बढ़ती गर्मी से बेहाल उत्तर भारत, 43 डिग्री के भी पार पहुंचा तापमान, मौसम विभाग ने दी मानसून की जानकारी…

0
147

उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी से बुरा हाल है। हर कोई अब मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। पिछले कुछ दिनों में आए तूफान के बाद अब गर्मी ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री के भी पार पहुंच रहा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और बिहार सभी राज्यों के लोगों का गर्मी से बुरा हाल हो गया है। दिन तो दिन गर्मी रात में भी कम होने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच मौसम विभाग ने बताया है कि इन राज्यों में कब मानसून आएगा।

देश की राजधानी दिल्ली में गर्मी ने सबको परेशान कर रखा है। यहां गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। यहां अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया हैं। जो बाकी और राज्यों के मुकाबले थोड़ा कम है। यहां न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि यहां 1-2 दिन में ही तापमान में गिरावट आ सकती है। पटना में भी गर्मी के कारण लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। यहां तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पटना में 12 से 15 जून तक मौसम में बदलाव आ सकता है और तापमान गिर सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश में भी 11-12 जून तक मौसम में बदलाव आने की संभावना है। यहां अभी तक का सबसे ज्यादा तापमान (43.2 डिग्री) दर्ज किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का कहना है कि “दक्षिण पश्चिम मानसून मध्य अरब सागर, कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों, गोवा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्से, कर्नाटक के अंदरूनी हिस्से, तेलंगाना के कुछ हिस्से और आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, मध्य बंगाल की खाड़ी और बंगाल की खाड़ी के पूर्वोत्तर हिस्सों तक पहुंच चुका है। यहां सात-आठ जून को कम बारिश होने का अनुमान है।”