देश ने कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हालांकि पिछले महीने के मुकाबले मामलों में भारी गिरावट आई है। मई के महीने में कोरोना अपनी पीक पर था। देश में इन दिनों सबसे ज्यादा मामले दर्ज किए जा रहे थे। हर रोज मरीजों का आंकड़ा 4 लाख भी पार हो रहा था। लेकिन अब मरीजों के संख्या 1 लाख के करीब आ रही है। ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में कोरोना के 1,00,636 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इस बीच खबर है कि देश के प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी आज देश को संबोधित करेंगे।

पीएमओ ने एक ट्वीट के जरिए इस बात की जानकारी दी है। ट्वीट के मुताबिक आज शाम 5 बजे पीएम मोदी देश को संबोधित करेंगे। पीएमओ ने ट्वीट किया कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 7 जून को शाम 5 बजे देश को संबोधित करेंगे।” ऐसे में माना जा रहा है कि पीएम मोदी देश की जनता से कोरोना के हालात पर बात कर सकते हैं और संभावना है कि इस दौरान कोई बड़ा फैसला लिया जाए। आशंका जताई जा रही है कि वह कोरोना की रोकथाम के लिए जारी किए गए टीकाकरण को लेकर भी बातचीत कर सकते हैं।

बता दें कि देश में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 2,89,09,975 हो गई है। जिसके चलते देश दुनिया का दूसरा सबसे संक्रमित देश बन गया है। ताज़ा आंकड़ों के अनुसार देश में बीते 24 घंटों में 2,427 मरीजों की मौत हो गई है। जिसके चलते देश में इस वायरस से मरने वालों का कुल आंकड़ा 3,49,186 पहुंच गया है। जानकारी के अनुसार पूरे 61 दिनों के बाद इतने कम मामले दर्ज किए गए हैं। इससे पहले 6 अप्रैल को सबसे कम मामले रिकॉर्ड किए गए थे। इनकी संख्या 96,982 थी।