Home Blog Page 158

नमक में मिलावट की शिकायत, राशन की दुकानों पर छापेमारी

0

देहरादून: सरकारी राशन की दुकानों पर खराब गुणवत्ता का नमक बेचे जाने की शिकायत के बाद देहरादून ज़िला प्रशासन हरकत में आ गया है. जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर ज़िले की 19 सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर एक साथ छापेमारी की गई. इस दौरान नमक के सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी के पास भेजा गया है.

हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें राशन की दुकान से मिले नमक में रेत मिला हुआ था. इस वीडियो को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में जांच करने का निर्देश दिया था. इसी निर्देश के तहत, तहसील सदर, चकराता, विकासनगर, मसूरी, डोईवाला और ऋषिकेश में टीमों ने छापेमारी की. छापेमारी के दौरान नमक के नमूने जमा किए गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह पहली बार नहीं है जब राशन वितरण प्रणाली में अनियमितता की शिकायत मिली है. पिछले कुछ महीनों पहले भी अनाज में मिलावट की शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने खुद छापेमारी की थी, जिसमें कई दुकानों पर अनियमितता पाई गई थी और उन पर कार्रवाई की गई थी.

केदारनाथ स्थित चोराबाड़ी ग्लेशियर में सामान्य हिमस्खलन अफवाहों पर ध्यान न दें।

0
  • केदारनाथ चोराबाड़ी ग्लेशियर में सामान्य हिमस्खलन, रेस्क्यू टीमें अलर्ट मोड पर,
  • श्री केदारनाथ: 4 सितंबर।केदारनाथ क्षेत्र के चोराबाड़ी ग्लेशियर में आज एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया के तहत हल्का एवलांच(हिमस्खलन) दर्ज किया गया, जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। रेस्क्यू टीमों को एहतियातन अलर्ट मोड पर रखा गया है, हालांकि राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई नुकसान नहीं हुआ है और स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
    जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने जानकारी देते हुए बताया कि आज दोपहर लगभग 2 बजे चोराबाड़ी ग्लेशियर क्षेत्र में एक एवलांच की घटना दर्ज की गई, जो कि मौसम और प्राकृतिक परिस्थितियों के अनुसार एक सामान्य प्रक्रिया है।उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद विशेषज्ञ टीमों को अलर्ट कर दिया गया, जो मौके की वस्तुस्थिति का आकलन कर रही हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है और इस प्रकार की प्राकृतिक गतिविधियां हिमालयी क्षेत्रों में सामान्य होती हैं। साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी प्रकार की असत्य या भ्रामक सूचना का प्रसार न करने का आग्रह किया है।

श्री बदरीनाथ धाम में माता मूर्ति उत्सव संपन्न

0

श्री बदरीनाथ धाम में धूमधाम से मनाया गया माता मूर्ति उत्सव

• प्रात: दस बजे भगवान नारायण के प्रतिनिधि श्री उद्धव जी माता मूर्ति मंदिर पहुंचे।
IMG 20250904 WA0100
श्री बदरीनाथ धाम: 4 सितंबर। श्री बदरीनाथ धाम में वामन द्वादशी के अवसर पर आज बृहस्पतिवार 4 सितंबर को माता मूर्ति उत्सव धूमधाम से मनाया गया । भगवान बदरी विशाल के बाल भोग के बाद सुबह 10 बजे श्री उद्धव जी की देव डोली के साथ बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती की उपस्थिति में श्री बदरीनाथ धाम रावल अमरनाथ नंबूदरी धर्माधिकारी, वेदपाठी आचार्यगणों, मंदिर समिति अधिकारियों ने समारोहपूर्वक माता मूर्ति मंदिर प्रस्थान किया।

इससे पहले बीते कल बुधवार 3 सितंबर को श्री बदरीनाथ विशाल के क्षेत्ररक्षक श्री घंटाकर्ण महाराज ने भगवान बद्रीनारायण को माता मूर्ति आने का न्यौता दिया था इसी दिन श्री डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत द्वारा श्री नारद उत्सव का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया।

श्री बदरीनाथ – केदारनाथ मंदिर समिति ( बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने अपने संदेश में वामन भाद्रपद शुक्ल द्वादशी के अवसर पर श्री बदरीनाथ धाम माता मूर्ति उत्सव एवं श्री त्रियुगीनारायण वामन द्वादशी मेले की शुभकामनाएं दी है।
बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने माता मूर्ति उत्सव की बधाई दी तथा सहयोग हेतु सभी का आभार जताया है।

