Home उत्तराखंड अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर न्याय की मांग, गांधी पार्क में...

अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर न्याय की मांग, गांधी पार्क में श्रद्धांजलि सभा

0
5

देहरादून : अंकिता भंडारी हत्याकांड की चौथी बरसी पर शुक्रवार को देहरादून के गांधी पार्क में अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच की ओर से श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों, महिला संगठनों और आम लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान अंकिता को श्रद्धांजलि देते हुए मामले से जुड़े लंबित सवालों की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग दोहराई गई। कार्यक्रम के बाद गांधी पार्क से घंटाघर तक मानव श्रृंखला भी बनाई गई।

कार्यक्रम की शुरुआत अंकिता भंडारी हत्याकांड के घटनाक्रम और न्याय के लिए चल रहे आंदोलन की जानकारी से हुई। वक्ताओं ने कथित ‘वीआईपी एंगल’, रिजॉर्ट पर हुई कार्रवाई, सीबीआई जांच और अंकिता के परिवार की ओर से उठाए गए सवालों की जांच को लेकर अपनी मांगें रखीं। इन मुद्दों को लेकर विभिन्न संगठनों की ओर से पहले भी जांच और जवाबदेही की मांग उठाई जाती रही है।

सभा में सुजाता पॉल ने न्याय संकल्प पढ़वाया। इसमें शामिल लोगों ने कहा कि वे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अंकिता के मामले से जुड़े सवाल उठाते रहेंगे और निष्पक्ष जांच की मांग जारी रखेंगे। इसके बाद विमला कोहली ने दो मिनट का मौन करवाकर अंकिता को श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने उच्च शिक्षा, महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था से जुड़े व्यापक मुद्दों पर भी चर्चा की। वहीं, मानव श्रृंखला के माध्यम से अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।

गौरतलब है कि अंकिता भंडारी की हत्या के मामले में तीन आरोपियों को अदालत से उम्रकैद की सजा मिल चुकी है। इसके बावजूद कथित वीआईपी एंगल और अन्य सवालों को लेकर सामाजिक संगठनों की ओर से जांच की मांग जारी है।

कार्यक्रम में इंसानियत मंच, उत्तराखंड महिला मंच, गढ़वाल सभा समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पूर्व सैनिक, अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और आम लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here