देश में बढ़ते कोरोना संकट का असर सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में देखा गया। पूरे देश में महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ। महाराष्ट्र में बढ़ते संकट को देख उद्धव ठाकरे सरकार ने लॉकडाउन लगाने का फैसला किया, जो अब सबसे बेहतर माना जा रहा है। ताजा आंकड़ों की माने तो राज्य में लॉकडाउन लगने के बाद कोरोना के मामलों में भारी गिरावट आई है। बता दें कि 9 अप्रैल से राज्य में हर रोज 50 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए जा रहे थे। लेकिन अब इन मामलों में भारी गिरावट आई है।
बेंगलुरु की इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (Indian Institute of Science) द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को पूरे 41 दिनों के बाद राज्य में सबसे कम मामले दर्ज हुए हैं। सोमवार को महाराष्ट्र में कुल 37 हजार 236 कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि राज्य में लॉकडाउन के चलते हजारों लोगों की जान बच गई है। सिर्फ इतना ही नहीं बल्कि इस दौरान लाखों लोगों को संक्रमित होने से भी बचा लिया गया है।
मामलों में गिरावट को देखते हुए ये साफ है कि अब राज्य में लॉकडाउन जारी ही रहेगा। वहीं अगर बात करें राज्य में संक्रमित मरीजों की तो बता दें कि राज्य में अब तक कुल कोरोना वायरस के 51 लाख से भी ज्यादा मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इसके साथ ही इस दौरान 76,398 लोगों की मौत भी हो गई है। संक्रमण की रफ्तार को कम करने के लिए उद्धव ठाकरे सरकार अपनी हर संभव कोशिश कर रही है।