भारत में एक बार फिर से कोरोनावायरस का खतरा तेज़ी से बढ़ रहा है। ऐसे में फिर एक बार केंद्र सरकार की परेशानियों में इजाफा हो गया है। बढ़ते संकट को देखते हुए तरह तरह के फैसले लिए जा रहे हैं। इन बढ़ते कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या के बीच महाराष्ट्र ने फिर से एक बार सभी राज्यों पीछे छोड़ दिया। हालांकि बीच में ये संक्रमण थम गया था। लेकिन अब ये लगातार तेज़ी पकड़ता जा रहा है। बीते दिन देश में कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 22 हजार को भी पार कर गई।
इस दौरान महाराष्ट्र में 13,659 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई। इन मामलों के साथ देश में बुधवार को कुल 22,52,057 नए मरीज़ सामने आए। बढ़ते संकट को देखते हुए अब राज्य की उद्धव ठाकरे सरकार ने भी कड़े फैसले लेना शुरू कर दिया है। सरकार के फैसले के मुताबिक 15 मार्च से 21 मार्च तक नागपुर (Nagpur) में पूर्ण लॉकडाउन (Lockdown) रहेगा। बता दें कि नागपुर में भी संक्रमण के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं। जिसको देखते हुए सरकार ने यह महत्वपूर्ण फैसला लिया।
नागपुर में बीते 24 घंटों में कोरोना से संक्रमित 1513 नए मरीजों की पुष्टि हुई थी। जिसके साथ ही यहां कुल मरीजों की संख्या बढ़कर दो लाख 43 हजार 726 हो गई। वहीं कोरोना काल के दौरान यहां चार हजार 877 लोगों की मौत भी हो चुकी है। इससे पहले महाराष्ट्र सरकार ने बढ़ते मामलों को देख पुणे में भी नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया था। यहां भी बीते दिन कोरोनावायरस ने अपना कहर बरपाया। इस दौरान यहां कोरोनावायरस से संक्रमित 2,515 नए मामलों की पुष्टि हुई।