उल्लेखनीय है कि आज गुरूवार भाद्रपद वामन द्वादशी के दिन भगवान बदरी विशाल जी की ओर से उनकी माता जी की कुशल क्षेम जानने भगवान के प्रतिनिधि के रूप में भगवान के सखा श्री उद्धव जी माता मूर्ति मंदिर माणा पहुंचे। रास्ते में माणा महिला मंडल द्वारा जौ की हरियाली भेंट कर श्री उद्धव जी की देवडोली तथा रावल जी सहित आगंतुकों का स्वागत किया।

बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बदरीनाथ से बताया कि माता मूर्ति मंदिर में दिन के भोग एवं अभिषेक पूजा-अर्चना के बाद अपराह्न तीन बजे श्री उद्धव जी माता मूर्ति मंदिर से वापस आकर श्री बदरीनाथ मंदिर में पुनः विराजमान हो गये माता मूर्ति मेले के दौरान सुबह दस बजे से शाम तीन बजे तक श्री बदरीनाथ मंदिर
बंद रहा उसके पश्चात मंदिर में पुनः दर्शनों हेतु खुल गया।

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में अवगत कराया कि इस अवसर पर सैकड़ों स्थानीय लोगों तथा बदरीनाथ धाम में रूके तीर्थयात्रियों ने माता मूर्ति तथा श्री उद्धव जी के दर्शन किये। माता मूर्ति मेले में आईटीबीपी तथा सेना द्वारा वृहत्त स्तर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया।

माता मूर्ति उत्सव में नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी सहित पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, ग्राम पंचायत प्रधान माणा पीतांबर मोल्फा, धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल,पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, प्रभारी धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, सहित अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने 13 महिलाओं को दिया तीलू रौतेली पुरस्कार, 33 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को भी सम्मान

0

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के बिना विकास अधूरा है, इसलिए सरकार हर स्तर पर महिलाओं की भागीदारी और उनके सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

गुरुवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित राज्य स्त्री शक्ति, तीलू रौतेली एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 13 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार और 33 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया।

वीरांगना तीलू रौतेली को नमन

सीएम धामी ने वीरांगना तीलू रौतेली को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने 15 वर्ष की उम्र में जिस अदम्य साहस और रणकौशल का परिचय दिया, वह उत्तराखंड की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तीलू रौतेली को ‘उत्तराखंड की झांसी की रानी’ कहना अतिशयोक्ति नहीं है।

tili rauteli purskar

केंद्र और राज्य सरकार की पहल

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “नारी तू नारायणी” के मंत्र के साथ महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए काम कर रहे हैं। 33 प्रतिशत आरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना और ट्रिपल तलाक जैसी कुप्रथाओं के अंत पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को हर स्तर पर सामाजिक और आर्थिक मजबूती प्रदान की है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण लागू किया है और देश में पहली बार समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है।

आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार “मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना” और “उद्यमिता विकास कार्यक्रम” के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही है। महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 2023 से तीलू रौतेली पुरस्कार राशि 31 हजार से बढ़ाकर 51 हजार और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार राशि 21 हजार से बढ़ाकर 51 हजार कर दी गई है। इसके अलावा आंगनवाड़ी बहनों का मानदेय 7500 से 9300 रुपये, मिनी आंगनवाड़ी का 4500 से 6250 और सहायिकाओं का 3550 से बढ़ाकर 5250 रुपये किया गया है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर पद पर पदोन्नति का भी प्रावधान किया गया है।

आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और संस्कार में आंगनवाड़ी केंद्रों की बड़ी भूमिका है। उन्होंने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके बच्चों ने भी अपनी प्रारंभिक शिक्षा आंगनवाड़ी से प्राप्त की है।

आपदा पीड़ितों के साथ सरकार

धामी ने कहा कि यह आयोजन पहले आठ अगस्त को होना था, लेकिन आपदा के कारण स्थगित करना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रदेश इस समय प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहा है, और सरकार केंद्र के सहयोग से प्रभावितों तक हर संभव मदद पहुंचा रही है।

विभागीय मंत्री का संबोधन

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं।

कार्यक्रम में विधायक खजान दास, सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंशीलाल राणा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

