कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज अंधड़ और बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां विशालकाय पेड़ गिरने से उसकी चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह बारिश से बचने के लिए दो लोग एक चाय की दुकान के समीप खड़े थे। इसी दौरान अचानक तेज अंधड़ आया और पास में खड़ा विशालकाय पेड़ उनके ऊपर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से हल्दूखाता निवासी विक्रम उर्फ खटमल (55) पुत्र छज्जू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, किशनपुर निवासी दलीप (45) पुत्र शिवराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही एसआई राजा राम डोभाल और एसएसआई शशि भूषण जोशी के नेतृत्व में कलालघाटी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही एसडीआरएफ की टीम ने भी राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायल दलीप को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
अचानक हुए इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है। तेज अंधड़ और बारिश के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और सावधानी बरतने की जरूरत को रेखांकित किया है।















