रांची – भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी वेस्टइंडीज नहीं जाएंगे। जब टीम वेस्टइंडीज में खेल रही होगी, तब धोनी सेना में ट्रेनिंग कर रहे होंगे। अगस्त माह में महेंद्र सिंह धोनी दो हफ्ते की आर्मी ट्रेनिंग लेने जा रहे हैं। धोनी भारत की प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं। सेना में ट्रेनिंग का फैसला धोनी ने दो माह पहले ही ले लिया था।
इस बीच, आईसीसी वर्ल्ड कप के समाप्त होने से पहले से ही विकेटकीपर धोनी के संन्यास को लेकर हर जगह अटकलें लगाई जा रही हैं। यहां तक कह दिया गया था कि धोनी वर्ल्ड कप के तुरंत बाद संन्यास की घोषणा करने वाले हैं। हालांकि धोनी की तरफ से कभी भी इस संबंध में न तो कोई बयान दिया गया और ना ही कभी कोई संकेत दिया गया। वह पूरे समय चुप रहे।
विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक धोनी ने इस संबंध में बीसीसीआई को सूचित कर दिया है। अगस्त में धोनी 15 दिन के लिए सेना की सेवा में रहेंगे। धोनी का सेना से प्रेम जगजाहिर है। उन्होंने कई बार कहा भी है कि मैं खेल में नहीं होता तो सेना में होता। उन्होंने इससे पहले भी सेना में ट्रेनिंग ली है।
एमएस धोनी गुरुवार की शाम रांची पहुंच गए। शाम 7।50 की फ्लाइट से वह रांची पहुंचे। उनके साथ पत्नी साक्षी और बेटी जीवा भी थीं। धोनी के रांची आने के बारे में किसी को सूचना नहीं थी। एयरपोर्ट से वह सीधे रातू के सिमलिया स्थित अपने आवास निकल गए।