Home Blog Page 218

उत्तराखंड में मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, ऐसा रहेगा मौसम

0

देहरादून : उत्तराखंड में मौसम ने करवट ली है। राज्य के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान
भारतीय मौसम विभाग (प्डक्) ने 31 मई 2025 के लिए उत्तराखंड के कई जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जनपदों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मैदानी जिलों में भी गरज और आकाशीय बिजली के साथ बारिश हो सकती है। तेज झोंकेदार हवाएं (30-40 किमी/घंटा) चलने की संभावना है।

येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने इन परिस्थितियों को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है, क्योंकि भारी बारिश के कारण भूस्खलन और सड़कें बंद होने की संभावना बढ़ जाती है।

देहरादून का मौसम

देहरादून में आज आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, हालांकि कुछ क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश गरज और चमक के साथ हो सकती है। तेज झोंकेदार हवाएं (30-40 किमी/घंटा) चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34°ब् और न्यूनतम तापमान 22°ब् के आसपास रहने की संभावना है।

आगामी दिनों का पूर्वानुमान

आने वाले दिनों में भी उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है। 1 जून से 4 जून तक राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं और आकाशीय बिजली की संभावना भी है।

अंकिता भंडारी हत्याकांड: कोटद्वार कोर्ट का बड़ा फैसला, तीनों दोषियों को उम्रकैद और जुर्माने की सजा

0

कोटद्वार : बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कोटद्वार स्थित अपर जिला एवं सत्र न्यायालय (एडीजे कोर्ट) ने शुक्रवार को अपना बहुप्रतीक्षित फैसला सुनाया। कोर्ट ने मुख्य आरोपी पुलकित आर्य और उसके दो सहयोगियों सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या), 201 (सबूत मिटाना) और 354 (महिला के साथ दुर्व्यवहार) के तहत दोषी ठहराया। तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। साथ ही कोर्ट ने प्रत्येक दोषी पर 50-50 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया और पीड़िता के परिजनों को चार लाख रुपये का मुआवजा देने का निर्देश भी दिया।

अदालत के बाहर हंगामा

फैसला सुनाए जाने से ठीक पहले कोर्ट परिसर के बाहर लोगों की भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी बल प्रयोग किया और भीड़ को कोर्ट के भीतर जाने से रोका। पूरे कोटद्वार शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। गढ़वाल मंडल के कई जिलों से पुलिस बल बुलाकर अदालत परिसर के बाहर तैनात किया गया।

केस की सुनवाई और जांच प्रक्रिया

इस केस की सुनवाई 30 जनवरी 2023 को शुरू हुई थी। एसआईटी जांच के बाद अभियोजन पक्ष ने 500 पन्नों का आरोपपत्र अदालत में दाखिल किया था। अदालत में करीब दो साल आठ महीने तक चली लंबी सुनवाई के दौरान अभियोजन ने 47 गवाहों को पेश किया, जबकि एसआईटी ने कुल 97 गवाहों की सूची तैयार की थी। 28 मार्च 2023 से अभियोजन पक्ष की गवाही का सिलसिला शुरू हुआ था।

अंकिता की मौत की पूरी कहानी

20 वर्षीय अंकिता भंडारी की पहली नौकरी में अभी 20 दिन भी पूरे नहीं हुए थे जब यह दर्दनाक घटना घटी। वह वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में कार्यरत थी। 2022 में लापता होने के कुछ दिन बाद उसका शव एक नहर में मिला था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अंकिता पर ‘वीआईपी’ मेहमानों को “खुश करने” का दबाव बनाया जा रहा था, जिसका उसने विरोध किया। विरोध करने पर ही उसकी हत्या कर दी गई।

अंकिता भंडारी हत्याकांड: अदालत ने सुनाया फैसला, पुलकित आर्य समेत तीनों आरोपी दोषी करार

