Home Blog Page 123

ATS और IB की बड़ी कार्रवाई, तीन संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार

0

जोधपुर। राजस्थान में आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) और इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली है। दोनों एजेंसियों ने जोधपुर संभाग में कई स्थानों पर छापेमारी कर तीन संदिग्ध आतंकियों को हिरासत में लिया है। इनमें से दो संदिग्ध जोधपुर से जबकि एक जैसलमेर से पकड़ा गया है।

सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए संदिग्धों पर अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठनों से संपर्क और फंडिंग नेटवर्क से जुड़ाव होने का संदेह है। एटीएस और आईबी की टीमें उनके संपर्कों और नेटवर्क की गहन जांच कर रही हैं।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई कथित आतंकवादी गतिविधियों से जुड़ी सूचनाओं के आधार पर की गई है। फिलहाल छापेमारी और पूछताछ की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच के बाद मामले में और गिरफ्तारियां भी संभव हैं।

सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी दूर होगी, 287 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू

0

देहरादून। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में लंबे समय से चली आ रही चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए सरकार ने कदम बढ़ा दिया है। प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग के अंतर्गत साधारण ग्रेड के 287 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इनमें 231 पद सीधी भर्ती और 56 पद बैकलॉग के अंतर्गत भरे जाएंगे। इसके लिए शासन ने उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को अधियाचन भेज दिया है।

सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार की ओर से गुरुवार को चयन बोर्ड के सचिव को इस संबंध में पत्र भेजा गया। पत्र में कहा गया कि स्वास्थ्य महानिदेशालय की ओर से चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरने के लिए दिशा-निर्देश मांगे गए थे। शासन ने विचार-विमर्श के बाद इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।

सचिव ने चयन बोर्ड को यह भी निर्देश दिए हैं कि विज्ञापन में आयु सीमा से संबंधित प्रविधानों का स्पष्ट उल्लेख किया जाए। सीधी भर्ती के लिए अभ्यर्थी की आयु एक जुलाई को न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 42 वर्ष होनी चाहिए।

चयन बोर्ड नवंबर मध्य तक भर्ती परीक्षा का विज्ञापन जारी कर सकता है। इससे प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकीय सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

जस्टिस सूर्यकांत होंगे देश के अगले प्रधान न्यायाधीश, 24 नवंबर को संभालेंगे पदभार

0

नई दिल्ली। देश के सर्वोच्च न्यायालय में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। वर्तमान प्रधान न्यायाधीश (CJI) जस्टिस बी.आर. गवई के सेवानिवृत्त होने के बाद सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत को भारत का अगला प्रधान न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संविधान के अनुच्छेद 124(2) के तहत अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है।

जस्टिस सूर्यकांत 24 नवंबर 2025 को देश के 52वें प्रधान न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे। उनका कार्यकाल 14 महीनों का होगा और वह 9 फरवरी 2027 को सेवानिवृत्त होंगे।

वर्तमान सीजेआइ जस्टिस बी.आर. गवई 23 नवंबर को सेवानिवृत्त होंगे। निर्धारित परंपरा के अनुसार, उन्होंने ही अपने उत्तराधिकारी के रूप में जस्टिस सूर्यकांत का नाम सुझाया था। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर जस्टिस सूर्यकांत को इस नियुक्ति पर बधाई दी है।

साधारण पृष्ठभूमि से न्यायपालिका के शिखर तक का सफर

जस्टिस सूर्यकांत का जन्म 10 फरवरी 1962 को हरियाणा के हिसार जिले में एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक साधारण वकील के रूप में की और मेहनत व ईमानदारी के बल पर देश की सर्वोच्च न्यायिक कुर्सी तक पहुंचे।

वे 9 जनवरी 2004 को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के स्थायी न्यायाधीश बने। इसके बाद 5 अक्टूबर 2018 को उन्हें हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। तत्पश्चात 24 मई 2019 को वे सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश बने। जस्टिस सूर्यकांत उन पीठों में शामिल रहे हैं, जिन्होंने देश के इतिहास में कई अहम फैसले दिए हैं।

  • वे जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, पेगासस जासूसी मामले, और राजद्रोह कानून (सेडिशन लॉ) को फिलहाल स्थगित रखने जैसे महत्वपूर्ण मामलों में सुनवाई करने वाली पीठ का हिस्सा रहे हैं।

