युवा भी रहें तैयार, जल्दी ही शुरू होगा वैक्सीनेशन का तीसरा चरण, इस ऐप के जरिए करें रजिस्ट्रेशन..

0
70

बढ़ते कोरोना के मामलों के साथ साथ अब देश में टीकाकरण अभियान भी तेज कर दिया गया है। अब तक देश में 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना की वैक्सीन दी जा रही थी। लेकिन अब 18 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए भी वैक्सीन उपलब्ध रहेगी। बीते सोमवार को सरकार ने एक बड़ा ऐलान किया, जिसके चलते अब देश में 1 मई से टीकाकरण अभियान का तीसरा चरण शुरू किया जाएगा। इस चरण में 18 साल से अधिक उम्र के युवा भी कोरोना की वैक्सीन लगवा सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक वैक्सीन लगवाने के लिए युवा को पहले कोविन ऐप (CoWin App) पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। उसके बाद उसको वैक्सीन की पहली डोज दी जाएगी। बता दें कि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शनिवार से शुरू कर दी जाएगी। एक रिपोर्ट के मुताबिक नेशनल हेल्थ अथॉरिटी के सीईओ आरएस शर्मा ने ये जानकारी दी है। गुरुवार को दिए एक बयान में उन्होंने कहा है कि “18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए वैक्सीन रजिस्ट्रेशन 48 घंटों में शुरू हो जाएगा।”

इसके साथ ही उन्होंने ये भी जानकारी दी है कि इस चरण में कई केंद्रों पर रूसी वैक्सीन भी लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि “कोवैक्सीन और कोविशील्ड के अलावा कुछ केंद्रों पर रूसी वैक्सीन स्पूतनिक 5 का विकल्प भी मौजूद रहेगा। वैक्सीन प्रक्रिया में तेज रफ्तार के लिए और ज्यादा केंद्र और निजी स्थान स्थापित किए जा रहे हैं।” बता दें कि देश में अब तक कुल 13 करोड़ 23 लाख 30 हजार 644 वैक्सीन डोज लगाए जा चुके हैं। जिसमें से 11 करोड़ 31 लाख 47 हजार 596 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज मिल चुकी है। वहीं अब तक 1 करोड़ 91 लाख 83 हजार 48 लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज भी लगवा ली है।