तीलू रौतेली पुरस्कार प्राप्त करने वाली महिलाएं

  • अल्मोड़ा: मीता उपाध्याय

  • बागेश्वर: अलिशा मनराल

  • चमोली: सुरभि

  • चंपावत: अनामिका बिष्ट

  • देहरादून: शिवानी गुप्ता

  • हरिद्वार: रूमा देवी

  • नैनीताल: नैना

  • पौड़ी गढ़वाल: रोशमा देवी

  • पिथौरागढ़: रेखा भट्ट

  • रुद्रप्रयाग: हेमा नेगी करासी

  • टिहरी गढ़वाल: साक्षी चौहान

  • ऊधमसिंह नगर: रेखा

  • उत्तरकाशी: विजयलक्ष्मी जोशी

उत्तराखंड: रेलवे सुरंग निर्माण से टीचर कॉलोनी में दरारें, कई परिवार बेघर, दरारों से दहशत

0

ऋषिकेश–कर्णप्रयाग–बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर घसिया महादेव के समीप बन रही रेलवे सुरंग ने स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर दिया है। टीचर कॉलोनी के दर्जनभर मकानों में अचानक दरारें उभर आने से हालात बिगड़ गए हैं। भय के माहौल में करीब 12 परिवार अपने घर छोड़ चुके हैं, जबकि दर्जनों किरायेदार भी मकान खाली करने को मजबूर हुए। महिलाएं और बच्चे अब खुले आसमान के नीचे दिन-रात गुजार रहे हैं।

लगातार चौड़ी हो रही दरारें

स्थानीय निवासियों का कहना है कि मकानों की दीवारों और फर्श पर आई दरारें लगातार चौड़ी होती जा रही हैं। परिवारों को डर है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोग रातभर जागकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा में लगे हैं।

पुनर्वास की कोई व्यवस्था नहीं

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से सुरंग का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन रेलवे विकास निगम ने प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा और पुनर्वास पर कोई योजना नहीं बनाई। न तो अब तक कोई तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और न ही निगम के अधिकारी स्थिति का जायजा लेने आए।

विस्थापन और मुआवजे की मांग

प्रभावित परिवारों ने सरकार और प्रशासन से तत्काल सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था करने, क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कर मुआवजा देने और जिम्मेदार एजेंसियों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि बरसात शुरू होते ही हालात और बदतर हो जाएंगे।

भूवैज्ञानिक टीम करेगी सर्वे

श्रीनगर रेलवे विकास निगम के प्रबंधक विनोद बिष्ट ने बताया कि भूवैज्ञानिकों की एक टीम प्रभावित क्षेत्र का सर्वेक्षण करेगी। रिपोर्ट आने के बाद ही भूधंसाव और दरारों का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा तथा उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आंदोलन की चेतावनी

स्थानीय निवासी वासुदेव कंडारी ने कहा कि मकानों की दरारें इतनी गहरी हो चुकी हैं कि किसी भी समय दीवार गिर सकती है। परिवार बच्चों को लेकर बाहर सोने को मजबूर हैं। पीड़ितों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द राहत, पुनर्वास और मुआवजे की घोषणा नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर सामूहिक आंदोलन करेंगे।

Uttarakhand Breaking : थराली के सगवाड़ा गांव में अतिवृष्टि का कहर, मलबा बहा ले गया मकान

0

चमोली। थराली क्षेत्र में हुई तेज बारिश ने एक बार फिर तबाही मचाई। सगवाड़ा गांव में मलबे के साथ एक मकान पूरी तरह बह गया। तहसीलदार अक्षय पंकज ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद राजस्व टीम और डीडीआरएफ को मौके पर भेजा गया है। टीम के पहुंचने के बाद ही नुकसान का आकलन हो पाएगा।

ग्राम प्रधान दिनेश बिष्ट ने बताया कि घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। गौरतलब है कि 22 अगस्त को इसी गांव में एक मकान टूटने से एक युवती की मौत हो गई थी। अब 3 सितंबर की रात को एक और घर मलबे में समा गया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त,उफान पर यमुना, रेल-हवाई यातायात प्रभावित

0
Oplus_16908288

दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह एक बार फिर बारिश ने दस्तक दी, जिससे कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। लगातार हो रही बरसात के बीच यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इसके चलते निचले इलाकों—यमुना बाजार, मजनू का टीला, मयूर विहार, गीता कॉलोनी और झरोड़ा कलां—में पानी घुस गया है।

घरों व दुकानों में जलभराव से स्थानीय लोग परेशान हैं।मौसम विभाग ने सितंबर महीने में भी अच्छी बारिश के आसार जताए हैं। खराब मौसम के चलते हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा है और कई उड़ानें बाधित हुई हैं।