  • उन्होंने उस आदेश में भी भूमिका निभाई थी, जिसमें अदालत ने केंद्र और राज्यों को राजद्रोह के मामलों में नई एफआईआर दर्ज न करने के निर्देश दिए थे।

वर्तमान में जस्टिस सूर्यकांत बिहार एसआईआर मामले की अध्यक्षता कर रहे हैं। उनकी पीठ ने हाल ही में चुनाव आयोग को बिहार की मतदाता सूची से हटाए गए 65 लाख नामों का विवरण प्रस्तुत करने का आदेश दिया था। यह मामला अभी विचाराधीन है और आगामी मंगलवार को इस पर पुनः सुनवाई होगी।

इसके अलावा, राष्ट्रपति और राज्यपाल की विधेयकों पर निर्णय संबंधी शक्तियों को लेकर दायर प्रेसीडेंशियल रिफरेंस मामले की सुनवाई करने वाली पीठ में भी जस्टिस सूर्यकांत शामिल थे। इस पर आने वाला फैसला सभी राज्यों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

NDA का संकल्प पत्र: 4 शहरों में मेट्रो और 1 करोड़ नौकरियां, बिहार चुनाव के लिए संकल्प पत्र में कई बड़े एलान

0

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए एनडीए ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और आरएलएम के शीर्ष नेताओं ने साझा रूप से अपने चुनावी वादों का एलान किया है। केंद्रीय मंत्री-भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा, सीएम नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री-एचएएम (एस) संरक्षक जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री-एलजेपी (आरवी) प्रमुख चिराग पासवान, आरएलएम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा और अन्य ने पटना में एनडीए का ‘संकल्प पत्र’ जारी किया।

NDA MENIFESTO

यहां जाने NDA के संकल्प पत्र में क्या है खास…

  • 1 करोड़ सरकारी नौकरी एवं रोजगार
  • कौशल जनगणना करके कौशल आधारित रोजगार प्रदान किए जाएंगे
  • हर जिले में मेगा स्किल सेंटर स्थापित करके बिहार को ग्लोबल स्किलिंग सेंटर के रूप में स्थापित किया जाएगा
  • मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की सहायता राशि दी जाएगी।
  • 1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया जाएगा।
  • ‘महिला मिशन करोड़पति’ के माध्यम सेचिह्नित महिला उद्यमियों को करोड़पति बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
  • अति पिछड़ा वर्ग के विभिन्न व्यावसायिक समूहों को ₹10 लाख की सहायता दी जाएगी।
  • सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा, जो अति पिछड़ा वर्ग की विभिन्न
  • जातियों के सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन करके उनके सशक्तीकरण के लिए न्यायोचित कदम उठाने हेतु सरकार को
  • सुझाव देगी।
  • हर किसान का सम्मान, हर फसल का सही दाम
  • कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि की शुरुआत करके किसानों को प्रति वर्ष ₹3,000, कुल ₹9,000 का लाभ दिया जाएगा।
  • एग्री-इंफ्रास्ट्रक्चर में ₹1 लाख करोड़ का निवेश किया जाएगा।
  • पंचायत स्तर पर सभी प्रमुख फसलों (धान, गेहूं, दलहन, मक्का) की एमएसपी पर खरीद की जाएगी।
  • ‘मत्स्य-दुग्ध मिशन’ योजना सेप्रत्येक मत्स्य पालक को कुल ₹9,00050 (पचास) का लाभ दिया जाएगा।
  • ‘बिहार दुग्ध मिशन’ की शुरुआत करके हर प्रखंड स्तर पर चिलिंग व प्रोसेसिंग सेंटर्सस्थापित किए जाएंगे।
  • 5 मेगा फूड पार्क स्थापित किए जाएंगे और कृषि निर्यात दोगुना किया जाएगा।
  • 2030 तक दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता प्राप्त की जाएगी।
  • 7 एक्सप्रेसवे बनाए जाएंगे।
  • 3600 कि.मी. रेल ट्रैक का आधुनिकीकरण किया जाएगा।
  • अमृत भारत एक्सप्रेस एवं नमो रैपिड रेल सेवा का विस्तार किया जाएगा।
  • 4 नए शहरों में मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी।
  • आधुनिक शहरी विकास एवं कनेक्टिविटी
  • ‘न्यूपटना’ में ग्रीनफील्ड शहर और प्रमुख शहरों में सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएगी।
  • मां जानकी की जन्मस्थली को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी ‘सीतापुरम’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
  • पटना के समीप ग्रीनफील्ड अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट तथा दरभंगा, पूर्णिया एवं भागलपुर में अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे।
  • 10 नए शहरों से घरेलू उड़ानें शुरू की जाएंगी।
  • औद्योगिक क्रांति की गारंटी और न्यू-ऐज इकोनॉमी
  • विकसित बिहार औद्योगिक मिशन के अंतर्गत ₹1 लाख करोड़ के निवेश से औद्योगिक क्रांति लाई जाएगी।
  • विकसित बिहार इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट मास्टर प्लान बनाया जाएगा।
  • प्रत्येक जिले में अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और 10 नए औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे।
  • न्यू-ऐज इकोनॉमी के तहत ₹50 लाख करोड़ का निवेश आकर्षित किया जाएगा।
  • मुफ्त राशन
  • 125 यूनिट मुफ्त बिजली
  • ₹5 लाख तक मुफ्त इलाज
  • 50 लाख नए पक्के मकान

