उत्तराखंड: पेपर लीक मामला, सरकारी कर्मचारी गिरफ्तार, अब सफेदपोशों की बारी!

0
75

देहरादून: अधीनस्त चयन सेवा आयोग भर्ती पेपर लीक मामले में अब तक 13 लोग गिरफ्तार हो चुकी हैं। इनमें एक पुलिस कांस्टेबल और तीन न्याय विभाग में बतौर कनिष्ठ सहायक सेवाएं दे रहे कर्मचारी भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान और पूछताछ में कुछ सफेदपोशों के नाम भी सामने आए हैं। अब सवाल यह है कि सफेदपोशों पर एसटीएफ कब हाथ डालेगी। माना जा रहा है कि पहले सफेदपोशों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाए जाएंगे। उसके बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

एसटीएफ की अब तक की जांच में सामने आया है कि पेपर लीक कर उसे अभ्यर्थियों तक पहुंचाने में कई सफेदपोश भी शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक गढ़वाल मंडल के दो जिला पंचायत सदस्यों के खिलाफ पेपर लीक में अहम साक्ष्य मिले हैं। इसमें एक महिला भी शामिल है। इस मामले में जिला पंचायत सदस्य के खिलाफ कुछ सुबूत भी एसटीएफ के हाथ लगे हैं।

इस केस का खुलासा होते ही दोनों नेता परेशान हैं। सूत्रों की माने तो कुछ अन्य नेताओं का नाम भी इसमें आया है। उनकी भूमिका की जांच जा रही है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि जांच में सभी तथ्यों पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। कुछ नेताओं के पेपर लीक में शामिल होने के इनपुट मिले हैं। इनमें एक जिला पंचायत सदस्य भाजपा से जुड़ा भी बताया जा रहा है।