शुरू हुआ 12 से 14 साल की उम्र के बच्चों का वैक्सीनेशन, इस वैक्सीन का किया जाएगा इस्तेमाल…

0
105

कोरोना (corona virus) से बचाव के लिए देश भर के नागरिकों को वैक्सीन लगवाई जा रही है। भारत सरकार द्वारा अब तक 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन की डोज दी जा रही थी। लेकिन अब खबर है कि 12 से 14 साल तक की उम्र के बच्चों को भी कोरोना का टीका लगाया जाएगा। इस बात की जानकारी भारत सरकार द्वारा दी गई है। जानकारी के अनुसार आज से ही बच्चों के लिए वैक्सीनेशन शुरू कर दिया जाएगा। बता दें कि बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए कोवैक्सीन या कोविशील्ड का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए एक नई वैक्सीन का इस्तेमाल होगा।

जानकारों के अनुसार 12 से 14 साल की उम्र के बच्चों का टीकाकरण कॉरबीवैक्स वैक्सीन से किया जाएगा। बता दें कि इस वैक्सीन को हैदराबाद स्थित बायोलॉजिकल ईवान्स द्वारा बनाया गया है। कोरोना से लड़ाई के लिए कॉरबीवैक्स भारत की तीसरी वैक्सीन है, जिसको केवल बच्चों के टीकाकरण में इस्तेमाल किया जाएगा। बाकी वैक्सीन की तरह इस वैक्सीन की भी दो डोज दी जाएंगी। पहली और दूसरी डोज के बीच 28 दिनों का अंतर होना जरूरी होगा।

वैक्सीनेशन के लिए सबसे पहले बच्चों का रजिस्ट्रेशन करवाना जरूरी होगा। जिसके बाद ही उनका टीकाकरण होगा। रिपोर्ट्स की माने तो देश में इस उम्र के करीब 4.7 करोड़ बच्चे हैं और इन सभी का टीकाकरण भारत सरकार द्वारा निशुल्क किया जाएगा। इसके साथ ही आपको बता दें कि अब 60 साल से अधिक उम्र के लोग प्रीकॉशन डोज ले सकते हैं। सरकार द्वारा इस बात की भी घोषणा कर दी गई है।