दिल्ली के उपमुख्यमंत्री के घर सीबीआई का छापा, मंत्री ने साधा भाजपा पर निशाना…

0
74

देश में भाजपा की सरकार आने के बाद से सीबीआई और ईडी एक्शन में आ चुकी हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से सीबीआई और ईडी लगातार बड़े लोगों के खिलाफ कदम उठा रहे हैं। अब तक कई नेताओं के खिलाफ एक्शन लिया जा चुका है और अब सीबीआई ने दिल्ली की ओर रुख कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली में 21 जगहों पर सीबीआई रेड्स जारी है। इन 21 जगहों में से एक दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का भी घर है। इस बात की जानकारी खुद उपमुख्यमंत्री सोशल मीडिया के जरिए दी है।

जनता को इसकी जानकारी देने के साथ साथ मनीष सिसोदिया ने केंद्र में बैठी भाजपा सरकार पर भी हमला बोला। अपने पहले ट्वीट में वह लिखते हैं कि “सीबीआई आई है। उनका स्वागत है। हम कट्टर ईमानदार हैं। लाखों बच्चों का भविष्य बना रहे हैं। बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे देश में जो अच्छा काम करता है उसे इसी तरह परेशान किया जाता है। इसीलिए हमारा देश अभी तक नम्बर-1 नहीं बन पाया।”

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा कि “हम सीबीआई का स्वागत करते हैं। जाँच में पूरा सहयोग देंगे ताकि सच जल्द सामने आ सके। अभी तक मुझ पर कई केस किए लेकिन कुछ नहीं निकला। इसमें भी कुछ नहीं निकलेगा। देश में अच्छी शिक्षा के लिए मेरा काम रोका नहीं जा सकता।” इसके आगे उन्होंने एक और ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि “ये लोग दिल्ली की शिक्षा और स्वास्थ्य के शानदार काम से परेशान हैं। इसीलिए दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और शिक्षा मंत्री को पकड़ा है ताकि शिक्षा स्वास्थ्य के अच्छे काम रोके जा सकें। हम दोनों के ऊपर झूँठे आरोप हैं। कोर्ट में सच सामने आ जाएगा।”