बस ने बुजुर्ग को कुचला, मौत, छात्रा को रौंदने वाली कार का सुराग

0

देहरादून। कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र के आईएसबीटी चौक के पास बुधवार सुबह चंडीगढ़ रोडवेज की बस ने 67 वर्षीय बुजुर्ग को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर बस जब्त कर ली है। वहीं, दूसरे मामले में 23 अक्टूबर को सरोवर होटल के पास छात्रा को रौंदने वाली कार का सुराग लग गया है।

बस हादसे में बुजुर्ग की मौत

मृतक की पहचान स्वराज सिंह चौहान (67 वर्ष, निवासी ग्राम सवाई, तहसील कालसी) के रूप में हुई है। वे सुबह आईएसबीटी पर सड़क पार कर रहे थे, तभी आईएसबीटी से निकल रही चंडीगढ़ रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। बुजुर्ग बस के अगले टायर के नीचे आ गए। घटनास्थल पर भारी भीड़ थी।

आईएसबीटी चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों को सूचना दे दी गई है। सीओ अंकित कंडारी ने बताया कि अभी तक परिजनों की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है।

छात्रा हादसे में कार का पता चला

दूसरे मामले में, आईएसबीटी चौकी क्षेत्र के सरोवर होटल के पास 23 अक्टूबर को 19 वर्षीय छात्रा प्रज्ञा सिंह को रौंदकर भागने वाली कार का सुराग पुलिस ने लगा लिया। कार रुड़की की है और चालक बुजुर्ग बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।

प्रज्ञा (उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में एलएलबी प्रथम वर्ष की छात्रा) दिल्ली से लौट रही थीं, जब तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मारी। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। होश न आने और अंदरूनी रक्तस्राव बढ़ने के कारण उनका ब्रेन ऑपरेशन किया गया। वे आईसीयू में हैं।

कोतवाली पटेलनगर प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय प्रज्ञा के साथ उनका 13 वर्षीय छोटा भाई था, जो सदमे में है। बच्चे ने बताया कि काले रंग की बड़ी कार ने टक्कर मारी। कारगी चौक के सीसीटीवी फुटेज से 7 काली गाड़ियां चिह्नित की गईं, जिनकी जांच से असल कार का पता चला। जांच जारी है।

मंत्री से सवाल पूछा तो पीआरडी जवानों की छुट्टी: 300 दिन रोजगार की मांग पर ड्यूटी से हटाए

0

ऊधमसिंहनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जहां “युवा संवाद” की बात कर उत्तराखंड को नंबर-1 बनाने का आह्वान कर रहे हैं, वहीं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या से सवाल पूछना दो पीआरडी जवानों को महंगा पड़ गया। 300 दिन रोजगार की मांग करने पर जिला युवा कल्याण विभाग ने दोनों को ड्यूटी से हटा घर बैठा दिया। दीपावली से ठीक पहले आए इस आदेश ने उनकी दिवाली फीकी कर दी है।

5 अक्टूबर की घटना

महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या 5 अक्टूबर को रुद्रपुर स्थित फूलसुंगा और ट्रांजिट कैंप में बन रहे 125 करोड़ के कामकाजी महिला छात्रावास के निरीक्षण पर पहुंची थीं। इसी दौरान ट्रांजिट कैंप थाने में तैनात पीआरडी जवान बाबू खान (शहदौरा, किच्छा) और वीरेंद्र (गदरपुर) ने मंत्री से पूछ लिया, “मैडम, आपने 300 दिन रोजगार देने का वादा किया था। कब मिलेगा?”