0

उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कोटद्वार स्थित अपर जिला एवं सत्र न्यायालय (एडीजे कोर्ट) ने शुक्रवार को ऐतिहासिक फैसला सुनाया। अदालत ने इस जघन्य अपराध के तीनों आरोपियों—वनंत्रा रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य, उसके सहयोगी सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता—को हत्या, साक्ष्य मिटाने और छेड़खानी जैसे गंभीर अपराधों का दोषी करार दिया है। आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या), 201 (साक्ष्य मिटाना) और 354 (छेड़खानी) के तहत दोष सिद्ध हुआ है। अब कुछ ही देर में कोर्ट अंतिम सजा सुनाएगी।

फैसले पर टिकी थीं पूरे राज्य की निगाहें

अदालत के इस फैसले पर न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश की निगाहें टिकी हुई थीं। कोटद्वार में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। गढ़वाल मंडल के विभिन्न जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल मंगाया गया था। अदालत परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। आसपास की सड़कों पर बैरिकेडिंग कर निषेधाज्ञा लागू की गई थी, और 200 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के जमावड़े, नारेबाजी या प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया।

दो साल आठ महीने चली सुनवाई, 47 गवाह पेश

यह मामला 30 जनवरी 2023 को अदालत में पहली बार पेश हुआ था। एसआईटी द्वारा गहराई से की गई जांच के बाद अभियोजन पक्ष ने अदालत में करीब 500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की। अभियोजन ने 97 गवाह सूचीबद्ध किए, जिनमें से 47 अहम गवाहों को अदालत में पेश किया गया। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक अवनीश नेगी ने बहस की अगुवाई की।

घटना का विवरण: कैसे हुई थी हत्या

  • अंकिता भंडारी, वनंत्रा रिजॉर्ट में काम कर रही थी और उसकी यह पहली नौकरी थी, जिसमें उसे महज 20 दिन ही हुए थे।

  • 18 सितंबर 2022 को पुलकित, सौरभ और अंकित ने अंकिता पर कथित रूप से अनैतिक कार्यों के लिए दबाव बनाया और जब उसने विरोध किया, तो उसे चीला नहर में धक्का दे दिया गया।

  • 20 सितंबर को पुलकित ने अंकिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट पट्टी उदयपुर पल्ला राजस्व क्षेत्र में दर्ज कराई, लेकिन जल्द ही मामला तूल पकड़ गया।

  • 22 सितंबर को जिलाधिकारी के आदेश पर केस राजस्व पुलिस से हटाकर लक्ष्मणझूला थाने को सौंपा गया।

  • 23 सितंबर को तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।

  • 24 सितंबर को चीला बैराज इंटेक से अंकिता का शव बरामद किया गया और एम्स ऋषिकेश में पोस्टमार्टम हुआ।

  • 26 सितंबर को पुलिस कस्टडी में आरोपियों के साथ क्राइम सीन दोहराया गया।

  • 16 दिसंबर 2022 को चार्जशीट दाखिल हुई, जिसमें हत्या, साक्ष्य मिटाने, छेड़छाड़ और अनैतिक देह व्यापार अधिनियम की धाराएं जोड़ी गईं।

न्याय की ओर एक और कदम

30 मई 2025 को अदालत ने तीनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। अंकिता के परिवार और उत्तराखंड की जनता के लिए यह फैसला एक बड़ी राहत और उम्मीद की किरण है।

अब निगाहें कोर्ट द्वारा घोषित की जाने वाली सजा पर टिकी हैं, जिससे यह तय होगा कि अंकिता को इंसाफ कितना और कैसे मिलता है।

हल्द्वानी की नव्या पांडे ने जु-जित्सू में रचा इतिहास, एशियन चैंपियनशिप में भारत को दिलाया स्वर्ण पदक

0

हल्द्वानी की युवा जु-जित्सू खिलाड़ी नव्या पांडे ने जॉर्डन की राजधानी अम्मान में आयोजित नौवीं एशियन जु-जित्सू चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश-प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। 45 किलोग्राम भार वर्ग में नव्या ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहली बार भारत के लिए इस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। नव्या पांडे जु-जित्सू में एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नव्या पांडे को फोन कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने नव्या से शीघ्र ही मुलाकात करने की भी बात कही।

