Home उत्तराखंड NEET-UG 2026 कल : OMR शीट में छोटी गलती पड़ सकती है...

NEET-UG 2026 कल : OMR शीट में छोटी गलती पड़ सकती है भारी, NTA ने जारी की एडवाइजरी

0
8

नई दिल्ली: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 के लिए काउंटडाउन शुरू हो चुका है। 3 मई को आयोजित होने वाली इस परीक्षा में देशभर से रिकॉर्ड 22,79,743 अभ्यर्थी शामिल होंगे। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने उम्मीदवारों के लिए अहम दिशा-निर्देश जारी करते हुए OMR शीट भरने में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

NTA के अनुसार, परीक्षा में सफलता केवल सही उत्तर देने पर निर्भर नहीं करती, बल्कि OMR शीट को सही तरीके से भरना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। OMR (ऑप्टिकल मार्क रिकग्निशन) शीट पूरी तरह मशीन द्वारा स्कैन की जाती है, जिसमें किसी भी प्रकार की मानवीय जांच नहीं होती। ऐसे में अधूरा गोला भरना, गलत प्रश्न संख्या पर मार्किंग करना या एक से अधिक विकल्प भरना सही उत्तर को भी गलत बना सकता है।

रिकॉर्ड पंजीकरण, महिलाओं की बढ़ती भागीदारी
इस वर्ष परीक्षा के लिए 13,32,928 महिला और 9,46,815 पुरुष उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। कुल अभ्यर्थियों में लगभग 58 प्रतिशत हिस्सेदारी महिलाओं की है, जो मेडिकल क्षेत्र में उनकी बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।

OMR भरते समय इन बातों का रखें ध्यान
परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि प्रत्येक उत्तर भरने से पहले प्रश्न संख्या का मिलान अवश्य करें। गोले को पूरी तरह काला करें, किसी भी प्रकार की कटिंग, ओवरराइटिंग या ✔/✖ जैसे चिन्हों का प्रयोग न करें। एक प्रश्न के लिए दो विकल्प भरने पर उत्तर स्वतः निरस्त हो जाएगा। विशेषज्ञों का कहना है कि OMR शीट में सुधार की कोई गुंजाइश नहीं होती, इसलिए परीक्षा से पहले सैंपल शीट पर अभ्यास करना लाभकारी रहता है। साथ ही, समय प्रबंधन भी बेहद जरूरी है—अंतिम 10-15 मिनट केवल OMR भरने के लिए सुरक्षित रखें।

मौसम को लेकर भी अलर्ट
NTA ने मौसम को देखते हुए भी एडवाइजरी जारी की है। कई राज्यों में 3 मई को बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले घर से निकलें और ट्रैफिक या जलभराव जैसी संभावित बाधाओं को ध्यान में रखें। परीक्षा केंद्रों के गेट दोपहर 1:30 बजे सख्ती से बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

सावधानी ही सफलता की कुंजी
विशेषज्ञों के अनुसार, अच्छी तैयारी के साथ-साथ OMR शीट भरने में सतर्कता ही सफलता सुनिश्चित कर सकती है। छोटी-सी लापरवाही भी पूरे साल की मेहनत पर भारी पड़ सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here