मंत्री ने कोई जवाब नहीं दिया, लेकिन उनके जाने के तुरंत बाद जिला युवा कल्याण विभाग ने दोनों की ड्यूटी स्थल पर पत्र भेजकर उन्हें प्रथक (हटा) दिया। अगले दिन ड्यूटी पर पहुंचे जवानों को बताया गया कि विभागीय आदेश आ गया है।

स्कॉट भी करते थे मंत्री की गाड़ी

दोनों जवान मंत्री की कार को पुलिस के साथ स्कॉट करते हुए फूलसुंगा तक लेकर गए थे। बाबू खान ने बताया, “हम ड्राइवर भी हैं। ड्राइवर अनुपस्थित होने पर गाड़ी चलाते थे और सेट ड्यूटी भी निभाते थे। वर्दी में थे, प्रोटोकॉल का पालन किया, फिर भी हटा दिया गया।”

620 रुपये मानदेय, ड्यूटी अनिश्चित

पीआरडी जवानों को प्रतिदिन 620 रुपये मानदेय मिलता है। साल में कभी 2 महीने, कभी 6 महीने ड्यूटी मिलती है। ऊंची पहुंच वालों को लंबी ड्यूटी मिल जाती है। तीन साल पहले (2022) देहरादून में मंत्री रेखा आर्या ने 300 दिन रोजगार की घोषणा की थी, लेकिन अमल नहीं हुआ। इसी दर्द ने जवानों को सवाल पूछने पर मजबूर किया।

विभाग का पक्ष

जिला युवा कल्याण अधिकारी बीएस रावत ने कहा, “दोनों जवानों ने नियमानुसार प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया। उस समय वे वर्दी में थे। फिलहाल उन्हें ड्यूटी से हटा दिया गया है।”

खिर्सू में भालू का हमला: सुबह एक्सरसाइज करते दो युवक घायल, ग्रामीणों में रोष

0

पौड़ी। खिर्सू क्षेत्र के माथीगांव में बुधवार सुबह करीब 6 बजे एक भालू ने मुख्य मार्ग पर दो युवकों पर अचानक हमला कर दिया। आसपास के लोगों की सूझबूझ से दोनों को बचाया गया और तुरंत बेस अस्पताल श्रीनगर पहुंचाया गया। घायलों की हालत स्थिर है, लेकिन घटना से इलाके में दहशत और आक्रोश व्याप्त है।

घायल युवकों की पहचान आदर्श पुत्र विक्रम सिंह (माथीगांव) और आकाश सिंह पुत्र भागेश सिंह (कठूली) के रूप में हुई है। दोनों परिवार शिक्षा और रोजगार के लिए खिर्सू में रह रहे हैं। अग्निवीर भर्ती की तैयारी और सुबह की एक्सरसाइज के लिए घर से निकले थे। विजेंद्र सिंह के घर के सामने सड़क पर अचानक भालू ने उनपर धावा बोल दिया।

ग्रामीणों ने घेरकर बचाई जान

हमले की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दौड़े आए। शोर मचाकर और लाठी-डंडों से भालू को भगाया। घायलों को तत्काल वाहन से श्रीनगर बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई।

वन्यजीव आतंक से त्रस्त लोग

ग्रामीणों का कहना है कि खिर्सू क्षेत्र में भालू, तेंदुआ और जंगली सूअर की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। सुबह-शाम लोग घर से निकलने में डरते हैं। बच्चों की स्कूल जाने की राह भी जोखिम भरी हो गई है।