नव्या ने इस मौके पर राज्य सरकार द्वारा खेल कोटे के तहत उन्हें वन विभाग में नौकरी देने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। पिछले वर्ष नव्या को इस नौकरी से सम्मानित किया गया था, जो खेलों के क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार की एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है।

नव्या की इस सफलता से न केवल उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी, बल्कि यह राज्य सरकार के खेल समर्थन नीति के फलस्वरूप खेलों में युवाओं की भागीदारी और उत्साह को भी बढ़ावा देगा।

जु-जित्सू के मैदान में अपनी मेहनत और समर्पण से नव्या पांडे ने साबित कर दिया है कि सही अवसर और समर्थन मिलने पर प्रदेश के युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ सकते हैं। उत्तराखंड सरकार और खेल प्रेमी नव्या की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं और आशा जताई जा रही है कि वह भविष्य में भी इसी तरह खेल जगत में नाम रोशन करती रहेंगी।

उत्तराखंड में 6 दिन तक गरज-चमक और बारिश का अलर्ट, तापमान में आएगी गिरावट

0

देहरादून :  राज्य मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए आगामी छह दिनों (30 मई से 4 जून तक) के लिए विस्तृत मौसम पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें पर्वतीय और मैदानी जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा तथा गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। तापमान में भी हल्की गिरावट का अनुमान है।

आज यानी 30 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश व गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है।

राज्य के पर्वतीय जिलों के अनेक स्थानों और कुछ मैदानी क्षेत्रों में 31 मई को हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। गरज के साथ बिजली गिरने जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं।

वहीं, एक जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत जिलों में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर मौसम सक्रिय रहेगा।

2 जून को राज्य के पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर और मैदानी जिलों में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना बनी हुई है।

तीन जून को फिर से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। इन जिलों में कई जगहों पर गरज के साथ वर्षा और बिजली गिरने की संभावना है।

4 जून को कुमाऊं क्षेत्र के जिलों में अनेक स्थानों पर और गढ़वाल क्षेत्र के कुछ भागों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।

 

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक, 11 अहम प्रस्तावों को मिली मंजूरी

0

देहरादून: उत्तराखंड की धामी सरकार ने सोमवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में 11 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राज्य की पहली योग नीति, गोल्डन कार्ड पर कैशलेस इलाज, नई औद्योगिक नीति समेत कई जनहितकारी निर्णय लिए गए।

गोल्डन कार्ड पर कैशलेस इलाज की नई व्यवस्था

कैबिनेट ने कर्मचारियों, पेंशनर्स और उनके आश्रितों को अब गोल्डन कार्ड के माध्यम से कैशलेस इलाज की सुविधा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत 75 करोड़ रुपये का ऋण अटल आयुष्मान योजना में दिया जाएगा, जिससे अस्पतालों को भुगतान किया जा सकेगा। सरकार इस व्यवस्था के क्रियान्वयन के लिए हितधारकों से चर्चा कर नीति भी लाएगी।

उत्तराखंड की पहली योग नीति को मंजूरी

राज्य सरकार ने उत्तराखंड की पहली योग नीति को भी स्वीकृति दी है। इसके अंतर्गत पांच नए योग हब स्थापित किए जाएंगे। योग संस्थानों को पहाड़ी क्षेत्रों में 50% तक और मैदानी क्षेत्रों में 25% तक सब्सिडी मिलेगी। योग शिक्षकों को प्रति सत्र 250 रुपये की प्रतिपूर्ति दी जाएगी।

देहरादून-हल्द्वानी मेडिकल कॉलेजों में तीमारदारों के लिए सुविधाएं

देहरादून और हल्द्वानी के मेडिकल कॉलेजों में अब एम्स ऋषिकेश की तर्ज पर तीमारदारों के ठहरने और भोजन की सस्ती व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए संस्थाएं चिह्नित की जाएंगी और भूमि भी उपलब्ध कराई जाएगी।


अन्य प्रमुख फैसले:

1. अधिप्राप्ति नियमावली में संशोधन

  • उत्तराखंड अधिप्राप्ति नियमावली 2017 में संशोधन कर स्थानीय लोगों को रोजगार देने पर जोर दिया गया है।

