उत्तर प्रदेश में भी शुरू हुई अनलॉक की प्रक्रिया, इन 6 जिलों में होगा…

0
93

कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए देश के कई राज्यों में लगाया गया लॉकडाउन अब धीरे धीरे खोले जाने लगा है। दिल्ली सरकार ने अनलॉक की घोषणा कर दी है। इसके बाद अब उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने भी अनलॉक की प्रक्रिया शुरू करते हुए प्रदेश के 6 जिलों में छूट दी है। इनमें देवरिया, बिजनौर, मुरादाबाद, बागपत, प्रयागराज और सोनभद्र शामिल है। उत्तर प्रदेश में अब कोरोना के मामलों में गिरावट आने लगी है। जिसको देखते हुए राज्य की योगी सरकार ने ये बड़ा फैसला लिया है। बता दें कि इन सभी जिलों में बीते 24 घंटों में 600 से कम मरीजों की पुष्टि हुई है। जिसके कारण यहां राहत दी गई है।

इन जिलों में नई गाइडलाइन भी जारी की गई है। जिसका पालन सख्ती से करना होगा। बता दें कि 1 जून से सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक दुकानें खुल सकेंगी। जारी गाइडलाइंस के मुताबिक सरकारी कार्यालय अधिकतम 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ खुलेंगे। इस दौरान निजी कंपनियों के कार्यालय को भी खोलने की अनुमति दी गई है। लेकिन इस दौरान मास्क लगाना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अनिवार्य होगा। सब्जी मंडी पहले की ही तरह खुली रहेंगी।

बिना मास्क रेलवे स्टेशन, बसों में यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यात्रा से पहले गेट पर ही स्क्रीनिंग करना अनिवार्य होगा। यूपी ट्रांसपोर्ट की बसों का चलन भी शुरू होगा। बस में जितनी सीट हैं उतने ही यात्रियों की यात्रा की अनुमति होगा। खड़े होकर यात्रा नहीं करने दी जाएगी। गाइडलाइंस के मुताबिक रेस्टोरेंट्स को भी खोला जाएगा। लेकिन बैठकर खाने की सुविधा पर अभी रोक रहेगी। सिर्फ होम डिलीवरी की सुविधा दी जाएगी। शादी में केवल 25 लोगों को ही शामिल करने की अनुमति है। वहीं अंतिम संस्कार में सिर्फ 20 लोग ही शामिल हो सकते हैं।