यमुना के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए रेलवे ने भी बड़ा कदम उठाया है। सुरक्षा कारणों से पुराने यमुना पुल (ब्रिज संख्या-249) पर रेल यातायात पूरी तरह निलंबित कर दिया गया है। रेलवे के मुताबिक, इससे ट्रेन संचालन पर व्यापक असर पड़ा है।

अब तक 40 ट्रेनों को रद्द किया गया है, 34 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है, 11 ट्रेनों की शुरुआत अन्य स्टेशनों से की जाएगी, जबकि 14 ट्रेनों का गंतव्य बदलकर उन्हें बीच रास्ते ही समाप्त कर दिया गया है। बारिश और यमुना के बढ़ते जलस्तर ने एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर की रफ्तार थाम दी है।

22 सितंबर से बदल जाएंगे GST के नियम: दूध-रोटी से लेकर कार-बीमा तक, जानें क्या होगा सस्ता और क्या महंगा

0

नई दिल्ली | जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक के बाद आम जनता और उद्योग जगत से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए हैं। केंद्र सरकार ने रोजमर्रा की ज़रूरतों से लेकर ऑटोमोबाइल, खेल, बीमा, चिकित्सा उपकरण, कृषि मशीनरी और सौंदर्य उत्पादों तक पर लागू टैक्स में बड़े बदलावों का ऐलान किया है। नई दरें नवरात्रि से पहले 22 सितंबर 2025 से लागू होंगी।

मुख्य फैसले एक नज़र में

खेल आयोजनों के टिकट : 500 रुपये तक पर छूट, उससे अधिक पर 18% जीएसटी जारी।

दूध और डेयरी उत्पाद : अब UHT दूध भी टैक्स फ्री, प्लांट-बेस्ड मिल्क ड्रिंक पर टैक्स घटकर 5%।

कारें : पेट्रोल/डीजल/CNG/LPG छोटी कारों पर जीएसटी 28% से घटकर 18%।

सौंदर्य सेवाएं : अब 18% की जगह सिर्फ 5% जीएसटी, लेकिन ITC नहीं मिलेगा।

कृषि उपकरण : 12% से घटाकर 5%।

मेडिकल डिवाइस : ज्यादातर पर 5% जीएसटी लागू।

साबुन-शैंपू : टॉयलेट सोप, फेस पाउडर और शैंपू पर सिर्फ 5%।

खाद्य उत्पाद : जो किसी श्रेणी में नहीं आते, उन पर統一 5% टैक्स।

ब्रेड/रोटी/पराठा/पिज्जा ब्रेड : सभी भारतीय ब्रेड टैक्स फ्री।

विस्तार से फैसले

खेल जगत

आईपीएल और अन्य मान्यता प्राप्त खेल आयोजनों के टिकट पर 500 रुपये तक पहले जैसी छूट जारी रहेगी। 500 रुपये से अधिक कीमत वाले टिकटों पर 18% जीएसटी लगेगा।

दूध और पेय पदार्थ

सामान्य दूध की तरह अब UHT दूध भी जीएसटी से मुक्त रहेगा।

बादाम, ओट्स, सोया और राइस मिल्क जैसे प्लांट-बेस्ड ड्रिंक पर टैक्स घटाकर 5% कर दिया गया है।

बिना अल्कोहल वाले पेय पर 40% जीएसटी जारी रहेगा ताकि गलत वर्गीकरण और विवाद न हों।

ऑटोमोबाइल

छोटी पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी कारों (1200cc/1500cc तक, 4000mm लंबाई तक) पर टैक्स घटाकर 18% कर दिया गया है।

सौंदर्य और स्वास्थ्य सेवाएं

ब्यूटी ट्रीटमेंट, फिटनेस और वेलनेस सेवाओं पर अब 18% की जगह 5% जीएसटी लगेगा, हालांकि इस पर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) नहीं मिलेगा।

दवाइयां और मेडिकल डिवाइस

जीवनरक्षक दवाओं पर राहत जारी रहेगी। ज्यादातर चिकित्सा उपकरण, सर्जिकल टूल्स और डेंटल इक्विपमेंट पर टैक्स घटाकर 5% कर दिया गया है।

खाद्य उत्पाद और ब्रेड

जिन उत्पादों की कोई विशेष श्रेणी नहीं थी, उन पर統一 5% जीएसटी लगाया गया।

ब्रेड, पराठा, रोटी और पिज्जा ब्रेड जैसी सभी भारतीय ब्रेड अब टैक्स फ्री होंगी।

कृषि उपकरण

सिंचाई प्रणाली, थ्रेशर, कटाई और खाद बनाने वाली मशीनों पर टैक्स घटाकर 5% कर दिया गया है।