  • विभिन्न विभागों में कार्यों की सीमा को 5 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ किया गया है।

  • ई और डी श्रेणी के पंजीकृत ठेकेदारों की कार्य सीमा भी बढ़ाई गई है।

  • स्वयं सहायता समूहों को अब 5 लाख तक के कार्य दिए जा सकेंगे।

  • एमएसएमई इकाइयों को प्राथमिकता दी जाएगी, भले ही उनका टेंडर 10% अधिक क्यों न हो।

2. पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया की दिशा में सुधार

  • नॉन-कंसल्टेंसी कार्यों में भी प्रोक्योरमेंट की अनुमति।

  • टेंडर की सिक्योरिटी राशि अब ऑनलाइन ई-बैंक गारंटी (e-BG) के जरिए जमा की जा सकेगी।

  • IFMS पोर्टल पर शिकायत निवारण तंत्र की व्यवस्था की जाएगी।

  • GeM (जेम) पोर्टल के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।

3. औद्योगिक विकास की दिशा में नई नीति

  • उत्तराखंड मेगा इंडस्ट्रियल पॉलिसी को मंजूरी मिली, जो आगामी पांच वर्षों तक लागू रहेगी।

  • नीति के तहत उद्योगों को चार श्रेणियों में विभाजित किया गया है:

    • लार्ज (50-200 करोड़): 50 स्थायी रोजगार पर 10% सब्सिडी

    • अल्ट्रा लार्ज (200-500 करोड़): 150 रोजगार पर 15% सब्सिडी

    • मेगा (500-1000 करोड़): 300 रोजगार

    • अल्ट्रा मेगा (1000 करोड़ से ऊपर): 509 रोजगार अनिवार्य

4. अन्य फैसले

  • उत्तराखंड विष कब्जा एवं विक्रय नियमावली में मिथाइल एल्कोहल को शामिल करने की मंजूरी।

  • राजकीय विभाग अधीनस्थ लेखा संवर्ग की पुरानी व्यवस्था यथावत रहेगी।

  • राज्य बाल सुरक्षा संगठन की रिपोर्ट को सदन में प्रस्तुत किए जाने की अनुमति।

  • उत्तराखंड सेवा क्षेत्र नीति 2024 को मंजूरी—केवल उन क्षेत्रों में सब्सिडी मिलेगी जहां पहले से सेवा संस्थान मौजूद नहीं हैं।

  • उत्तराखंड चाय विकास बोर्ड के ढांचे में 11 नए पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई।

देहरादून में ‘अहिल्या स्मृति मैराथन’ का आयोजन, मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं के साथ दौड़ लगाई

0

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को पवेलियन ग्राउंड में आयोजित “अहिल्या स्मृति मैराथन–एक विरासत, एक संकल्प” कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी युवाओं के साथ दौड़ लगाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल समाज में जागरूकता और एकता को बढ़ावा देते हैं, बल्कि एक स्वस्थ और सक्रिय समाज के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतिभाग करने वाले सभी युवाओं की सराहना की और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक आज, पंचायत चुनाव समेत इन फैसलों पर सबकी नजर

0

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार सुबह 11 बजे सचिवालय में राज्य मंत्रिमंडल की अहम बैठक आयोजित होगी। आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनज़र यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में पंचायतों में तैनात प्रशासकों का कार्यकाल 6 महीने की बजाय 1 साल तक बढ़ाने के प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है।

बैठक में युवा नीति और महिला नीति को मंजूरी मिलने की भी संभावना है। लंबे समय से चर्चा में रही उत्तराखंड की महिला नीति को आखिरकार स्वीकृति मिल सकती है, जिससे राज्य में महिलाओं के अधिकार और सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा, रायपुर क्षेत्र की फ्रीज की गई जमीन को मुक्त करने, प्रदेश के आठ शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना, शिक्षकों के लिए नई तबादला नीति और नंदा गौरा योजना के तहत छात्राओं को अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने जैसे प्रस्तावों पर भी चर्चा की जाएगी। इस योजना के तहत अब 12वीं या स्नातक के बाद स्किल-बेस्ड कोर्स करने वाली बालिकाओं को भी लाभ मिलने का रास्ता साफ हो सकता है।

