Home उत्तराखंड राजाजी टाइगर रिजर्व के कोर जोन में कैबिनेट मंत्री के बेटे की...

राजाजी टाइगर रिजर्व के कोर जोन में कैबिनेट मंत्री के बेटे की शादी के लिए ताक पर रखे नियम…

0
5

हरिद्वार। राजाजी टाइगर रिजर्व की हरिद्वार रेंज के अंतर्गत स्थित सुरेश्वरी देवी मंदिर क्षेत्र में प्रस्तावित कैबिनेट मंत्री खजान दास के बेटे की शादी समारोह को लेकर नियमों के कथित उल्लंघन के आरोप सामने आए हैं। यह क्षेत्र टाइगर रिजर्व के कोर जोन में आता है, जहां माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के तहत केवल धार्मिक पूजा-अर्चना की अनुमति है और अन्य किसी प्रकार की गतिविधियां प्रतिबंधित हैं।

सूत्रों और स्थानीय स्तर पर उठी शिकायतों के अनुसार, आज 26 अप्रैल को एक कैबिनेट मंत्री के पुत्र के विवाह समारोह का आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों और कई गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। आरोप है कि आयोजन स्थल पर अस्थायी पंडाल, जनरेटर, विद्युत व्यवस्था, वाटर कूलर, पंखे और डीजे जैसी सुविधाओं की तैयारी की जा रही है। साथ ही भोजन बनाने के लिए लकड़ी और गैस के उपयोग के साथ ही बड़े स्तर पर टेंट और अन्य ढांचे खड़े किए गए।

स्थानीय पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़े जानकारों का कहना है कि टाइगर रिजर्व के कोर जोन में इस प्रकार का आयोजन वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 तथा सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के विपरीत हो सकता है। विशेष रूप से आग लगने के खतरे और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवागमन में बाधा की आशंका भी जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, आयोजन की तैयारियों में वाहनों की आवाजाही और भारी सामग्री के परिवहन की गतिविधियां भी क्षेत्र में देखी गई हैं, जिससे वन्यजीवों की गतिविधियों पर प्रभाव पड़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

इस बीच यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि वन विभाग के कुछ अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले को लेकर अब नियमों के अनुपालन और कोर जोन में गतिविधियों की अनुमति पर सवाल उठने लगे हैं। पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े संगठनों ने इस पूरे प्रकरण की जांच और स्पष्टता की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here