श्रेयस ने कहा- मैं रिकवर कर रहा हूं, दो माह तक क्रिकेट से रहेंगे दूर

0

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही संपन्न वनडे सीरीज के दौरान एलेक्स कैरी का शानदार कैच पकड़ते समय मध्यक्रम बल्लेबाज श्रेयस अय्यर गंभीर रूप से चोटिल हो गए। चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां पसलियों में हुई क्षति से इंटरनल ब्लीडिंग रोकने के लिए आपात सर्जरी की गई। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और वे अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, श्रेयस को कम से कम दो माह तक क्रिकेट से दूर रहना होगा। इससे वे अगले माह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से पूरी तरह बाहर हो गए हैं। जनवरी में न्यूजीलैंड के विरुद्ध घरेलू तीन मैचों की सीरीज में उनकी वापसी पर भी अनिश्चितता बनी हुई है। यदि वे लौट भी पाते हैं, तो अभ्यास का समय सीमित होने से टी20 विश्व कप की योजना में शामिल होना चुनौतीपूर्ण रहेगा।

टीम इंडिया का न्यूजीलैंड के खिलाफ यही आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला विश्व कप से पहले होगा, जिसमें प्रबंधन अंतिम 15 सदस्यीय टीम को परखना चाहेगा। श्रेयस ने स्वयं अपनी चोट पर अपडेट देते हुए कहा, “राहत की बात है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पूर्ण स्वस्थ होने में समय लगेगा।”

यह चोट भारतीय टीम के मध्यक्रम के लिए बड़ा झटका है, जहां श्रेयस की स्थिरता पर निर्भरता रही है। चयनकर्ता अब वैकल्पिक विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।

उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष: इस इस दिन आएंगे पीएम मोदी, FRI में होगा आयोजन

0

देहरादून। उत्तराखंड राज्य गठन की रजत जयंती (25वीं वर्षगांठ) को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य स्थापना दिवस 9 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 3 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

प्रधानमंत्री के दौरे में बदलाव करते हुए अब वे 11 नवंबर की बजाय 9 नवंबर को उत्तराखंड आएंगे। यह जानकारी उत्तराखंड भाजपा ने दी। पीएम मोदी देहरादून स्थित वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होंगे। शासन-प्रशासन ने उनकी सुरक्षा और कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं, हालांकि अभी तक कोई लिखित आदेश जारी नहीं हुआ है।

राज्य गठन दिवस की तैयारियों का रोडमैप तैयार हो चुका है। 1 नवंबर से प्रदेश भर में सांस्कृतिक, सामाजिक और विकासात्मक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हो रही है। मुख्य आकर्षण रहेगा विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र।

  • 3 नवंबर: विशेष सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उत्तराखंड के 25 वर्षों की विकास यात्रा पर संबोधन देंगी।
  • 9 नवंबर: राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में एफआरआई में भव्य समारोह।

सरकार का उद्देश्य इस अवसर को न केवल उत्सव के रूप में मनाना है, बल्कि राज्य की उपलब्धियों को राष्ट्रीय पटल पर प्रदर्शित करना भी है। सभी जिलों में स्थानीय स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनियां और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। उत्तराखंड भाजपा और राज्य सरकार ने जनता से इस ऐतिहासिक अवसर को उत्साहपूर्वक मनाने की अपील की है।

हंदवाड़ा में पुराने विस्फोटक से धमाका, क्रिकेट खेलते चार किशोर घायल

0

श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा इलाके में बुधवार को एक मैदान में पुराने लावारिस विस्फोटक के फटने से चार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और विस्फोट के सटीक कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि मैदान में कोई पुराना विस्फोटक सामग्री पड़ी हुई थी, जो अचानक फट गई।

क्रिकेट खेलते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, घटना तूतीगुंड कुलनगाम स्थित एक मैदान में दोपहर बाद घटी, जो जिला पुलिस लाइन से महज कुछ दूरी पर है। मैदान में कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी।

धमाके की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल अवस्था में पड़े चार लड़कों को तुरंत निकालकर निकटवर्ती अस्पताल पहुंचाया।

घायलों की पहचान

घायल किशोरों की पहचान इस प्रकार है:

  • उज़ैर ताहिर (पुत्र ताहिर अहमद बट)
  • साजिद राशिद (पुत्र अब्दुल राशिद सोफी)
  • हाजिम शब्बीर (पुत्र शब्बीर अहमद बेग)
  • जैयान ताहिर (पुत्र ताहिर अहमद)

सभी घायल तूतीगुंड कुलनगाम के निवासी हैं। पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। जांच जारी है।