बैठक में उपनल कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए नीति, नगर निकायों में एक समान टैक्स प्रणाली लागू करने, सीजनल मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी देने, पुराने बाजारों के री-डेवलपमेंट की नीति और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए स्टेट एलाइड एंड हेल्थ केयर काउंसिल गठन जैसे कई अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी मुहर लग सकती है।

राज्य सरकार की यह बैठक न सिर्फ प्रशासनिक दृष्टि से बल्कि सामाजिक और विकास के नजरिए से भी कई बड़े फैसलों की ओर इशारा कर रही है।

आधुनिक भारत की आधारशिला रखने वाले महान दूरदृष्टि के नेता थे पंडित जवाहर लाल नेहरू -सूर्यकांत धस्माना

0

देहरादून: देश के प्रथम प्रधानमंत्री और स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी पंडित जवाहरलाल नेहरू की 61वीं पुण्य तिथि पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन व प्रशासन) सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि पंडित नेहरू आधुनिक भारत की नींव रखने वाले दूरदर्शी नेता थे।

उन्होंने औद्योगिक, व्यापारिक, वैज्ञानिक और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया। धस्माना ने बताया कि नेहरू की तीन पीढ़ियों ने स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लिया, जो विश्व में एक अनूठा उदाहरण है। उन्होंने भारत की नव रत्न कंपनियों की स्थापना की शुरुआत भी की।

धस्माना ने पंडित नेहरू के बहुआयामी व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि वे न केवल एक प्रखर स्वतंत्रता सेनानी थे, बल्कि कुशल प्रशासक और दार्शनिक भी थे। उनकी पुस्तकें जैसे लेटर्स फ्रॉम ए फादर टू हिज डॉटर, ग्लिंपसेस ऑफ वर्ल्ड हिस्ट्री, एन ऑटोबायोग्राफी और डिस्कवरी ऑफ इंडिया विश्व प्रसिद्ध हैं।

कांग्रेस विधायक दल के उपनेता भुवन कापड़ी ने कहा कि पंडित नेहरू ने भारत को विज्ञान, तकनीक और तर्कशीलता का हथियार दिया। वे उदारवादी और कुशल प्रशासक थे।

कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, उत्तरकाशी यमुनोत्री जिला अध्यक्ष दिनेश चौहान, प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक महासचिव कमर सिद्दीकी, और प्रदेश किसान कांग्रेस महामंत्री गुड्डू चौहान सहित अन्य नेताओं ने पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Alcatel V3 Series भारत में लॉन्च: NXTPAPER टेक्नोलॉजी के साथ आंखों को आराम और शानदार अनुभव

0

Alcatel की V3 सीरीज में इस्तेमाल की गई NXTPAPER टेक्नोलॉजी पारंपरिक LCD और OLED स्क्रीन से अलग है। इसे विशेष रूप से आंखों की सुरक्षा और आराम के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह टेक्नोलॉजी पेपर जैसा अनुभव देती है, जिससे लंबे समय तक स्क्रीन देखने पर भी आंखों पर जोर नहीं पड़ता। यह कोई सॉफ्टवेयर-आधारित समाधान नहीं, बल्कि हार्डवेयर-आधारित तकनीक है, जिसमें लेयर्ड रिफ्लेक्टिविटी और एंटी-ग्लेयर इंजीनियरिंग का उपयोग किया गया है। यह E-Ink डिस्प्ले की तरह है, लेकिन फुल-कलर सपोर्ट के साथ, जो इसे और भी खास बनाता है।

NXTPAPER टेक्नोलॉजी के चार डिस्प्ले मोड

NXTPAPER डिस्प्ले में चार अलग-अलग मोड हैं, जो यूज़र्स की विभिन्न ज़रूरतों को पूरा करते हैं:

