देहरादून। बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए जाने वाले चढ़ावे की गिनती में हेराफेरी और चोरी के मामले की जांच पूरी हो गई है। करीब पांच महीने तक चली जांच के बाद विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अपनी 300 पन्नों की विस्तृत रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। रिपोर्ट में चढ़ावे की गिनती और उसके प्रबंधन में सामने आई खामियों का उल्लेख करने के साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं। एसआईटी ने बदरीनाथ धाम की व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए देश के 14 प्रमुख मंदिरों के प्रबंधन मॉडल का भी अध्ययन किया है।
बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की गिनती के दौरान हेराफेरी का मामला इसी साल जुलाई में सामने आया था। मामला उजागर होने के बाद प्रदेश सरकार ने इसकी जांच के लिए गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप के नेतृत्व में तीन सदस्यीय एसआईटी गठित की थी। जांच टीम ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ करने के साथ ही चढ़ावे की गिनती और उसके प्रबंधन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की।
जांच के दौरान मंदिर समिति से जुड़े 20 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और चढ़ावे की गिनती की पूरी प्रक्रिया की जांच की गई। एसआईटी ने यह भी पता लगाने का प्रयास किया कि गिनती के दौरान किस कर्मचारी की क्या जिम्मेदारी थी, निगरानी की व्यवस्था कैसी थी और किन परिस्थितियों में हेराफेरी की घटना को अंजाम दिया गया। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि चढ़ावे में हेराफेरी की यह गतिविधि लंबे समय तक नहीं चली, बल्कि कुछ ही समय के अंतराल में इसे अंजाम दिया गया।
14 प्रमुख मंदिरों की व्यवस्थाओं का अध्ययन
एसआईटी ने जांच को केवल चढ़ावा चोरी की घटना तक सीमित नहीं रखा, बल्कि बदरीनाथ धाम की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए देश के प्रमुख मंदिरों के प्रबंधन और सुरक्षा प्रणाली का भी अध्ययन किया। इनमें वाराणसी का काशी विश्वनाथ मंदिर, जम्मू-कश्मीर स्थित वैष्णो देवी मंदिर और अमरनाथ गुफा मंदिर, अमृतसर का स्वर्ण मंदिर, दिल्ली का अक्षरधाम मंदिर, उज्जैन का महाकालेश्वर मंदिर, ओडिशा का जगन्नाथपुरी मंदिर, तमिलनाडु का रंगनाथस्वामी मंदिर और आंध्र प्रदेश का तिरुपति बालाजी मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिर शामिल हैं।इन मंदिरों में चढ़ावे की गिनती, दान सामग्री के प्रबंधन, श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था और धनराशि को बैंक खातों में जमा कराने की प्रक्रिया का अध्ययन किया गया। इन व्यवस्थाओं के आधार पर एसआईटी ने बदरीनाथ धाम के लिए भी कई सुझाव तैयार किए हैं।
चढ़ावे की गिनती, 360 डिग्री कैमरों से निगरानी
एसआईटी की रिपोर्ट में चढ़ावे की गिनती की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके लिए मंदिर परिसर में कांच की दीवारों वाला गिनती कक्ष बनाने का सुझाव दिया गया है, ताकि वहां होने वाली पूरी प्रक्रिया बाहर से भी दिखाई दे सके। साथ ही कक्ष में 360 डिग्री कैमरे लगाने की सिफारिश की गई है, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
गिनती की प्रक्रिया में शामिल कर्मचारियों और स्वयंसेवकों की पहचान सुनिश्चित करने, उनकी ड्यूटी का रिकॉर्ड रखने और कक्ष में प्रवेश तथा बाहर निकलने के समय की निगरानी करने का सुझाव भी दिया गया है। इसके अलावा गिनती में शामिल कर्मचारियों के लिए बिना जेब वाले कपड़े अनिवार्य करने और सख्त तलाशी व्यवस्था लागू करने की सिफारिश की गई है, ताकि चढ़ावे में किसी तरह की हेराफेरी की संभावना समाप्त की जा सके।
आधुनिक व्यवस्था की सिफारिश
रिपोर्ट में नोटों की गिनती, छंटाई और नकली नोटों की पहचान के लिए आधुनिक मशीनों के इस्तेमाल की सिफारिश की गई है। गिनती पूरी होने के बाद धनराशि को बिना किसी देरी और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से मंदिर के बैंक खाते में जमा कराने की व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया गया है। इसी तरह सोने-चांदी के आभूषणों और अन्य कीमती चढ़ावे के सुरक्षित प्रबंधन के लिए सरकारी ज्वेलर्स की व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया है। विदेशी मुद्रा के प्रबंधन और उसे भारतीय मुद्रा में बदलने के लिए अलग व्यवस्था विकसित करने की बात भी रिपोर्ट में कही गई है।
बीकेटीसी की आंतरिक व्यवस्था में भी सुधार की जरूरत
एसआईटी ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की आंतरिक व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया है। इसमें कर्मचारियों की उपस्थिति, ड्यूटी आवंटन, मंदिर परिसर में आने-जाने के समय और निगरानी प्रणाली की समीक्षा की गई। रिपोर्ट में श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग, बायोमेट्रिक टोकन और आरएफआईडी बैंड जैसी तकनीकों के इस्तेमाल का सुझाव दिया गया है।
इसके अलावा श्रद्धालुओं की कतारों को व्यवस्थित करने, मंदिर परिसर की सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने तथा जनसंपर्क प्रणाली को बेहतर बनाने की जरूरत भी बताई गई है। एसआईटी का मानना है कि आधुनिक तकनीक, जवाबदेही और प्रभावी निगरानी के जरिए मंदिर प्रबंधन में पारदर्शिता बढ़ाई जा सकती है।
शासन के स्तर पर होगा सुझावों पर फैसला
गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने एसआईटी की जांच पूरी होने और रिपोर्ट शासन को भेजे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण की जांच पूरी कर ली गई है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सरकार ने जांच समिति से सुझाव भी मांगे थे। इसी क्रम में देश के प्रमुख मंदिरों के प्रबंधन और दान सामग्री की गिनती से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं का अध्ययन कर महत्वपूर्ण सुझाव रिपोर्ट के साथ शासन को भेजे गए हैं।
एसआईटी की रिपोर्ट मिलने के बाद अब इन सुझावों को लागू करने की जिम्मेदारी शासन और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की है। बदरीनाथ धाम में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं और बड़ी मात्रा में नकद धनराशि, सोना-चांदी तथा अन्य सामग्री चढ़ावे के रूप में अर्पित की जाती है। ऐसे में चढ़ावे की गिनती से लेकर उसके सुरक्षित रखरखाव और बैंक खाते में जमा होने तक की प्रक्रिया का पारदर्शी होना जरूरी है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि शासन एसआईटी की सिफारिशों पर क्या निर्णय लेता है और बदरीनाथ धाम की व्यवस्थाओं में इन सुधारों को कब तक लागू किया जाता है।













