कोरोना वायरस का प्रकोप देश में बढ़ता ही जा रहा है। इस बीच कई नेता भी इसका शिकार हो चुके हैं। कई नेताओं की तो जान भी जा चुकी है। इस बीच अब एक और बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की तबीयत भी अचानक बिगड़ गई है। जिसके कारण उनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के मुताबिक तबीयत बिगड़ने के कारण वह इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में गए थे। जहां उनको भर्ती कर लिया गया है।
बता दें कि आज सुबह 10 बजे वह अपने चेकअप के लिए मेदांता अस्पताल गए थे। जहां उनके अंदर बुखार के अलावा कोरोना के कई लक्षण देखे गए। जिसके बाद डॉक्टर्स ने उन्हें भर्ती करने की सलाह दी। इस बीच उनका कोरोना टेस्ट करवाया गया है। रिपोर्ट आने पर उनका पूर्ण इलाज किया जाएगा। गौरतलब हैं कि गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में ही दुष्कर्म और हत्या मामले में उम्र कैद की सज़ा काट रहे गुरमीत राम रहीम को भी भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि राम रहीम को भी कोरोना से संक्रमित पाया गया था। जिसके बाद उनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनका आरटीपीसीआर टेस्ट करवाया गया। जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई। बताते चलें कि केंद्र में कई मंत्रालयों का जिम्मा संभाल चुके कमलनाथ के साथ फरवरी के महीने में एक हादसा पेश आया था। जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। ये हादसा एक निजी अस्पताल में लिफ्ट गिरने का था। जिसमें कमलनाथ बाल बाल बचे थे। जिसकी घबराहट में उनकी तबीयत खराब हो गई थी।