Home उत्तराखंड स्ट्रांग रूम के बाहर बैठने को लेकर हंगामा, कांग्रेस प्रत्याशी को पुलिस...

स्ट्रांग रूम के बाहर बैठने को लेकर हंगामा, कांग्रेस प्रत्याशी को पुलिस ने हटाया

0
9

किच्छा। नगर पालिका चुनाव के बाद मंडी समिति परिसर स्थित स्ट्रांग रूम में मतपेटियां जमा कराने को लेकर देर रात हंगामा हो गया। मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखकर सील किए जाने के बाद प्रशासन और पुलिस ने सभी प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों से मंडी परिसर खाली करने का अनुरोध किया। अधिकांश लोग परिसर से बाहर चले गए, लेकिन कांग्रेस के अध्यक्ष पद प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह स्ट्रांग रूम के बाहर निगरानी के लिए बैठे रहने पर अड़े रहे। पुलिस के बार-बार समझाने के बावजूद जब वह बाहर नहीं गए तो पुलिस ने उन्हें परिसर से बाहर कर दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मंडी गेट के बाहर हंगामा किया। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए मंडी का गेट बंद कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

नगर पालिका चुनाव के मतदान के बाद सभी मतदान पेटियां मंडी समिति परिसर स्थित स्ट्रांग रूम में पहुंचाई गई थीं। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष पद प्रत्याशी संदीप अरोड़ा, कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह सहित अन्य प्रत्याशी और उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में रखने और सील करने की कार्रवाई पूरी की गई।

सीलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर रात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रत्याशियों तथा समर्थकों से मंडी परिसर से बाहर जाने का अनुरोध किया। इसी दौरान कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह ने स्ट्रांग रूम के बाहर बैठकर निगरानी रखने की बात कही। उन्होंने प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मतपेटियों में गड़बड़ी की आशंका जताई और परिसर से बाहर जाने से इनकार कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कई बार समझाने का प्रयास किया। इसके बावजूद जब वह बाहर नहीं गए तो पुलिस उन्हें पकड़कर मंडी परिसर से बाहर ले गई। इस कार्रवाई के बाद मंडी गेट के बाहर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया। कुछ देर तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मंडी का गेट बंद कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।

प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस अध्यक्ष पद प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि प्रत्याशियों को स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर निगरानी रखने की अनुमति होनी चाहिए थी, लेकिन उन्हें जबरन बाहर कर दिया गया। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे स्ट्रांग रूम के अंदर गड़बड़ी की आशंका पैदा होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस का रवैया भाजपा के पक्ष में दिखाई दिया और प्रशासन भाजपा प्रत्याशी को चुनाव में लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।

भाजपा प्रत्याशी ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

भाजपा अध्यक्ष पद प्रत्याशी संदीप अरोड़ा ने कांग्रेस के आरोपों पर कहा कि उन्हें भी मंडी परिसर से बाहर किया गया है। जब सभी प्रत्याशियों को बाहर किया गया तो केवल कांग्रेस को ही आपत्ति क्यों है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के बाद प्रशासन द्वारा सभी को बाहर जाने के लिए कहा गया था और इसमें किसी एक प्रत्याशी को अलग से निशाना नहीं बनाया गया।

अरोड़ा ने कांग्रेस पर माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसी भी तरह की अनुचित गतिविधि को सफल नहीं होने देगी। देर रात तक चले इस घटनाक्रम के बीच मंडी समिति परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से निगरानी जारी रखी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here