लॉरेंस बिश्नोई की धमकी: सलमान खान का घमंड तोड़कर रहेंगे, माफी मांग ले वरना….

0
89
Salman Khan

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने जेल से ABP न्यूज़ को इंटरव्यू दिया। इसमें उसने बड़े खुलासे किए तो वहीं सलमान खान को फिर धमकी दी है। सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने के मामले में लॉरेंस ने कहा कि सलमान का घमंड तोड़कर रहेंगे। उसने हमारे समाज को काफी नीचा दिखाया है। हमारे समाज में पेड़ पौधों और जीव जंतुओं को लेकर काफी मान्यता है। सलमान ने हमारे समाज का अपमान किया है। हम चाहते हैं वह सबके सामने आकर माफी मांगे।

राजस्थान के बीकानेर में हमारे समाज का मंदिर है। वहां जाकर सलमान को माफी मांगनी चाहिए। अगर वो ऐसा करते हैं तो उनसे हमारा कोई मतलब नहीं हैं। अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो हम कानून का सहारा नहीं लेंगे। अपने तरीके से हिसाब लेंगे। इससे पहले 2022 में एक चिट्ठी में सलमान खान को धमकी दी जा चुकी है। यह चिट्ठी सलमान खान के पिता सलीम खान को मिली थी। इसमें लिखा था कि सलमान खान का हाल सिद्धू मूसेवाला जैसा कर देंगे।

2018 में पहली बार लॉरेंस बिश्नोई ने सलमान खान को मारने की धमकी दी थी। तब से सलमान खान इस गैंग के निशाने पर हैं। दरअसल, सलमान खान 1998 के काले हिरण के शिकार मामले में फंसे हैं। अब लॉरेंस बिश्नोई अभिनेता से इस शिकार का बदला लेना चाहता है। लॉरेंस बिश्नोई खुद खुलासा कर चुका है कि 2018 में उसने सलमान की हत्या की पूरी साजिश रच ली थी।

प्रसिद्ध पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या की जिम्मेदारी कनाडा में बैठे गोल्डी बराड़ ने ली थी। गोल्डी ने लॉरेंस बिश्नोई के कहने पर ही सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश रची थी। मौजूदा समय में लॉरेंस बिश्नोई बठिंडा की केंद्रीय जेल में बंद है।