सिगरेट, बीड़ी और तंबाकू

पुरानी दरें ही लागू रहेंगी। नई दरें तभी लागू होंगी जब मुआवजा सेस से जुड़े कर्ज और ब्याज पूरी तरह चुका दिए जाएंगे।

साबुन और सौंदर्य प्रसाधन

टॉयलेट सोप बार पर जीएसटी घटाकर 5%।

तरल साबुन पर अलग दर बनी रहेगी।

फेस पाउडर और शैंपू पर टैक्स घटकर 5%।

शहद और पनीर

असली शहद पर कम टैक्स, नकली शहद पर अधिक दर रखी गई है ताकि प्राकृतिक शहद को बढ़ावा मिले।

बिना पैक पनीर पर छूट, पैक्ड पनीर पर टैक्स जारी।

वित्त मंत्रालय ने कहा कि इन बदलावों का मकसद जनता को राहत देना, टैक्स ढांचे को सरल बनाना और उद्योग जगत के विवाद कम करना है। दरें कम करने के फैसले से आम आदमी को रोजमर्रा की ज़िंदगी में सीधा फायदा मिलेगा, वहीं कुछ लग्ज़री और हानिकारक उत्पादों पर टैक्स बोझ पहले जैसा बनाए रखा जाएगा।

महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस का भाजपा कार्यालय पर प्रदर्शन

0

देहरादून: प्रदेश में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों की रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद प्रदेश महिला कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने बलवीर रोड स्थित भाजपा कार्यालय तक मार्च निकाला।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया, जिसके बाद महिला कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गईं और जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया। इस प्रदर्शन में पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत भी शामिल हुए और उन्होंने भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत और कई अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के अनुसार, भाजपा सरकार केवल “अपनी पीठ थपथपाने” में व्यस्त है, जबकि महिलाएं लगातार असुरक्षित महसूस कर रही हैं। पूर्व विधायक रंजीत रावत ने कहा कि महिला उत्पीड़न के अधिकांश मामलों में भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल पाए जाते हैं, और सरकार ऐसे अपराधियों को बचाने का काम कर रही है। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा ने भाजपा के “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” नारे पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा राज में महिलाएं त्रस्त हैं और सत्ताधारी नेता मस्त हैं।

महिला कांग्रेस का रिपोर्ट कार्ड

प्रदर्शन के दौरान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने एक रिपोर्ट कार्ड जारी किया, जिसमें महिला सुरक्षा से जुड़े चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए।

NARI 2025 रिपोर्ट के अनुसार, देहरादून देश के शीर्ष 10 सबसे असुरक्षित शहरों में शामिल है, जिसका सुरक्षा स्कोर राष्ट्रीय औसत से कम है। रिपोर्ट बताती है कि केवल 44% महिलाएं ही रात में खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं, जबकि सार्वजनिक परिवहन में 50% महिलाओं को उत्पीड़न का सामना करना पड़ा है। पुलिस पर भरोसा रखने वाली महिलाओं की संख्या केवल 25% है।

NCRB 2022 रिपोर्ट के आंकड़े भी चिंताजनक हैं। उत्तराखंड में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 4,337 मामले दर्ज हुए, जो 2021 की तुलना में 907 अधिक हैं। इनमें 867 बलात्कार और 637 POCSO अधिनियम के तहत बाल यौन शोषण के मामले शामिल हैं। राष्ट्रीय स्तर पर भी 2020 से 2022 के बीच महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर में 12.9% की वृद्धि देखी गई है।

इन आंकड़ों को आधार बनाते हुए कांग्रेस ने सरकार से महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ली उच्चस्तरीय बैठक, अधिकारियों को दिए निर्देश

0

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में राज्य की कानून-व्यवस्था, सड़कों की स्थिति, और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनता के लिए सुगम, सुरक्षित और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कानून-व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने सभी संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से नियमित निगरानी और राज्य की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही, पुलिस को रात्रि गश्त और अधिक प्रभावी बनाने को कहा गया।

सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का अभियान

धामी ने मानसून के बाद सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों के सुधारीकरण के लिए निविदा प्रक्रिया बरसात के बाद पूरी कर ली जाए।

17 सितंबर से सेवा पखवाड़ा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी जिलों में सेवा, जन जागरूकता और जनहित से जुड़े कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रत्येक जिले के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

रेत मिश्रित नमक की जांच

मुख्यमंत्री ने रेत मिश्रित नमक की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल नमूने लेकर जांच करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।