दिल्ली में 19 या 20 फरवरी को हो सकता है शपथ ग्रहण, मुख्यमंत्री के लिए इनके नाम की चर्चा

0
20

नई दिल्ली : अमेरिकी दौरा समाप्त कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश लौट आए हैं, जिसके बाद दिल्ली में नई सरकार के गठन को लेकर विचार-विमर्श तेज हो गया है। संभावित चेहरों पर मंथन के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 19 या 20 फरवरी को हो सकता है।

भाजपा विधायक दल की बैठक जल्द होगी

सरकार गठन से पहले भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी, जिसके लिए जल्द ही पर्यवेक्षकों की नियुक्ति होगी। शपथ ग्रहण के बाद 20 फरवरी तक नई सरकार का गठन पूरा किया जाएगा। इस बीच, राजौरी गार्डन से जीते भाजपा विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि जल्द ही दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का ऐलान किया जाएगा।

“सीएम पद के लिए कोई होड़ नहीं”

लक्ष्मी नगर से दूसरी बार विधायक बने अभय वर्मा ने कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री का चुनाव विधायकों की बैठक में होता है, और इस पद के लिए किसी तरह की होड़ नहीं है। पूर्वांचली समुदाय से आने वाले वर्मा को भी संभावित उम्मीदवारों में शामिल किया जा रहा है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के लिए प्रमुख नाम

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के रूप में प्रवेश वर्मा और विजेंद्र गुप्ता के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं। इसके अलावा, भाजपा नए चेहरों को भी मौका देने पर विचार कर रही है। इस लिहाज से इन विधायकों के नाम चर्चा में हैं:

  • रेखा गुप्ता (शालीमार बाग)
  • शिखा राय (ग्रेटर कैलाश)
  • मोहन सिंह बिष्ट (मुस्तफाबाद)
  • सतीश उपाध्याय (मालवीय नगर)
  • आशीष सूद (जनकपुरी)
  • पवन शर्मा (उत्तम नगर)

“नए सीएम का चुनाव 48 विधायकों में से ही होगा”

मुस्तफाबाद से छठी बार विधायक बने मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री का चयन भाजपा के 48 विधायकों में से किया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने मुस्तफाबाद का नाम बदलकर ‘शिव विहार’ या ‘शिव पुरी’ करने का प्रस्ताव दोहराया। बिष्ट ने तर्क दिया कि क्षेत्र में 58% हिंदू आबादी है और जनता की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।