विधायक दल की बैठक में चुना गया मणिपुर का नया मुख्यमंत्री, फिर एक बार…

0
77

चुनाव जीतने के बाद भी भाजपा को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और गोवा के साथ साथ भाजपा ने मणिपुर में भी अपनी सरकार बनाई है। चारों राज्यों के नए मुख्यमंत्रि का चयन करना भाजपा के लिए काफी मुश्किल साबित हो रहा है। लेकिन भाजपा ने इस मुश्किल को भी आसान कर दिया है। जानकारी के मुताबिक भाजपा ने मणिपुर से अपना नया मुख्यमंत्री चुन लिया है। बैठक में पूर्ण बहुमत के साथ फिर एक बार एन बीरेन सिंह को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है।

बता दें कि 60 सीटों में से भाजपा ने 32 सीटों पर जीत दर्ज की, बहुमत हासिल होने के बाद भी भाजपा के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई। भाजपा ने चुनाव से पहले मुख्यमंत्री उम्मीदवार की घोषणा नहीं की थी। जिसके बाद से पार्टी में हलचल थी कि आखिर कौन राज्य का नया मुख्यमंत्री होगा। मुख्यमंत्री के लिए पहले तीन नाम सामने आए थे, जिसमें पहला नाम एन बीरेन सिंह का था। एन बीरेन सिंह के अलावा पद के लिए बिश्वजीत सिंह और युमनाम खेमचंद नाम सामने आया था।

हालांकि अब सब कुछ साफ हो गया है और मुख्यमंत्री पद के लिए एन बीरेन सिंह के नाम पर मुहर लग चुकी है। बता दें कि रविवार को हुई विधायक दल की बैठक में ये फैसला लिया गया। इस बैठक में बीजेपी के केंद्रीय पर्यवेक्षक निर्मला सीतारमण और किरण रिजिजू भी मौजूद थे। इस फैसले को लेकर बातचीत करते हुए निर्मला सीतारमण ने कहा कि “यह विधायकों द्वार सर्वसम्मति से लिया गया एक अच्छा फैसला है. इससे मणिपुर को स्थिर और जिम्मेदार सरकार मिलेगी और राज्य में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।”