Home राष्ट्रीय भाजपा मुख्यालय पर ग्रेनेड हमला, खालिस्तानी आतंकी संगठन ने ली जिम्मेदारी

भाजपा मुख्यालय पर ग्रेनेड हमला, खालिस्तानी आतंकी संगठन ने ली जिम्मेदारी

0
28

चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर बुधवार शाम ग्रेनेड हमले ने शहर में हड़कंप मचा दिया। धमाके से कार्यालय के बाहर खड़ी एक कार और एक स्कूटर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि आसपास की दीवारों पर 50 से अधिक जगहों पर छरों के निशान पाए गए। हालांकि, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना के तुरंत बाद मौके पर भाजपा कार्यालय, रोटरी एंड ब्लड बैंक सोसाइटी और लॉ भवन में मौजूद लोग बाहर आए। सूचना मिलने पर आईजी पुष्पेंद्र कुमार, एसएसपी कंवरदीप कौर समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। जांच में ऑपरेशन सेल, क्राइम ब्रांच, जिला क्राइम सेल, बम डिटेक्शन टीम, डॉग स्क्वॉड, सीएफएसएल, फॉरेंसिक टीम और एनआईए की टीमें शामिल हो गई हैं।

प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन से जुड़े सुखजिंदर सिंह बब्बर ने सोशल मीडिया पोस्ट में हमले का दावा किया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस्तेमाल किया गया हैंड ग्रेनेड पाकिस्तान से कश्मीर और पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में भेजा गया था। इस हैंड ग्रेनेड की समान खेप पहले 6 अक्टूबर 2024 को पुंछ में बरामद की गई थी।

घटना के कुछ समय बाद सामने आए 10 सेकंड के वीडियो में एक व्यक्ति हेलमेट हाथ में लिए ग्रेनेड फेंकते हुए दिखा, जिसने गले में भगवा रंग का परना बांधा था। हमलावरों ने मोटरसाइकिल पर आकर हमला किया और वारदात के बाद मोहाली की ओर भाग गए। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि चंडीगढ़ में हुई यह घटना पंजाब और देश के लिए गंभीर चिंता का विषय है और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे हमले किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

सुरक्षा एजेंसियों ने कहा कि यह हमला पाकिस्तान द्वारा भेजी गई हथियारों और हैंड ग्रेनेड की सप्लाई का हिस्सा है। लुधियाना और कश्मीर में पहले बरामद हथियारों की जांच से भी पता चला है कि पाकिस्तान लगातार पंजाब में अस्थिरता फैलाने की साजिश रच रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here