कुन्नूर में हुए हेलीकॉप्टर हादसे के 7 दिन बाद कैप्टन वरुण सिंह ने तोड़ा दम, बुरी तरह से थे ज़ख्मी…

0
48

बुधवार 8 दिसंबर को तमिलनाडु के कुन्नूर में नीलगिरि में एक हेलीकॉप्टर का क्रैश हुआ। इस हेलीकॉप्टर में 14 लोग मौजूद थे जिसमें भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत भी मौजूद थीं। हादसे वाले दिन ही 14 में से 13 लोगों की मौत हो गई थी। लेकिन उस हेलीकॉप्टर में मौजूद कैप्टन वरुण सिंह काफी जख्मी हालत में पाए गए थे। जिसके बाद उनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया था। जानकारी के मुताबिक उनका इलाज बेंगलुरु के एक सैन्य अस्पताल में चल रहा था। आज खबर मिली है कि अस्पताल में इलाज के दौरान उनका भी निधन हो गया है।

इस बात की जानकारी भारतीय वायुसेना ने एक ट्वीट के जरिए दी है। उन्होंने बुधवार को ट्वीट किया कि “भारतीय वायुसेना गहरे दुख के साथ सूचित कर रहा है कि 8 दिसंबर, 2021 को हेलीकॉप्टर हादसे में घायल हुए साहसी ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का आज निधन हो गया। भारतीय वायुसेना शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देती है और उनके साथ दृढ़ता से खड़ी है।” बताते चलें कि कैप्टन वरुण सिंह को इसी साल अगस्त में शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था।

कैप्टन वरुण सिंह के निधन की खबर सुनकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक ट्वीट के जरिए अपना दर्द जाहिर किया। पीएम मोदी ने ट्वीट में लिखा कि “ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह ने देश की सेवा पूरे गर्व, साहस और प्रोफेशनलिज्म के साथ की। उनके गुजरने पर मुझे गहरा क्षोभ है। देश के लिए उनकी अदम्य सेवा को कभी भुलाया नहीं जाएगा। उनके परिवार और मित्रगणों को सांत्वनाएं। ओम् शांति।”