  • रेगुलर मोड: रोज़मर्रा के काम जैसे सोशल मीडिया ब्राउज़िंग और वीडियो देखने के लिए उपयुक्त।

  • इंक पेपर मोड: ई-बुक पढ़ने के लिए डिज़ाइन किया गया, जो मोनोक्रोम अनुभव देता है और आंखों पर कम तनाव डालता है।

  • मैक्स इंक मोड: बैटरी बचाने के लिए आदर्श, जिसमें डिस्प्ले 168 घंटे (7 दिन) तक चल सकती है।

  • कलर पेपर मोड: रंगीन कंटेंट जैसे वीडियो और इमेज के लिए, जो आंखों को आरामदायक अनुभव देता है।

इन मोड्स को एक समर्पित NXTPAPER बटन के ज़रिए आसानी से स्विच किया जा सकता है, जो फोन के किनारे पर दिया गया है।

आंखों के लिए खास फीचर्स

NXTPAPER टेक्नोलॉजी में आंखों की सुरक्षा के लिए कई उन्नत फीचर्स शामिल हैं:

  • एंटी-ग्लेयर कोटिंग: तेज धूप में भी स्क्रीन साफ दिखती है, और कम ब्राइटनेस के साथ भी शानदार दृश्यता प्रदान करती है।

  • लो ब्लू लाइट: यह तकनीक ब्लू लाइट को 61% तक कम करती है, जिससे आंखों पर तनाव कम होता है। यह SGS लो ब्लू लाइट सर्टिफिकेशन के साथ आता है।

  • AI-Driven Adaptability: पर्यावरण की रोशनी के आधार पर स्क्रीन की ब्राइटनेस, कॉन्ट्रास्ट और रंग अपने आप समायोजित हो जाते हैं, जिससे हर स्थिति में बेहतरीन अनुभव मिलता है।

Alcatel V3 सीरीज की खासियतें

Alcatel V3 Ultra 5G और V3 Pro 5G में NXTPAPER डिस्प्ले का उपयोग किया गया है, जबकि V3 Classic 5G में NXTVISION डिस्प्ले है। V3 Ultra में 6.8-इंच FHD+ डिस्प्ले, 120Hz रिफ्रेश रेट, 108MP ट्रिपल रियर कैमरा, 32MP फ्रंट कैमरा, MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर, 8GB रैम (8GB वर्चुअल रैम के साथ), और 5,010mAh बैटरी के साथ 33W फास्ट चार्जिंग है। यह स्टाइलस सपोर्ट के साथ आता है।

V3 Pro में 6.7-इंच HD+ NXTPAPER डिस्प्ले, 50MP डुअल रियर कैमरा, 8GB रैम (10GB वर्चुअल रैम के साथ), और 5,200mAh बैटरी के साथ 18W चार्जिंग है। V3 Classic में 6.7-इंच HD+ डिस्प्ले, 50MP रियर कैमरा, और 5,200mAh बैटरी के साथ 10W चार्जिंग है।

कीमत और उपलब्धता

Alcatel V3 Ultra 5G की कीमत 6GB+128GB के लिए 19,999 रुपये और 8GB+128GB के लिए 21,999 रुपये है। V3 Pro 5G की कीमत 8GB+256GB के लिए 17,999 रुपये और V3 Classic 5G की कीमत 4GB+128GB के लिए 12,999 रुपये और 6GB+128GB के लिए 14,999 रुपये है। यह सीरीज 2 जून 2025 से फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध होगी।

Alcatel V3 सीरीज भारत में मिड-रेंज स्मार्टफोन सेगमेंट में नया मानदंड स्थापित कर रही है। NXTPAPER टेक्नोलॉजी के साथ यह सीरीज उन यूज़र्स के लिए बेहतरीन है, जो लंबे समय तक स्क्रीन का उपयोग करते हैं, जैसे स्टूडेंट्स, प्रोफेशनल्स और कंटेंट क्रिएटर्स। यह न केवल आंखों के लिए सुरक्षित है, बल्कि स्टाइलिश डिज़ाइन और शक्तिशाली परफॉर्मेंस के साथ एक संपूर्ण पैकेज है।